ताजा खबरें


बड़ी खबर

ग्रामीणों को अब जान हथेली में रखकर नहीं करना पड़ेगा नदी पार....मुख्यमंत्री के निर्देश पर केराकोना–बैगाटोली मार्ग ईब नदी पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण कार्य शुरू....कार्य एजेंसी को सख्त निर्देश गुणवत्ता और समयबद्धता से कोई समझौता नही ..पढ़ें पूरी खबर

जशपुर/नारायणपुर- 19 सितम्बर 2025 : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देशन में जिले में विकास कार्यों की रफ्तार लगातार तेज होती जा रही है। बुनियादी सुविधाओं और अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए प्रदेश सरकार ने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को हरी झंडी दी है। इसी कड़ी में 5 करोड़ 22 लाख रुपए की लागत से अब केराकोना से बैगाटोली मार्ग पर ईब नदी पर उच्च स्तरीय पुल एवं पहुँच मार्ग के निर्माण कार्य की शुरुआत हो चुकी है।

उच्च स्तरीय पुल निर्माण हो जाने से राहगीरों को मिलेगी बड़ी राहत

इस पुल के बन जाने से राहगीरों को आवागमन में सुगमता होगी। लंबे समय से ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों को बारिश के मौसम में नदी पार करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। पुल के निर्माण से अब लोगों को सालभर सुरक्षित और निर्बाध आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी।

अप्रैल 2026 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य

विभागीय अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार इस पुल और पहुँच मार्ग का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसे अप्रैल 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जिले में डेढ़ दर्जन से अधिक पुलों की मिली मंजूरी

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से जिले में अब तक डेढ़ दर्जन से अधिक उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण को मंजूरी दी जा चुकी है। इन पुलों के बनने से सैकड़ों गाँव सीधे मुख्य मार्गों और बाज़ारों से जुड़ेंगे, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापारिक गतिविधियों में गति आएगी।

क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का जताया आभार

ईब नदी पर पुल निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यह पुल उनके जीवन में नई राह खोलेगा और वर्षों पुरानी समस्या का समाधान करेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया है।

और भी

जागरूक शिक्षक संघ ने किया शिक्षक सम्मान समारोह का बहिष्कार ....केंद्र एवं राज्य सरकार के वित्त विभाग से बैंक प्रबंधक पर कार्रवाई की मांग 

छुरिया //- 
          स्थानीय विकासखंड स्तरीय आयोजित होने वाली शिक्षक सम्मान समारोह विवादों का कारण बन गया है। छत्तीसगढ़ जागरूक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष जाकेश साहू, प्रदेश सचिव राजेंद्र लाडेकर, प्रदेश महासचिव बीरेंद्र साहू, नरेंद्र तिवारी, जिलाध्यक्ष राजकुमार साहू एवं ब्लाक अध्यक्ष अमर दास बंजारे सहित सभी प्रदेश, जिला, ब्लाक पदाधिकारीयों एवं सदस्यों ने संयुक्त बयान जारी कर बताया कि उक्त मामले में बैंक प्रबंधक छुरिया रवि देवांगन की शिकायत केंद्र एवं राज्य सरकार के वित्त विभाग से करके संबंधित बैंक प्रबंधक पर कार्रवाई की मांग है।
       संगठन के पदाधिकारीयों ने बताया कि चूंकि छुरिया ब्लाक का विकासखंड स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है जिसमें बैंक प्रबंधक छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक शाखा छुरिया द्वारा आयोजन हेतु फंडिंग की जा रही है। परंतु इसमें विकासखंड के चुनिंदा मात्र दो शिक्षक संगठनो के पदाधिकारीयो को ही अतिथि बनाकर आमंत्रित किया गया है। साथ ही विकासखंड के कुछ चुनिंदा शिक्षकों को ही पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। 
        उक्त मुद्दे पर छत्तीसगढ़ जागरूक शिक्षक संघ ने अपनी गहरी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा है कि विकासखंड में लगभग पंद्रह सौ से अधिक शिक्षक पदस्थ है। जिसमें एलबी संवर्ग व नियमित शिक्षक सम्मिलित हैं। इसमें अधिकांश शिक्षकों का खाता छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक में है। विकासखंड शिक्षा कार्यालय से उनका वेतन उक्त बैंक खाते में प्रत्येक माह जमा होता है। 
       उक्त बैंक के माध्यम से अनेक शिक्षकों ने पर्सनल एवं होम लोन ले रखा है जिनका प्रतिमाह ब्याज बैंक प्रबंधन को जाता है। इससे बैंक प्रबंधन को ब्याज के माध्यम से लाखों करोड़ों रुपए की कमाई होती है। ऐसे में जब विकासखंड के शिक्षकों को सम्मानित करने की बात आई तब बैंक प्रबंधन द्वारा कुछ चुनिंदा शिक्षक संगठनों के पदाधिकारी के माध्यम से यह आयोजन किया जा रहा है। जिससे यह आयोजन विवादों के घेरे में आ गया है।
         विकासखंड में अनेक शिक्षक संगठन है जिसमें छत्तीसगढ़ जागरूक शिक्षक संघ, अनुसूचित जाति जनजाति विकास संघ, छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ, छत्तीसगढ़ शालेय शिक्षक संघ, नवीन शिक्षक संघ सहित अनेक कर्मचारी संगठन।
           जिनके सदस्यों का खाता संबंधित बैंक में है। लेकिन बैंक प्रबंधन द्वारा सिर्फ छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक/समग्र शिक्षक फेडरेशन एवं छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के ही कुछ चुनिंदा पदाधिकारी को ही अतिथि के रूप में आमंत्रण कार्ड में नाम सम्मिलित किया गया है।
        जब इस बात की जानकारी छत्तीसगढ़ जागरूक शिक्षक संघ को हुई तब संगठन ने यह पता किया कि यह आयोजन किसके द्वारा किया जा रहा है...???? जिसमें जानकारी प्राप्त हुई कि इस आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक द्वारा फंडिंग की जा रही है। जिस पर संगठन ने नाराजगी जाहिर करते हुए बैंक प्रबंधन की शिकायत केंद्र एवं राज्य सरकार के वित्त विभाग द्वारा कर संबंधित शाखा प्रबंधक पर कार्रवाई की मांग की है।
        संगठन ने यह भी कहा है कि यदि उक्त आयोजन रद्द नहीं हुआ या आयोजन रद्द कर इसको सही ढंग से आयोजित नहीं किया गया तो यहां से शिक्षकों का पूरा खाता बंद कर अन्य बैंक के माध्यम से खाता संचालन किया जाएगा।
      छत्तीसगढ़ जागरूक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष जाकेश साहू ने बताया कि प्रदेशभर के अनेक शिक्षकों का विभिन्न विकासखंडों के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक में खाता संचालित होता है। परंतु बैंक प्रबंधन द्वारा सभी संगठनों को सम्मानित न कर एवं कार्यक्रम के आयोजन में सभी संगठनों को महत्व न देकर सिर्फ अपने खास और चुनिंदा संगठनों को ही आयोजन में आमंत्रित कर शिक्षक एवं कर्मचारी संगठनों के बीच आपस में फूड डालने की कोशिश की गई है।
       जो किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह बात उल्लेखनीय है कि खाता संचालन की बारी आती है तब अधिकांश शिक्षकों का खाता बैंक में संचालित होता है परंतु जब सम्मान की बात आती है तो कुछ चुनिंदा शिक्षकों को ही क्यों सम्मानित किया जाता है ...??? क्योंकि जितने भी खाता धारी बैंक में है उन सभी शिक्षकों को सम्मान किया जाना चाहिए।
*विकासखंड मुख्यालय छुरिया के बजाय डोंगरगढ़ में आयोजन -*
                      संगठन ने इस बात पर भी कड़ी आपत्ति जताई है कि छुरिया विकासखंड स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन स्थानीय स्तर पर न करके ब्लॉक मुख्यालय से लगभग 24 किलोमीटर दूर डोंगरगढ़ में किया जा रहा है। जिससे कि शिक्षकों को आने-जाने में लगभग दिक्कत होगी।
        यह आयोजन ब्लॉक मुख्यालय छुरिया में होना था जिससे कि ब्लॉक के शिक्षकों को आने जाने में आसानी होती। साथ ही छुरिया में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं तथा स्थानीय विधायक व पूर्व विधायक आदि को मुख्य अतिथि बनाया जाता। तथा स्थानीय पत्रकारों एवं विभिन्न समाजसेवी नागरिकों को भी इसमें आमंत्रित किया जाना था। 
          संगठन ने मांग किया है कि यदि उक्त आयोजन रद्द कर नए सिरे से विकासखंड स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम का आयोजन होनी चाहिए जिससे सभी शिक्षक आसानी से कार्यक्रम में पहुंच सके। अन्यथा बैंक प्रबंधन का घेराव कर धरना प्रदर्शन की जाएगी साथ ही संबंधित कार्यक्रम का बहिष्कार किया जाएगा। जिसकी संपूर्ण जवाबदारी बैंक प्रबंधन की होगी।

और भी

छत्तीसगढ़ का प्रयाग राजिम जुड़ा रेल नेटवर्क से : लोगों को मिली सस्ती और सुलभ रेल सेवा, यात्रियों को होगा लाभ : मुख्यमंत्री श्री साय

रायपुर, 18 सितम्बर 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राजिम में नई रेल सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने क्षेत्र के लोगों की आवागमन सुविधा में वृद्धि करते हुए राजिम से रायपुर के लिए नई मेमू ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने राजिम-रायपुर-राजिम मेमू नई ट्रेन सेवा तथा रायपुर-अभनपुर 2 मेमू रेल सेवा का राजिम तक विस्तार भी प्रारंभ किया। भारी संख्या में यात्री इस अवसर पर ट्रेन में सवार हुए और उत्साहपूर्वक रायपुर की ओर रवाना हुए। सस्ती एवं सुलभ नई रेल सुविधा मिलने से पूरे क्षेत्र में हर्ष और उल्लास का वातावरण रहा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इस नई रेल सेवा से राजिम सहित गरियाबंद एवं देवभोग क्षेत्र के लोगों को भी राजधानी रायपुर तक सस्ती और किफायती यात्रा का विकल्प प्राप्त होगा। विद्यार्थी, नौकरीपेशा वर्ग और व्यापारी वर्ग सहित सभी के लिए यह ट्रेन अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का प्रयाग, राजिम अब रेल नेटवर्क से जुड़ गया है। ग्रामीण अंचलों से राजधानी रायपुर का आवागमन अब और अधिक सुगम, सुविधाजनक और किफायती बन गया है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारे छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के आशीर्वाद से लगातार 19 महीनों से विकास की गति निरंतर अग्रसर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर में तेजी से हो रहा निवेश आने वाली पीढ़ियों के लिए नया भविष्य गढ़ेगा। उन्होंने बताया कि लगभग आठ वर्ष पूर्व धमतरी से रायपुर तक नैरोगेज ट्रेन चलती थी और अब आठ वर्षों के अंतराल के बाद यहां ब्रॉडगेज ट्रेन सुविधा उपलब्ध हुई है। इसके लिए उन्होंने पूरे छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ में रेलवे की लगभग 45,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं संचालित हो रही हैं। वित्त वर्ष 2025-26 के बजट में लगभग 7,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे प्रदेश में रेल सेवाओं का तीव्र विस्तार और विकास सुनिश्चित हो रहा है।

इस अवसर पर वन मंत्री श्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल, लोकसभा सांसद रायपुर श्री बृजमोहन अग्रवाल, महासमुंद सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, अभनपुर विधायक श्री इन्द्रकुमार साहू, राजिम विधायक श्री रोहित साहू, छत्तीसगढ़ राज्य भंडार गृह निगम के अध्यक्ष श्री चंदूलाल साहू, नगर पालिका गोबरा नवापारा अध्यक्ष श्रीमती ओमकुमारी संजय साहू, नगर पंचायत राजिम अध्यक्ष श्री महेश यादव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश, रेलवे अधिकारी-कर्मचारी एवं भारी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

वन मंत्री एवं रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि इस नई सेवा से छत्तीसगढ़ के प्रयाग राजिम तक सीधी रेल पहुँच सुनिश्चित हो गई है, जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि 22 मई को ‘निर्मल भारत रेलवे स्टेशन’ के नाम से देश के 103 रेलवे स्टेशनों को मॉडिफाई करने के लिए चयनित किया गया, जिनमें से छत्तीसगढ़ के पाँच रेलवे स्टेशन शामिल हैं और 32 स्टेशन भी इस योजना में जोड़े गए हैं। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति आभार व्यक्त किया और मुख्यमंत्री श्री साय के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 45,000 करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाएँ चालू हैं, जिनसे रेल कनेक्टिविटी में तेजी आएगी। बस्तर को भी इससे लाभ हो रहा है और रावघाट प्रोजेक्ट के अंतर्गत 140 किलोमीटर लंबी रेलवे लाइन का कार्य प्रगति पर है।

रायपुर लोकसभा सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के प्रयागराज राजिम में बाहर से साधु-संत एवं पर्यटक भारी संख्या में आते हैं। अब उन्हें सीधे रायपुर से राजिम आने की सुविधा मिलेगी, जिससे पर्यटन एवं क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी और विश्व पटल पर राजिम का नाम और अधिक रोशन होगा।

महासमुंद सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने नई रेल सेवा के लिए लोगों को बधाई देते हुए कहा कि अब राजिम से रायपुर आना बहुत आसान हो गया है। श्रद्धालु एवं पर्यटक यात्री अब राजिम से सीधे डोंगरगढ़ तक भी यात्रा कर सकेंगे।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल से प्राप्त जानकारी के अनुसार रायपुर-अभनपुर-रायपुर मेमू पैसेंजर ट्रेन का परिचालन अब राजिम तक किया जाएगा। 19 सितम्बर 2025 से नियमित समय-सारणी के अनुसार गाड़ी संख्या 68766/68767 राजिम-अभनपुर-रायपुर मेमू पैसेंजर प्रतिदिन दोनों छोरों—राजिम और रायपुर—से संचालित होगी। इस ट्रेन में 06 सामान्य श्रेणी के डिब्बे तथा 02 पावरकार सहित कुल 08 कोच होंगे।

और भी

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने दी बड़ी सौगात, कुनकुरी नगर को मिलेगी नई पहचान, छठघाट तालाब विकास हेतु 5 करोड़ 17 लाख रुपए की मिली मंजूरी...

जशपुरनगर 18 सितंबर 2025 : मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश से जशपुर जिले में निरंतर विकास कार्यों की सौगात मिल रही है। जिले की जनता की मांगों और समस्याओं का समाधान करते हुए मुख्यमंत्री लगातार अधोसंरचना, स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में नए कार्यों की शुरुआत कर रहे हैं।इसी कड़ी में राज्य शासन ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट प्रावधान अंतर्गत कुनकुरी नगर पंचायत क्षेत्र में अधोसंरचना विकास योजनांतर्गत छठघाट तालाब के विकास कार्य के लिए 5 करोड़ 17 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।

कुनकुरी के छठघाट तालाब होगा सुसज्जित

इस स्वीकृत राशि से तालाब का सौंदर्यीकरण, किनारों का सुदृढ़ीकरण, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य विकास कार्य किए जाएंगे। इसके पूरा हो जाने पर छठघाट तालाब न सिर्फ धार्मिक व सांस्कृतिक दृष्टि से और भव्य होगा, बल्कि नगर की खूबसूरती और पहचान भी बनेगा।मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प है कि प्रत्येक जिले और नगर को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए। जशपुर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर नगरों की अधोसंरचना तक हर क्षेत्र में योजनाबद्ध ढंग से कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि छठघाट तालाब का विकास कुनकुरी नगर की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करेगा और आने वाले समय में यह नगरवासियों के लिए गौरव का प्रतीक बनेगा।


नगरवासियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का जताया आभार

छठघाट तालाब विकास कार्य की स्वीकृति मिलते ही क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है।स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्य नगर की पहचान को निखारने के साथ-साथ सांस्कृतिक व धार्मिक कार्यक्रमों को भी और भव्य बनाएगा।

और भी

बिलासपुर नगर निगम प्रदेश का पहला नगरीय निकाय होगा जंहा वॉट्सएप्प आधारित चैटबॉट सुविधा होगी शुरू....नागरिकों को घर बैठे मिलेगी सुविधाएं

रायपुर, 18 सितंबर 2025/बिलासपुर प्रदेश का पहला ऐसा नगर निगम बनने जा रहा है, जहां नागरिक अब स्मार्ट चैटबॉट के जरिए अधिकांश सेवाओं का लाभ घर बैठे ले सकेंगे। बिलासपुर नगर निगम ने डिजिटल इंडिया की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाते हुए वॉट्सऐप आधारित चैटबॉट सेवा शुरू कर रही है। इसके माध्यम से लोग प्रॉपर्टी टैक्स की जानकारी और भुगतान, बिल्डिंग परमिशन, शिकायत पंजीकरण, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जैसी सुविधाएं चंद मिनटों में प्राप्त कर सकेंगे।

ऐसे करेगा काम स्मार्ट चैटबॉट

इस चैटबॉट का उपयोग करना बेहद आसान होगा। इसके लिए निगम एक विशेष वॉट्सऐप नंबर 91 88157 82574 जारी करेगा। उस नंबर को मोबाइल में सेव करने के बाद केवल हाथ या नमस्ते लिखकर मैसेज भेजना होगा। इसके जवाब में ऑटोमेटेड रिप्लाई आएगा, जिसमें विभिन्न सेवाओं की सूची होगी। नागरिक अपनी आवश्यकता के अनुसार विकल्प चुनकर प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। यह चैटबॉट एआई और मेटा की तर्ज पर काम करेगा। इसकी जानकारी निगम अपनी वेबसाइट और सोशल मीडिया के माध्यम से भी प्रचारित करेगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसका लाभ उठा सकें।

बिलासपुर में स्वच्छ वार्ड चैलेंज : मिलेगा 10 लाख रूपये का इनाम

नगर निगम बिलासपुर द्वारा शहर को स्वच्छ रखने और पूरे देश में पहले स्थान पर लाने के लिए किए जा रहे प्रयासों में एक कदम और आगे बढ़ाते हुए स्वच्छ वार्ड चैलेंज प्रतियोगिता शुरू की जा रही है। इस प्रतियोगिता को शुरू करने की घोषणा केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू ने की। इस चैलेंज के तहत हर माह सभी वार्डों का सर्वे किया जाएगा, जो वार्ड सबसे स्वच्छ होगा, स्वच्छता के पैमाने पर खरा उतरेगा, उसे विकास कार्यों के लिए पुरस्कार स्वरूप 10 लाख रूपये की अतिरिक्त स्वीकृति दी जाएगी। बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र में इस बार स्वच्छ गणेश पंडाल की तर्ज पर स्वच्छ दुर्गाेत्सव पंडाल प्रतियोगिता भी शुरू की जाएगी, जिसमें सबसे स्वच्छ दुर्गा पंडाल को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर पुरस्कृत किया जाएगा।

और भी

रजत जयंती वर्ष के पर हितग्राहियों को सरकार की योजनाओं का मिल रहा भरपूर लाभ....पक्का आशियाना मिलने से खिले चेहरे

रायपुर, 18 सितंबर 2025/छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित सेवा पखवाड़े में हितग्राहियों को राज्य एवं केंद्र सरकार की योजनाओं का भरपूर लाभ मिल रहा है। अपनी जरूरते पूरी होने और परेशानियों से मुक्ति मिलने से हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। बिलासपुर में हुए कार्यक्रम में जरूरतमंद परिवारों को पक्के आशियाने की चाबी, भवन अनुज्ञा, पहले किश्त की राशि और वय वंदन कार्ड प्रदान किए गए। इसके साथ ही लखपति दीदियों को सम्मानित किया गया। 

     प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी से लाभान्वित कुदुदन निवासी श्रीमती ममता दुबे को आवास स्वीकृत हुआ और भवन का नक्शा मिलने पर उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब उन्हें किराए के घर से निजात मिल गई है। इसी तरह हेमूनगर की गोटीवाड़ा विजया और बिजौर निवासी ओम साहू को घर की चाबी मिलने पर उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। विजय ने बताया कि पति ड्राइविंग का काम करते हैं आमदनी इतनी नहीं कि खुद का घर बना सकें पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की आवास योजना से अब उनका पक्के घर का सपना साकार हो गया है और कच्चे घर से निजात मिल गई। इसी तरह अशोक नगर निवासी श्रीमती संतोषी श्रीवास व श्रीमती पूनम टंडन लिंगियाडीह निवासी को  खमतराई, और बहतराई में मकान आवंटित हुआ और उन्हें पहले किश्त का चेक प्राप्त हुआ। उन्होंने खुशी से बताया कि अब उनका अपने खुद के  घर में रहने का सपना साकार होने जा रहा है। वहीं श्रीमती रानी यादव सरकंडा थाना के सामने बेजा कब्जा कर परिवार के साथ रह रही थी जिसके कभी टूटने की आशंका है उन्होंने बताया कि घर तोड़े जाने का उन्हें नोटिस भी जारी किया गया है पर अब आवास स्वीकृत होने से उनकी एक बड़ी चिंता दूर हो गई है बहुत से हितग्राहियों को इस अवसर पर जहां गृह प्रवेश के लिए आवास की चाबी सौंपी गई वहीं लखपति दीदीयों का सम्मान भी किया गया। तालापारा, ख्वाजा नगर निवासी अब्दुल नईम को आवास स्वीकृत हुआ। मैकेनिक का कार्य करने वाले नईम ने बताया कि अब उनके परिवार को सुरक्षित छत मिल सकेगी।  

     बिलासपुर के ही श्री हरनारायण पटेल, शांति देवी और श्रीमती विद्या परिहार को वय वंदन कार्ड के अंतर्गत पाँच लाख रुपये की स्वास्थ्य सहायता का लाभ मिला। सभी हितग्राहियों ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन योजनाओं से उनके जीवन को एक नई उम्मीद और संबल मिला है।

और भी

छ.ग. राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्यगण दो दिवस रहेगें जशपुर जिले के प्रवास पर

जशपुरनगर 18 सितम्बर 2025/ छ.ग. राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष श्री नेहरू राम, उपाध्यक्ष श्रीमती चंद्रकांति वर्मा, सचिव श्री संकल्प साहू एवं सहा.अनु.अधि. श्रीमती अनिता डेकाटे, 25 एवं 26 सितम्बर 2025 को जशपुर जिले के प्रवास पर रहेगें। 
          छ.ग. राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष एवं सदस्यगण 26 सितम्बर को सर्किट हाउस में पिछड़ा वर्ग के जनप्रतिनिधियों से भेंट कर चर्चा करेंगें। साथ ही दोहपर को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक में शामिल होगें और साय 4.00 बजे सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता करेंगें।

और भी

बगिया, दोकडा, चोंगरीबहार, जुमईकेला और देवरी के लगभग 200 विद्यार्थियों ने सीखा डिजिटल बैंकिंग और स्मार्ट फाइनेंस मैनेजमेंट

जशपुर 18 सितम्बर 2025 : 
जिले के कलेक्टर श्री रोहित व्यास की पहल पर वित्तीय साक्षरता वर्कशॉप का आयोजन हाई स्कूल बगिया में किया गया। शिक्षा विभाग के प्रभारी अधिकारी प्रशांत कुशवाहा और जिला शिक्षा अधिकारी पी.के. भटनागर के निर्देशन में हुए इस कार्यक्रम में हाई स्कूल देवरी,‌ चोंगरीबहार, जुमईकेला और सेजेस दोकडा के लगभग 200 विद्यार्थी शामिल हुए। 

डिजिटल कोच वीरेंद्र मिश्रा ने कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को धन का महत्व, बजट बनाने की आदत, नियमित बचत, आपातकालीन फंड और निवेश की मूल बातें समझाईं। उन्होंने बैंकिंग की बुनियादी प्रक्रियाएँ जैसे सेविंग अकाउंट, यूपीआई, एटीएम और मोबाइल बैंकिंग के साथ-साथ डिजिटल लेन-देन की सुरक्षा पर भी जानकारी साझा की। सत्र में स्मार्ट खर्च करने के तरीके, जरूरत और इच्छा में भेद, विज्ञापनों व साथियों के दबाव से बचाव, एसआईपी व चक्रवृद्धि ब्याज के लाभ, लोन और क्रेडिट स्कोर प्रबंधन, ईएमआई जाल से बचने के उपाय, म्यूचुअल फंड व शेयर बाजार का परिचय और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। पूरे प्रशिक्षण को गतिविधियों, वर्कशीट्स और खेलों के जरिए रोचक और सहभागिता-आधारित बनाया गया, ताकि विद्यार्थी सीखी गई बातों को अपने रोजमर्रा के जीवन में आसानी से लागू कर सकें। इस कार्यशाला में मैत्री स्कूल और जीआर टेक्नो की ओर से उत्कर्ष मिश्रा ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

बगिया में आयोजित कार्यक्रम में व्याख्याता संजय कश्यप, पीआर यादव  सहित विद्यार्थी उपस्थित रहे। 

मंगलवार को हायर सेकंडरी स्कूल लुडेग में  भी 165 विद्यार्थियों के लिए वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिसमें हायर सेकेंडरी काडरो के विद्यार्थी भी सम्मिलित रहे। कार्यक्रम का समन्वय यशस्वी जशपुर के संजीव शर्मा, अवनीश‌ पांडेय, कांसाबेल बीईओ गोपाल राम‌ और पत्थलगांव बीईओ वेदानंद आर्य ने किया।

और भी

खारुन मईया समरसता भव्य महाआरती में मुख्यमंत्री हुए शामिल : मंत्रोच्चार से गूंजा खारुन नदी का महादेव घाट

रायपुर 18 सितंबर 2025/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज शाम महादेव घाट, रायपुर में आयोजित खारुन मईया समरसता भव्य महाआरती में शामिल हुए। इस भव्य आयोजन का संयुक्त रूप से आयोजन सनातन ध्वज वाहिनी एवं महिला मोर्चा द्वारा देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में किया गया। इस अवसर पर खारुन नदी तट पर 21 सौ दीपों का दीपदान भी किया गया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश का गौरव पूरी दुनिया में बढ़ा है। वे आज आधुनिक भारत के शिल्पकार हैं और विकसित भारत के निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। इसका लाभ देश की 140 करोड़ जनता को मिल रहा है। उन्होंने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। उसके अनुरूप छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य का दर्जा दिलाने के लिए हमारी डबल इंजन की सरकार दृढ़ता और प्रतिबद्धता के साथ हर मोर्चे पर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने आगे कहा कि साध्वी प्रज्ञा भारती के नेतृत्व में चंद्रपुर स्थित महानदी तट पर गंगा आरती की शुरुआत हुई थी, जो आज भी निरंतर जारी है। उस आरती में वे स्वयं उपस्थित रहे। इसके बाद रायगढ़ की केलो नदी में भी गंगा आरती प्रारंभ हुई, जो नदी संरक्षण की दिशा में एक उत्कृष्ट पहल है। उन्होंने खारुन नदी में भी समय-समय पर गंगा आरती आयोजित करने की अपील की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं। साथ ही उन्होंने पूरे प्रदेशवासियों को विश्वकर्मा जयंती की भी शुभकामनाएँ दी तथा इस भव्य आयोजन के लिए सनातन ध्वज वाहिनी एवं महिला मोर्चा के सदस्यों की सराहना की।

रायपुर लोकसभा सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि नदियों की आरती हमारी आस्था का प्रतीक है। इसके माध्यम से हम नदियों से जुड़ते हैं और उनके संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी निभाते हैं। यह परंपरा नई नहीं, बल्कि सदियों से हमारे सनातन धर्म का अभिन्न हिस्सा रही है। नदियाँ आदि काल से ही हमारी आस्था और संस्कृति का प्रमुख केंद्र रही हैं। सांसद श्री अग्रवाल ने भी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर पूज्य साध्वी प्रज्ञा भारती, रायपुर ग्रामीण विधायक श्री मोती लाल साहू, महापौर श्रीमती मीनल चौबे, अपेक्स अध्यक्ष श्री केदार गुप्ता, नॉन अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित थे।

और भी

राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रियंवदा सिंह जूदेव ने  केंद्रीय महिला एव बाल विकास मंत्री से मिली.....पहाड़ी कोरवा और बिरहोर बाहुल्य क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्र के विकास का रखा प्रस्ताव


जशपुरनगर 18 सितम्बर 2025 : छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रियवंदा सिंह जूदेव ने रायपुर  में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अनुपमा देवी से मुलाकात की। केंद्रीय मंत्री  अनुपमा देवी एक दिवसीय प्रवास पर छत्तीसगढ़ पहुंची थी। इस दौरान श्रीमती जूदेव ने केंद्रीय मंत्री से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान श्रीमती जूदेव ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि जशपुर जिले में विशेष संरक्षित जनजाति पहाड़ी कोरवा और बिरहोर निवास करती है। केंद्र और राज्य सरकार इन्हें विकास की मुख्यधारा में लाने के लिए प्राथमिकता से प्रयास कर रही है। जिले के पहाड़ी कोरवा बाहुल्य क्षेत्र में जनमन योजना के अंर्तगत बुनियादी ढांचा विकसीत किया जा रहा है। जरूरत है इस जनजाति के बच्चों को कुपोषण से बचाते हुए इनके मानसिक और शैक्षणिक विकास की। इसके लिए एक माडल आंगनबाड़ी केंद्र की रूपरेखा तैयार की गई है। इस आंगनबाड़ी केंद्र में आकर्षक रंग-रोगन के साथ बच्चों को बैठने के लिए छोटे आकार वाली डेस्क-बेंच के साथ एक टीवी उपलब्ध कराई जाएगी। इस टीवी में सप्ताह में एक या दो दिन बच्चे टीवी देख कर राईम्स,पेटिंग बनाना तो सीखेगें ही साथ ही मनोरंजन आधारित कार्यक्रम देख कर देश और दुनिया के बारे में भी जान सकेगें।

      श्रीमती जूदेव ने बताया कि एक माडल आंगनबाड़ी केंद्र विकसीत करने में लगभग एक लाख रूपये की लागत आएगी। जशपुर जिले में सौ आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र विकसीत करने के लिए छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े से चर्चा हुई है। केंद्रीय मंत्री  अनुपमा देवी ने श्रीमती जूदेव के प्रस्ताव की शंसा करते हुए,आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

और भी

प्रधानमंत्री के 75 वेें जन्म दिवस पर श्री जगन्नाथ मंदिर में दीप प्रज्वलन कर उनके दीर्घायु एवं स्वास्थ्य की कामना की...श्रीमती कौशल्या साय हुईं शामिल


जशपुरनगर 18 सितम्बर 2025 : एकादशी पर्व एवं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के पावन अवसर पर जशपुर जिले के ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ मंदिर, दोकड़ा में भव्य दीप प्रज्वलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं और दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और राष्ट्र की निरंतर प्रगति की कामना की।

भव्य दीपों से जगमगाया मंदिर परिसर

संध्या बेला में मंदिर प्रांगण सैकड़ों दीपों की रोशनी से आलोकित हो उठा। दीपों की लौ से सजीव हुई अद्भुत छटा ने श्रद्धालुओं और नगरवासियों को भक्ति और उत्साह से भर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और इस अवसर को ऐतिहासिक बनाने में अपनी सहभागिता निभाई।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती कौशल्या साय ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीते 11 वर्षों से राष्ट्र निर्माण की दिशा में निरंतर समर्पण भाव से कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में भारत आज विश्व में नई पहचान बना रहा है। हमें गर्व है कि छत्तीसगढ़ भी विकास और नक्सलमुक्ति की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। दीप प्रज्वलन का यह पर्व न केवल भक्ति का प्रतीक है, बल्कि यह राष्ट्र की एकता और प्रगति का भी संदेश देता है।श्री जगन्नाथ महाप्रभु की विशेष पूजा-अर्चना की गई। मंदिर परिसर में गूंजते मंत्रोच्चार और दीपों की दिव्य आभा ने वातावरण को और अधिक पावन बना दिया। श्रद्धालु एवं नगरवासी देर रात तक इस कार्यक्रम का हिस्सा बने रहे।

और भी

आज का राशिफल : 12 राशि वाले आज किस बात पर करें गौर ? पढ़ें मेष से लेकर मीन.....

           

   आज का राशिफल

आज का दिन आपके लिए मिश्रित रूप से फलदायक रहने वाला है। आपका धन यदि कही फंसा हुआ था, तो आप उसकी वसूली कर सकते हैं। आप अपने किसी मित्र की मदद के लिए आगे आएंगे और आपको अच्छे कामों के लिए कोई पुरस्कार भी मिल सकता है। कार्यक्षेत्र में आपकी दी गई सलाह बॉस को पसंद आएगी और आपके मनपसंद काम मिलने से आपका मन काफी खुश रहेगा। आप अपने पिताजी को यदि काम को लेकर कोई सलाह देंगे, तो वह आपके लिए बेहतर रहने वाले हैं। आप अपने घर का काम भी शुरू कर सकते हैं।
taurus daily horoscope

वृष राशिः

आज आप अपने व्यवसाय में कुछ नए प्रयोग कर सकते हैं। आपकी जिम्मेदारियां बढ़ेंगी, लेकिन उनसे आप घबराएंगे नहीं और संतान को कहीं पढ़ाई के लिए बाहर भी भेज सकते हैं। आपको नौकरी में अपने बॉस से तालमेल बनाकर चलना होगा, नहीं तो वह आपके प्रमोशन पर रोक लगा सकते हैं। आप कोई बात बहुत ही सोच समझकर बोले, नहीं तो आपकी बात बुरी लगने से आपके दोस्त नाराज हो सकते हैं। आपका किसी बात को लेकर परेशान रहेंगे।
gemini daily horoscope

मिथुन राशि :

आज आप अपने लंबे समय से रुके हुए कामों को पूरा करने की पूरी कोशिश करेंगे और आप अपनी आय को बढ़ाएंगे। अच्छे खान-पान का आनंद लेंगे, क्योंकि आप अपनी संतान को कोई जिम्मेदारी दे सकते हैं। संपत्ति को लेकर कोई वाद-विवाद खड़ा हो सकता है।  आप सामाजिक कार्यक्रमों से जुड़कर अच्छा नाम कमाएंगे। आपको कुछ सम्मान की प्राप्ति भी हो सकती है। आप अपने किसी मित्र के लिए कुछ धन का इंतजाम भी कर सकते हैं।
cancer daily horoscope

कर्क राशि:

आज का दिन आपके लिए उन्नति की राह पर आगे बढ़ने के लिए रहेगा। कारोबार में आपको अच्छी सफलता हासिल होगी। रोजगार को लेकर परेशान चल रहे लोगों को किसी अच्छी जगह से बुलावा आ सकता है। आपके परिवार में किसी शुभ और मांगलिक कार्यक्रम का आयोजन होने से माहौल खुशनुमा रहेगा। पार्टनरशिप में कोई बड़ी डील फाइनल होगी, जिससे आपको कहीं बाहर भी जाना पड़ सकता है। आप अपने रहन-सहन के स्तर में सुधार लाएं और किसी की कहीसुनी बातों पर भरोसा ना करें।
leo daily horoscope

सिंह राशि:

आज का दिन आपके लिए आर्थिक दृष्टिकोण से अच्छा रहने वाला है। आपके कुछ नए प्रयास रंग लाएंगे। आपको किसी जरूरी काम को लेकर यात्रा पर जाना पड़ सकता है। संतान की फरमाइश पर आप कहीं घूमाने-फिराने लेकर जा सकते हैं। आपको यदि किसी काम को लेकर टेंशन है, तो उसके लिए आप अपने परिवार में वरिष्ठ सदस्यों से बातचीत अवश्य करें। बिजनेस में आपको मन मुताबिक लाभ मिलेगा, जिससे आपको खुशी होगी। सरकारी नौकरी की तैयारी में लगे लोगों को कोई खुशखबरी सुनने को मिलेगी।
virgo daily horoscope

कन्या राशि:

आज आपको अपनी कमियों को दूर करके आगे बढ़ाना होगा। भाई- बहनों का आपको पूरा साथ मिलेगा, लेकिन आपकी बेवजह की आदत आपकी टेंशन को बढ़ाएगी। आपको अपनी माताजी की सेहत को लेकर सावधान रहना होगा। आपका कोई काम पूरा होते-होते रह सकता है। आप किसी जोखिम भरे काम में हाथ ना डालें, नहीं तो आपकी समस्याएं बढ़ सकती हैं। घूमने-फिरने के दौरान आपको कोई महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त होगी। संतान पक्ष की ओर से आपको कोई खुशखबरी सुनने को मिल सकती है।
libra daily horoscope

तुला राशिः

आज आपके खर्च आपके सिरदर्द बन सकते हैं, लेकिन आपको अपनी सेहत को लेकर भी थोड़ा एतियात बरतनी होंगी। आपको किसी काम को लेकर योजना बनाकर चलना होगा।  आपका कोई पुराना लेन देन चुकता होगा। घूमने फिरने के दौरान आपको कोई महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त होगी। आपको अपने किसी सहयोगी की कोई बात बुरी लगने से आपका मन परेशान रहेगा। सेल्स व मार्केटिंग से जुड़े लोगों की कोई बड़ी डील फाइनल हो सकती हैं।
scorpio daily horoscope

वृश्चिक राशिः

आज आपके मन में प्रेम और सहयोग की भावना बनी रहेगी, लेकिन आप किसी अजनबी पर भरोसा ना करें। यदि आपने किसी दूसरे को बिना मांगे सलाह दी, तो वह बाद में आपके लिए समस्या बन सकती है। आपकी दान-पुण्य के कार्यो में काफी रुचि रहेगी और आपके कुछ नए प्रयास रंग लाएंगे। आर्थिक मामलों पर आप पूरा ध्यान देंगे। यदि आपने किसी सरकारी योजना में निवेश किया था, तो उसमें भी आपको अच्छा लाभ मिल सकता है।
sagittarius daily horoscope

धनु राशिः

आज का दिन आपके लिए समस्याओं से भरा रहने वाला है। आपको अपनी सेहत पर पूरा ध्यान देना होगा। आपको किसी जरूरतमंद व्यक्ति की मदद करने का मौका मिले, तो अवश्य करें। कार्यक्षेत्र में आपको अधिकारियों का पूरा सपोर्ट मिलेगा। आप अपनी आय को बढ़ाने के सोर्सो पर पूरा ध्यान देंगे। विद्यार्थियों के उच्च शिक्षा के मार्ग प्रशस्त होंगे। आपका कोई मित्र लंबे समय बाद आपसे मेल मुलाकात करने आ सकता है।
capricorn daily horoscope

मकर राशिः

आज का दिन आपके लिए बढ़िया रहने वाला है। आप बुद्धि और विवेक से निर्णय लेकर लोगों को हैरान करेंगे। आपकी कूटनीति से आपके शत्रु भी आपका कुछ नहीं बिगाड़ पाएंगे। आप अपने बिजनेस में कुछ नयी योजनाओं को लेकर अपने पार्टनर से बातचीत कर सकते हैं। संपत्ति को लेकर कोई विवाद आपकी टेंशनों को बढ़ाएगा, लेकिन आपको अपने पिताजी की सलाह पर चलना बेहतर रहेगा। आपकी किसी बात से जीवनसाथी आपसे नाराज हो सकते हैं। यदि ऐसा हो, तो आप उन्हे मनाने की पूरी कोशिश करें।
aquarius daily horoscope

कुंभ राशिः

आज का दिन आपके लिए सुख-सुविधाओं में वृद्धि लेकर आने वाला है। आपको किसी काम की वजह से ऑफिस से जल्दी आना पड़ सकता है। आपको किसी भी परिस्थिति में भी धैर्य बनाए रखना होगा आप अपने किसी सहयोगी से काम को लेकर कोई सलाह दे सकते हैं। आपको अपने परिवार के सदस्यों की जरूरतों पर पूरा ध्यान देना होगा। आज आपकी संतान आपसे किसी काम को लेकर परमिशन मांग सकता है। 
pisces daily horoscope

मीन राशिः

आज का दिन आपके लिए उलझनों से भरा रहने वाला है। आपके ऊपर काम का दबाव अधिक रहने से आप परेशान रहेंगे। आपको किसी जरूरी काम को लेकर यात्रा पर जाना पड़ सकता है। आप किसी काम के लिए माता-पिता से आशीर्वाद लेकर जाए, तो बेहतर रहेगा। आज आपकी कोई मन की इच्छा पूरी हो सकती है। राजनीति में कार्यरत लोगों को किसी बड़े पद की प्राप्ति होने से उनका मन खुश रहेगा, लेकिन इसके साथ-साथ उनके कुछ विरोधी भी उन्हें परेशान करने की कोशिश करेंगे।
और भी

जिला प्रशासन पर्यटन के विकास के लिए सतत् रूप से कर रहा है कार्य,पुणे से आए पर्यटकों को खूब भाया यहां के पर्यटन स्थल और संस्कृृति

जशपुरनगर, 18 सितंबर 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर के पर्यटक स्थल झरनों, गुफाओं, चाय बगानों और समृद्ध जनजातीय संस्कृति, प्राकृतिक सुंदरता से परिपूर्ण जशपुर की खूबसूरती को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने पर्यटन अधोसंरचना का विकास करने सहित कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री की इस  पहल न केवल जशपुर की विरासत को एक पहचान मिल रही है, बल्कि स्थानीय युवाओं और समुदाय के लिए भी अवसरों के नए द्वार खोल रही है। कलेक्टर श्री रोहित व्यास और जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार का मार्गदर्शन में जशपुर की पर्यटकों का आकर्षित करने के लिए कई कायक्रम का संचालन भी किया जा रहा है।  
     इसी कड़ी में स्थानीय ट्रैवल स्टार्टअप ट्रिप्पी हिल्स ने अनएक्सप्लोर्ड बस्तर के साथ मिलकर एक संगठित टूर के द्वारा पुणे से आए पर्यटकों को जशपुर की विविधताओं से रूबरू कराया।  पर्यटकों ने जशपुर के कई पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया। कैलाश गुफा की रहस्यमयी संरचना ने सभी को आकर्षित किया, वहीं राजपुरी जलप्रपात और रानीदह जलप्रपात की गूँजती धाराओं ने प्रकृति की शक्ति और सौंदर्य का मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया। सोगड़ा आश्रम की शांत व सुकूनभरी वातावरण में पर्यटकों ने आध्यात्मिक अनुभूति पाई। इसके अलावा, सरुदीह टी गार्डन की हरी-भरी वादियों ने उन्हें चाय बगानों के सौंदर्य से परिचित कराया।
    पर्यटकों के लिए इस यात्रा का एक खास आकर्षण था जनजातीय नृत्य प्रदर्शन, जो सरुदीह टी गार्डन में आयोजित किया गया। स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक संगीत और नृत्य के माध्यम से अपनी संस्कृति की झलक दिखाई, जिसे देखकर मेहमानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और तालियों से स्वागत किया। यह अनुभव पर्यटकों के लिए जशपुर की लोकधरोहर से जुड़ने का अनोखा अवसर रहा। जशपुर यात्रा के दौरान पर्यटकों ने जनजातीय संग्रहालय का भी भ्रमण किया, जहाँ उन्हें आदिवासी जीवनशैली, पारंपरिक शिल्प, वाद्ययंत्र और सांस्कृतिक धरोहर की अनूठी झलक देखने को मिली। संग्रहालय ने उन्हें जशपुर की समृद्ध जनजातीय विरासत से नज़दीक से जोड़ने का अवसर प्रदान किया।
     यात्रा के दौरान पर्यटकों ने खांडसा गाँव में स्वादिष्ट पारंपरिक भोजन का भी आनंद लिया। स्थानीय व्यंजनों ने उन्हें ग्रामीण जीवनशैली और आतिथ्य की असली पहचान से परिचित कराया। समूह ने बताया कि गाँववालों की सादगी और आत्मीयता उनके लिए किसी यादगार अनुभव से कम नहीं रही। पर्यटकों के लिए यह यात्रा सहज, सुरक्षित व आनंददायी होने के साथ यादगार भी रहा। पर्यटकों ने कहा कि उन्हें स्थानीय गाइड की मदद मिलने के साथ ही लोगों का मृदुल व्यवहार भी खूब भाया। उन्होंने बताया कि यहां की संस्कृति काफी सुंदर है। प्राकृतिक स्थल मन को मोह लेने वाला है।

और भी

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान का किया शुभारंभ...जशपुर में 425 महिलाओं ने कराई अपनी स्वास्थ्य जांच, 04 महिलाओं को प्रदान किया गया आयुष्मान कार्ड

*

जशपुर, 18 सितंबर 2025/ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश के धार से स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान, 8वें राष्ट्रीय पोषण माह, एक बगिया मां के नाम अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अगर माँ बीमार हो जाए, तो परिवार की सारी व्यवस्थाएं चरमरा जाती हैं। इसीलिए ‘स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार’ अभियान माताओं-बहनों को समर्पित है। ऐसी बहुत सारी बीमारियाँ होती हैं, जो चुपचाप आती हैं, और पता न चलने के कारण धीरे-धीरे बहुत बड़ी बन जाती हैं। ऐसी बीमारियाँ, जिनका महिलाओं में सबसे ज्यादा खतरा है, ऐसी बीमारियों को शुरुआती दौर में ही, उसको पकड़ना बहुत जरूरी है। इसलिए इस अभियान के तहत बीपी, डायबिटीज, एनीमिया-टीबी, कैंसर जैसी भयंकर बीमारी की जांच स्वास्थ्य कैम्पों में निःशुल्क की जाएगी।
         इन स्वास्थ्य कैंपों में इनकी जांच के साथ  सभी दवाइयां भी निःशुल्क प्राप्त होंगी एवं आगे के इलाज में आयुष्मान कार्ड द्वारा उपचार होगा। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं और बेटियों के सही पोषण के लिए आठवें राष्ट्रीय पोषण माह की शुरुआत की गयी है। विकसित होते भारत में हमें माता मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर को कम करना है, इसी उद्देश्य से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना शुरू की गई थी। अब तक साढ़े चार करोड़ गर्भवती माताओं को मातृ वंदना योजना के द्वारा 19 हज़ार करोड़ रुपये से अधिक लाभ मिल चुका है। 
       उन्होंने कहा कि आदिवासी इलाकों में सिकल सेल, एनीमिया बहुत बड़ा संकट होता है। उन्होंने सभी माताओं, बहनों, बेटियों से  आग्रह किया कि सिकल सेल, एनीमिया के साथ सभी अन्य जांच अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि ये समय त्योहारों का समय है, और इस समय आपको स्वदेशी का मंत्र भी लगातार दोहराना और जीवन में उतारना है। उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि जो भी खरीदें, वो देश में ही बना हो, उसमें मिट्टी की महक हो। उन्होंने व्यापारियों से आग्रह किया कि 2047 तक विकसित भारत बनाने के लिए खिलौने, दीवाली की मूर्तियाँ, घर को सजाने के लिए समान, मोबाइल, टीवी, फ्रिज जैसी कोई भी वस्तु हो वह स्वदेशी हो जिससे देश का पैसा देश के विकास के काम आये। हर दुकान पर स्वदेशी का बोर्ड होना चाहिए।
      इस कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम के द्वारा जशपुरनगर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती गोमती साय, विधायक जशपुर श्रीमती रायमुनी भगत, माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष श्री शम्भूनाथ चक्रवर्ती, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम भगत, नगर पंचायत अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, उपाध्यक्ष श्री यश प्रताप सिंह जूदेव, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, कृष्ण कुमार राय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्राइन एवं माताएं भी शामिल हुईं।
        इस अवसर पर सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती गोमती साय ने कहा कि माता के बिना पूरा परिवार बिखर जाता है ऐसे में स्वस्थ नारी स्वस्थ परिवार अभियान को हमें स्वच्छ भारत मिशन की तरह सफल बनाना है। महिलाओं को सशक्त किए बिना विकसित भारत का स्वप्न साकार नहीं किया जा सकता है। ऐसे में हमें गर्भवती माताओं, किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान देना होगा। 
          विधायक जशपुर रायमुनी भगत ने कहा कि माता पूरे परिवार की धुरी होती है, प्रधानमंत्री श्री मोदी के 2047 तक भारत को विकसित बनाने के लक्ष्य की नींव स्वस्थ नारी और स्वस्थ परिवार से ही है। आज महिलाएं हर क्षेत्र जैसे सेना, चिकित्सा, विज्ञान आदि में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, ऐसे में उन्हें अपनी स्वास्थ्य का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए स्वस्थ नारी अभियान के माध्यम से महिलाओं को स्वस्थ रखते हुए सशक्त समाज बनाने के लिए शासन द्वारा कार्य किया जा रहा है। उन्होंने सभी महिलाओं को अभियान अंतर्गत लगने वाले स्वास्थ्य शिविरों में जाकर अपने निशुल्क जांच कराने हेतु अपील की।
          इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों द्वारा 04 हितग्राहियों को आयुष्मान भारत योजनान्तर्गत कार्ड का वितरण किया गया। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य, सिकलसेल स्क्रीनिंग एवं अंग दान, टीबी जांच, मानसिक स्वास्थ्य जांच, कैंसर स्क्रीनिंग, गैर संचारी रोग जांच, नेत्र जांच, वयोवृद्ध जाँच, किशोरी जांच, एनीमिया जांच आदि जांचों के लिए शिविर लगाया गया। जहां 425 महिलाओं ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। इस अवसर पर पत्थलगांव विधायक ने भी अभियान में भाग लेते हुए अपनी स्वास्थ्य जांच कराई। इस अवसर पर पोषण के प्रति जागरूक करने हेतु पोषण की टोकरी का भी प्रदर्शन किया गया।

और भी

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी जीवन संघर्ष और राष्ट्र के प्रति योगदान को दिखाया गया है

जशपुरनगर, 18 सितंबर 2025/ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का 75 वां जन्मदिवस आज पूरे भारत में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इसी उपलक्ष्य में  आज जनसंपर्क विभाग के द्वारा कलेक्टरेट परिसर में आदि सेवा पर्व, सेवा पखवाड़ा और विकसित भारत की संकल्पना आधारित छायाचित्र प्रदर्शनी  का आयोजन किया गया है।  इस प्रदर्शनी का शुभारंभ विधायक श्रीमती गोमती साय एवं विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष श्री शंभूनाथ चक्रवर्ती, नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम भगत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री यश प्रताप सिंह जूदेव, श्री कृष्ण कुमार राय, कलेक्टर श्री रोहित व्यास मौजूद थे। इस दौरान सभी अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस अवसर पर विधायक श्रीमती गोमती साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का जीवन लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है। वे दृढ़ संकल्प के साथ मजबूत और विकसित भारत के निर्माण में सतत रूप से कार्यरत हैं। विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने अपने विचार रखते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत तेज गति से प्रगति कर रहा है। उन्होंने यह साबित किया है कि तमाम चुनौतियों का सामना कर किस तरह  विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ा जा सकता है। 

प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल की उपलब्धियों को किया गया है प्रदर्शित

छायाचित्र प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के बचपन से लेकर प्रधानमंत्री बनने और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को  प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में उनके जीवन में मां से मिली शिक्षा से एक कर्मयोगी बनकर देश के लिए समर्पण भाव से कार्य करना, वडनगर में प्रारंभिक शिक्षा, पुस्तकालय से जुड़कर ज्ञान प्राप्ति, जनभागीदारी के माध्यम से विकास के लक्ष्य को किस तरह से हासिल किया जा रहा है उसे दिखाया गया है। इसके अलावा प्रदर्शनी में दिखाया गया है कि समाज सेवा और देश सेवा को ही अपना लक्ष्य मानने वाले प्रधामनंत्री श्री मोदी का पूरा जीवन राष्ट्र को समर्पित रहा है। प्रदर्शनी में गरीबों को आवास देने प्रधानमंत्री का संकल्प स्वरूप प्रधानमंत्री आवास योजना, सौभाग्य योजना के तहत लोगों के घरों में बिजली को पहुंचाना, उरी, पुलवामा हमले के बाद से पाकिस्तान के दुस्साहस का सर्जिकल स्ट्राइड कर मुहतोड़ जवाब देना, माओवादी हिंसा के खिलाफ कठोर कार्यवाही से घटता माओवादी क्षेत्र, कोविड महामारी के दौरान होने वाली चुनौतियां का कुशलतापूर्व निपटारा करना। डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, स्टार्टअप इकोसिस्टम के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत को मजबूती देने जैसे कार्यक्रमों से भारत को एक नई पहचान देना। 
    प्रदर्शनी में एक पेड़ मां के तहत मातृशक्ति के सम्मान देने के साथ ही पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने जैसे जनजागरण अभियान, देश की नई पीढ़ी को आज की आधुनिक शिक्षा से जोड़ने और रोजगारनुमुखी बनाने नई शिक्षा नीति लागू करना, आईआईटी, आईआईएम और एम्स जैसे शैक्षणिक संस्थानों की संख्या में वृद्धि करना, 2014 के बाद से इंजीनियरिंग की सीटों में 118 प्रतिशत और पीजी की सीटों में 133 प्रतिशत की वृद्धि और सर्वसुविधायुक्त 12079 से अधिक पीएम श्री स्कूल खोलकर गुणवत्तापूर्वक शिक्षा प्रदान किया जाना। प्रदर्शनी में डिजिटल भुगतान यूपीआई के माध्यम डिजिटल क्रांति और जनधन योजना के माध्यम से गरीबों के खाते खोलकर बैंक से जोड़कर उन्हें लाभान्वित करना। इसके अलावा भारत में हो रहे अंतरिक्ष क्रांति को भी प्रदर्शित किया गया है। आयुष्मान भारत योजना से गरीबों को जिस तरह  इलाज प्रदान किया जा रहा है उसे प्रदर्शित किया गया है। 

स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय के बच्चों ने प्रदर्शनी देखकर हुए उत्साहित, बोले उनका जीवन प्रेरणादाई

स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय जशपुर  के छात्रों ने छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन कर अत्यंत उत्साह व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जीवन, उनके कार्यों तथा विकसित भारत की संकल्पना को नजदीक से समझने का अवसर मिला। छात्रों ने बताया कि प्रदर्शनी के माध्यम से उन्हें यह प्रेरणा मिली कि कैसे समर्पण, कड़ी मेहनत और दूरदृष्टि से देश को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जा सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री को अपने आदर्श बताते हुए कहा कि वे भी भविष्य में समाज और देश की सेवा के लिए इसी प्रकार योगदान देना चाहते हैं। विद्यालय के छात्र नितेश बड़ाइक ने कहा कि आज कलेक्टर परिसर में आयोजित प्रदर्शनी के माध्यम से हमने अपने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जीवन से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण बातें देखीं और जाना। यह प्रदर्शनी वास्तव में प्रेरणादायी है।
वहीं छात्र आर्यन एक्का ने कहा कि इस प्रदर्शनी के जरिए हमने उनके बचपन से लेकर वर्तमान तक के संघर्ष और सफर को देखा और समझा, उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का जीवन से हमें देश के लिए पूरे समर्पण भाव से कार्य करने की सीख मिलती है।
  इस अवसर पर जनसंपर्क विभाग जशपुर की सहायक संचालक श्रीमती नूतन सिदार, सहायक जनसंपर्क अधिकारी श्री गोपाल कृष्ण शुक्ल, सहायक सूचना अधिकारी रविंद्र चौधरी,  विनोद यादव, अशोक तिर्की, हेमंत प्रसाद, शुभम खूंटे, भूपाल सिदार, अभिलेख भगत सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी कर्मचारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

और भी

टी.सी. के एवज में अधिक राशि की मांग को लेकर शा.उ.मा.वि करडेगा के प्राचार्य श्री गीता प्रसाद मधुकर को किया गया निलंबित 

 जशपुर 18 सितम्बर 25/ शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 15.09.2025 अनुसार श्री गीता प्रसाद मधुकर, प्राचार्य, शा.उ.मा.वि. करडेगा, वि.ख. दुलदुला जिला जशपुर विद्यालय से अधिकतर अनुपस्थित रहते है. उनके द्वारा विद्यालय में नियमित रूप से कक्षाएं नहीं ली जाती है, विद्यालयीन कार्यों में रूचि नहीं लेने से विद्यालयीन व्यवस्था प्रतिकूलतः प्रभावित हुआ है, जैसे विद्यालय में स्वच्छ पेयजल का अभाव, स्वच्छ शैचालय का अभाव, फर्नीचर का खराब होना, पंखा एवं विद्युत उपकरण कियाशील नहीं होना, क्रीडा सामग्रियों का उपयोग नहीं होना, एनएसएस एवं स्काऊट गाईड की गतिविधियां नहीं होना पाया गया साथ ही उच्च अधिकारियों के आदेशो/निर्देशों की अवहेलना करना, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों की प्रति दुर्व्यवहार एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करना एवं विद्यालयीन आबंटित राशि का अनुचित रूप से आहरण एवं निर्धारित मद अंतर्गत संबंधित कार्यों हेतु उपयोग नहीं किया जाता है तथा उनमें विद्यार्थियों के शैक्षणिक, शारीरिक, मानसिक गतिविधियों के संबंध में नियंत्रण का अभाव है।

अनुविभागीय अधिकारी (रा.) कुनकुरी के द्वारा श्री मधुकर के विरूद्ध टी.सी. के एवज में अधिक राशि की मांग एवं कार्यालयीन स्टाफ के साथ अनुचित व्यवहार की जांच किया गया, जो प्रथम दृष्टया प्रमाणित होना पाया गया है।

श्री मधुकर का उक्त कृत्य छ.ग. सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 के सर्वथा विपरीत है। अतएव छ.ग. सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 (1) (क) के तहत श्री मधुकर को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है। उन्हे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। निलंबन अवधि में मुख्यालय कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, जशपुर नियत किया जाता है।

और भी

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने की सौजन्य भेंट

रायपुर 18 सितम्बर 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने सौजन्य भेंट की। 

मुख्यमंत्री श्री साय ने केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी से छत्तीसगढ़ में महिला सशक्तिकरण तथा बच्चों के पोषण और शिक्षा से संबंधित चल रहे प्रयासों की जानकारी साझा की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि केंद्र एवं राज्य सरकार मिलकर इन क्षेत्रों में और अधिक प्रभावी कार्य करेंगे।

इस अवसर पर प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती वर्णिका शर्मा उपस्थित थीं।

और भी

श्रम की सार्थकता और सृजन की भावना को समाज में प्रतिष्ठित करने का श्रेय भगवान विश्वकर्मा को - मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर, 18 सितम्बर 2025// मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी, प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े तथा छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती वर्णिका शर्मा उपस्थित थीं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने संसार के प्रथम वास्तुकार एवं सृजन-निर्माण के देवता भगवान विश्वकर्मा को नमन करते हुए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के श्रमवीर प्रदेश की प्रगति और निर्माण के वास्तविक आधारस्तंभ हैं। श्रम की सार्थकता और सृजन की भावना को समाज में प्रतिष्ठित करने का श्रेय भगवान विश्वकर्मा को जाता है। विश्वकर्मा जयंती का यह अवसर हम सभी को समर्पण और ईमानदारी से कार्य करने की प्रेरणा देता है।

और भी