ताजा खबरें


बड़ी खबर

*हर घर तिरंगा अभियान के तहत कुनकुरी ग्रामीण मण्डल में निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, गूंजे भारत माता के जयकारे*

नारायणपुर :-कुनकुरी विधानसभा के नारायणपुर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। तिरंगा यात्रा में क्षेत्र के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा और बड़ी संख्या में आम जनता ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

         हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत कुनकुरी ग्रामीण मण्डल के ग्राम पंचायत नारायणपुर में देशभक्ति और एकता का अद्भुत संदेश देने वाली *भव्य तिरंगा यात्रा* का आयोजन किया गया।इस अवसर पर ग्रामवासियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लिए, देशभक्ति गीतों और नारों के साथ यात्रा ग्राम के मुख्य मार्गों से गुज़री।

कार्यक्रम की शुरुआत पंचायत भवन प्रांगण में राष्ट्रगान के साथ हुई, उसके बाद यात्रा को रवाना किया।हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। "वंदे मातरम्", "भारत माता की जय" जैसे गगनभेदी नारों से माहौल देशभक्ति के रंग में रंग गया।

आज के इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत करना, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान को बढ़ावा देना और संविधान में निहित आदर्शों के प्रति निष्ठा को सुदृढ़ करना रहा।

इस अवसर पर विजय आदित्य ने कहा कि यह यात्रा हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी निकाली जा रही है, जो देशभक्ति और एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा, "हमारे देश का तिरंगा सिर्फ एक ध्वज नहीं, बल्कि एकता, अखंडता और स्वतंत्रता का प्रतीक है।इसे केवल फहराना ही नहीं, बल्कि इसके सम्मान और मूल्यों को जीवन में अपनाना चाहिए,हम इस यात्रा के माध्यम से समाज में भाईचारे और राष्ट्रीयता की भावना को बढ़ावा देने का काम कर रहे हैं।

वक्ताओं ने कहा कि *हर घर तिरंगा अभियान* देश के हर नागरिक को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और गर्व का भाव जागृत करता है। तिरंगा न केवल हमारी आज़ादी का प्रतीक है, बल्कि यह एकता, विविधता और बलिदान की प्रेरणा भी देता है।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को तिरंगा वितरण किया गया और देशभक्ति की शपथ दिलाई गई।
 उक्त जानकारी देते हुए जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राजकुमार विजयआदित्य सिंह जूदेव,डीडीसी श्रीमती मलिता बाई , अनिता सिंह,जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुशीला साय, जनपद उपाध्यक्ष बालेश्वर यादव, संतोष सहाय, उपेन्द्र यादव,मंडल अध्यक्ष उमेश यादव,  गणेश यादव, प्रतिमा भगत, अनूप नारायण बड़ाइक, शंकर यादव, शिवशंकर सिंह,संतन राम, तुलाधर यादव , गौतम राय, गोपाल यादव, श्रीमाती सरिता अंगिरा, बिरेश सनमानी,श्रीमती संतोषी नंदे, असलम आजाद, आकाश बाजपेयी,विकास नाग,अरुण मोहंती,यशवंत यादव, मयंक चौहान, मयंक सहाय, प्रमोद यादव,तुलेश्वर यादव, बघेल यादव, वेदप्रकास अंगिरा, मनोज यादव,हेमंत आपट , एवं समस्त क्षेत्रवासी तिरंगा यात्रा में सम्मिलित रहे।

और भी

तीन हजार से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान : मुख्यमंत्री श्री साय शहीद विनोद सिंह कौशिक मेधावी छात्र अभिनंदन समारोह में हुए शामिल, छात्रों का बढ़ाया उत्साह*

रायपुर 12 अगस्त 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज बिलासपुर में गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में आयोजित शहीद विनोद सिंह कौशिक मेधावी छात्र अभिनंदन समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वविद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी ही राष्ट्र का भविष्य है और उनकी मेहनत, लगन एवं संकल्प से प्रदेश और देश नई ऊँचाइयों को छुएंगे। मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि यह अवसर अत्यंत गर्व और उत्साह का है, जब हम अपनी नई पीढ़ी के होनहार, परिश्रमी और प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन शहीद विनोद सिंह कौशिक की स्मृति में विगत तीन वर्षों से हो रहा है और यह कार्यक्रम समूचे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों को आगे बढ़ने और कुछ नया करने की प्रेरणा देते हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने शहीद विनोद सिंह कौशिक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि वीर सपूत शहीद विनोद सिंह कौशिक माओवादियों से लड़ते हुए वर्ष 2018 में नारायणपुर में शहीद हो गए थे। उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाए रखने हेतु उनकी स्मृति में न्यास का गठन किया गया है और इसके माध्यम से प्रतिभाओं का सम्मान किया जाना अनुकरणीय पहल है। 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह के नेतृत्व में हम मार्च 2026 तक नक्सली आतंक को समाप्त करने की दिशा में अग्रसर हैं। केंद्र और राज्य की डबल इंजन की सरकार नक्सलवाद को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। लगातार नक्सल ऑपरेशनों में सफलता मिल रही है, करोड़ों के इनामी नक्सली आत्मसमर्पण कर रहे हैं और नक्सलवाद की कमर टूट चुकी है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इस सम्मान समारोह के माध्यम से हम केवल परीक्षा में अच्छे अंक लाने वाले विद्यार्थियों का ही नहीं, बल्कि देश के भविष्य निर्माता बच्चों का भी सम्मान कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि आपने जो उपलब्धि हासिल की है, उसमें निःसंदेह आपकी मेहनत है, लेकिन इसके पीछे परिवार, गुरुजनों और समाज का भी अहम योगदान है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष में प्रवेश कर चुका है।मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि राज्य में ही सभी उच्च स्तरीय शैक्षणिक संस्थान उपलब्ध हैं। 

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री साय ने विभिन्न संकायों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान किए। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य तय करने, निरंतर मेहनत करने और सकारात्मक सोच बनाए रखने का संदेश दिया।

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने वीर सपूत शहीद विनोद सिंह कौशिक को श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप जीवन के ऐसे महत्वपूर्ण पड़ाव पर हैं, जहाँ से भविष्य की दिशा तय होती है। आपके प्रयासों से न केवल आपका, बल्कि देश और प्रदेश का उज्ज्वल भविष्य निर्माण होगा। आपके सपनों के साथ आपके माता-पिता, शिक्षक और रिश्तेदारों की उम्मीदें भी जुड़ी हुई हैं। इन सपनों को साकार करने के लिए समर्पित भाव से निरंतर मेहनत करें। श्री साव ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ‘डिप्रेशन’ और ‘निराशा’ जैसे शब्द अपनी डिक्शनरी से हमेशा के लिए हटा दीजिए, क्योंकि निराश व्यक्ति कभी सफलता प्राप्त नहीं कर सकता। उत्साह और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ें।

इस अवसर पर विधायक सर्वश्री अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, धरमजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, दिलीप लहरिया, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष श्री राजेश पांडे, क्रेडा के अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी  सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

और भी

CG Big News : जिला सहकारी बैंक के 29 कर्मचारी बर्खास्त.! स्टाफ कमेटी की बैठक में लिया गया निर्णय..पढ़ें पूरी ख़बर

Chhattisgarh News/बिलासपुर. जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के दोषी 29 कर्मचारियों को फिर बर्खास्त किया गया। यह निर्णय बिलासपुर में हुई स्टाफ कमेटी की बैठक में लिया गया। दरअसल भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी हुई थी, जिसके चलते यह फैसला लिया गया।

दरअसल, पंकज तिवारी एवं पूर्व में बर्खास्त 29 कर्मचारियों ने उच्च न्यायालय बिलासपुर में पिटीशन क्रमांक 3346/2020 दायर किया था। उक्त पिटीशन के विरुद्ध रिट अपील प्रकरण क्रमांक 307/2025 उच्च न्यायालय में दायर किया गया। इस पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने प्राकृतिक न्याय के सिद्धांत अनुसार बैंक को आदेश प्राप्ति दिनांक से बैंक को विभागीय कार्रवाई करने का आदेश पारित किया। इसी परिप्रेक्ष्य में बैंक के प्राधिकृत अधिकारी की अध्यक्षता में हुई स्टाफ कमेटी की बैठक में निर्णय लिया गया कि न्यायालय के आदेश अनुसार समय अवधि में कार्रवाई पूरी की जाए। इसके लिए बैंक के सीईओ ने जांच टीम बनाई, जिसमें 4 वरिष्ठ शाखा प्रबंधकों को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई।

फिलहाल, टीम ने समय अवधि में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत किया। जांच में कर्मचारियों की व्यक्तिगत सुनवाई भी की गई। इसके उपरांत बैंक के स्टाफ कमेटी के निर्णय अनुसार 01 शाखा प्रबंधक, 04 सहायक लेखापाल, 08 पर्यवेक्षक, 6 लिपिक सह कंप्यूटर ऑपरेटर और 10 समिति प्रबंधकों कुल 29 कर्मचारियों को पुनः सेवा से पृथक किया गया। इसी प्रकरण को उपरोक्त कर्मचारियों ने सुप्रीम कोर्ट में भी चैलेंज किया। सुप्रीम कोर्ट ने 12 अगस्त 2025 को प्रकरण खारिज कर दिया। बैंक ने इस प्रकरण में हाईकोर्ट में केविएट दायर कर दिया है।

और भी

CG Big News : कलेक्टर-SP का औचक निरीक्षण.! स्कूल में गंदगी और शिक्षक नदारद देख भड़के कलेक्टर..पढ़ें पूरी ख़बर

Chhattisgarh News/मुंगेली। जिले में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे “90 प्लस परीक्षा परिणाम अभियान” के अंतर्गत मुंगेली कलेक्टर कुन्दन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने मुंगेली विकासखंड के शासकीय हाईस्कूल फरहदा का औचक निरीक्षण किया. यह स्कूल BJP के पूर्व सांसद लखन लाल साहू के गृह ग्राम में स्थित है, जिससे ऐसे गांव स्वाभाविक रूप से प्रशासन की विशेष निगरानी रहती है. निरीक्षण के दौरान विद्यालय में अव्यवस्था, गंदगी और शिक्षकों की अनुपस्थिति ने अफसरों को कड़ी नाराजगी जताने पर मजबूर कर दिया.

ज्ञात हो कि, उपस्थिति पंजी के अवलोकन में चार शिक्षक – नंद किशोर साहू, राजेन्द्र कश्यप, उर्वशी साहू और अर्चना मसीह – अनुपस्थित पाए गए. इस पर कलेक्टर ने इन सभी शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए. 

वहीं, विद्यालय की दुर्दशा देखकर कलेक्टर ने प्रधानपाठक नंद किशोर साहू को जमकर फटकार लगाई और उन्हें पद से हटाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारी को दिए. साथ ही, बीईओ जितेन्द्र बावरे और विकासखंड स्त्रोत समन्वयक सूर्यकांत उपाध्याय को भी स्कूल की खराब मॉनिटरिंग व लापरवाही के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है.

दरअसल, निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षाओं में जाकर छात्रों से बातचीत की, उनका हालचाल जाना और उन्हें पढ़ाई में मन लगाने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा, “शिक्षा ही गरीबी से बाहर निकलने का सबसे प्रभावशाली माध्यम है. आप सब मेहनत करें, पढ़ें और आगे बढ़ें.

फिलहाल,”पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने भी विद्यार्थियों को अनुशासन और स्वच्छता का महत्व बताया और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को लेकर शिक्षकों को सजग रहने के निर्देश दिए. जिला प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि शिक्षण व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

और भी

जिला प्रशासन की पहल से पहली बार सरकारी सेवा में पहुँचीं अनेक छात्राएँ,,,,,ग्रामीण बेटियों ने रचा इतिहास  100 में से 43 पद किए अपने नाम

जशपुर 12 अगस्त 25/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जिला खनिज न्यास मद अंतर्गत संचालित नवसंकल्प शिक्षण संस्था ने एक बार फिर उत्कृष्ट उपलब्धि दर्ज की है। संस्था की 45 छात्राओं का चयन गृह रक्षक (होम गार्ड) के पद पर हुआ है। इन चयनित छात्राओं ने नवसंकल्प के पुलिस बैच में आवासीय व्यवस्था के साथ नियमित प्रशिक्षण प्राप्त किया था। विशेष उल्लेखनीय है कि जशपुर जिले में होम गार्ड के कुल 100 पदों में से 43 पदों पर नवसंकल्प की छात्राओं का चयन हुआ, जबकि 2 छात्राओं ने अन्य जिलों के लिए चयन प्राप्त किया।

नवसंकल्प शिक्षण संस्थान के अनुसार, गृह रक्षक भर्ती हेतु शारीरिक परीक्षा सितम्बर 2024 में संभागीय मुख्यालय अंबिकापुर में आयोजित की गई थी। इसमें सफल अभ्यर्थियों की लिखित परीक्षा व्यापम द्वारा 22 जून 2025 को ली गई। परीक्षा का परिणाम एवं मेरिट सूची 9 अगस्त 2025 को जारी हुई, जिसमें नवसंकल्प की 45 छात्राओं ने सफलता का परचम लहराया। छात्राओं की शारीरिक तैयारी में जशपुर पुलिस का विशेष सहयोग रहा तथा रक्षित ग्राउंड में नियमित अभ्यास कराया गया। वहीं, लिखित परीक्षा की तैयारी के लिए प्रतिदिन कक्षाएं, टेस्ट सीरीज़ एवं करंट अफेयर्स मैगज़ीन उपलब्ध कराई गई।

संस्थान की छात्रा नमिता बड़ा ने सरगुजा संभाग में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने का गौरव हासिल किया। दुलदुला निवासी नमिता ने शारीरिक परीक्षा में 100 प्रतिशत अंक तथा लिखित परीक्षा में 77 अंक प्राप्त कर कुल 177 अंक अर्जित किए।

पत्थलगाँव विकासखण्ड की कुमारी रूपा पैंकरा ने कहा— "मुझे नौकरी करने की गहरी इच्छा थी, लेकिन सही मार्गदर्शन नहीं मिल पा रहा था। नवसंकल्प के बारे में जानकारी मिली तो उम्मीद जगी। यहाँ आकर मैंने पहली बार फिजिकल ट्रेनिंग और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी की। जब चयन की खबर मिली तो मेरे घर में जैसे खुशी का माहौल बन गया। यह मेरे परिवार की पहली सरकारी नौकरी है और मैं चाहती हूँ कि मेरे गाँव की और भी लड़कियाँ इस तरह आगे बढ़ें।"

कुमारी सविता भगत ने अनुभव साझा करते हुए कहा— "नवसंकल्प ने हमें जो सुविधाएँ दीं, यदि इन्हें बाहर जाकर लेना पड़ता तो बहुत अधिक खर्च होता। यहाँ हमें निःशुल्क पढ़ाई, हॉस्टल, भोजन और फिजिकल ट्रेनिंग मिली। प्रतिदिन का अभ्यास, टेस्ट और मोटिवेशन क्लास ने हमें लक्ष्य के करीब पहुँचाया।"

कांसाबेल विकासखण्ड की आराधना पैंकरा ने भावुक होकर कहा— "मेरी माँ नहीं है और मैं बचपन से दादा-दादी के साथ रहती हूँ। आर्थिक और पारिवारिक कठिनाइयाँ हमेशा रही हैं, लेकिन मैंने हार नहीं मानी। नवसंकल्प में आने के बाद लगा कि मेरे सपनों को पंख मिल गए हैं। यहाँ न केवल पढ़ाई और प्रशिक्षण मिला, बल्कि यह विश्वास भी मिला कि कठिनाइयों के बावजूद सफलता संभव है। आज जब दादा-दादी की आँखों में खुशी के आँसू देखती हूँ, तो लगता है मेरी मेहनत रंग लाई। मैं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, जिला प्रशासन और शिक्षकों का आभार व्यक्त करती हूँ, जिन्होंने हमें यह अवसर प्रदान किया।"

जिला प्रशासन जशपुर की यह पहल ग्रामीण छात्राओं के लिए न केवल अवसरों के द्वार खोल रही है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भरता और सरकारी सेवा में योगदान देने का सुनहरा अवसर भी प्रदान कर रही है।

और भी

*स्वतंत्रता सद्भावना दौड़ का आयोजन 14 अगस्त को ....जय स्तम्भ चौक जशपुर से प्रारंभ होकर रणजीता स्टेडियम में होगा समापन* 

जशपुरनगर 12 अगस्त 2025/ जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कल्याण के द्वारा आगामी 14 अगस्त 2025 को जशपुर जिला मुख्यालय में स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया जाएगा। स्वतंत्रता दौड़ प्रातः 07.30 बजे से जय स्तम्भ चौक जशपुर से प्रारंभ होकर महाराजा चौक के दाहिने बस स्टैण्ड मार्ग के नीचे तालाब रोड पुरानी टोली से होते हुए रणजीता स्टेडियम जशपुर में समापन किया जायेगा।
  कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने स्वतंत्रता दौड़ में जिल के सर्व विभाग प्रमुखों को अपनी उपस्थिति के साथ ही अपने अधिनस्थ समस्त अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मिलित कराने हेतु निर्देशित किए हैं।

और भी

*विश्व हाथी दिवस पर कार्यशाला के तहत हाथी विशेषज्ञों ने हाथियों के व्यवहार, पारिस्थितिकीय तंत्र में उनकी भूमिका तथा संरक्षण के महत्व पर डाला प्रकाश*

    जशपुरनगर, 12 अगस्त 2025/ विश्व हाथी दिवस के अवसर पर आज जिला पंचायत कार्यालय में कलेक्टर श्री रोहित व्यास एवं वनमण्डलाधिकारी श्री शशि कुमार की मौजूदगी में जशपुर वनमण्डल अन्तर्गत अंतर्राज्यीय हाथी-मानव द्वंद को कम करने के उद्देश्य से कार्यशाला सह गज संरक्षण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हाथी विशेषज्ञों ने हाथियों के व्यवहार, पारिस्थितिकीय तंत्र में उनकी भूमिका तथा संरक्षण के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी। साथ ही जागरूकता बढ़ाने हेतु चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।


      कार्यक्रम में गुमला से आए प्रशिक्षु भारतीय वन सेवा अधिकारी श्री आदर्श शरण ने हाथी प्रबंधन से संबंधित विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही बी.एफ.ओ. श्री नरेश कुजूर एवं आर.आर.टी. सदस्य श्री राजेश राम ने गजरथ गतिविधियों के बारे में जानकारी साझा की, वहीं यू.एस.टी.आर. श्री लालबहादुर ने गजसंकेत ऐप के उपयोग और महत्व पर प्रकाश डाला। रांची से आए हाथी विशेषज्ञ श्री तपश कर्माकर ने हाथी-मानव द्वंद के कारण, उसके प्रभाव तथा समाधान पर विस्तार से बताया। सीनियर फील्ड ऑफिसर, वाइल्डलाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया, श्री सुशांत गौड़ा ने हाथी कॉरिडोर संरक्षण एवं प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डाला।
      हाथी विशेषज्ञ श्री मंसूर खान ने हाथी संरक्षण में जनसहभागिता बढ़ाने और जागरूकता लाने के उपाय बताए। डिप्टी डायरेक्टर एवं रीजनल हेड सेंट्रल इंडिया, वाइल्डलाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया श्री राजेंद्र मिश्रा ने हाथियों के पारिस्थितिकीय महत्व एवं उनके व्यवहार पर जानकारी दी। वहीं रीलॉन एयर प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ एवं सह-संस्थापक श्री अभिनंदन तिवारी ने ड्रोन तकनीक और इसके संरक्षण कार्यों में उपयोग पर विस्तार से बताया।

*हाथी संरक्षण जागरूकता हेतु चित्रकला, निबंध प्रतियोगिता आयोजित*

  कार्यक्रम के तहत हाथी संरक्षण जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में, 15 वर्ष से कम आयु वर्ग में प्रथम स्थान श्री श्रेयष धुरिया, द्वितीय स्थान कु. हिमांशी कुजूर तथा तृतीय स्थान श्री वैभव भगत ने प्राप्त किया। 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में प्रथम स्थान श्री तौसिफ शाह, द्वितीय स्थान कु. निशा तिग्गा और तृतीय स्थान कु. नेहा यादव को मिला। इसी प्रकार निबंध प्रतियोगिता में 15 वर्ष से कम आयु वर्ग में प्रथम स्थान कु. दीक्षा गुप्ता, द्वितीय स्थान कु. अंशिका तिग्गा एवं तृतीय स्थान कु. लीलावती बंजारा ने हासिल किया। वहीं 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में प्रथम स्थान श्री अनुरूप तिग्गा, द्वितीय स्थान श्री कर्मा सन्यासी तथा तृतीय स्थान कु. चांदनी को प्राप्त हुआ।
     सभी विजेताओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, साथ ही कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी अतिथियों को सहभागिता प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया। इस अवसर पर वनमण्डल जशपुर के समस्त उपवनमण्डलाधिकारी, वन परिक्षेत्राधिकारी, कर्मचारीगण एवं आर.आर.टी. सदस्य उपस्थित रहे।

और भी

*पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना: प्रदीप पटेल के छत पर हर महीने बन रही 350 से 400 यूनिट बिजली...बिजली बिल भी घटकर एक तिहाई से भी कम हुआ*

रायपुऱ, 12 अगस्त 2025/ छत्तीसगढ़ में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से समान्य नागरिक भी अब बिजली उत्पादक बनते जा रहें है। अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर पावर प्लांट लगाने से लोगों की बिजली की समस्या का समाधान तो हो ही रहा है, साथ ही उपयोग के बाद बची हुई बिजली को बेचकर उन्हें अच्छा-खासा फायदा भी हो रहा है। रायगढ़ के सावित्री नगर में रहने वाले श्री प्रदीप पटेल भी ऐसे ही एक बिजली उत्पादक बन गये है। श्री प्रदीप पटेल ने अपने घर पर 3 किलोवॉट का सौर पैनल स्थापित कर बिजली बिल से राहत पाई है। यह पैनल सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत लगाया गया है। इसमें उन्हें केंद्र सरकार से 78,000 रुपए और राज्य सरकार से 30,000 रुपए की मिलाकर कुल एक लाख आठ हजार रूपए की सब्सिडी मिली है। आवेदन करने के मात्र 10 दिन के भीतर ही सब्सिडी की राशि उनके खाते में जमा हो गई। श्री पटेल के यहां प्रतिमाह 350-400 यूनिट बिजली का उत्पादन हो रहा है। उनका औसत मासिक खपत 500 यूनिट है, जिससे उन्हें केवल 100-150 यूनिट का ही बिल चुकाना पड़ता है। उन्होंने योजना की सराहना करते हुए अन्य नागरिकों से भी इसका लाभ उठाने की अपील की और शासन-प्रशासन को धन्यवाद दिया।

*जिले के 197 से अधिक घरों में सौर ऊर्जा से आत्मनिर्भरता*

  प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत रायगढ़ जिले में अब तक 197 से अधिक घरों में सौर रूफटॉप सिस्टम स्थापित हो चुके हैं। इनसे सैकड़ों परिवारों को बिजली बिल से मुक्ति मिली है और वे ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहे हैं। स्थापित सोलर रूफटॉप सिस्टम से प्रत्येक घर को प्रतिमाह औसतन 3,000 रुपए से 5,000 रुपए की सीधी बचत हो रही है। योजना से न केवल आर्थिक लाभ हो रहा है, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग से कार्बन उत्सर्जन में कमी लाकर पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दिया जा रहा है।

योजना की वित्तीय सहायता और उत्पादन क्षमता

 पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत स्थापित 1 किलोवॉट प्लांट में औसतन 120 यूनिट प्रतिमाह माह उत्पादन होता है। इसने 30,000 रुपए सब्सिडी केंद्र से और 15,000 रुपए राज्य से प्रदाय किया जाता है। इसी तरह 2 किलोवॉट प्लांट में औसतन 240 यूनिट प्रतिमाह उत्पादन और सब्सिडी केंद्र से 60,000 रुपए और राज्य से 30,000 रुपए प्रदाय किया जाता है। 3 किलोवॉट प्लांट में औसतन 360 यूनिट प्रतिमाह माह उत्पादन एवं केंद्र से 78,000 रुपए और राज्य से 30,000 रुपए प्रदाय किया जाता है। उपभोक्ता को शेष राशि स्वयं वहन करनी होती है, जो ऋण सुविधा के माध्यम से भी उपलब्ध है।

ऑनलाइन प्रक्रिया से करें आवेदन

योजना का लाभ पूरी तरह ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत दिया जा रहा है। उपभोक्ताhttps://pmsuryaghar.gov.in पोर्टल, पीएम सूर्यघर मोबाइल ऐप, सीएसपीडीसीएल वेबसाइट, मोर बिजली ऐप या टोल फ्री नंबर 1912 पर कॉल कर आवेदन कर सकते हैं। साथ ही नजदीकी सीएसपीडीसीएल कार्यालय में संपर्क भी कर सकते हैं। उपभोक्ता सौर प्लांट स्थापना हेतु वेंडर का चयन स्वयं ऑनलाइन कर सकते हैं।

और भी

*सुदूर अंचल के बच्चों तक पहुंची गुणवत्तापूर्ण शिक्षा : युक्तियुक्तकरण से कोरकोमा मिडिल स्कूल में पढ़ाई हुई नियमित*

रायपुर, 12 अगस्त 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के दिशा-निर्देशन में लागू की गई शाला-शिक्षक युक्तियुक्तकरण नीति प्रदेश के विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस नीति के तहत अतिरिक्त और रिक्त पदों का संतुलन कर शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित की जा रही है, जिससे अब सुदूर अंचलों के विद्यार्थियों को भी नियमित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल रहा है।

कोरबा जिले के वनांचल क्षेत्र कोरकोमा का शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, जहां 319 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, इसका स्पष्ट उदाहरण है। पहले यहां शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित होती थी और कई कालखंड खाली रह जाते थे। लेकिन युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया के बाद दो शिक्षिकाओं श्रीमती रामेश्वरी रत्नाकर और श्रीमती पद्मा निषाद की पदस्थापना से अब सभी कक्षाएं नियमित रूप से संचालित हो रही हैं, और सतत अध्यापन, अध्ययन कार्य व्यस्थित रूप से चल रही है। 

प्रधानपाठक श्री गोपाल प्रसाद साव ने बताया कि दर्ज संख्या के अनुसार यहां दो शिक्षकों की कमी थी, जो अब पूरी हो गई है। नई पदस्थ शिक्षिकाओं ने आते ही तुरंत कक्षाएं लेना प्रारंभ कर दिया है। श्रीमती रत्नाकर अंग्रेजी पढ़ा रही हैं, जबकि श्रीमती निषाद सामाजिक विज्ञान, विज्ञान और हिंदी विषय संभाल रही हैं।

विद्यार्थी सुनील, समीर, गुंजन, स्नेहा, राकेश और साहिल खुशी जताते हुए बताया कि अब कोई भी कालखंड खाली नहीं जाता और पढ़ाई निरंतर चल रही है। 5 से 7 किलोमीटर दूर से आने वाले बच्चों के लिए यह बदलाव विशेष रूप से राहत भरा है, क्योंकि अब उन्हें प्रत्येक विषय की नियमित शिक्षा मिल रही है।

यह बदलाव न केवल विद्यार्थियों की शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठा रहा है, बल्कि अभिभावकों का भी विद्यालय पर भरोसा बढ़ा रहा है। शासन की यह पहल शिक्षा के अधिकार को मजबूत करते हुए यह सुनिश्चित कर रही है कि राज्य का कोई भी बच्चा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित न रहे।

और भी

*भ्रामक समाचार प्रसारित कर वित्त मंत्री एवं सरकार की छवि धूमिल करने का षड्यंत्र – तथ्यों से हुआ खुलासा*

रायपुर 12 अगस्त 2025/ एक न्यूज पोर्टल द्वारा भ्रामक और तथ्यहीन समाचार प्रस्तुत कर वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी एवं राज्य सरकार की छवि को धूमिल करने का दुष्प्रयास किया जा रहा है। “13 करोड़ 89 लाख का शाही दफ्तर” तथा “झूमर” जैसे शब्दों का प्रयोग कर षड्यंत्रपूर्वक बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।

स्पष्ट किया जाता है कि लगभग सवा वर्ष पूर्व, वर्ष 2023-24 के तृतीय अनुपूरक बजट में लोक निर्माण विभाग (PWD) की सूची में 1389 लाख रुपये का जो उल्लेख दर्ज था, वह पूर्णतः त्रुटिपूर्ण था। इस संबंध में प्रमुख अभियंता ने तत्कालीन विधानसभा सत्र के दौरान 12 फरवरी 2024 को सरकार को पत्र लिखकर अवगत कराया था कि लिपिकीय त्रुटिवश “1389.00 लाख” अंकित हो गया है, जबकि वास्तविक राशि “13.89 लाख” है।

इसके पश्चात विधानसभा में संशोधन सूचना प्रस्तुत की गई और 14 फरवरी 2024 को दोपहर 12:03 बजे सत्र के दौरान उक्त संशोधन सूचना को पढ़ा गया। संशोधन सूचना के अनुरूप “13.89 लाख” का संशोधन भी उसी समय कर दिया गया।

संशोधन सूचना से संबंधित सभी दस्तावेजों का अवलोकन कोई भी इच्छुक व्यक्ति कर सकता है। साथ ही, इस संबंध में विधानसभा की लाइब्रेरी में उपलब्ध वीडियो भी देखा जा सकता है।

इन सभी स्पष्ट एवं प्रमाणित तथ्यों के बावजूद, जानबूझकर 1389 लाख रुपये का समाचार चलाकर वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी एवं राज्य सरकार की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।

वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा है कि कार्यालय निर्माण से पूर्व आगंतुकों को गैरेज एवं खुले में धूप या बरसात में बैठना पड़ता था। अब सभी आगंतुक इस कार्यालय में बैठते हैं, जिसे हजारों लोग देख चुके हैं। यह कार्यालय जनसुविधा के लिए बनाया गया है। “1389 लाख” एवं “झूमर” जैसी भ्रामक और गलत खबर प्रसारित करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई के विकल्प पर भी वकीलों से चर्चा की जा रही है।

और भी

जिले के विद्यार्थियों को भारत की सबसे बड़ी विज्ञान प्रतिभा खोज परीक्षा में शामिल होने का अवसर 

जशपुर :- विद्यार्थी विज्ञान मंथन द्वारा आयोजित इस परीक्षा को  NCERT , SCERT, इसरो जैसी संस्थाओं के सहयोग से आयोजित की जा रही है, इस परीक्षा के पहले चरण में विद्यार्थी विद्यालय स्तर के ऑनलाइन परीक्षा में भाग लेंगे उसके पश्चात प्रत्येक कक्षा  ( छठवीं से ग्यारहवीं) से पच्चीस छात्र चयनित होंगे जो राज्य स्तरीय परीक्षा में शामिल होंगे जो एक दिवसीय होगी तत्पश्चात प्रत्येक राज्य से चयनित 12  छात्र राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित परीक्षाओं में सम्मिलित होंगे जहां प्रायोगिक कौशल ,नवाचार, रचनात्मकता  की परीक्षा होगी।
     सफल प्रतिभागियों को कैश प्राइज, छात्रवृत्ति प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त देश के वैज्ञानिकों से चर्चा, इसरो, डीआरडीओ जैसी संस्थाओं में शिविर जैसे लाभ भी मिलेंगे। विद्यार्थी विज्ञान मंथन के डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर् विवेक पाठक ,नव संकल्प  जशपुर ने बताया कि इस परीक्षा में विज्ञान में भारत का योगदान के विषय पर भी प्रश्न होंगे। महान भारतीय जैसे वैज्ञानिक सत्येंद्र नाथ बोस के बारे में अध्ययन करना इस वर्ष के परीक्षा की प्रमुख विशेषता होगी। 
       विद्यालय स्तर पहली परीक्षा 28 से 30 अक्टूबर तक आयोजित होगी जो कि ऑनलाइन माध्यम से आयोजित होगी। रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 30 सितंबर है।विद्यार्थी तथा विद्यालय भी अपना रजिस्ट्रेशन vvm.org.in पर प्रति विद्यार्थी 200 रुपए शुल्क दे कर कर सकते है।
       इस परीक्षा के सफल संचालन हेतु राज्य शैक्षणिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद  द्वारा सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।

और भी

तिरंगा यात्रा राष्ट्र के प्रति समपर्ण का प्रतीक : रैली में भारी संख्या में स्कूली बच्चों के साथ-साथ ग्रामीणों ने दिखायी भागीदारी

जशपुर : राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस के पूर्व सोमवार को बच्छरांव, कुरोग,रेंगले के  स्कूली बच्चों द्वारा तिरंगा यात्रा निकाला गया। इसमें शामिल बच्चों ने भ्रमण कर जन-जन से हर घर तिरंगा लगाने का आह्वान किया। प्राथमिक विद्यालय रेंगले के बच्चों ने रैली निकाल पूरे गांव में भ्रमण किया। रैली में शामिल बच्चे हम बच्चों ने ठाना है हर घर तिरंगा लगवाना है। देश भक्ति गीत पर  नौनिहाल आगे बढ़ रहे थे। रैली में शामिल बच्चों के चेहरे पर खास ही उत्साह देखने को मिला।

जनपद सीईओ श्री श्रीवास  ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देश एवं कलेक्टर  और जिला सीईओ के मार्गदर्शन में ब्लाक के समस्त पंचयात स्तर में और स्कूलों में बच्चों के द्वारा तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है।उन्होंने आगे बताया कि विद्यालयों के बच्चों के द्वारा तिरंगा यात्रा निकाल कर लोगो के मन में राष्ट्रभक्ति की भावना को जागृत करने के साथ ही भारत को आजादी दिलाने में जिन वीर शहीदों ने अपने प्राण न्यौछावर किये है, उन्हे याद भी किया जा रहा है। 
    जनपद के विभिन्न पंचायतों एवं विद्यालयों में देशभक्ति पर आधारित विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय ध्वज के महत्व के बारे में बताने का कार्य किया जा रहा है।

तिरंगा यात्रा में निकल

बाइक रैली

बगीचा में सोमवार को एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह बाइक रैली नगर पंचायत से शुरू हुई। यह यात्रा सरकार की 'हर घर तिरंगा' अभियान का हिस्सा है, 

दर्जनों बाइक सवारों ने अपनी बाइक पर तिरंगा लगाकर इस यात्रा में भाग लिया। यात्रा के दौरान युवाओं ने 'भारत माता की जय' और 'अमर बलिदानी सपूत अमर रहे' जैसे देशभक्ति के नारे लगाए। यह यात्रा नगर पंचायत,, जनपद पंचयात और बस स्टैंड होते हुए एस डी एम कार्यलय तक पहुंची।यात्रा का समापन एक सभा के रूप में हुआ। वक्ताओं ने देश के अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

और भी

*प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से छत्तीसगढ़ के 1.41 लाख किसानों को ₹152.84 करोड़ का भुगतान — मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय कृषि मंत्री का जताया आभार*

रायपुर, 11 अगस्त 2025/ प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत आज छत्तीसगढ़ के 1 लाख 41 हजार से अधिक किसानों के बैंक खातों में ₹152 करोड़ 84 लाख की राशि का सीधा अंतरण किया गया। यह राशि फसल हानि की भरपाई के साथ किसानों को आर्थिक सुरक्षा भी प्रदान करेगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व में यह योजना किसानों के लिए सुरक्षा कवच बन गई है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज देशभर में 30 लाख से अधिक किसानों को कुल ₹3,200 करोड़ से ज्यादा की बीमा दावा राशि का लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि अन्नदाताओं की रक्षा और उनकी समृद्धि हमारे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन और संकल्प से किसानों की समृद्धि और आर्थिक सुरक्षा का द्वार खुला है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार, केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरी पारदर्शिता और तत्परता के साथ प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि राज्य के किसान आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त होने के साथ ही आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हो सकें।

और भी

कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर बेहतर शिक्षा गुणवत्ता के लिए प्रधान पाठकों का संकल्प में हो रहा है उन्मुखीकरण।

जशपुर 11 अगस्त 2025 : कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में‌ संचालित यशस्वी जशपुर  कार्यक्रम के तहत प्राथमिक शालाओं के प्रधान पाठकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण संकल्प शिक्षण संस्थान में आयोजित हो रहा है। डिप्टी कलेक्टर प्रशांत कुशवाहा और डी ई ओ पी के भटनागर के निर्देश पर आयोजित इस उन्मुखीकरण कार्यक्रम में आज बगीचा विकासखंड के 156 प्राथमिक प्रधान पाठक सम्मिलित हुए। उपचारात्मक शिक्षण इस उन्मुखीकरण में सम्मिलित है। इस प्रशिक्षण में जिले के चुने हुए मास्टर ट्रेनर के अलावा यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी विनोद गुप्ता भी प्रधान पाठक को प्रशिक्षित कर रहे है।

     प्राचार्य विनोद गुप्ता के द्वारा बताया कि समय के साथ सभी शिक्षकों को अपडेट होने की आवश्यकता है । उन्होंने शिक्षकों को चार चुनौतीयां भी दी गई है। पहली चुनौती है, वर्ष के अंत तक अर्थात जनवरी या फरवरी तक विद्यालय के प्रत्येक छात्र निर्धारित न्यूनतम अधिगम स्तर प्राप्त कर ले। दूसरी चुनौती है ,कि विद्यालय का प्रत्येक बच्चा परीक्षा में न्यूनतम 60% तक अंक हासिल करे। तीसरी चुनौती है ,अभ्यास पुस्तक में दिए गए प्रोजेक्ट वर्क के अलावा हर बच्चे को दो -दो प्रोजेक्ट वर्क दें। चौथी चुनौती है, कक्षा 5 वीं का हर बच्चा वार्षिक परीक्षा में 80% अंक आवे।। उनके अनुसार आजकल शासकीय शालाओं के विश्वास को हमें बनाएं रखने और अपने विद्यालय के बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करना होगा। इस प्रशिक्षण में विनोबा एप के जिला कोऑर्डिनेटर सोमनाथ साहू के द्वारा भी विनोबा एप का कैसे उपयोग करें इसके बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। प्रथम फाउंडेशन और अजीम प्रेम जी फाउंडेशन द्वारा भी शिक्षकों को मार्गदर्शन दिया गया।

      यशस्वी जशपुर के  प्रशिक्षक संजय दास ने बताया कि वर्तमान शिक्षा प्रणाली में बच्चों की बुद्धि एवं कौशल की परीक्षा ली जाती है । इसलिए नई शिक्षा नीति के अनुसार बच्चों में 21 वीं सदी के कौशल विकसित करने की आवश्यकता है अन्यथा हमारे बच्चे भविष्य में अनुपयोगी हो जाएंगे। सीमा गुप्ता के द्वारा भी शिक्षकों को शालाओं में बेहतर कार्य करने हेतु मार्गदर्शन देने का कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा जिले के चुने हुए,मास्टर ट्रेनर मनोज कुमार अंबष्ट  , मुकेश कुमार,  मीना सिन्हा,   देवकी प्रधान,अर्चना यादव के द्वारा  प्रधान पाठकों की एक दिवसीय उन्मुखीकरण प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
     मीना सिन्हा के द्वारा स्कूल रेडिनस के बारे में बताया कि बच्चे जब स्कूल आते हैं तो उनको भय मुक्त वातावरण देना है यूट्यूब,खेल और गतिविधि के माध्यम से शिक्षा देना है और अर्चना यादव ने भी स्कूल रेडिनस की अंग्रेजी में गतिविधि कराई । मनोज अंबष्ट के द्वारा उत्कृष्ट शिक्षक और उत्कृष्ट शाला कैसे बनाया जाए उस पर विस्तृत जानकारी दी गई। देवकी प्रधान के द्वारा जादुई पिटारा पर खिलौने  कार्ड, पपेट , गोली और गतिविधि करा कर जादुई पिटारा के बारे में बताया,              मुकेश कुमार ने विभिन्न भाषाओं को जोड़ते हुए शाला का संचालन कैसे करेंगे उस विषय पर बात की। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए यशस्वी जशपुर के संजीव शर्मा और अवनीश पांडेय मुख्य रूप से शामिल रहे।  इस प्रशिक्षण में सभी प्रधान पाठकों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

और भी

*अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई : उचित मूल्य दुकानों के बचत स्टॉक का भौतिक सत्यापन*

रायपुर 11 अगस्त 2025/ खाद्य विभाग के आदेश के परिपालन में 31 मार्च 2024 की स्थिति में प्रदेश के समस्त जिलों में संचालित 13,779 उचित मूल्य दुकानों के बचत स्टॉक का भौतिक सत्यापन कराया गया। इस सत्यापन के उपरांत 894 दुकानों में कुल 7,891.73 टन चावल की कमी पाई गई। जिन दुकानों में बचत स्टॉक में कमी पाई गई, उनके विरुद्ध विभाग द्वारा कार्रवाई की गई है जिसके अंतर्गत 101 दुकानों के आबंटन को निलंबित किया गया, 72 दुकानों का आबंटन निरस्त किया गया, 19 दुकानों के संचालकों के विरुद्ध एफ.आई.आर. दर्ज कराई गई तथा 194 दुकानों के विरुद्ध वसूली हेतु आर.आर.सी. जारी किया गया है।

खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने के लिए आगे भी इस प्रकार के निरीक्षण और सत्यापन की कार्यवाही नियमित रूप से जारी रहेगी।

और भी

*मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय स्वतन्त्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर में करेंगे ध्वजारोहण*

रायपुर, 11 अगस्त 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय समारोह में राजधानी रायपुर के पुलिस मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे। बस्तर जिला मुख्यालय में केन्द्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, बिलासपुर में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव तथा दुर्ग में उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा मुख्य समारोह में ध्वजारोहण करेंगे।

सामान्य प्रशासन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजनांदगांव में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, सरगुजा में आदिम जाति विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम, गरियाबंद में खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल, बालोद में वन मंत्री श्री केदार कश्यप, कोरबा में उद्योग मंत्री श्री लखन लाल देवांगन, जशपुर में स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, रायगढ़ में वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी, सूरजपुर में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, जांजगीर-चांपा में राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, बलौदाबाजार में सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, बेमेतरा में सांसद श्री विजय बघेल, कवर्धा में सांसद श्री संतोष पांडेय, बलरामपुर में सांसद श्री चिंतामणि महाराज, महासमुंद में सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, सारंगढ़ में सांसद श्री राधेश्याम राठिया, सक्ती में सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, बीजापुर में सांसद श्री महेश कश्यप, कांकेर में सांसद श्री भोजराज नाग, तथा खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह ध्वजारोहण करेंगे।

मुंगेली जिला मुख्यालय में विधायक श्री पुन्नूलाल मोहले, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में विधायक श्री धरमलाल कौशिक, कोरिया में विधायक श्री अमर अग्रवाल, धमतरी में विधायक श्री अजय चंद्राकर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में विधायक श्रीमती रेणुका सिंह, कोंडागांव में विधायक सुश्री लता उसेंडी, नारायणपुर में विधायक श्री विक्रम उसेंडी, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में विधायक श्री राजेश मूणत, दंतेवाड़ा में विधायक श्री किरण देव और सुकमा जिला मुख्यालय में विधायक श्री धरमजीत सिंह स्वतंत्रता दिवस समारोह में ध्वजारोहण करेंगे।

और भी

*नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा ‘स्वच्छता संगम’ का होगा आयोजन..... मुख्यमंत्री श्री साय बिलासपुर में स्वच्छता दीदियों का पद-प्रक्षालन कर करेंगे सम्मान*

रायपुर, 11 अगस्त 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा बिलासपुर जिले में 12 अगस्त 2025 को आयोजित होने वाले ‘स्वच्छता संगम-2025’ में, छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने वाली स्वच्छता दीदियों का पद-प्रक्षालन कर उन्हें सम्मानित करेंगे। इस अवसर पर वे स्वच्छ सर्वेक्षण-2024-25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नगरीय निकायों को भी सम्मान प्रदान करेंगे। मुख्यमंत्री श्री साय  12 अगस्त को बिलासपुर के बहतराई स्थित इंडोर स्टेडियम में  260 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव,  केन्द्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री श्री तोखन साहू, विधायकगण श्री धरमलाल कौशिक, श्री अमर अग्रवाल, श्री धर्मजीत सिंह, श्री दिलीप लहरिया, श्री सुशांत शुक्ला एवं श्री अटल श्रीवास्तव तथा बिलासपुर की महापौर श्रीमती पूजा विधानी उपस्थित रहेंगी। ‘स्वच्छता संगम’ में राज्य के सभी नगर निगमों के महापौर, सभापति, स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी सदस्य, नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी सदस्य, निगम आयुक्त, मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगरीय निकायों के वरिष्ठ अभियंता तथा स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के नोडल अधिकारी सहित नौ हजार स्वच्छता दीदियों को आमंत्रित किया गया है।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस. ने बताया कि ‘स्वच्छता संगम’ में शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली स्वच्छता दीदियों का पद-प्रक्षालन कर सम्मानित किया जाएगा। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सात नगरीय निकायों को नई दिल्ली में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के करकमलों से पुरस्कृत होने का गौरव प्राप्त हुआ है। कार्यक्रम में इन नगरीय निकायों के साथ ही संभाग स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 30 से अधिक नगरीय निकायों को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा।

स्वच्छता संगम में नगरीय निकायों में स्वच्छता और शहरी सौंदर्यीकरण के मानकों को बढ़ाने हेतु राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ किया जाएगा। इस प्रतियोगिता के माध्यम से शहरी स्वच्छता को सुदृढ़ करने के साथ ही सुशासन द्वारा प्रशासनिक कौशल में सुधार तथा नगरीय सौंदर्यीकरण को प्रोत्साहन मिलेगा। यह पहल न केवल शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहायक होगी, बल्कि नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता को भी संवर्धित करेगी। यह हर नगरीय निकाय के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों को स्वच्छता और शहरी सौंदर्यीकरण के क्षेत्र में अपनी क्षमताओं को पहचानने और उन्हें और बेहतर बनाने के लिए प्रेरित करेगी।

कार्यक्रम में तीन नगर निगम—बिरगांव, भिलाई-चरोदा और धमतरी—तथा 43 नगर पालिकाओं में ऑनलाइन संपत्ति कर जमा करने की सुविधा हेतु जीआईएस आधारित प्रॉपर्टी टैक्स लाइव पोर्टल का लोकार्पण किया जाएगा। इस प्रकार एक साथ 46 शहरों में ऑनलाइन संपत्ति कर जमा करने की सुविधा प्रारंभ होना, स्थानीय स्वशासन को आधुनिक बनाने और नागरिकों को घर बैठे सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे कर संग्रहण की गति में भी वृद्धि होगी।

*मुख्यमंत्री श्री साय 63.57 करोड़ रुपये के 24 कार्यों का करेंगे लोकार्पण, 197 करोड़ रुपये के 25 कार्यों का करेंगे भूमिपूजन* 

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ‘स्वच्छता संगम’ के अवसर पर 260 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। इसके अंतर्गत वे बिलासपुर जिले में विभिन्न विभागों के 63 करोड़ 57 लाख रुपये से अधिक की लागत के 24 निर्माण एवं विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 197 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 25 कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। कार्यक्रम में वे विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री एवं चेक का वितरण भी करेंगे।

मुख्यमंत्री श्री साय बिलासपुर के नूतन चौक में तीन करोड़ 85 लाख रुपये की लागत से निर्मित व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स, कोनी में नौ करोड़ पांच लाख रुपये की लागत के एस.टी.पी., चार करोड़ 82 लाख रुपये की लागत के शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के कन्या छात्रावास, छह करोड़ 29 लाख रुपये से निर्मित 3.6 किमी लंबाई के नगोई बस्ती से मोढ़े नाका मार्ग, 12 करोड़ 53 लाख रुपये की लागत के सात किमी लंबाई के उसलापुर-दैजा मार्ग के चौड़ीकरण, मजबूतीकरण एवं डामरीकरण कार्य तथा पांच करोड़ 45 लाख रुपये की लागत के साढ़े तीन किमी लंबाई के मंगला भैंसाझार से दीनदयाल कॉलोनी लोखंडी रेलवे फाटक तक टू-लेन सड़क निर्माण कार्य का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही वे बिलासपुर जिले के 11 गांवों में जल जीवन मिशन के अंतर्गत नल-जल योजना का भी शुभारंभ करेंगे।

मुख्यमंत्री श्री साय दयालबंद में 26 करोड़ 42 लाख रुपये की लागत से एजुकेशन हब के अंतर्गत नालंदा परिसर एवं एकेडमिक ब्लॉक निर्माण कार्य, तथा मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के अंतर्गत अशोक नगर चौक से बिरकोरा मोड़ तक 17 करोड़ रुपये की लागत के गौरव पथ का भूमिपूजन करेंगे। इसके अतिरिक्त वे मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत अरपा इंद्रासेतु से राम सेतु तक नौ करोड़ 74 लाख रुपये की लागत के अटल पथ निर्माण, और पांच करोड़ नौ लाख रुपये की लागत के मंगला चौक से आजाद चौक सड़क निर्माण का भूमिपूजन करेंगे।

मुख्यमंत्री श्री साय 11 करोड़ 56 लाख रुपये की लागत से शनिचरी-चांटीडीह मार्ग में अरपा नदी पर उच्च स्तरीय पुल, तीन करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से तखतपुर-बरेला के मध्य मनियारी नदी पर पुल, नौ करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से बहतराई, राजकिशोर नगर, लिंगियाडीह, देवरीखुर्द एवं सिरगिट्टी में संचालित जल आपूर्ति प्रणाली के उन्नयन कार्य, 34 करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से 12.6 किमी लंबाई के बुटेना-धौंराभाटा मार्ग के मजबूतीकरण कार्य, दस करोड़ रुपये की लागत से अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय भवन तथा बिलासपुर में 22 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से बनने वाले ऑडिटोरियम का भूमिपूजन करेंगे। इसके अलावा वे विजयपुर में छह करोड़ 81 लाख रुपये की लागत के एनीकट और बिलासपुर जिले के सोन से सोनसरी सबरिडेरा के बीच सात करोड़ 96 लाख रुपये की लागत के सरार नाला पर पुलिया सहित ढाई किमी लंबाई के सड़क निर्माण, साथ ही नगर निगम, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन करेंगे।

और भी

*युक्तियुक्तकरण नीति से शिक्षा के क्षेत्र में मिली नई रोशनी......शिक्षक विहीन विद्यालयों को मिले शिक्षक, बच्चों को मिल रही नियमित और गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई*

रायपुर, 11 अगस्त 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल पर लागू शाला-शिक्षक युक्तियुक्तकरण नीति ने प्रदेश के शिक्षा क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव की नई इबारत लिखी है। इस नीति के तहत प्रदेशभर के शैक्षणिक संस्थानों में शिक्षकों का संतुलित वितरण सुनिश्चित किया गया है, जिससे अब कोई भी विद्यालय शिक्षक विहीन नहीं है और बच्चों को समान व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल रहा है।

गौरतलब है कि युक्तियुक्तकरण से पूर्व प्रदेश के कुल 453 विद्यालय शिक्षक विहीन थे। युक्तियुक्तकरण के पश्चात एक भी विद्यालय शिक्षक विहीन नहीं है। इसी प्रकार युक्तियुक्तकरण के बाद  प्रदेश के 4,728 एकल-शिक्षकीय विद्यालयों में अतिरिक्त शिक्षकों की पदस्थापना की गई है। इस कदम से न केवल कक्षाओं का संचालन नियमित हुआ है, बल्कि बच्चों की उपस्थिति और पढ़ाई के प्रति उत्साह में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

इसका सकारात्मक असर सरगुजा जिले के मैनपाट विकासखंड स्थित प्राथमिक शाला बगडीहपारा में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है, जहां हाल ही में दो शिक्षकों की पदस्थापना की गई है। नवपदस्थ शिक्षक श्री रंजीत खलखो ने बताया कि युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया में उन्हें अपनी पसंद के विद्यालय चुनने का अवसर मिला और उन्होंने दूरस्थ बगडीहपारा को इसलिए चुना क्योंकि वे ग्रामीण अंचलों के बच्चों को शिक्षित करना अपना दायित्व और सौभाग्य मानते हैं। दो शिक्षकों की उपलब्धता से विद्यालय में सभी विषयों की पढ़ाई नियमित रूप से हो रही है, जिससे बच्चों की सीखने की गति तेज हुई है और अभिभावकों का भरोसा भी बढ़ा है। अब वे बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेज रहे हैं, जिससे उपस्थिति में निरंतर सुधार हो रहा है।

इसी प्रकार मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिले के मानपुर विकासखंड का ग्राम कमकासुर इसका ताजा उदाहरण है। जिला मुख्यालय से 65-70 किलोमीटर दूर स्थित इस नक्सल प्रभावित वनांचल में 14 बच्चों की दर्ज संख्या वाली प्राथमिक शाला पिछले एक वर्ष से शिक्षक विहीन थी। शासन की युक्तियुक्तकरण पहल से यहां प्रधान पाठक की पदस्थापना हुई, जिससे बच्चों की पढ़ाई फिर से शुरू हुई और ग्रामीणों में शिक्षा को लेकर नया उत्साह लौट आया।

इसी तरह सक्ती जिले के ग्राम भक्तूडेरा में भी युक्तियुक्तकरण से बड़ा बदलाव आया। वर्षों से एकल शिक्षक पर निर्भर यह प्राथमिक शाला अब दो शिक्षकों से संचालित हो रही है। इससे बच्चों की पढ़ाई व्यवस्थित हुई, उपस्थिति बढ़ी और अभिभावकों का भरोसा मजबूत हुआ।

राज्य शासन की यह पहल न केवल शिक्षा की गुणवत्ता में व्यापक सुधार कर रही है, बल्कि यह सुनिश्चित कर रही है कि प्रदेश के सबसे सुदूर और पिछड़े क्षेत्रों के बच्चे भी उज्ज्वल और आत्मनिर्भर भविष्य की ओर अग्रसर हों।

और भी