ताजा खबरें


बड़ी खबर

*कलेक्टर श्री रोहित व्यास की अध्यक्षता में जीवनदीप कार्यकारिणी समिति की बैठक सम्पन्न...धोबी, कम्प्यूटर आपरेटर, कर्मचारियों,  सीटी टेक्नीशियन के मानदेय में वृद्धि का लिया गया निर्णय*

 जशपुरनगर, 07 अगस्त 2025/  कलेक्टर श्री रोहित व्यास की अध्यक्षता में आज मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ अधिकारी कार्यालय में जीवनदीप कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जीवनदीप समिति की अंतर्गत कार्यों एवं आय-व्यय पर चर्चा की गई। बैठक में कलेक्टर ने जिला अस्पताल में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की और स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए और कहा कि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रो की नियमित साफ-सफाई के निर्देश भी दिए। 
     उन्होंने अस्पताल एवं स्वास्थ्य केंद्रों में पदस्थ सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित अपने कार्यस्थल पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए और कहा कि निर्देशों का पालन नहीं करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में लाने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और मितानिन को समिति की तरफ से 100 रुपए प्रोत्साहन राशि दिए जाने के संबंध में पिछले बैठक में जो निर्णय लिया गया था इसकी प्रगति की भी समीक्षा की। बैठक में कलेक्टर ने जिला  अस्पताल में आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था, ओपीडी, आईपीडी के अलावा अस्पताल द्वारा संचालित एक्स-रे, सीटी स्कैन सहित अन्य सेवाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। 
   बैठक में  जीवनदीप समिती ने धोबी और कम्प्यूटर आपरेटर का मानदेय 1000 रूपए बढ़ाने, जीवनदीप समिति के कर्मचारियों के मानदेय 200 रूपए बढ़ाने और सीटी टेक्नीशियन के मानदेय में 5000 हजार रूपए की वृद्धि और जीवनदीप समिति के अंतर्गत रखे गए महिला कर्मियों को 01 माह का पेड मातृत्व अवकाश दिए जाने निर्णय लिया गया। कलेक्टर श्री व्यास ने कहा कि जीवनदीप समिति के तहत कोई भी कार्य या भुगतान विधिवत अनुमोदन के मान्य नहीं होगा।
        इसके अलावा कलेक्टर ने जिला अस्पताल में पदस्थ विशेषज्ञ चिकित्सकों सहित अन्य मेडिकल स्टॉफ की भी जानकारी लेने के अलावा अस्पताल द्वारा संचालित स्वास्थ्य सुविधाओं को और भी सुदृढ़ किए जाने के संबंध में अधिकारियों और जीवनदीप समिति के सदस्यों से विस्तार से चर्चा की।  बैठक में डिप्टी कलेक्टर श्री हरिओम द्विवेदी, श्रीमती रजनी प्रधान, श्री संतोष सिंह, श्री आलोक राय, सीएमएचओ डॉ. जी.एस. जात्रा, सीएस डॉ. विपिन इंदवार,  सीएमओ जशपुर श्री योगेश्वर उपाध्याय, पुलिस विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

और भी

*मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की संवेदनशीलता बनी सहारा — सिकलसेल बीमारी से पीड़ित राजकुमार को मिली ट्राई सायकल और आर्थिक सहायता, कहा–अब जिंदगी में जागी है नई उम्मीद......*

जशपुरनगर 07 अगस्त 2025 : छत्तीसगढ़ में एक बार फिर यह साबित हुआ है कि जब नेतृत्व संवेदनशील हो, तो शासन वास्तव में आमजन की जिंदगी को छूता है।मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की इसी संवेदनशील पहल ने कांसाबेल तहसील के ग्राम भूरसा निवासी राजकुमार चौहान को नई उम्मीद और राहत दी है।राजकुमार चौहान, उम्र 35 वर्ष, एक गरीब ग्रामीण युवक हैं, जो सिकलसेल बीमारी से वर्षों से पीड़ित हैं। यह बीमारी उन्हें इस हद तक कमजोर कर चुकी थी कि स्वाभाविक रूप से चलना-फिरना तक मुश्किल हो गया था।आर्थिक स्थिति भी ऐसी नहीं थी कि वे इलाज या सहायता के लिए कहीं बड़े स्तर पर प्रयास कर पाते।ऐसे में, उन्होंने एक आस लेकर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निजी निवास स्थित सीएम कैंप कार्यालय, बगिया पहुंचकर अपनी समस्या रखी।राजकुमार ने बताया कि उन्हें ट्राई सायकल की आवश्यकता है ताकि वे थोड़ी-बहुत आवाजाही कर सकें और साथ ही इलाज व दवाइयों के लिए आर्थिक सहयोग की भी जरूरत है।मुख्यमंत्री श्री साय ने न सिर्फ उनकी बात को संवेदनशीलता से सुना, बल्कि त्वरित कार्रवाई करते हुए 10,000 रुपये की मुख्यमंत्री स्वेच्छा अनुदान राशि और एक नई ट्राई सायकल उपलब्ध कराई। यह सहायता राजकुमार के लिए केवल आर्थिक नहीं, बल्कि सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम है।राजकुमार चौहान ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति भावुकता के साथ आभार प्रकट किया।

और भी

*कलेक्टर ने बानगांव, डूमरबहार एवं तिरसोंठ में घर-घर जाकर जल जीवन मिशन द्वारा जलापूर्ति का किया निरीक्षण*

जशपुर, 07 अगस्त 2025/ कलेक्टर रोहित व्यास ने बुधवार को पत्थलगांव विकासखण्ड के बानगांव, डूमरबहार एवं तिरसोंठ में जल जीवन मिशन के अंतर्गत जलापूर्ति के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घर घर जाकर स्टैंड पोस्ट निर्माण एवं जलापूर्ति की जांच की। उन्होंने घर जाकर ग्रामीणों से इसके संबंध में विस्तृत जानकारी भी ली। बानगांव के सुखवासीपारा में सोलर पंप द्वारा जल आपूर्ति को देख कर उन्होंने पम्प ऑपरेटर को भूगर्भिक जल के संरक्षण हेतु लगातार पम्प ना चलाने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आपसी सहमति से जलापूर्ति का समय और उपभोग कर की दर सुनिश्चित करने को कहा ताकि समयबद्ध रूप से इसकी मरम्मत एवं साफ सफाई हो सके।
         बानगांव में चट्टानपारा एवं बाड़ीपारा में स्त्रोत नहीं मिलने के कारण जलापूर्ति ना होने की जानकारी पर कलेक्टर ने उन पारों के निवासियों के लिए वैकल्पिक योजना का निर्माण कर सीधे पंप द्वारा जलापूर्ति करने के निर्देश दिए गए। उन्होने बानगांव के आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया।
         डूमरबहार में कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य जांच एवं प्रसव सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने जल जीवन मिशन द्वारा लगे स्टैंड पोस्ट का भी निरीक्षण कर निर्बाध जलापूर्ति हेतु जनप्रतिनिधियों से चर्चा की। डूमरबहार सरपंच द्वारा कुछ घरों में जलापूर्ति की समस्या को साझा किया जिस पर कलेक्टर ने त्वरित निदान हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया। 
          
*घर में पानी आने से दिव्यांग देवसाय को अब नित्यकर्म के लिए नहीं जाना होता कहीं दूर*

        इस दौरान कलेक्टर ने ग्राम तिरसोंठ में घर घर पहुंचकर जल जीवन मिशन के कार्यों का निरीक्षण किया। जहां एक घर में चलने में असमर्थ दिव्यांग देवसाय भगत से उनकी मुलाकात हुई। जहां देवसाय ने बताया कि उनके गाँव में पानी की काफी दिक्कत थी, कई जगह हेण्डपम्प होने पर भी जल प्राप्त नहीं होता था। लोग कहते थे की गांव ड्राई जोन में है। जल ना होने से नित्य कर्म, नहाने आदि कार्यों के लिए घर से दूर जाना पड़ता था। अब घर के सामने ही नल लग जाने से समय पर पानी आ जाता है। जिससे उन्हें सुविधा प्राप्त हो गयी है। उन्होंने बताया कि अटल डिजिटल सुविधा केंद्र भी अब गाँव में खुल गया है तो उन्हें अपने दिव्यांगता पेंशन के पैसे निकालने के लिए शहर भी नहीं जाना पड़ता है।  
        इस दौरान तिरसोंठ सरपंच द्वारा एक मोहल्ले में जल स्त्रोत के अभाव में जलापूर्ति में समस्या की जानकारी दी गयी, जिसपर कलेक्टर ने अधिकारियों को इसका त्वरित वैकल्पिक निदान करने हेतु निर्देशित किया गया। उन्होंने कुछ स्थानों पर स्त्रोत में हैंडपम्प एवं वाटर पम्प एक साथ लगाने से जल की समस्या हो जाने की अफवाहों के संबंध में जनप्रतिनिधियों को लोगों को जागरूक करने को कहा एवं किसी को शंका हो तो तिरसोंठ में जलापूर्ति के उत्कृष्ठ उदाहरण को प्रदर्शित करने को कहा। उन्होंने सभी को समझा कर स्त्रोत की समस्या दूर करने हेतु जनप्रतिनिधियों को अपील की। उन्होंने सभी गांवों में पम्प ऑपरेटरों को निरंतर जांच कर खराब नलों को त्वरित बनाने एवं समय पर मेंटेनेंस करने को कहा। इस दौरान एसडीएम ऋतुराज सिंह बिसेन, जनपद पंचायत सीईओ आकांक्षा रानी गुप्ता, कार्यपालन अभियंता पीएचई समर्थ सिंह, एसडीओ पीएचई आरके टंडन, बसंत कुमार इक्का सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

और भी

बगीचा ब्लाक के ग्राम कुटमा के स्व सहायता समूह की जिला पंचायत सीईओ ने विभिन्न गतिविधियों की ली जानकारी 


जशपुर 7 अगस्त 25/ बगीचा विकास खंड के ग्राम पंचायत कुटमा में निर्माणाधीन बहुउद्देश्यीय केंद्र में 8 स्व सहायता समूह की महिलाओं को विगत दिवस कचरा प्रबंधन के कार्य हेतु प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

जिसमें एस बी एम,बिहान की सरपंच सचिव और महिला बाल विकास के कर्मचारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम के उपरांत जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार के  बहुउद्देश्यीय केंद्र का निरीक्षण किया और महिलाओं से ग्राम पंचायत में चल रहे आवास निर्माण के संबंध में महत्वपूर्ण चर्चा की।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने बहुउद्देश्यीय केंद्र में चल रहे कार्य को दो दिवस में पूर्ण करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण उपरांत जनपद सीईओ और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी एवं महिला बाल विकास विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

और भी

कलेक्टर  रोहित व्यास के ग्राम तिरसोंठ स्कूल के निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों से प्रधान पाठक की मिली शिकायत पर  चैतराम यादव को किया गया निलंबित 

जशपुर 6 अगस्त 25/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास के पत्थलगांव विकास खंड के ग्राम तिरसोंठ के निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने प्रधान पाठक की शिकायत की जिस पर कलेक्टर ने निलंबित करने के निर्देश दिए थे।
 शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार पत्थलगांव दिनांक 06.08.2025 द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन अनुसार श्री चैतराम यादव, प्रधान पाठक, शासकीय प्राथमिक शाला तिरसोंठ, विकासखण्ड पत्थलगांव, जिला-जशपुर (छ.ग.) द्वारा अपने उच्चाधिकारियों को बिना पूर्व सूचना दिए दिनांक 16.06.2025 से 23.06. 2025 तक एवं दिनांक 05.07.2025 से 08.07.2025 तक अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित पाये गये हैं।

इस संबंध में शैक्षिक समन्वयक रघुनाथपुर, सरपंच ग्राम पंचायत तिरसोंठ एवं अध्यक्ष शाला विकास समिति शासकीय प्राथमिक शाला तिरसोंठ के द्वारा दिनांक 08.07.2025 को पंचनामा तैयार कर स्पष्ट किया गया है कि श्री चैतराम यादव, प्रधान पाठक शराब का सेवन कर विद्यालय आते हैं जो कि प्रथम दृष्टया सही पाया गया है। संबंधित का उक्त कृत्य छ.ग. सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 03 के सर्वथा विपरीत है, जो कदाचरण की श्रेणी में आता है।

अतएव श्री चैतराम यादव, प्रधान पाठक, शासकीय प्राथमिक शाला तिरसोंठ, विकासखण्ड पत्थलगांव, जिला-जशपुर (छ.ग.) को छ.ग. सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, विकासखण्ड बगीचा जिला जशपुर (छ.ग.) नियत किया जाता है। निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। (यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा।)

और भी

*मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय की ओर से एक ऐतिहासिक सौगात मिली,जिले को चार सौ मेगावाट बिजली उपकेन्द्र सहित दर्जनों नया सब स्टेशन का होगा निर्माण....*

जशपुरनगर 06 अगस्त 2025 :  जशपुर जिले को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की ओर से एक ऐतिहासिक सौगात मिली है। जिले में विद्युत अधोसंरचना के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर विकास को मंजूरी दी गई है, जिसके तहत प्रदेश का पांचवां सबसे बड़ा 400/200 केवी विद्युत उपकेंद्र कुनकुरी के हर्राडांड में स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही जिले के विभिन्न विकासखंडों में कुल 12 स्थानों पर नए विद्युत सब स्टेशन की भी स्वीकृति दी गई है।यह स्वीकृति जशपुर जिले में न केवल बिजली आपूर्ति की स्थिति सुदृढ़ होगी बल्कि औद्योगिक, कृषि एवं घरेलू क्षेत्रों में भी व्यापक लाभ मिलेगा। क्षेत्र में लगातार बिजली की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों व किसानों के लिए यह परियोजना वरदान साबित होगी।जिले में मिली बड़ी सौगातें –कुनकुरी (हर्राडांड)
400/200 केवी विद्युत उपकेंद्र यह प्रदेश का पांचवां सबसे बड़ा उपकेंद्र होगा, जिससे जिले सहित आसपास के क्षेत्रों को लाभ मिलेगा। झिक्की (बगीचा) 132/33 केवी सब स्टेशन बगीचा क्षेत्र की बिजली जरूरतों को दूर करेगा।फरसाबहार 132/33 केवी सब स्टेशन आदिवासी बहुल इस क्षेत्र में पहली बार इतना बड़ा सब स्टेशन स्थापित होगा। रेडे (पत्थलगांव)  33/11 केवी सब स्टेशन लागत 3 करोड़ 8 लाख 44 हजार
,सलिहाटोली (कुनकुरी) 33/11 केवी सब स्टेशन लागत 2 करोड़ 88 लाख, विपतपुर 33/11 केवी सब स्टेशन लागत 2 करोड़ 80 लाख,भगोरा 33/11 केवी सब स्टेशन लागत 2 करोड़ 5 लाख, समडमा 33/11 केवी सब स्टेशन लागत 2 करोड़ 91 लाख, पालीडीह 33/11 केवी सब स्टेशन लागत 3 करोड़ 13 लाख, मैनी 33/11 केवी सब स्टेशन लागत 2 करोड़ 50 लाख,खूटेरा 33/11 केवी सब स्टेशन लागत –2करोड़ 25 लाख, चेटबा 33/11 केवी सब स्टेशन लागत 2 करोड़ 52 लाख की स्वीकृति मिली है,क्षेत्र वासियों ने स्वीकृति मिलने के बाद मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार जताया है।

और भी

*छत्तीसगढ़ में सौर ऊर्जा क्रांति:सौर ऊर्जा की ओर बढ़ते कदम,हर घर बनेगा बिजलीघर*

रायपुर 06 अगस्त 2025

छत्तीसगढ़ सरकार ने पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को प्रदेश के कोने-कोने तक पहुंचाने का बीड़ा उठाया है। उनकी यह पहल न केवल छत्तीसगढ़ को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाएगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, रोजगार सृजन और सतत विकास के बड़े लक्ष्यों को भी हासिल करेगी। साथ ही जीरो कार्बन एमिशन लक्ष्यों में योगदान सुनिश्चित होगा।

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में घर-घर रूफटॉप सोलर पॉवर प्लांट स्थापित कर लोगों को प्रदूषण मुक्त, मुफ्त और निरंतर बिजली देने की परिकल्पना की गई है। इसके माध्यम से प्रत्येक उपभोक्ता को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाकर उनके मासिक खर्चों में भी उल्लेखनीय कमी लाने का लक्ष्य रखा गया है।

हर नागरिक की होगी भागीदारी

प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत पात्रता रखने वाले सभी नागरिक जिनके पास वैध बिजली कनेक्शन और उपयुक्त छत है, वे इस योजना में आवेदन कर सकते हैं। खास बात यह है कि योजना के अंतर्गत एक बार सोलर पैनल स्थापित होने के बाद उपभोक्ता को हर माह 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिलेगी। इससे न सिर्फ बिजली बिलों का झंझट समाप्त होगा, बल्कि यदि आवश्यकता से अधिक बिजली का उत्पादन होता है, तो उसे ग्रिड को बेचकर अतिरिक्त आमदनी भी ली जा सकती है।

मिलेगी डबल सब्सिडी

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 1 किलोवॉट से 3 किलोवॉट तक के सौर संयंत्र लगाने पर प्रति वॉट 45 हजार रुपये से लेकर अधिकतम 1 लाख 8 हजार रुपये तक की सब्सिडी केंद्र और छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से दी जा रही है। इसमें राज्य सरकार ने भी अपनी हिस्सेदारी जोड़ दी है, जिससे उपभोक्ताओं को डबल सब्सिडी का सीधा लाभ मिलेगा।

स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण

छत्तीसगढ़ सरकार जीरो कार्बन एमिशन नीति को साकार रूप देने के लिए स्वच्छ ऊर्जा को प्राथमिकता दे रही है। छत्तीसगढ़ में वर्तमान में 15 प्रतिशत ग्रीन एनर्जी का उत्पादन हो रहा है। इसे बढ़ाकर सरकार ने वर्ष 2047 तक 45 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा है। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम होगी, जिससे कार्बन उत्सर्जन में भारी कमी आएगी। यह नीति न केवल वर्तमान, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी हरित और सतत भविष्य सुनिश्चित करेगी।

बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

छत्तीसगढ़ में सौर ऊर्जा क्रांति से रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेगें। इससे सोलर पैनल के निर्माण, स्थापना, रखरखाव आदि जैसे क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर युवाओं के लिए रोजगार और स्व-रोजगार के अवसर बढ़ेगें। वहीं राज्य की आर्थिक गतिविधियों में भी तेजी आएगी।

योजना के फायदे-

केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से डबल सब्सिडी सीधे बैंक खाते में मिलेगा। एक बार सौर पैनल की स्थापना के बाद 20-25 वर्षों तक मुफ्त बिजली मिल सकेगी। लोगों को निरंतर विद्युत की आपूर्ति सुनिश्चित होगी। बार-बार बिजली गुल होने की समस्या से मुक्ति मिलेगी। इसके अलावा बिजली बेचने से अतिरिक्त आमदनी होगी। साथ ही स्वच्छ, हरित और पर्यावरण हितैषी जीवनशैली को बढ़ावा मिलेगा।

और भी

*प्रदेशभर में निर्माणाधीन सिंचाई परियोजनाओं को प्राथमिकता से पूरा करने मुख्यमंत्री श्री साय ने दिए निर्देश*

रायपुर, 06 अगस्त 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज मंत्रालय महानदी भवन में जल संसाधन विभाग की विभिन्न लंबित परियोजनाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में प्रगति लाने हेतु ठोस रणनीति अपनाई जाए और निर्माण की गति में तेजी लाई जाए।

मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशभर में निर्माणाधीन जल परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से वर्ष 2015 से पूर्व की अपूर्ण जल परियोजनाओं सहित सभी लंबित निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य किसानों का राज्य है, और जल परियोजनाओं के अधूरे रहने से सिंचाई क्षमता प्रभावित होती है, जिससे कृषकों को योजनाओं का पूर्ण लाभ नहीं मिल पाता। उन्होंने यह भी कहा कि यदि इन लंबित परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए, तो प्रदेश का सिंचित रकबा बढ़ेगा और किसानों को पर्याप्त जल उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने यह भी रेखांकित किया कि सिंचाई व्यवस्था बेहतर होने से कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे किसानों की आय में बढ़ोत्तरी संभव होगी और उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि इन परियोजनाओं को शीघ्रता से पूर्ण करना अनिवार्य है ताकि किसान लाभान्वित हो सकें।

बैठक में जल संसाधन विभाग के सचिव श्री राजेश सुकुमार टोप्पो ने एक पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रदेश में संचालित विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी मुख्यमंत्री को दी। उन्होंने लंबित परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति से भी सभी अधिकारियों को अवगत कराया।

बैठक के दौरान जल संसाधन मंत्री श्री केदार कश्यप, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव श्री पी. दयानंद, मुख्यमंत्री के सचिव श्री राहुल भगत, संयुक्त सचिव डॉ. रवि मित्तल, जल संसाधन विभाग के प्रमुख अभियंता श्री इंद्रजीत उईके सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

और भी

*इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में बड़ी  उपलब्धि : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ बन रहा टेक्नोलॉजी हब.....नवा रायपुर में कामन फैसिलिटी सेंटर की स्थापना को मिली मंजूरी*

रायपुर 6 अगस्त 2025/छत्तीसगढ़ को इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में बड़ी  उपलब्धि मिली है। अब राज्य को इलेक्ट्रॉनिक्स टेस्टिंग या प्रोटोटाइपिंग के लिए बेंगलुरु, पुणे या नोएडा जैसे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने नवा रायपुर में कॉमन फैसिलिटी सेंटर (CFC) की स्थापना को मंजूरी प्रदान की है। 

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की दूरदृष्टि और आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओपी चौधरी के मार्गदर्शन में तैयार इस परियोजना से राज्य में इलेक्ट्रॉनिक्स इंडस्ट्री, स्टार्टअप और युवाओं के लिए नया युग प्रारंभ होगा। यह परियोजना छत्तीसगढ़ की उद्योग नीति के अनुरूप निवेशकों को आकर्षक प्रोत्साहन भी प्रदान करेगी।

कॉमन फैसिलिटी सेंटर नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-22 में 3.23 एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा। इस परियोजना की कुल लागत 108.43 करोड़ रुपये है, जिसमें से 75.00 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता भारत सरकार के MeitY मंत्रालय द्वारा EMC 2.0 योजना के अंतर्गत स्वीकृत की गई है। शेष 33.43 करोड़ रुपये राज्य सरकार द्वारा वहन किए जाएंगे तथा भूमि की उपलब्धता नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (NRANVP) द्वारा सुनिश्चित की जा रही है।

यह कॉमन फैसिलिटी सेंटर इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग को बढ़ावा देने हेतु एक साझा एवं अनुकूल वातावरण निर्मित करेगा, जहां प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (PCB) प्रोटोटाइपिंग, 3D प्रिंटिंग, EMC परीक्षण और वुड वर्कशॉप जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह केंद्र अर्धचालक (सेमीकंडक्टर), माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स, एलईडी लैंप, सोलर चार्ज कंट्रोलर, इलेक्ट्रिक वाहन (EV) समाधान, ऑटोमेशन समाधान और SCADA पैनल जैसी इलेक्ट्रॉनिक्स आधारित उत्पादन इकाइयों को विशेष लैब और परीक्षण सुविधाएं प्रदान करेगा।

यह सेंटर क्षेत्र के इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माताओं के लिए एक महत्वपूर्ण संसाधन केंद्र के रूप में कार्य करेगा। उदाहरण के तौर पर, एक छोटी एलईडी लाइट निर्माण इकाई अपने उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की जांच के लिए CFC की परीक्षण लैब का उपयोग कर सकेगी। इसी प्रकार, एक स्टार्टअप जो सोलर चार्ज कंट्रोलर डिज़ाइन कर रहा है, वह बड़े पैमाने पर उत्पादन से पूर्व अपने डिज़ाइन को इस केंद्र की प्रोटोटाइपिंग सुविधा में परख सकेगा। एक इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) घटक निर्माता अपने उत्पादों की इलेक्ट्रोमैग्नेटिक संगतता (EMC) का परीक्षण कर सकता है ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि सभी प्रणालियाँ सुचारू रूप से कार्य कर रही हैं। साथ ही, 3D प्रिंटिंग सुविधा कंपनियों को विशेष जिग्स या कस्टम एन्क्लोज़र बनाने में सहायता करेगी, जबकि PCB प्रोटोटाइपिंग सेवा सर्किट बोर्डों के त्वरित विकास और परीक्षण में मदद करेगी, जिससे उत्पाद निर्माण की गति तेज होगी।

इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा पहले से ही कई आकर्षक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इस कॉमन फैसिलिटी सेंटर की स्थापना को राज्य की उद्योग नीति के तहत मिलने वाले प्रोत्साहनों से और भी बल मिलेगा, जिससे इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में बाहरी और स्थानीय निवेश को गति मिलेगी।

नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (NRANVP) द्वारा संचालित यह परियोजना राज्य में इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण एवं निवेश को प्रोत्साहित करेगी। इसके माध्यम से राज्य और क्षेत्रीय स्तर पर अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस परियोजना को टेक्नोलॉजी क्रांति की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह पहल राज्य को आत्मनिर्भर और तकनीकी रूप से समृद्ध बनाएगी। उन्होंने कहा कि इससे न केवल नवाचार और स्टार्टअप को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि उद्योगों को विश्वस्तरीय परीक्षण और प्रोटोटाइपिंग सुविधाएं भी सुलभ होंगी, जिससे छत्तीसगढ़ इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में एक पावरहाउस बनकर उभरेगा।

आवास और पर्यावरण मंत्री श्री ओपी चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि कॉमन फैसिलिटी सेंटर जैसी परियोजनाएं छत्तीसगढ़ के तकनीकी बुनियादी ढांचे को मजबूत करेंगी। इससे स्थानीय स्टार्टअप्स, युवाओं और उद्यमियों को अत्याधुनिक संसाधन मिलेंगे, जो पहले बड़े शहरों तक ही सीमित थे। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में यह पहल डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में छत्तीसगढ़ को अग्रणी बनाएगी।

और भी

*भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात....एक राखी सैनिक भाइयों के नाम' अभियान की दी जानकारी*

रायपुर 06 अगस्त 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से उनके निवास कार्यालय में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री श्री साय को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ द्वारा प्रदेश भर में चलाए गए 'एक राखी सैनिक भाइयों के नाम' अभियान की जानकारी दी। 

मुख्यमंत्री को प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ द्वारा रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में हमारे देश की सीमा पर तैनात सैनिक भाईयों के सम्मान में "एक राखी सैनिक भाईओं के नाम' अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत छत्तीसगढ़ राज्य के सभी 33 जिलों के बुलबुल, गाइड और रेंजर बहनों द्वारा हस्त निर्मित राखियां सैनिक भाईयों के लिए प्राप्त हुई है। ये राखियां हमारे सैनिक भाइयों को प्रेषित की जाएंगी। 

मुख्यमंत्री श्री साय ने भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के अभियान 'एक राखी सैनिक भाइयों के नाम' की सराहना करते हुए कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि इस अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के बच्चे देश की रक्षा में सीमा पर डटे जवानों को रक्षासूत्र भेज रहे हैं। इस पहल से बच्चों में देशभक्ति की भावना बढ़ेगी और हमारे जवानों को भी भावनात्मक संबल मिलेगा । इस अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त डॉ. सोमनाथ यादव, श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, श्री मुरली शर्मा, श्री कैलाश सोनी, श्री समीर शेख सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित थे।

और भी

भिलाई स्टील प्लांट के नवनियुक्त निदेशक चित्त रंजन महापात्र ने मुख्यमंत्री से की सौजन्य मुलाकात*

रायपुर 6 अगस्त 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में भिलाई स्टील प्लांट के नवनियुक्त निदेशक श्री चित्त रंजन महापात्र ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर श्री महापात्र ने मुख्यमंत्री श्री साय को पुष्पगुच्छ, शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने श्री महापात्र को उनकी नवीन पदस्थापना पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि  भिलाई स्टील प्लांट द्वारा कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) मद का उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य और स्थानीय क्षेत्र के समग्र विकास में प्राथमिकता से किया जाए। उन्होंने आशा व्यक्त की कि  भिलाई स्टील प्लांट प्रदेश के विकास में प्रभावी योगदान देगा।

और भी

पुलिस की बड़ी कार्रवाई! 30 लाख रुपए के तंबाकू और गुटखा जब्त,120 बोरी ट्रक में भर कर  रायपुर से बोकारो झारखण्ड ले जाया जा रहा था

पुलिस की बड़ी कार्रवाई 30 लाख से अधिक कीमत की अवैध तंबाकू व गुटका सहित ट्रक जब्त…धारा 106 के तहत की जा रही है कार्यवाही, आगे की जांच जारी…यह माल रायपुर से बोकारो (झारखंड) ले जाया जा रहा था ट्रक को थाना परिसर में खड़ा कर विस्तृत जांच की जा रही है और अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश की जा रही है…


   

आरोपी ट्रक चालक

जशपुर 06 अगस्त 2025 : पुलिस द्वारा एक और सशक्त और प्रभावशाली कार्यवाही को अंजाम दिया गया है। जिसके तहत बिना वैध दस्तावेज के  गुटका और  तंबाकू से भरी ट्रक पर कार्यवाही की गई है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन पर की गई है

     थाना लोदाम पुलिस के द्वारा नेशनल हाइवे 43 पर स्थित मंडी बेरियर में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी, इसी दौरान पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली कि एक लाल रंग का कंटेनर ट्रक ,वाहन क्रमांक HR55AJ4755 जशपुर घोलेंग रोड से होते हुए, लोदाम की ओर आ रहा है, जिसमे की भारी मात्रा में अवैध रूप से तंबाखू उत्पाद की परिवहन की संभावना है, जिस पर लोदाम पुलिस के द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को मुखबिर की सूचना से अवगत कराते हुए, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देश पर , लोदाम स्थित मंडी बेरियर के पास मुखबिर के द्वारा बताए गए, संदिग्ध वाहन आता दिखाई देने पर पुलिस के द्वारा उक्त वाहन को रुकवाया गया , व वाहन चालक जो कि अपना नाम राशिद खान उम्र 40 वर्ष निवासी फिरोजपुर, थाना महू, जिला महू, हरियाणा  का रहने वाला बताया, से उक्त ट्रक में परिवहन किए जाने  वाले समान के संबंध में जानकारी मांगी गई तो उसने बताया कि उक्त ट्रक में डिटर्जेंट वाशिंग पॉवडर है , जिसे लेकर वह रायपुर से बोकारो (झारखंड) जा रहा है,व उसके संबंध में एक रसीद, भी पुलिस को दी गई। जिसके आधार पर ट्रक में डिटर्जेंट वाशिंग पॉवडर परिवहन किया जा रहा था, परंतु पुलिस को संदेह होने पर, जब पुलिस के द्वारा ट्रक की तलाशी ली गई तो, उसमें  100 बोरा विमल गुटखा व 20 बोरा तम्बाकू मिला, पुलिस के द्वारा जब ट्रक ड्राइवर से उक्त समान के संबंध में दस्तावेज की मांग की गई, तो उसके द्वारा ट्रक में लोड माल के संबंध में कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं किया जा सका, जिस पर पुलिस के द्वारा ट्रक चालक राशिद खान उम्र 40 वर्ष को हिरासत में ले लिया गया। व ट्रक में मिले 100 बोरी विमल गुटखा व 20 बोरी अवैध तंबाखू उत्पाद सहित परिवहन में प्रयुक्त ट्रक क्रमांक HR55AJ4755 को भी जप्त किया गया है।
 पुलिस की पूछताछ पर आरोपी ट्रक चालक राशिद खान ने बताया कि उसे ट्रक में लोड माल के बारे में पता नहीं था, ट्रक मालिक ने उसे ट्रक में डिटर्जेंट पॉवडर की रसीद देकर माल को रायपुर से बोकारो झारखंड ले जाने हेतु कहा गया था, जिसके सम्बन्ध में पुलिस की जांच जारी है, व ट्रक मालिक के खिलाफ भी वैधानिक कार्यवाही की जावेगी। वर्तमान में पुलिस के द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत माल को जप्त कर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।
     मामले की कार्यवाही व अवैध तंबाखू उत्पाद की बरामदगी में थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, सहायक उप निरीक्षक सहबीर भगत, आरक्षक महेश्वर यादव व आरक्षक हेमंत कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
      मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर ने बताया कि लोदाम क्षेत्र में अवैध रूप से गुटखा व तंबाखू उत्पाद का परिवहन करते हुए एक ट्रक को पकड़ा गया है, आरोपी ट्रक चालक व मालिक के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की प्रक्रिया जारी है।

और भी

*जिला पंचायत सीईओ ने सारूडाप, सामरबार और रोकड़ा में जनमन आवास का किया निरीक्षण*

जशपुरनगर 06 अगस्त 2025/जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार ने आज बगीचा विकासखण्ड के ग्राम पंचायत सारूडाप, सामरबार और रोकड़ा में जनमन आवास का निरीक्षण किया और हितग्राहियों से मुलाकात की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सारूडाप में 16, सामरबार में 23 और रोकड़ा में 20 जनमन आवास का अवलोन किया। इस दौरान जनमन आवास के हितग्राहियों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि पहले वे कच्चे मकान मे रहते थे और अब पक्का मकान पाकर बहुत खुश हैं। उन्होने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिए। 


            निरीक्षण के दौरान आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त श्री संजय सिंह, बगीचा जनपद पंचायत सीईओ श्री श्रीवास, महिला बाल बिकास अधिकारी, सभी पंचायत के सरपंच- सचिव व ग्रामीण जन उपस्थित थे।

और भी

रौनियर महिला शक्ति के द्वारा महर्षि कश्यप के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ शुरुआत कर मनाया गया सावन उत्सव 

जशपुर 06 अगस्त 2025 : 
रौनियार महिला शक्ति के द्वारा बहुत ही धूमधाम के साथ सावन उत्सव संपन्न किया गया यह कार्यक्रम जायका रेस्टोरेंट में किया गया। जिसमें रौनियार समाज की 60 बहनों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण थे रैंप वॉक, सावन क्वीन कॉन्टेस्ट,गेम,नृत्य, गीत और प्रश्नों की झड़ी थे।

       कार्यक्रम की शुरुआत महर्षि कश्यप के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके पश्चात रौनियार महिला शक्ति की अध्यक्ष सीमा गुप्ता के द्वारा उपस्थित समस्त महिलाओं को संबोधित करते हुए सावन की बधाई देकर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। कल्पना गुप्ता और वीणा गुप्ता के द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।  नृत्य की प्रस्तुति भारती गुप्ता ,वीणा एवं निशा गुप्ता , संध्या डॉली गुप्ता, संध्या  गुप्ता, संगीता गुप्ता और रितु गुप्ता के द्वारा दी गई। रजनी गुप्ता के द्वारा कविता प्रस्तुत की गई। बीच-बीच में कार्यक्रम को नया अंदाज देने के लिए रेनू गुप्ता के द्वारा प्रश्न भी पूछे जा रहे थे जिसके लिए सभी जवाब देने वालों को पुरस्कृत किया गया। बहुत ही आकर्षक गेम भी इस दौरान कराया गया जिसमें म्यूजिक रुकने पर जिनके पास भी पिलो हो उन्हें दिए गए शब्दों जैसे पायल, रिमझिम ,टिप टिप, बलमा, साजन ,सावन,दिल, दीवाना जैसे शब्दों से गीत गाना था जो गीत नहीं गा पाए उन्हें गेम से बाहर किया गया।

      इस गेम राउंड में रजनी गुप्ता प्रथम, सुनीता गुप्ता द्वितीय एवं माला गुप्ता तृतीय रही। साथ ही हाऊजी भी कराया गया। इसमें भी रजनी गुप्ता प्रथम, रितु गुप्ता द्वितीय एवं मीना गुप्ता तृतीय स्थान पर रही। इसके बाद बारी आई सावन क्वीन कॉन्टेस्ट एक बॉल में सभी सदस्यों के नाम डाले गए थे और ट्विस्ट देने के लिए कुछ खाली पर्ची भी डाली गई थी।  बच्चों से पर्चियां निकलवाई गई जिसके आधार पर प्रथम स्थान पर रेनू गुप्ता 2025 की सावन क्वीन बनी ।दूसरे स्थान पर  उपासना गुप्ता  और तीसरे स्थान पर अभिलाषा गुप्ता ने सावन क्वीन की उपाधि अपने नाम की। कार्यक्रम के बीच में अलग-अलग पीढ़ी की महिलाओं को स्टेज पर बुलाकर कुछ चटपटे प्रश्न भी पूछे जा रहे थे। जिसमें महिलाओं ने बहुत आनंद उठाया ।कार्यक्रम में एकल नृत्य के अलावा समूह नृत्य भी किया गया पूरी तरह से पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए पत्तियों से बैच बनाया गया था और सभी महिलाओं को रिटर्न गिफ्ट में मधु कामिनी का पौधा दिया गया। इसके अलावा समस्त विजेता प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कारों से नवाजा गया यह कार्यक्रम लगभग 5 घंटे तक चला जिसमें सभी महिलाओं ने बहुत उत्साह और आनंद के साथ भाग लिया।

    कार्यक्रम में समाज की वरिष्ठ सदस्य शीला गुप्ता, चंद्रसेना गुप्ता, चांदनी गुप्ता, अनीता गुप्ता, तनुजा गुप्ता भी उपस्थित थी जिनके द्वारा सभी महिलाओं को आशीर्वचन स्वरूप बधाई देते हुए आगे भी इसी तरह के कार्यक्रम होने चाहिए ऐसी शुभकामनाएं दी गई।कार्यक्रम में रौनियार समाज जशपुर की बहुत सारी महिलाएं शामिल थी। प्रत्येक वर्ष रौनियार समाज के द्वारा होली पर और सावन पर बड़ा कार्यक्रम किया जाता है। सावन के इस कार्यक्रम को करने में अभिलाषा गुप्ता, संगीता गुप्ता, रेनू गुप्ता और रजनी गुप्ता के द्वारा अथक परिश्रम किया गया था।

और भी

प्राथमिक विद्यालय का शिक्षक चाहे तो विद्यालय का  वातावरण बदल सकता है - विनोद गुप्ता 

जशपुर : 06 अगस्त 2025 - 
कलेक्टर रोहित व्यास एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में यशस्वी जशपुर की शैक्षणिक  कार्यशाला एवं व्यक्तित्व विकास तथा गुणवत्ता उन्नयन, नेतृत्व क्षमता एवं उपचारात्मक शिक्षण के तहत प्राथमिक शालाओं के प्रधान पाठकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण संकल्प शिक्षण संस्थान में  हो रहा है। डिप्टी कलेक्टर प्रशांत कुशवाहा और डी ई ओ पी के भटनागर के निर्देश पर आयोजित इस उन्मुखीकरण कार्यक्रम के पांचवे दिवस मनोरा के 156 प्राथमिक प्रधान पाठक सम्मिलित हुए। इस प्रशिक्षण में जिले के चुने हुए मास्टर ट्रेनर के अलावा यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी विनोद गुप्ता  का भी व्याख्यान भी शामिल है। अपने व्याख्यान में विनोद गुप्ता  के द्वारा बताया गया कि मनुष्य की आवश्यकताएं  अनंत होती हैं और मनुष्य उनकी पूर्ति में लगा रहता है लेकिन मनुष्य की वास्तविक आवश्यकता मानसिक खुशी है जिसे ढूंढने का प्रयास करना चाहिए। आजकल शासकीय शालाओं से लोगों का भरोसा उठ चुका है उस विश्वास को हमें फिर से जगाने का और  अपने विद्यालय के बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करना होगा। प्रशिक्षण में संजय दास और सीमा गुप्ता के द्वारा भी शिक्षकों को मार्गदर्शन देने का कार्य किया जा रहा है।इसके अलावा जिले के चुने हुए,मास्टर ट्रेनर मनोज कुमार अंबष्ट प्रधान पाठक शासकीय प्राथमिक शाला बरपानी , मुकेश कुमार शासकीय प्राथमिक शाला दास डूमर टोली,  मीना सिन्हा शासकीय प्राथमिक शाला टिकैटगंज,   देवकी प्रधान शासकीय प्राथमिक शाला बिजलीटोली,अर्चना यादव शासकीय प्राथमिक शाला रजौटी के द्वारा  प्रधान पाठकों की एक दिवसीय उन्मुखीकरण प्रशिक्षण  दिया जा रहा है।
        मीना सिन्हा के द्वारा स्कूल रेडिनस के बारे में बताया कि बच्चे जब स्कूल आते हैं तो उनको भय मुक्त वातावरण देना है यूट्यूब,खेल और गतिविधि के माध्यम से शिक्षा देना है जिससे बच्चों को स्कूल से जुड़ाव बना रहे इसलिए गीत, कविता गतिविधि कराई गई और साथ में अर्चना यादव  ने भी स्कूल रेडिनस में अंग्रेजी में गतिविधि कराई । मनोज अंबष्ट  के द्वारा उत्कृष्ट शिक्षक और उत्कृष्ट शाला कैसे बनाया जाए उस पर विस्तृत जानकारी दी गई। देवकी प्रधान के द्वारा जादुई पिटारा पर खिलौने  कार्ड, पपेट , गोली और गतिविधि करा कर जादुई पिटारा के बारे में बताया, मुकेश कुमार ने विभिन्न भाषाओं को जोड़ते हुए शाला का संचालन कैसे करेंगे उस पर बताया I कार्यक्रम में यशस्वी जशपुर के संजीव शर्मा और अवनीश पांडे , राजेंद्र प्रेमी मुख्य रूप से शामिल रहे।

और भी

विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता को निखारने की विशेष पहल : जशपुर में जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का किया गया आयोजन

जशपुर, 05 अगस्त 2025/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देशन में जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग की संयुक्त पहल पर विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता एवं एकाग्रता को विकसित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला मुख्यालय स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय, जशपुर में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि इस प्रतियोगिता में प्रतिभावान बच्चों के लिए ऐसे प्रश्न तैयार किए गए, जो रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करने वाले थे। उन्होंने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि इस आयोजन से विद्यार्थियों के ज्ञान, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का विकास हुआ है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से करेंट अफेयर्स और समसामयिक विषयों पर अध्ययन जारी रखने की सलाह दी, जिससे उन्हें भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं में लाभ प्राप्त हो सके।

उन्होंने शिक्षकों के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत सराहनीय है कि वे अपने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए निरंतर प्रेरित कर रहे हैं। ऐसे आयोजन बच्चों में सामान्य ज्ञान, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को सशक्त बनाते हैं।

जिला रोजगार अधिकारी सुश्री दुर्गेश्वरी सिंह ने कार्यक्रम का शुभारंभ एवं संचालन किया। प्रतियोगिता की शुरुआत 31 जुलाई को विद्यालय स्तर पर की गई जिसमें जिले के प्रत्येक हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया प्रत्येक स्कूल से चयनित तीन विद्यार्थियों का चयन किया गया। तत्पश्चात 02 अगस्त को विकासखंड स्तर पर चयन प्रक्रिया संपन्न हुई। प्रत्येक विकासखंड से चयनित तीन-तीन विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सहभागिता की। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने राष्ट्र, संविधान, विज्ञान, इतिहास, समसामयिक घटनाओं एवं तर्कशक्ति आधारित प्रश्नों का आत्मविश्वासपूर्वक उत्तर देकर यह सिद्ध किया कि जिले के विद्यार्थी न केवल शैक्षणिक रूप से दक्ष हैं, बल्कि समसामयिक विषयों पर भी सजग, सशक्त और तैयार हैं।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशंसा-पत्र एवं पुस्तकों का सेट प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में जशपुर विकासखंड के विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान, पत्थलगांव विकासखंड के विद्यार्थियों ने द्वितीय स्थान तथा कांसाबेल विकासखंड के विद्यार्थियों ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

यह आयोजन जिले के शैक्षणिक नवाचार की दिशा में एक प्रेरक पहल सिद्ध हुआ है, जिसने यह दर्शाया कि ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थी भी जब उचित मंच, मार्गदर्शन और अवसर प्राप्त करते हैं, तो वे किसी भी स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने में सक्षम हैं।

प्रतियोगिता में सम्मिलित कुमारी आराधना सिदार ने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता में भाग लेने से उनके भीतर की झिझक समाप्त हुई और आत्मविश्वास में वृद्धि हुई। वहीं कक्षा 12वीं के छात्र आशीष ने बताया कि प्रतियोगिता में सामान्य ज्ञान से संबंधित अनेक प्रश्न शामिल थे, जिनका उत्तर दिए और प्रथम स्थान प्राप्त किए।

कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर श्री प्रशांत कुशवाहा, डिप्टी कलेक्टर श्री समीर बड़ा, जिला मिशन समन्वयक श्री नरेंद्र सिन्हा, सीईओ जनपद श्री लोकहित भगत, सभी विकासखंडों के विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं विकासखंड संकुल समन्वयक उपस्थित रहे।

और भी

*तिरसोंठ के प्रधानपाठक को नशे में स्कूल आने एवं अनाधिकृत उपस्थिति की शिकायत पर कलेक्टर ने निलंबित करने दिए निर्देश*

जशपुर, 06 अगस्त 2025/ कलेक्टर रोहित व्यास ने बुधवार को पत्थलगांव विकासखण्ड के ग्राम तिरसोंठ में प्राथमिक विद्यालय औचक निरीक्षण किया। जहां उन्होंने उपस्थिति पंजी का निरीक्षण किया।  जिसमें प्रधानपाठक चैतराम यादव को लंबे समय से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित पाया गया। इस दौरान आये ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों से चर्चा में उन्होंने बताया कि प्रधानपाठक चैतराम यादव अक्सर शराब के नशे में विद्यालय आते हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
      कलेक्टर श्री व्यास ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी को प्रधानपाठक के विरुद्ध विभागीय जांच संस्थित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में अनुशासनहीनता और लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने शाला में विद्युत उपकरणों की मरम्मत करवाने के निर्देश दिए एवं स्वास्थ्य जांच दल के द्वारा किये गए निरीक्षणों की भी जानकारी ली। उन्होंने उपस्थित शिक्षकों से चर्चा कर बच्चों की उपस्थिति एवं दर्ज संख्या की भी जानकारी ली।

और भी

*मुख्यमंत्री से एशियन अफ्रीकन पैसिफिक पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप की स्वर्ण पदक विजेता सुश्री नमी राय पारेख ने की मुलाकात*

*मुख्यमंत्री से एशियन अफ्रीकन पैसिफिक पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप की स्वर्ण पदक विजेता सुश्री नमी राय पारेख ने की मुलाकात*

रायपुर 06 अगस्त 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से उनके निवास कार्यालय में एशियन अफ्रीकन पैसिफिक पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप की स्वर्ण पदक विजेता सुश्री नमी राय पारेख ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री श्री साय को रायपुर निवासी सुश्री नमी राय पारेख ने बताया कि 05 से 13 जुलाई तक जापान के हिमेजी में एशियन पॉवरलिफ्टिंग एसोसिएशन द्वारा एशियन अफ्रीकन पैसिफिक पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया था। इस चैंपियनशिप में उन्होंने 57 किलोग्राम डेडलिफ्ट वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया है। 

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सुश्री नमी राय पारेख को एशियन अफ्रीकन पैसिफिक पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि आपने अपनी मेहनत और समर्पण से छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। प्रदेश की बेटियों को आपकी उत्कृष्ट उपलब्धि से प्रेरणा मिलेगी। इस अवसर पर श्री अंजय शुक्ला, श्री अंजिनेश शुक्ला, श्री सनी पारेख सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।

और भी