ताजा खबरें


बड़ी खबर

सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती बनी नाबालिग के लिए मुसीबत: प्यार और शादी का झांसा देकर बिहार ले जाकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी जशपुर पुलिस की पकड़ में, नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर आरोपी को भेजा गया जेल

मोबाइल पर बातचीत से शुरू हुआ प्रेम जाल, स्कूल से लौटते वक्त नाबालिग को साथ ले भागा आरोपी; तकनीकी जांच और मुखबिर सूचना से बिहार पहुंची पुलिस टीम ने किया गिरफ्तार

नाबालिग के बयान में सामने आया दुष्कर्म का मामला, पॉक्सो समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी अविनाश कुमार साहनी को भेजा गया जेल

जशपुर, 16 मार्च। जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र से नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर भगाने और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार से आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है, जबकि आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 23 जनवरी 2026 को नारायणपुर थाना क्षेत्र के एक ग्राम निवासी व्यक्ति ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 16 वर्षीय बेटी, जो कि विद्यालय की छात्रा है, 20 जनवरी को स्कूल जाने के बाद घर वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रिश्तेदारों और सहेलियों के यहां खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी कुछ दिनों से मोबाइल फोन पर किसी युवक से बात कर रही थी। मना करने के बावजूद बातचीत जारी थी, जिसके चलते उन्हें संदेह हुआ कि उसी युवक ने बहला-फुसलाकर उनकी बेटी को भगा लिया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नारायणपुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस की तकनीकी टीम, मुखबिर सूचना और परिजनों के सहयोग से पता चला कि नाबालिग बालिका बिहार राज्य के निवासी अविनाश कुमार साहनी के साथ है।

इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस की विशेष टीम बिहार रवाना की गई। टीम ने बिहार के सीतामढ़ी जिले में आरोपी के घर पर दबिश देकर नाबालिग बालिका को बरामद कर लिया और आरोपी अविनाश कुमार साहनी (21 वर्ष) को हिरासत में लेकर जशपुर लाया गया।

पुलिस पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि उसकी आरोपी से सोशल मीडिया के माध्यम से दोस्ती हुई थी। आरोपी ने उससे प्रेम और शादी का झांसा देकर 20 जनवरी को अपने साथ बिहार ले गया। वहां उसने नाबालिग के साथ शारीरिक शोषण भी किया।

पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 87, 61(2), 96 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5 और 6 जोड़ दी। इसके बाद नाबालिग का मेडिकल परीक्षण कराया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने और आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने के बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नारायणपुर उपनिरीक्षक राजकुमार कश्यप, प्रधान आरक्षक पुरन चंद पटेल, आरक्षक अविनाश सोनी, अशोक कंसारी तथा महिला आरक्षक अलमा खाखा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

और भी

कुदमुरा दोंद्रोघाट में भीषण सड़क हादसा: स्कूटी–मोटरसाइकिल की आमने-सामने भिड़ंत, युवक की मौके पर मौत, चार लोग गंभीर रूप से घायल

दो महिलाओं समेत पांच लोग हादसे का शिकार, दो घायलों की हालत नाजुक
108 एम्बुलेंस से संपर्क नहीं होने पर ग्रामीणों ने निजी वाहन से पहुंचाया अस्पताल

नारायणपुर 16 मार्च । थाना क्षेत्र के रनपुर–सरबकबम्बो मार्ग पर स्थित दोंद्रोघाट के पास सोमवार शाम करीब साढ़े 6 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्कूटी और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार मोटरसाइकिल में सवार दो युवक रनपुर की ओर आ रहे थे। वहीं सामने से एक स्कूटी में तीन लोग, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल थीं, पण्डरीपानी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दोंद्रोघाट चर्च से कुछ दूरी पहले सड़क किनारे स्थित एक दुकान के सामने दोनों वाहनों की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों में सवार सभी लोग सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में मोटरसाइकिल सवार पंकज मिंज (पिता दोमनिक मिंज), निवासी पण्डरीपानी डोमराटोली की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और घायलों की मदद में जुट गए।

ग्रामीणों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस सेवा को फोन कर सूचना दी, लेकिन कॉल रिसीव नहीं होने के कारण घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों ने अपने निजी वाहनों की मदद ली और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि घायलों में दो युवकों की हालत काफी गंभीर बनी हुई है।

और भी

चित्रगुप्त मंदिर प्रांगण में कायस्थ महिला समाज का भव्य महिला दिवस समारोह  नृत्य, कविता, खेल और गरबा की रंगारंग प्रस्तुतियों से गूंजा आयोजन, बुजुर्ग महिलाओं का किया गया सम्मान

जशपुर 16 मार्च : जशपुर कायस्थ महिला समाज द्वारा चित्रगुप्त मंदिर प्रांगण में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे उत्साह के साथ आयोजन को सफल बनाया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात श्रीमती लता श्रीवास्तव एवं डॉ. मधुलिका ने महिला शक्ति की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए अपने प्रेरणादायक उद्बोधन से महिलाओं को समाज में आगे बढ़ने और संगठित रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। ज्योति श्रीवास्तव, जयंती सिन्हा, सुनीता सिन्हा, श्वेता अंबष्ट, अंशु वर्मा और पंखुड़ी अंबष्ट ने अपनी आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वहीं ममता सिन्हा और नीलम वर्मा ने महिला शक्ति और कायस्थ महिला संगठन की महत्ता को दर्शाती अपनी स्वरचित कविताएं प्रस्तुत कर खूब सराहना बटोरी।

कार्यक्रम के बीच-बीच में मनोरंजन के लिए श्रीमती ज्योति श्रीवास्तव, स्वाति सिन्हा और स्मिता श्रीवास्तव द्वारा रोचक खेल, प्रश्नोत्तरी और पहेलियों का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान प्रियांश श्रीवास्तव ने चुटकुले सुनाकर सभी को खूब हंसाया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण समाज की बुजुर्ग महिलाओं का सम्मान रहा। वरिष्ठ महिलाओं को श्रीफल एवं सुंदरकांड धार्मिक ग्रंथ भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे कार्यक्रम का वातावरण भावुक और गौरवपूर्ण बन गया।

कार्यक्रम का सफल मंच संचालन ममता सिन्हा, जयंती सिन्हा और ज्योति श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम के अंत में सभी महिलाओं ने एक साथ गरबा नृत्य कर उत्सव का आनंद लिया।

इस सफल आयोजन में श्रीमती लता श्रीवास्तव, अंजला श्रीवास्तव, रीता वर्मा, उमा वर्मा, सुनीला सिन्हा, सुनीता सिन्हा, अनीता सिन्हा, पूनम सिन्हा, ममता सिन्हा, रश्मि वर्मा, अमृता अंबष्ट, नमिता वर्मा, नीलम सिन्हा, शिल्पी सिन्हा सहित समाज की सभी महिलाओं का विशेष सहयोग रहा।

और भी

कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज में आग की दर्दनाक घटना पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया गहरा शोक, मृतकों के प्रति संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना

रायपुर 16 मार्च 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा केयर आईसीयू में आग लगने की दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक बताया है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुखद घड़ी में छत्तीसगढ़ की जनता उनके साथ खड़ी है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने महाप्रभु जगन्नाथ स्वामी से प्रार्थना करते हुए कहा कि वे दिवंगत पुण्यात्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय को सहने की शक्ति प्रदान करें।

और भी

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जगन्नाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना

रायपुर 16 मार्च 2026/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय  आज राजधानी रायपुर स्थित जगन्नाथ मंदिर पहुँचकर भगवान जगन्नाथ महाप्रभु की भव्य महाआरती में शामिल हुए और विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और निरंतर प्रगति की मंगलकामना की।

इस अवसर पर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि और श्रद्धालुजन उपस्थित थे।

और भी

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय छत्तीसगढ़ सिंधी सेवा महापंचायत द्वारा आयोजित ‘चन्ड्र जी रात, सिंधिन जो मेलो – आनंद मेलो’ में हुए शामिल

रायपुर 16 मार्च 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर स्थित बीटीआई मैदान में छत्तीसगढ़ सिंधी सेवा महापंचायत द्वारा आयोजित ‘चन्ड्र जी रात, सिंधिन जो मेलो – आनंद मेलो’ में शामिल हुए।इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सिंधी समाज का इतिहास पुरुषार्थ और साहस का इतिहास है। विभाजन की विभीषिका की पीड़ा सबसे अधिक सिंधी समाज ने झेली। उस कठिन समय में आपके पूर्वजों ने अपनी संपत्ति छोड़ी, अपना घर छोड़ा, लेकिन अपना आत्मसम्मान और परिश्रम करने का स्वभाव कभी नहीं छोड़ा। शून्य से शिखर तक कैसे पहुँचा जाता है, यह सिंधी समाज ने आज पूरी दुनिया को सिखाया है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की तरक्की में सिंधी समाज की प्रमुख भूमिका रही है। चाहे वह चेंबर ऑफ कॉमर्स हो या प्रदेश का छोटा-बड़ा व्यापार, आपकी मेहनत से राज्य की अर्थव्यवस्था को गति मिलती है। आप केवल व्यापार ही नहीं करते, बल्कि हजारों लोगों को रोजगार भी उपलब्ध कराते हैं।भविष्य में हमने विकसित छत्तीसगढ़ 2047 का जो सपना देखा है, उसमें सिंधी समाज का  महत्वपूर्ण योगदान रहेगा। 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारी सरकार ने लगभग ढाई वर्षों में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की गारंटी के तहत किए गए अधिकांश वादों को पूरा कर लिया है और लगातार इस दिशा में कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज बी.टी.आई. ग्राउंड में जो उत्साह दिखाई दे रहा है, वह बताता है कि सिंधी समाज अपनी जड़ों से कितना गहराई से जुड़ा हुआ है। ‘सिंधियत जो मेलो’ जैसे आयोजन हमारी नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, खान-पान और सिंधी भाषा से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अभी कुछ दिन पहले ही उन्हें पवित्र शदाणी दरबार में संतों का आशीर्वाद लेने का सौभाग्य प्राप्त हुआ था। वहाँ जो स्नेह और आत्मीयता उन्हें मिली, वही अपनापन आज यहाँ भी महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि सिंधी समाज की यही एकजुटता उसकी सबसे बड़ी ताकत है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सभी प्रदेशवासियों को चेट्रीचंड्र पर्व की अग्रिम बधाई और शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर मुख्य मंच से सिंधु दर्शन यात्रा का भी विमोचन किया गया। मुख्यमंत्री श्री साय ने छत्तीसगढ़ सिंधी सेवा महापंचायत को इस शानदार आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ नागरिक आपूर्ति निगम अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव, धमतरी महापौर श्री रामू रोहरा, छत्तीसगढ़ सिंधी सेवा महापंचायत अध्यक्ष श्री अमर गिदवानी, श्रीचंद सुंदरानी सहित सिंधी समाज के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

और भी

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है हमारी सरकार – मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय,चिकित्सक संगठन एवं मेडिकल छात्राओं ने सीएम का सम्मान कर जताया आभार

रायपुर 16 मार्च 2026/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से  राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में चिकित्सक संगठन एवं मेडिकल छात्राओं ने सौजन्य मुलाकात की और प्रदेश को डीएम कार्डियोलॉजिस्ट की 2 सीट मिलने पर उनका आभार व्यक्त किया। 

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि हमारी सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में हमारी सरकार लगातार प्राथमिकता के साथ बेहतर कार्य कर रही है, ताकि प्रदेशवासियों को सहज और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य केंद्रों में बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि एक समय प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज हुआ करता था, जिसमें लगभग 100 से 150 सीटें थीं। आज प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर 14 मेडिकल कॉलेज स्थापित हो चुके हैं, जिनमें लगभग 1400 सीटें उपलब्ध हैं। इसके साथ ही फिजियोथेरेपी, नर्सिंग सहित अन्य उच्च शैक्षणिक संस्थान भी स्थापित हुए हैं, जिनका लाभ प्रदेश के विद्यार्थियों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि नवा रायपुर में मेडिको सिटी की स्थापना की जा रही है, जहां बड़े-बड़े सुपरस्पेशलिटी अस्पताल स्थापित किए जाएंगे, जिससे प्रदेश के लोगों को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने छत्तीसगढ़ को डीएम कार्डियोलॉजिस्ट की 2 सीट प्रदान किए जाने पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा के प्रति भी आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर श्री तुलसी कौशिक, डॉ. देवेंद्र कश्यप सहित जूडो और मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

और भी

महतारी वंदन योजना से महिलाओं को मिल रहा आर्थिक संबल, हर माह 1000 रुपये की सहायता से मजबूत हो रही ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्थिति — बच्चे की पढ़ाई, पोषण और बचत में कर रही उपयोग

जशपुरनगर 16 मार्च 2026/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इस योजना से महिलाओं को घरेलू जरूरतों की पूर्ति में सहूलियत मिल रही है और वे आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं।

जिला जशपुर के ग्राम पुरनानगर की निवासी श्रीमती एनीमा खलखो ने बताया कि योजना के तहत मिलने वाली राशि उनके लिए काफी सहायक साबित हो रही है। वे इस राशि का उपयोग अपने बच्चे की पढ़ाई और पोषण से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में करती हैं। साथ ही घर की छोटी-मोटी जरूरतों को भी इसी राशि से पूरा कर लेती हैं। उन्होंने बताया कि वे हर माह अपने छोटे बच्चे के भविष्य के लिए 500 रुपये की बचत भी करती हैं।

श्रीमती एनीमा खलखो ने कहा कि महतारी वंदन योजना से उन्हें आर्थिक सहारा मिला है और अब वे स्वयं तय करती हैं कि इस राशि का उपयोग किस प्रकार करना है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही उनके आत्मविश्वास को भी मजबूत कर रही है।

और भी

सरगुजा संभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं का ऐतिहासिक महा-सम्मेलन, गुटबाजी खत्म कर एक मंच पर आने का बड़ा फैसला, 21 सूत्रीय मांगों के साथ सरकार से हक-अधिकार की लड़ाई तेज करने का लिया संकल्प

जशपुर/नारायणपुर 16 मार्च 2026। सरगुजा संभाग आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका संघ प्रतिनिधिमंडल के बैनर तले गांधी चौक स्थित श्री दुर्गा शक्ति पीठ में दोपहर 11 बजे एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सरगुजा संभाग के सभी संघ प्रमुखों और परियोजना पदाधिकारियों ने एक मंच पर एकजुट होकर सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए।

बैठक में जशपुर, बलरामपुर, अंबिकापुर, सूरजपुर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी और कोरिया जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी संघों व संगठनों के पदाधिकारी तथा प्रतिनिधिमंडल बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने मिलकर संभाग स्तर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं को एक मंच और एक बैनर के तहत संगठित करने का ऐतिहासिक और सराहनीय निर्णय लिया।

दरअसल, छत्तीसगढ़ में वर्तमान समय में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं के कई अलग-अलग संगठन सक्रिय हैं, जो समय-समय पर अपनी मांगों और अधिकारों को लेकर आवाज उठाते रहे हैं। लेकिन अब तक उनकी मांगों पर सरकार द्वारा अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाए जाने से असंतोष बना हुआ है। इसी कारण सरगुजा संभाग के सभी संगठनों और संघों ने आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर आगे की रणनीति बनाने का फैसला किया।

बैठक का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके बाद जशपुर जिले की कार्यकर्ताओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर सभी प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती कविता यादव ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं-सहायिकाओं को एकजुटता का संदेश देते हुए कहा कि यदि सभी एक मंच और एक बैनर के नीचे आ जाएं तो उनकी जीत निश्चित है। उन्होंने कहा कि कई बार छोटे-छोटे मुद्दों पर अधिकारियों द्वारा दबाव और प्रताड़ना बनाई जाती है, लेकिन ऐसी परिस्थितियों में डरने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी समस्या पर परियोजना अधिकारी से लेकर जिला कार्यक्रम अधिकारी और शासन-प्रशासन से चर्चा कर समाधान निकाला जाएगा।

पुष्पा श्रेजल ने कहा कि सरकार को जल्द से जल्द आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं-सहायिकाओं की मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब भी संगठन अपनी मांगों को लेकर आगे बढ़ते हैं तो पदाधिकारियों पर दबाव बनाया जाता है, लेकिन सभी को एकजुट रहकर निडरता के साथ अपने हक और अधिकार के लिए आगे बढ़ना होगा। उन्होंने विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही गुणवत्ताविहीन साड़ियों पर भी नाराजगी जताई और इसके उठाव का विरोध करने की बात कही।

बैठक में यह भी मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया कि कई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं सेवानिवृत्त हो रही हैं, लेकिन उन्हें न तो पेंशन मिलती है और न ही किसी प्रकार की आर्थिक सुरक्षा। इस स्थिति को बेहद चिंताजनक बताते हुए सेवानिवृत्त होने वाली कार्यकर्ताओं के लिए पेंशन व्यवस्था की मांग सरकार के समक्ष रखने का निर्णय लिया गया। साथ ही उनके सम्मान में विशेष सम्मान समारोह आयोजित करने का भी प्रस्ताव रखा गया।

सरगुजा की श्रीमती भुनेश्वरी सिंह ने कहा कि आपसी मतभेदों को भुलाकर सभी संगठनों का एक मंच पर आना बेहद सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि एकजुटता के बल पर ही सरकार से अपनी मांगों को मनवाया जा सकता है और आगे की लड़ाई भी इसी एकता के आधार पर लड़ी जाएगी। उन्होंने सभी से नियमितिकरण की मांग को प्रमुख मुद्दा बनाने की अपील की।

सुचिता मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि आज का दिन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं-सहायिकाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि सभी संगठन एक साथ आकर सकारात्मक निर्णय ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक बैठक में शामिल होने वाले सभी प्रतिनिधि बधाई के पात्र हैं।

21 सूत्रीय एजेंडा पर हुई चर्चा

बैठक में 21 सूत्रीय एजेंडा पर विस्तृत चर्चा की गई। इसमें संभाग स्तर पर सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं को एक मंच पर लाना, गुटबाजी समाप्त कर एकजुटता के साथ कार्य करना, हड़ताल-धरना जैसे आंदोलनों में सामूहिक भागीदारी, मासिक वर्चुअल बैठक और छह माह में संयुक्त बैठक आयोजित करना, गतिविधियों की समीक्षा, जिला-संभाग स्तर पर व्हाट्सएप ग्रुप बनाना, मीडिया से समन्वय बढ़ाना, मुख्यमंत्री व मंत्रियों से मुलाकात की रणनीति बनाना, न्यायालय में याचिका दायर करने पर विचार, दिल्ली में प्रतिनिधिमंडल भेजने की योजना तथा अन्य राज्यों की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं से संपर्क स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल रहे।

इसके अलावा संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर, जिला कार्यक्रम अधिकारी और परियोजना अधिकारियों के संपर्क नंबर एकत्रित कर समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए व्यवस्था बनाने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक में यह भी तय किया गया कि सेवानिवृत्त होने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं की जिलावार सूची तैयार की जाएगी तथा उनके अधिकारों और सम्मान को लेकर विशेष पहल की जाएगी।

सरगुजा संभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं ने एकजुट होकर अपने अधिकारों की लड़ाई को नई दिशा देने का संकल्प लिया और भविष्य में बड़े आंदोलन की रूपरेखा भी तैयार करने के संकेत दिए।

और भी

*मिलिट्री पाइप बैंड प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर तृतीय स्थान: मुख्यमंत्री श्री साय ने द ग्रेट इंडिया सैनिक स्कूल के छात्रों को दी बधाई और शुभकामनाएं*

रायपुर 16 मार्च 2026/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज शाम राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में द ग्रेट इंडिया सैनिक स्कूल रायपुर के छात्रों ने सौजन्य मुलाकात की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने छात्रों को राष्ट्रीय स्तर की मिलिट्री पाइप बैंड प्रतियोगिता में तृतीय पुरस्कार प्राप्त करने पर बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि आपकी इस उपलब्धि से न केवल आपके विद्यालय, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। यह राज्य के लिए गर्व का विषय और एक बड़ी उपलब्धि है।

इस अवसर पर स्कूल के संचालक श्री सिद्धार्थ सिंह, कमांडेंट (सेवानिवृत्त) कर्नल श्री आर.के. वर्मा सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं छात्र उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि प्रतिवर्ष शिक्षा मंत्रालय एवं रक्षा मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर मिलिट्री पाइप बैंड प्रतियोगिता का आयोजन किया जाता है, जिसमें देशभर के सैनिक स्कूल भाग लेते हैं। छत्तीसगढ़ के इतिहास में पहली बार द ग्रेट इंडिया सैनिक स्कूल, रायपुर ने इस प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त किया है।

यह प्रतियोगिता जिला स्तर से प्रारंभ होकर राज्य स्तरीय, जोन स्तरीय और राष्ट्रीय स्तर तक आयोजित की जाती है।छत्तीसगढ़ दक्षिण जोन का हिस्सा है, जिसमें केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों के सैनिक स्कूल शामिल होते हैं।

और भी

गौरवशाली इतिहास, सामाजिक एकता और प्रदेश के विकास में अहम योगदान—कान्यकुब्ज समाज नई पीढ़ी को परंपरा से जोड़ने का कर रहा सराहनीय कार्य : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

रायपुर 16 मार्च 2026/छत्तीसगढ़ में कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है और यह समाज प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज राजधानी रायपुर के आशीर्वाद भवन में आयोजित कान्यकुब्ज शिक्षा मंडल के होली मिलन समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एक सूत्र में जोड़ने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं से जोड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले लोगों को सम्मानित भी किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश में गोधन संरक्षण और गौसेवा को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इसी कड़ी में राज्य में गौधाम योजना की शुरुआत की गई है। इस योजना के तहत प्रदेश के सभी जिलों में चरणबद्ध रूप से गौधाम स्थापित किए जाएंगे, जहां बेसहारा और घुमंतू गौवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में शासकीय भूमि पर स्थापित सभी गौधाम अब “सुरभि गौधाम” के नाम से जाने जाएंगे।  इन गौधामों में पशुपालन, हरा चारा उत्पादन तथा गोबर से उपयोगी उत्पाद तैयार करने से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे, जिससे स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ का प्रभु श्रीराम से विशेष संबंध है। छत्तीसगढ़ माता कौशल्या का मायका और प्रभु श्रीराम का ननिहाल है। उन्होंने कहा कि श्री रामलला दर्शन योजना के तहत अब तक 42 हजार से अधिक रामभक्तों को अयोध्या में प्रभु श्रीराम के दर्शन कराए जा चुके हैं। वहीं मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत बुजुर्गों को विभिन्न तीर्थस्थलों का दर्शन कराया गया है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा “बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026” की शुरुआत की गई है। इस योजना के तहत 28 लाख 42 हजार उपभोक्ताओं को 757 करोड़ रुपये से अधिक की राहत मिलेगी। योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ता मोर बिजली ऐप के माध्यम से पंजीयन कर सकते हैं। इसके लिए राज्यभर में समाधान शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने औषधि पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री अंजय शुक्ला तथा कान्यकुब्ज सभा शिक्षा मंडल के पदाधिकारियों सहित सभी आयोजकों को आयोजन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। 

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट सिविल सप्लाईज कार्पोरेशन के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव, कान्यकुब्ज सभा-शिक्षा मंडल के अध्यक्ष श्री सुरेश मिश्रा, पत्रकार शिरीष मिश्रा, राजेश मिश्रा अरविन्द अवस्थी, मोहन तिवारी, गौरव शर्मा सहित बड़ी संख्या में कान्यकुब्ज समाज के गणमान्यजन उपस्थित थे।

और भी

आज का राशिफल – 16 मार्च, सोमवार चंद्रमा के प्रभाव से कई राशियों के लिए खुलेंगे तरक्की के द्वार, कहीं मिलेगा आर्थिक लाभ तो कहीं सतर्क रहने की सलाह – पढ़ें मेष से मीन तक सभी राशियों का विस्तृत भविष्यफल

नारायणपुर : आज 16 मार्च 2026, सोमवार का दिन ज्योतिषीय दृष्टि से विशेष माना जा रहा है। आज चंद्रमा का प्रभाव कर्म और जिम्मेदारियों से जुड़ी स्थितियों को मजबूत करेगा। कई राशियों के लिए आज का दिन नए अवसर, आर्थिक लाभ और सम्मान दिलाने वाला हो सकता है, वहीं कुछ राशियों को स्वास्थ्य, खर्च और विवादों से बचकर रहने की सलाह दी जा रही है। ग्रहों की चाल के अनुसार मेहनत करने वालों को आज उसके अच्छे परिणाम मिलने के संकेत हैं।

 मेष राशि

आज का दिन आपके लिए मेहनत का फल दिलाने वाला हो सकता है। कार्यक्षेत्र में आपके प्रयासों की सराहना हो सकती है और वरिष्ठ अधिकारियों का सहयोग भी मिलेगा। जो लोग व्यापार से जुड़े हैं उन्हें नए अवसर मिल सकते हैं। किसी पुराने मित्र से मुलाकात हो सकती है जिससे मन प्रसन्न रहेगा।

हालांकि आर्थिक मामलों में थोड़ा सावधान रहने की जरूरत है। अनावश्यक खर्च बढ़ सकते हैं। पारिवारिक जीवन सामान्य रहेगा, लेकिन छोटी-मोटी बातों को लेकर विवाद से बचें। विद्यार्थियों के लिए दिन अच्छा रहेगा और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के संकेत मिल सकते हैं।

 वृषभ राशि

आज का दिन आपके लिए योजनाओं को आगे बढ़ाने का दिन रहेगा। यदि आप लंबे समय से किसी काम को शुरू करने की सोच रहे थे तो आज उस दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं। नौकरी करने वालों के लिए पदोन्नति या नई जिम्मेदारी मिलने के संकेत हैं।

व्यापारियों को लाभ मिल सकता है और नई साझेदारी बनने की संभावना भी है। परिवार के साथ समय बिताने का मौका मिलेगा जिससे रिश्तों में मधुरता बढ़ेगी। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा, लेकिन खान-पान का ध्यान रखना जरूरी है।

 मिथुन राशि

आज आपके लिए मिश्रित परिणाम वाला दिन हो सकता है। काम के दौरान कुछ बाधाएं आ सकती हैं जिससे मन थोड़ा परेशान हो सकता है। ऐसे में धैर्य और संयम से काम लेना ही बेहतर रहेगा।

कार्यक्षेत्र में सहकर्मियों का सहयोग मिलेगा और धीरे-धीरे स्थितियां आपके पक्ष में होती जाएंगी। आर्थिक मामलों में सोच-समझकर निर्णय लें। परिवार में किसी सदस्य के स्वास्थ्य को लेकर चिंता हो सकती है।

 कर्क राशि

आज का दिन आपके लिए काफी सकारात्मक रहने की संभावना है। नौकरी और व्यापार दोनों में अच्छे अवसर मिल सकते हैं। आपके कार्यों की सराहना होगी और समाज में मान-सम्मान बढ़ सकता है।

परिवार में खुशियों का माहौल रहेगा और किसी शुभ समाचार की प्राप्ति हो सकती है। आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकती है और रुका हुआ धन मिलने के योग भी बन रहे हैं।

 सिंह राशि

आज का दिन आपको मेहनत और अनुशासन से आगे बढ़ने का संदेश दे रहा है। यदि आप अपने काम पर पूरी लगन से ध्यान देंगे तो अच्छे परिणाम मिल सकते हैं।

हालांकि खर्च बढ़ सकते हैं, इसलिए बजट बनाकर चलना जरूरी होगा। परिवार में किसी महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा हो सकती है। स्वास्थ्य को लेकर लापरवाही न बरतें और नियमित दिनचर्या बनाए रखें।

 कन्या राशि

आज आपकी बुद्धिमत्ता और निर्णय लेने की क्षमता आपको सफलता दिला सकती है। कार्यक्षेत्र में आपकी योजनाएं सफल हो सकती हैं और वरिष्ठों का समर्थन भी मिलेगा।

व्यापार में नई तकनीक या नई रणनीति अपनाने से लाभ हो सकता है। आर्थिक मामलों में लाभ के संकेत हैं, लेकिन निवेश करने से पहले पूरी जानकारी जरूर लें। परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी।

 तुला राशि

आज का दिन संतुलन बनाए रखने का दिन है। कार्यक्षेत्र में आपको कई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं जिन्हें संभालने के लिए धैर्य की जरूरत होगी।

व्यापार में धीरे-धीरे प्रगति होगी। पारिवारिक जीवन अच्छा रहेगा और जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। किसी पुराने मित्र से मुलाकात हो सकती है जिससे मन प्रसन्न रहेगा।

 वृश्चिक राशि

आज आपका आत्मविश्वास बढ़ा हुआ रहेगा और आप अपने लक्ष्यों की ओर तेजी से आगे बढ़ सकते हैं। कार्यक्षेत्र में नई जिम्मेदारी मिल सकती है और आपके काम की सराहना भी हो सकती है।

हालांकि पारिवारिक मामलों में थोड़ी सावधानी बरतने की जरूरत है। जल्दबाजी में कोई निर्णय लेने से बचें। आर्थिक स्थिति सामान्य रहेगी।

 धनु राशि

आज का दिन आपके लिए स्थिरता और धैर्य का दिन रहेगा। किसी महत्वपूर्ण निर्णय को लेने से पहले अच्छी तरह सोच-विचार करना जरूरी होगा।

कार्यक्षेत्र में धीरे-धीरे प्रगति होगी और सहकर्मियों का सहयोग मिलेगा। परिवार में किसी मांगलिक कार्यक्रम की चर्चा हो सकती है। स्वास्थ्य का ध्यान रखें।

 मकर राशि

आज का दिन आपके लिए उपलब्धियों से भरा हो सकता है। कार्यक्षेत्र में आपकी नेतृत्व क्षमता सामने आ सकती है और वरिष्ठ अधिकारी आप पर भरोसा जता सकते हैं।

आर्थिक मामलों में लाभ मिलने के संकेत हैं। पुराने रुके हुए काम पूरे हो सकते हैं। परिवार में खुशियों का माहौल रहेगा।

 कुंभ राशि

आज का दिन थोड़ा व्यस्त रहने वाला हो सकता है। कार्यक्षेत्र में काम का दबाव बढ़ सकता है, लेकिन आपकी मेहनत रंग लाएगी।

खर्च बढ़ने की संभावना है इसलिए अनावश्यक खर्च से बचें। परिवार के साथ समय बिताने से मानसिक तनाव कम होगा।

 मीन राशि

आज का दिन आपके लिए लाभ और अवसरों से भरा हो सकता है। नए लोगों से संपर्क बढ़ेगा जो भविष्य में फायदेमंद साबित हो सकता है।

व्यापार में लाभ मिलने के संकेत हैं और नौकरी करने वालों को नई जिम्मेदारी मिल सकती है। परिवार में खुशियों का माहौल रहेगा और मन प्रसन्न रहेगा।

और भी

गढ़फुलझर नानकसागर में होला मोहल्ला कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, बनेगा आस्था और पर्यटन का प्रमुख केंद्र

रायपुर 15 मार्च 2026/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज महासमुंद जिले के बसना क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक एवं पवित्र स्थल गढ़फुलझर के नानकसागर में आयोजित होला मोहल्ला कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने यहां पवित्र गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेका तथा विशेष कीर्तन समागम और अरदास में भाग लेकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर सिख समाज की ओर से मुख्यमंत्री को सरोफा भेंट कर आत्मीय सम्मान किया गया।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अपने उद्बोधन में कहा कि गढ़फुलझर की पावन धरती स्थित नानकसागर अत्यंत श्रद्धा और आस्था का केंद्र है, जहां पूज्य गुरु नानक देव जी के चरण पड़े हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ संतों की तपोभूमि रही है, जहां अनेक महान संतों ने मानवता, सेवा और सद्भाव का संदेश दिया है। इस पवित्र स्थल पर आकर उन्हें अत्यंत गर्व और आत्मिक आनंद की अनुभूति हो रही है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सभी प्रमुख तीर्थस्थलों के संरक्षण और समुचित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में गढ़फुलझर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की घोषणा पहले ही की जा चुकी है। इसके विकास कार्यों के लिए लगभग 2 करोड़ 50 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है और निर्माण कार्य जारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन कार्यों को शीघ्र पूर्ण किया जाए तथा नानकसागर क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार किया जाए, जिससे यह स्थल प्रदेश और देश के श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बन सके।

बसना विधायक श्री संपत अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि सिख समाज सदैव संगठन, सेवा और सामाजिक समरसता की भावना के साथ आगे बढ़ने वाला समाज रहा है। 
उन्होंने कहा कि गढ़फुलझर न केवल सिख समाज की आस्था का केंद्र है, बल्कि यह सर्वधर्म समभाव और सद्भावना की जीवंत मिसाल भी है। 

कार्यक्रम में कृषि मंत्री श्री रामविचार नेताम, बसना विधायक श्री संपत अग्रवाल, छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम के अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर, छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण के अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सिंह सवन्नी, छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष श्री अमरजीत छाबड़ा सहित सिख समाज के अनेक गणमान्यजन और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।

और भी

“गौ तस्करों के खिलाफ जशपुर पुलिस का बड़ा जंगल ऑपरेशन: डीआईजी-एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह 50 से ज्यादा जवानों के साथ पैदल पहुंचे पहाड़ी जंगलों में, तस्करी के गुप्त रास्ते किए ब्लॉक — गांवों में बनी ‘पुलिस मितान टीम’ से अपराधियों पर कसी जाएगी नकेल”

नारायणपुर क्षेत्र के जंगलों में संभावित तस्करी मार्ग सील, गांवों में “पुलिस मितान टीम” गठित कर ग्रामीणों को जोड़ा गया पुलिस से

जशपुर, 15 मार्च 2026।
जिले में गौ तस्करी पर रोक लगाने के लिए जशपुर पुलिस ने बड़ा अभियान शुरू किया है। पुलिस कप्तान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में थाना नारायणपुर क्षेत्र के जंगलों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान डीआईजी-एसएसपी स्वयं करीब 50 से अधिक पुलिस बल के साथ पैदल दुर्गम जंगलों और पहाड़ी रास्तों पर पहुंचे और गौ तस्करी के संभावित मार्गों का निरीक्षण किया।

अभियान के दौरान ग्राम किनकेल, खरवाटोली और पाकरकुंदर के जंगलों में पुलिस टीम ने गहन तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने तस्करी के संभावित रास्तों को चिन्हित कर उन्हें ब्लॉक कर दिया है और इन मार्गों पर लगातार निगरानी रखने की व्यवस्था की गई है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गौ तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इस अभियान के दौरान कम्युनिटी पुलिसिंग को मजबूत करने के उद्देश्य से किनकेल, चट्टान पारा और पाकरकुंदर गांवों में “पुलिस मितान टीम” का गठन भी किया गया। यह टीम क्षेत्र में होने वाली गौ तस्करी और अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने का काम करेगी, जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उन्हें गौ तस्करी रोकने, नशे के दुष्प्रभाव से बचने तथा बच्चों की शिक्षा के महत्व के बारे में भी जागरूक किया। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

इस दौरान गांव के युवाओं के साथ रोजगार के अवसरों को लेकर भी चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने और रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बढ़ते वाहनों की संख्या को देखते हुए यातायात नियमों का पालन करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने और ओवरस्पीड से बचने की समझाइश भी दी गई।

डीआईजी-एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और पढ़ाई छोड़ चुके बच्चों को फिर से शिक्षा से जोड़ने के लिए जशपुर पुलिस विशेष प्रयास करेगी। उन्होंने बताया कि पूर्व में कवर्धा जिले में पुलिस एकेडमी जैसी पहल से बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के अवसर मिले थे और उसी तर्ज पर जशपुर के सुदूर क्षेत्रों में भी युवाओं के लिए ऐसे कार्यक्रम शुरू करने की योजना है।

अचानक पुलिस अधिकारियों को पहाड़ियों से पैदल गांवों में पहुंचते देखकर ग्रामीण भी आश्चर्यचकित रह गए। पुलिस को अपने बीच इस तरह सक्रिय देखकर ग्रामीणों का विश्वास और मजबूत हुआ तथा उन्होंने अपराध रोकने में पुलिस को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिया।

इस सर्च अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी जशपुर चंद्रशेखर परमा, एसडीओपी कुनकुरी विनोद कुमार मंडावी, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मोरध्वज देशमुख, नारायणपुर थाना प्रभारी एएसआई उमेश प्रभाकर, सन्ना थाना प्रभारी उप निरीक्षक संतोष सिंह, मनोरा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक दिनेश पुरैना, साइबर सेल निरीक्षक आशीष तिवारी सहित उनकी टीम तथा रक्षित केंद्र जशपुर के जवान और नवआरक्षक शामिल रहे।

और भी

महतारी वंदन योजना से महिलाएं बन रहीं आत्मनिर्भर,महिलाएं अपनी छोटी मोटी जरूरतों को कर रही पूरी 

जशपुरनगर 15 मार्च 2026/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इस योजना से महिलाओं को घरेलू आवश्यकताओं की पूर्ति में सहयोग मिल रहा है और वे आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं।

जिला जशपुर के ग्राम देवगुड़ा निवासी श्रीमती परमिला प्रजापति ने बताया कि उन्हें महतारी वंदन योजना के तहत हर माह मिलने वाली 1000 रुपये की राशि से अपने बच्चे की पढ़ाई और पोषण से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलती है। इसके साथ ही वे घर की छोटी-छोटी जरूरतों को भी इसी राशि से पूरा कर लेती हैं।

उन्होंने बताया कि इस योजना से उन्हें आर्थिक संबल मिला है और अब वे स्वयं निर्णय लेती हैं कि इस राशि का उपयोग किस प्रकार करना है। श्रीमती परमिला प्रजापति ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

और भी

विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने पशुपालन विभाग की मोबाइल वेटरनरी यूनिट वैन को मैदानी क्षेत्रों के लिए किया रवाना 


जशपुर 15 मार्च 2026/ जिले में टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए रविवार को जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनि भगत ने पशुपालन विभाग  की मोबाइल वेटरनरी यूनिट वैन के दल को रवाना किया गया।

दल 15 मार्च से 30 अप्रैल 2026 तक कुल 45 दिनों तक चलेगा। जिले में इस व्यापक टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। जिले के 3,80,000 पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पूरे जिले में 58 विशेष दलों का गठन किया गया है जो घर- घर जाकर टीकाकरण कार्य करेंगे। 

इस महाभियान में कुल 629 कार्यकर्ता जिसमे विभागीय कर्मचारी एवं पशु सखी टीकाकरण एवं भारत पशुधन ऐप में एंट्री का कार्य करेंगे।

जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनि भगत  ने कहा कि पशुधन ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। "प्रधानमंत्री जी के मंशानुसार देश में पशुओं के स्वास्थ्य और संवर्धन के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। एफ.एम.डी. (खुरपका-मुँहपका) रोग से पशुओं को बचाना अत्यंत आवश्यक है ताकि हमारे किसान और पशुपालक आर्थिक नुकसान से बच सकें।"

शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य 

उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएँ जिला जशपुर डॉ. महेश सिंह बघेल ने अभियान की तकनीकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि खुरपका-मुँहपका एक विषाणु जनित रोग है इसका टीकाकरण ही एकमात्र बचाव का तरीका है। 

15 मार्च से जिले के
सभी विकासखंडों के गाँवों में टीकाकरण का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि विभाग की टीमें घर घर जाकर पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण करेंगी। इस अभियान का उद्देश्य जिले को एफ. एम.डी. मुक्त बनाना है। उन्होंने सभी पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं का शत प्रतिशत टीकाकरण एवं भारत पशुधन ऐप एंट्री में आवश्यक सहयोग करेंगे। इस अवसर पर पशुपालन विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

और भी

एमबीबीएस अंतर्गत पंजीयन या बिजली बिल भुगतान से जुड़ी प्रक्रिया के लिए होगा शिविर का आयोजन,साइबर ठगों से बचने पॉवर कंपनी ने की उपभोक्ताओं से अपील

रायपुर, 15 मार्च 2026/बिजली आज हमारी मूलभूत जरूरतों में शामिल हो चुकी है और इसके बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। कई परिवार आर्थिक कारणों से समय पर बिजली बिल का भुगतान नहीं कर पाते, जिससे सरचार्ज के कारण बकाया राशि बढ़ जाती है और पूरा भुगतान करना कठिन हो जाता है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने समाधान योजना शुरू की है, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिलेगी। छत्तीसगढ राज्य पॉवर कंपनी ने उपभोक्ताओं से यह भी स्पष्ट किया कि पंजीयन राशि के भुगतान की सुविधा केवल मोर बिजली एप, एटीपी केंद्र और संबंधित विद्युत कार्यालय के माध्यम से ही उपलब्ध है। 

            छत्तीसगढ राज्य पॉवर कंपनी के एमडी श्री भीम सिंह ने विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के नाम पर फैल रहे साइबर ठगी के प्रयासों से सतर्क रहें। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि योजना के पंजीयन या बिजली बिल भुगतान से जुड़ी किसी भी प्रक्रिया के लिए अनजान वॉट्सएप मैसेज, ई-मेल या एसएमएस में आए किसी लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी एपीके फाइल को डाउनलोड करें।

             कई बार आर्थिक कठिनाइयों के कारण उपभोक्ता बिजली बिल बकाया रह जाता है और समय के साथ उस पर बिजली बिल में अधिभार बढ़ता जाता है। उपभोक्ता अपनी सुविधा के अनुसार एकमुश्त भुगतान या किस्तों में भुगतान का विकल्प चुन सकते हैं। योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को अपना पंजीयन कराना आवश्यक होगा। यह पंजीयन बिजली विभाग की वेबसाइट, मोबाइल एप या नजदीकी कार्यालय में जाकर कराया जा सकता है। 

             छत्तीसगढ राज्य पॉवर कंपनी के एमडी श्री भीम सिंह ने अपील की कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने बकाया बिजली बिल का समाधान करें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य उपभोक्ताओं को राहत देने के साथ-साथ बिजली व्यवस्था को और अधिक मजबूत और व्यवस्थित बनाना है।

              पॉवर कंपनी के अनुसार वह अपनी किसी भी योजना अथवा सेवा के लिए उपभोक्ताओं को कोई एपीके फाइल या संदिग्ध वेब लिंक नहीं भेजती है। इसलिए यदि किसी संदेश में ऐसा लिंक या फाइल प्राप्त होती है तो उसे तुरंत नजरअंदाज करें। कंपनी ने बताया कि योजना की जानकारी और पंजीयन की सुविधा उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए मैदानी स्तर पर शिविरों का आयोजन किया जाएगा, ताकि लोग सीधे अधिकृत माध्यम से लाभ प्राप्त कर सकें।

           छत्तीसगढ राज्य पॉवर कंपनी ने उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे बिजली बिल या किसी अन्य शुल्क का भुगतान केवल “मोर बिजली एप”, कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट, एटीपी सेंटर या नजदीकी विद्युत कार्यालय में ही करें। किसी भी मैदानी कर्मचारी को नकद भुगतान न करें। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि पंजीयन राशि के भुगतान की सुविधा केवल मोर बिजली एप, एटीपी केंद्र और संबंधित विद्युत कार्यालय के माध्यम से ही उपलब्ध है।

           साथ ही उपभोक्ताओं को बताया गया है कि पॉवर कंपनी की ओर से भेजे जाने वाले सभी आधिकारिक संदेश “CSPDCL-S” सेंडर ID से ही आते हैं। यदि किसी अन्य आईडी से संदेश प्राप्त होता है तो उसे संदिग्ध माना जाए। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए उपभोक्ता केंद्रीकृत कॉल सेंटर के टोल-फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं या अपने नजदीकी सीएसपीडीसीएल कार्यालय में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। पॉवर कंपनी ने कहा है कि सतर्कता ही समझदारी है और थोड़ी सावधानी बरतकर साइबर ठगी से आसानी से बचा जा सकता है।

और भी

साइबर ठगों से बचने की पॉवर कंपनी ने की उपभोक्ताओं से अपील,विद्युत उपभोक्ता रहे सतर्क, सतर्कता ही समझदारी

रायपुर, 15 मार्च 2026/ मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के पंजीयन अथवा किसी भी प्रकार के भुगतान के लिए किसी अनजान वॉट्सएप, मेल अथवा एसएमएस पर क्लिक करने से बचें । मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के नाम पर किसी भी लिंक या एपीके फाइल को डाउनलोड न करें। छत्तीसगढ राज्य पॉवर कंपनी अपनी किसी भी योजना अथवा सेवा के लिए कभी भी कोई एपीके पाइल अथवा कोई वेब लिंक नहीं भेजती है।

          छत्तीसगढ राज्य पॉवर कंपनी से के एमडी श्री भीम सिंह से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना को आम उपभोक्ता तक पहुँचाने पॉवर कंपनी मैदानी स्तर पर शिविर का करेगी। उपभोक्ता अपना कोई भी भुगतान सिर्फ मोर बिजली एप, कंपनी की वेबसाइट, एटीपी सेंटर अथवा नजदीकी कार्यालय में ही करें, किसी मैदानी कर्मचारी को भी नकद भुगतान न करने की सलाह दी गई है। पंजीयन राशि के भुगतान की सुविधा केवल मोर बिजली एप, एटीपी केंद्र और संबंधित विद्युत कार्यालय के माध्यम से ही उपलब्ध कराई गई है। बिजली बिल भुगतान हो या कोई अन्य सूचना पॉवर कंपनी अपने उपभोक्ताओं को संदेश सिर्फ CSPDCL-S सेंडर ID से ही भेजती है।

          मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना अथवा विद्युत सेवा से संबंधित किसी अन्य जानकारी  के लिए पॉवर कंपनी की केंद्रीकृत कॉल सेंटर के टोल फ्री नंबर 1912 पर उपभोक्ता कॉल कर सकते हैं, अथवा नजदीकी सीएसपीडीसीएल के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

और भी
Previous123456789...206207Next