मोदी सरकार का दूरदर्शी बजट 2026-27 युवाओं को रोजगार, किसानों को तकनीक और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निर्णायक कदम: विजय आदित्य सिंह जूदेव
विकसित भारत की आधारशिला है बजट 2026, युवाओं और किसानों के लिए खुलेंगे प्रगति के द्वार : विजय आदित्य सिंह जूदेव
जशपुर 01 फरवरी 2026
भारतीय जनता युवा मोर्चा जशपुर के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष विजय आदित्य सिंह जूदेव ने केंद्रीय बजट 2026-27 का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए इसे ‘विकसित भारत’ की मजबूत आधारशिला बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट देश को आत्मनिर्भर, समृद्ध और विश्वगुरु बनाने की दिशा में एक दूरदर्शी दस्तावेज है।
जूदेव ने कहा कि कर्तव्य भवन में तैयार किया गया यह पहला केंद्रीय बजट युवा, किसान, महिला, गरीब और मध्यम वर्ग को केंद्र में रखकर बनाया गया है। यह बजट वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने वाला रोडमैप है, जिसमें आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।
उन्होंने जशपुर जैसे जनजातीय बहुल और ग्रामीण जिले के संदर्भ में बजट की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग, डेयरी एवं पशुपालन को बढ़ावा तथा ‘ग्राम स्वराज’ की अवधारणा से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इससे जिले के किसान, मजदूर और ग्रामीण युवाओं को सीधा लाभ मिलेगा।
विजय आदित्य सिंह जूदेव ने विश्वास जताया कि बजट में किए गए प्रावधानों से अब ग्रामीण युवाओं को रोज़गार के लिए शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा। पर्यटन और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के विस्तार से जशपुर जैसे पर्यटन समृद्ध जिले में स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में सम्मानजनक रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। वहीं विदेश में शिक्षा और यात्रा से जुड़े खर्चों में कमी से युवाओं के लिए वैश्विक अवसरों के द्वार भी खुलेंगे।
स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर उन्होंने बजट को ऐतिहासिक बताया। जूदेव ने कहा कि बायोफार्मा सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रुपये के प्रावधान से गंभीर बीमारियों की दवाएं सस्ती होंगी और आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी। हर जिले में ट्रॉमा सेंटर, मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और आयुर्वेदिक चिकित्सा को बढ़ावा देने से जशपुर जैसे दूरस्थ जिलों की स्वास्थ्य व्यवस्था सुदृढ़ होगी।
महिला सशक्तिकरण पर बजट की घोषणाओं की सराहना करते हुए उन्होंने ‘लखपति दीदी’ योजना के विस्तार और बालिकाओं के लिए छात्रावास निर्माण को क्रांतिकारी कदम बताया। इससे ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी और छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए सुरक्षित वातावरण मिलेगा।
औद्योगिक और तकनीकी विकास के संदर्भ में उन्होंने कहा कि हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, नए जलमार्ग और सेमीकंडक्टर मिशन जैसे निर्णय भारत को वैश्विक आर्थिक शक्ति बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे, जिसका सकारात्मक प्रभाव जशपुर जैसे जिलों तक पहुंचेगा।
आयकर प्रक्रिया के सरलीकरण और दैनिक उपयोग की वस्तुओं—जैसे मोबाइल, ईवी बैटरी, सोलर उपकरण, जूते और कपड़ों—के सस्ते होने को उन्होंने मध्यम वर्ग के लिए बड़ी सौगात बताया।
अंत में विजय आदित्य सिंह जूदेव ने जशपुर की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग को सशक्त करने वाला एक गौरवशाली विज़न डॉक्यूमेंट है।
