ताजा खबरें


बड़ी खबर

जशपुर की बेटियों ने सुन्दरगढ़ उड़ीसा के 4वां एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय नेशनल स्पोर्ट्स मीट में रचा नया इतिहास

जशपुरनगर 17 नवम्बर 2025/ सुन्दरगढ़ उड़ीसा में आयोजित 4वॉ एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय नेशनल स्पोर्ट्स मीट में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय ढुढरुडांड़, बटईकेला और कांसाबेल की दो प्रतिभाशाली छात्राएँ अंडर 14 डबल बैडमिंटन में मीनाक्षी लकड़ा और संजना भगत ने स्वर्ण पदक जीतकर अद्वितीय उपलब्धि हासिल की है। 
        
      मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सभी बैडमिंटन खिलाड़ीयों को अपनी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि सबसे गर्व की बात यह है कि न सिर्फ स्कूल की पहली राष्ट्रीय जीत है, बल्कि जशपुर जिले के इतिहास में पहली बार किसी भी स्कूल की छात्राओं ने नेशनल स्तर पर गोल्ड जीता है। यह उपलब्धि जशपुर जिला, एकलव्य मॉडल आवासी विद्यालय परिवार और आदिवासी समुदाय के लिए एक सुनहरा अध्याय  साबित हुई है।
      विद्यालय के प्राचार्य श्रीमती ललिता चौहान ने कहा कि यह सफलता विद्यालय के लिए गौरव का प्रतीक है और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी। इस अवसर पर प्राचार्या ने कलेक्टर श्री रोहित व्यास और सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग श्री संजय सिंह को भी धन्यवाद कहा, क्योंकि जब-जब विद्यालय को उनके सहयोग व मार्गदर्शन की आवश्यकता पड़ी, उन्होंने हमेशा साथ दिया। बच्चों को प्रशिक्षित करने वाले पीटीआई अमरदीप सिंह जी को भी प्राचार्या ने धन्यवाद दिया। टीम को प्रशिक्षित करने वाले पीटीआई अमरदीप सिंह ने बताया कि दोनों छात्राओं ने कठोर अभ्यास, निरंतर फिटनेस ट्रेनिंग और अनुशासन के दम पर यह ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। विद्यालय में खुशी और उत्साह का माहौल है।
           मीनाक्षी और संजना अब जशपुर के हर छात्र के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं। दोनों ने कहा कि उनका लक्ष्य आगे और बड़े टूर्नामेंट में जशपुर और विद्यालय का नाम और ऊँचा करना है। जशपुर के इतिहास में पहली एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय की बेटियों ने नेशनल में लिखा स्वर्णिम अध्याय। यह जीत पूरे जिले और राज्य के लिए सम्मान और प्रेरणा का नया प्रतीक है।

और भी

कलेक्टर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भारतीय न्याय संहिता सम्बंधित बैठक ली,अब एक क्लिक में मिलेगी पोस्टमार्टम रिपोर्ट

जशपुरनगर 17 नवम्बर 2025/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह ने आज जिला कार्यालय में भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 एवं साक्ष्य अधिनियम 2023 के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। कलेक्टर ने कहा कि नए कानूनों से न्यायिक प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, समयबद्ध तथा जनहित परक बनेगी। उन्होंने पुलिस सहित अन्य विभाग के अधिकारियों को नए कानून के प्रावधानों को गंभीरता पूर्वक पालन करने के निर्देश दिए। जिससे आमजनों के प्रकरणों का निराकरण समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित हो। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशिमोहन सिंह ने कहा कि समय पर मेडिकल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने से जांच और न्यायिक प्रक्रिया तेज होती है, जिससे आमजन को सीधे रूप से सहूलियत होती है। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक पालन करते हुए निर्धारित समय सीमा में रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि प्रकरणों का पारदर्शी एवं त्वरित निराकरण सुनिश्चित हो सके। बैठक में अपर कलेक्टर श्री प्रदीप साहू, लोक अभियोजन अधिकारी, लोक अभियोजक, जेल अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन सहित खंड चिकित्सा अधिकारीगण मौजूद रहे।

*पोस्टमार्टम, मेडिकल रिपोर्टिंग को समयबद्ध बनाना अनिवार्य* - कलेक्टर ने नए कानूनों के प्रावधानों पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट 24 घंटे के भीतर अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाएगी। किसी भी प्रकरण में अभियुक्त की मेडिकल रिपोर्ट तुरंत तैयार कर अपलोड की जाएगी। वहीं बलात्संग से संबंधित मामलों में पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट सात दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से उपलब्ध करानी होगी। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के माध्यम से सभी मेडिकल अधिकारियों को इन प्रावधानों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए।


*मेडलीपर पोर्टल से तत्काल उपलब्ध होगी पीएम रिपोर्ट* -  बैठक में कलेक्टर श्री व्यास ने बताया कि जिले में अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त करने के लिए आमजन को भटकना नहीं पड़ेगा। चिकित्सक मेडलीपर पोर्टल में पीएम रिपोर्ट ऑनलाइन अपलोड करेंगे। जिससे जांचकर्ता अधिकारी, पुलिस एवं कोर्ट के अधिकारी एक क्लिक में रिपोर्ट की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। यह व्यवस्था पीड़ितों एवं उनके परिजनों के लिए अत्यंत सहायक सिद्ध होगी और प्रकरणों के त्वरित निराकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि मेडलीपर पोर्टल पर सभी मेडिकल अधिकारियों का पंजीयन शीघ्र पूर्ण कराया जाए और उनका उचित प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे समय सीमा के भीतर पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मेडिकल लीगल रिपोर्ट, विसरा रिपोर्ट, केमिकल पैथोलॉजी रिपोर्ट एवं रेडियोलॉजी रिपोर्ट ऑनलाइन अपलोड कर सकें। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था न केवल पारदर्शिता बढ़ाएगी बल्कि नागरिकों को त्वरित सेवा उपलब्ध कराने में भी सहायक होगी।


*वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से होगी पेशी—समय व संसाधनों की बचत* -  बैठक में नए कानूनों के तहत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेशी सुनिश्चित करने के प्रावधानों पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने कहा कि जहाँ न्यायालय के निर्देशानुसार सशरीर पेशी आवश्यक नहीं है, वहाँ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेशी कराई जाएगी। जिससे समय और संसाधनों की बचत होगी तथा प्रकरणों के निराकरण की गति बढ़ेगी। जेल विभाग के अधिकारियों को इस व्यवस्था का प्रभावी उपयोग करने निर्देशित किया गया। उन्होंने बताया कि जिले के सभी विकासखंडों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सुविधा अधिसूचित की जा चुकी है। आवश्यकतानुसार इसका उपयोग न्यायालयीन कार्यवाही में वीसी के लिए किया जा सकता है।

और भी

जल जीवन मिशन: मुण्डाडीह में 92 घरेलू नल कनेक्शन क्रियाशील,ग्रामवासियों को शुध्द पेय जल उपलब्ध कराया जा रहा है

जशपुरनगर 17 नवम्बर 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने जल जीवन मिशन योजना का बेहतर क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए हैं।
इसी कड़ी में जिला मुख्यालय से लगभग 70 कि.मी. की दूरी पर स्थित गारीघाट पंचायत का राजस्व ग्राम मुण्डाडीह में जल जीवन मिशन के अंतर्गत तीन उच्च स्तरीय जलागार स्थापित कर कुल 92 क्रियाशील घरेलू नल कनेक्शन के माध्यम से संपूर्ण ग्रामवासियों को शुध्द पेय जल उपलब्ध कराया जा रहा है।
         जल जीवन मिशन योजना के आने से पूर्व ग्रामीणों को अपनी दैनिक जल की आवश्यकताओं के लिए हैण्डपंप एवं कुंओं पर पूर्ण रूप से आश्रित थे। मुख्यतः महिलाएं पानी हेतु लाईन लग कर पानी भरने का कार्य सुबह शाम किया करती थी. बारिश के दिनों में पानी प्रदूषित होने की वजह से ग्रामीणों को पेट खराब, डायरिया इत्यादि बीमारीयों का भी सामना करना पड़ता था।
         आज की स्थिति में योजना के आने के बाद अब ग्रामीणों को पानी भरने नहीं जाना पड़ता एवं तबीयत खराब होने की समस्या में भी कमी आई है। सभी ग्रामीणों को घर में नल के माध्यम से पानी मिलने से सभी ग्रामीण खुश है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले हम हैण्डपंप एवं कुओं के द्वारा पानी भरने से परेशान थे पर अब वैसी समस्या नहीं है हम सभी खुश हैं ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया हैं।

ग्रामीणों की सहमती एवं शपथ के माध्यम से इस ग्राम का हर घर जल सर्टिफिकेट कर दिया गया है एवं जल सभा के माध्यम से ग्रामीणों को योजना का सुचारू रूप से संचालित करने के नियमों को समझा कर लंबे समय तक योजना के संचालन को भी सुनिश्ति किया गया है।

और भी

जशपुर के शासकीय कन्या विजय भूषण सिंह देव महाविद्यालय जशपुर में  होगा रोजगार मेला का आयोजन

जशपुरनगर 17 नवम्बर 2025/ जिला रोजगार अधिकारी ने बताया की शासकीय कन्या विजय भूषण सिंह देव महाविद्यालय जशपुर में 21 नवम्बर 2025 को रोजगार मेला का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला में वृन्दावन पब्लिक स्कूल, लुड़ेग कोतबा, बागबहार, पण्डरीपानी एवं योकोहामा ट्री इंडिया लिमिटेड से विभिन्न पदों के लिए रिक्तियॉ प्राप्त हुई है। 
          प्राप्त रिक्तियों में वृन्दावन पब्लिक स्कूल, लुड़ेग कोतबा, बागबहार, पण्डरीपानी में प्राचार्य के 4, हिन्दी शिक्षक के 8, अंगेजी शिक्षक के 8, गणित शिक्षक के 6, विज्ञान शिक्षक के 6, प्री-प्रायमरी वर्ग के 15, संगीत शिक्षक के 2 लेखापाल के 4, वाहन चालक के 4 पद शामिल हैं। इसी प्रकार योकोहामा ट्री इंडिया लिमिटेड में अप्रेंटिस वुमन ट्रेनी के 500 एवं ऑपरेटर आई.टी.आई अन्य डिप्लोमा के पद शामिल हैं।  
           इच्छुक अभ्यार्थी 21 नवम्बर को समय प्रातः 11ः00 बजे से अपना समस्त मूल प्रमाण पत्र के साथ शासकीय कन्या विजय भूषण सिंह देव महाविद्यालय जशपुर में उपस्थित होकर रोजगार मेला में भाग ले सकते है।

और भी

विश्वसनीयता मीडिया की सबसे बड़ी ताकत : जनसंपर्क विभाग द्वारा राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर विचार गोष्ठी का आयोजन

रायपुर, 16 नवम्बर 2025/राष्ट्रीय प्रेस दिवस के मौके पर आज जनसंपर्क संचालनालय में  विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस विचार गोष्ठी में संपादकों, वरिष्ठ पत्रकारों और जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त किए।

वरिष्ठ संपादक जयप्रकाश मिश्रा ने कहा कि कुछ लोग अपने हितों को सुरक्षित रखने के लिए भ्रामक सूचनाओं को आगे बढ़ाने के लिए एक साथ एक ही तरह की भ्रामक सामग्री को भेजते हैं, जिससे उसका एल्गोरिदम बढ़ जाता है और पाठक भ्रमित होकर उसे सच मान बैठता है। उन्होंने दिल्ली मेट्रो का उदाहरण देते हुए कहा कि श्रीधरन जी जब भी मेट्रो में किसी तरह की रूकावट आती थी तब तुरंत ही सूचना प्रचार माध्यमों में समाचार जारी कर तकनीकी त्रुटि को ठीक करने में लगने वाला संभावित समय भी बता देते थे। जब सही और गुणवत्तापूर्ण सूचनाएं आगे बढ़ती हैं तो भ्रामक सूचनाएं ठहर नहीं पाती। 

संपादक श्री रवि भोई ने कहा कि खबरों की सच्चाई अहम है इससे समझौता नहीं करना चाहिए। भले ही समय लगता हो लेकिन पुष्टि के पश्चात ही खबरे प्रसारित करना चाहिए। संपादक श्री एएन द्विवेदी ने कहा कि सूचनाओं की गुणवत्ता और उनके प्रसारण से पड़ने वाले प्रभाव के आधार पर बेहद गंभीरता बरतते हुए इन्हें जनसामान्य को प्रेषित किया जाना चाहिए। इसमें छोटी चूक भी बड़ी दुर्घटना का रूप ले लेती है। वरिष्ठ पत्रकार श्री अशोक साहू ने कहा कि पत्रकारिता में विश्वसनीयता के मानदंडों पर यदि काम किया जाए तो किसी तरह की भ्रामक सूचना जाने की आशंका नहीं रहती। 

अपर संचालक श्री उमेश मिश्रा ने कहा कि मीडिया की विश्वसनीयता लोकतंत्र का आधार स्तंभ है, इसे किसी भी कीमत पर बनाए रखना जरूरी है। मीडिया को तकनीकी बदलाव के चलते तेजी से फैलती गलत सूचनाओं पर अपनी जिम्मेदारी के साथ-साथ सतर्कता बरतनी होगी। 

अपर संचालक श्री आलोक देव ने कहा कि मीडिया की सबसे बड़ी ताकत है उसकी विश्वसनीयता। मीडिया सिर्फ खबरे नहीं देता, प्रेस मार्गदर्शन करता है, संदेह दूर करता है और विश्वास का निर्माण करता है। उप संचालक श्री सौरभ शर्मा ने कहा कि आज का दौर एआई का है ऐसे समय में गलत सूचनाओं का एल्गोरिथम बढ़ने से व्यापक रूप से हमारे बीच पहुंचता है। हमें ऐसी सूचनाओं को जांच-परख कर ही प्रसारित करना चाहिए। कार्यक्रम में अरविन्द मिश्रा सहित अनेक लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनसंपर्क विभाग के अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।

और भी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात में मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की प्रगति की समीक्षा की,भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना की टीम के साथ की बातचीत 

दिल्ली : 16 NOV 2025 : प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कल गुजरात के सूरत में निर्माणाधीन बुलेट ट्रेन स्टेशन का दौरा किया और मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना की टीम से भी बातचीत की और गति तथा समय सारिणी के लक्ष्यों के पालन सहित परियोजना की प्रगति के बारे में जानकारी ली। कर्मियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि परियोजना बिना किसी कठिनाई के सुचारू रूप से आगे बढ़ रही है।

केरल की एक इंजीनियर ने गुजरात के नवसारी स्थित नॉइज़ बैरियर फ़ैक्टरी में काम करने का अपना अनुभव साझा किया, जहाँ सरिया के पिंजरों की वेल्डिंग के लिए रोबोटिक इकाइयाँ स्थापित की जा रही हैं। श्री मोदी ने उनसे पूछा कि भारत की पहली बुलेट ट्रेन के निर्माण के अनुभव को उन्होंने व्यक्तिगत रूप से कैसा महसूस किया और इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बारे में वे अपने परिवारों के साथ क्या साझा करती हैं। उन्होंने देश की पहली बुलेट ट्रेन में योगदान देने पर गर्व व्यक्त किया और इसे अपने परिवार के लिए एक "ड्रीम प्रोजेक्ट" और "गर्व का क्षण" बताया।

प्रधानमंत्री ने राष्ट्र सेवा की भावना पर विचार करते हुए इस बात पर ज़ोर दिया कि जब राष्ट्र के लिए काम करने और कुछ नया योगदान देने की भावना जागृत होती है, तो यह अत्यधिक प्रेरणा का स्रोत बन जाती है। उन्होंने भारत की अंतरिक्ष यात्रा के साथ तुलना करते हुए याद दिलाया कि देश का पहला उपग्रह प्रक्षेपित करने वाले वैज्ञानिकों को कैसा महसूस हुआ होगा और आज कैसे सैकड़ों उपग्रह प्रक्षेपित किए जा रहे हैं।

 बेंगलुरु की एक अन्य कर्मचारी, श्रुति, मुख्य इंजीनियरिंग प्रबंधक के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने कठोर डिज़ाइन और इंजीनियरिंग नियंत्रण प्रक्रियाओं के बारे में बताया। श्रुति ने बताया कि कार्यान्वयन के प्रत्येक चरण में, उनकी टीम फायदे और नुकसान का मूल्यांकन करती है, समाधानों की पहचान करती है और दोषरहित कार्यान्वयन सुनिश्चित करने के लिए विकल्पों की खोज करती है।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि यदि यहाँ प्राप्त अनुभवों को ब्लू बुक की तरह दर्ज और संकलित किया जाए, तो देश बुलेट ट्रेनों के बड़े पैमाने पर कार्यान्वयन की दिशा में निर्णायक रूप से आगे बढ़ सकता है। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि भारत को बार-बार प्रयोग करने से बचना चाहिए और इसके बजाय मौजूदा मॉडलों से सीखों को दोहराना चाहिए। श्री मोदी ने इस बात पर बल दिया कि अनुकरण तभी सार्थक होगा जब यह स्पष्ट समझ हो कि कुछ कदम क्यों उठाए गए। उन्होंने आगाह किया, कि अनुकरण बिना किसी उद्देश्य या दिशा के हो सकता है। उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसे रिकॉर्ड बनाए रखने से भविष्य के विद्यार्थियों को लाभ हो सकता है और राष्ट्र निर्माण में योगदान मिल सकता है। प्रधानमंत्री ने कहा, "हम अपना जीवन यहीं समर्पित करेंगे और देश के लिए कुछ मूल्यवान छोड़ जाएँगे।"

एक कर्मचारी ने एक कविता के माध्यम से अपनी प्रतिबद्धता को भावपूर्ण शब्दों में व्यक्त किया, जिस पर प्रधानमंत्री ने उनके समर्पण की प्रशंसा और सराहना की। केंद्रीय मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव इस दौरे के अवसर पर मौजूद थे।

और भी

राज्य में अवैध परिवहन किए जा रहे 1 नवम्बर से आज तक 19 हजार 320 क्विंटल धान जब्

रायपुर, 16 नवम्बर 2025/ छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारम्भ होने के पूर्व से ही प्रदेश में अवैध परिवहन से आने वाले धान की कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पिछले एक नवंबर से 16 नवंबर तक लगभग 19 हजार 320 क्विंटल धान जब्त किया गया है। इस बार मार्कफेड द्वारा राज्य में अवैध परिवहन के जरिए अन्य राज्यों से छत्तीसगढ़ आने वाले धान को रोकने के लिए राज्य के सीमावर्ती जिलों में चेकपोस्ट और कलेक्टर की अध्यक्षता में टॉस्कफोर्स भी बनाए गए हैं। इसके साथ ही मार्कफेड में स्थापित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था की सतत् निगरानी की जा रही है। 

मार्कफेड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले एक नवंबर से 16 नवंबर के अवधि में सीमावर्ती विभिन्न जिलों से छत्तीसगढ़ राज्य में अवैध परिवहन के माध्यम से आने वाले धान में सर्वाधिक महासमुंद जिले में 4266 क्विंटल धान जब्त किया गया है। इसी प्रकार बलरामपुर जिले में 4139 क्विंटल, सूरजपुर जिले में 1750 क्विंटल, रायगढ़ जिले में 1201 क्विंटल, जशपुर जिले में 1157 क्विंटल, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में 967 क्विंटल, कोण्डागांव जिले में 869 क्विंटल, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 687 क्विंटल, राजनांदगांव 607 क्विंटल, मुंगेली में 490 क्विंटल, बलौदाबाजार में 386 क्विंटल, बिलासपुर में 273 क्विंटल, कोरिया में 253 क्विंटल, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 250 क्विंटल, सरगुजा में 240 क्विंटल, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 228 क्विंटल, दंतेवाड़ा में 220 क्विंटल, बस्तर जिले में 218 क्विंटल, सक्ती में 137 क्विंटल, सुकमा में 130 क्विंटल, बालोद में 123 क्विंटल, गरियाबंद में 122 क्विंटल, जांजगीर-चांपा में 119 क्विंटल, कवर्धा में 90 क्विंटल, कोरबा में 85 क्विंटल, रायपुर में 84 क्विंटल, धमतरी में 72 क्विंटल, नारायणपुर में 53 क्विंटल, दुर्ग में 38 क्विंटल, बेमेतरा में 32 क्विंटल, मोहला-मानपुर-चौकी में 27 क्विंटल धान जब्त किए गए हैं। 

उल्लेखनीय है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के पूर्व प्रदेश में अवैध धान परिवहन और संग्रहण पर सख्त निगरानी जारी रखते हुए आज दो महत्वपूर्ण कार्रवाईयाँ की गईं। मार्कफेड के इंटीग्रेटेड कंट्रोल सिस्टम से प्राप्त 600 बैग (231.5 क्विंटल) अवैध धान संबंधी अलर्ट पर तत्काल कार्रवाई करते हुए कोंडागांव जिले की टीम ने मौके पर पहुंचकर धान जप्त किया। सीमावर्ती जिलों में निगरानी बढ़ाए जाने और त्वरित अलर्ट-रिस्पॉन्स सिस्टम की बदौलत अन्य राज्यों से धान की अवैध आमद को रोकने में प्रभावी सफलता मिल रही है।

इसी क्रम में, रात्री गश्त के दौरान ग्राम त्रिशूली, थाना सनवाल क्षेत्र में अशोक सिंह पिता रामचरित्र के घर के बाहर बने शेड में दो अलग-अलग स्थानों पर कुल 222 कट्टा धान पाया गया। विवाद की स्थिति को देखते हुए दिन में पुनः तहसीलदार रामचंद्रपुरपुर, थाना प्रभारी सनवाल, महिला पुलिस, तथा मंडी कर्मचारियों की मौजूदगी में विस्तृत जांच की गई और धान की विधिवत जप्ती की कार्रवाई पूरी की गई। शासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता और अवैध गतिविधि को हर स्तर पर जीरो टॉलरेंस के साथ रोका जाएगा।

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मार्कफेड द्वारा धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए एकीकृत कंट्रोल सेंटर के माध्यम से रियल-टाइम निगरानी की जा रही है। साथ ही अवैध परिवहन के माध्यम से राज्य में आने वाले धान को रोकने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन द्वारा सतत् निगरानी रखी जा रही है।

और भी

राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने दी बधाई एवं शुभकामनाएं

रायपुर 16 नवंबर 2025/मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस 16 नवंबर के अवसर पर मीडिया जगत से जुड़े सभी लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता हमारे लोकतंत्र की विशेषता और आधारशिला है। निष्पक्ष प्रेस और निर्भीक पत्रकारिता स्वस्थ लोकतंत्र के लिए आवश्यक है। मीडिया नागरिकों को उनके अधिकार और दायित्व के प्रति सचेत कर देशहित व लोकहित के प्रति जागरूक करता  है। 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारतीय प्रेस दिवस भारत जैसे जीवंत लोकतंत्र में स्वतंत्र और निष्पक्ष प्रेस के महत्व और योगदान को याद करने का दिन है।  

मुख्यमंत्री श्री साय ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर आशा व्यक्त करते हुए कहा कि मीडिया अपनी प्रखरता, संवेदनशीलता और सत्यनिष्ठा के साथ लोकतंत्र के पथ को और अधिक प्रकाशमान करता रहेगा।

और भी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने  गुजरात में की छत्तीसगढ़ के  मुख्यमंत्री श्री साय की  तारीफ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने  गुजरात में की छत्तीसगढ़ के  मुख्यमंत्री श्री साय की  तारीफ
रायपुर 16 नवंबर 2025/ प्रधानमंत्री  श्री  नरेंद्र  मोदी  ने कल  गुजरात के डोडियापाड़ा में धरती आबा  भगवान बिरसा मुंडा की  जयंती  पर आयोजित  जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा की छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जनजातीय समाज से आते हैं। वे छत्तीसगढ़ का कायापलट कर रहे हैं। श्री नरेंद्र मोदी ने कहा की वे पिछले दिनों छत्तीसगढ़ गए थे, वहां  जनजातीय  गौरव के  प्रतीक शहीद वीर नारायण सिंह के नाम पर भव्य जनजातीय संग्रहालय का निर्माण किया गया है।

और भी

किसान गंगाराम इस बार धान बेचकर मिले पैसों से खुद का वाहन खरीदेंगे,केंद्रों में सुविधाए रहे सुदृढ़ किसानों को न हो परेशानी

जशपुर 16 नवंबर 25/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार प्रदेशभर में 15 नवम्बर से धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से प्रारंभ हो गया है। जशपुर जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 हेतु धान खरीदी का शुभारंभ गम्हरिया चौक स्थित धान खरीदी केंद्र में सांसद श्री राधेश्याम राठिया द्वारा किया गया। शुभारंभ अवसर पर ग्राम झीलिंग के किसान श्री गंगा यादव ने सर्वप्रथम अपना धान विक्रय किया।

किसान श्री गंगा यादव ने बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष लगभग 150 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर बेचा था, जिससे प्राप्त लाभ से उन्होंने एक दुकान की शुरुआत कर आर्थिक रूप से प्रगति की। उन्होंने कहा कि इस वर्ष वे वाहन क्रय करने की योजना बना रहे हैं। श्री यादव ने शासन द्वारा खरीदी केंद्रों में की गई सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र में सभी व्यवस्थाएँ सुव्यवस्थित रूप से उपलब्ध हैं, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।

शासन के निर्देशानुसार जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में माइक्रो-एटीएम सुविधा, टोकन ‘तुंहर द्वार’ व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं, ताकि किसानों को धान विक्रय प्रक्रिया में आसानी और पारदर्शिता मिल सके।

और भी

जशपुर के पी.एम. श्री जवाहर नवोदय विद्यालय के थर्ड सीजी एनसीसी एयर स्क्वाड्रन के कैडेट्स जगदलपुर में उड़ान का प्रशिक्षण कर रहे हैं प्राप्त

जशपुरनगर, 16 नवंबर 2025/ जिले के युवाओं का आसमान में उड़ान भरने का सपना अब तेजी से साकार हो रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के विशेष प्रयासों का परिणाम है कि जशपुर के पी.एम. श्री जवाहर नवोदय विद्यालय को थर्ड सीजी एनसीसी एयर स्क्वाड्रन की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसी क्रम में यहां के एनसीसी कैडेट्स अब जगदलपुर में अगले चरण का उन्नत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। विद्यालय के पांच कैडेट्स आकाश बंजारे, आर्यन निकुंज, अथर्व भगत, अंश कुमार भगत और उत्कर्ष यहां पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। इनके कोच कमलेश विश्वकर्मा है। इससे पहले जशपुर में पहली बार रायपुर के बाहर बेस फ्लाइंग ट्रेनिंग का प्रथम चरण सफलतापूर्वक आयोजित हुआ था। अब दूसरे चरण के लिए जगदलपुर को चयनित किया गया है। आगामी चरण अंबिकापुर, बिलासपुर और दुर्ग-भिलाई में प्रस्तावित हैं। यह सभी आयोजन रायपुर ग्रुप तथा मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ एनसीसी निदेशालय के संयुक्त तत्वावधान में संचालित किए जा रहे हैं।  
     प्रशिक्षण सिंगल इंजन ट्वीन सीटर वायरस एसडब्ल्यू 80 विमान से  विभिन्न उड़ान कोर्सों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस माइक्रोलाइट विमान में उड़ान भरना कैडेट्स के लिए न केवल हवाई प्रशिक्षण का पहला अवसर है, बल्कि सीमित समय और नियंत्रित वातावरण में उनके निर्णय लेने के कौशल को विकसित करने का महत्वपूर्ण साधन भी है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सेना, भारतीय वायुसेना, जिला प्रशासन तथा पुलिस विभाग का सतत सहयोग मिल रहा है। साथ ही कैडेट्स को एनसीसी के मूलमंत्र एकता और अनुशासन को आत्मसात करते हुए राज्य के भविष्य, विकास और राष्ट्रनिर्माण की मुख्यधारा से जुड़ने का संदेश भी दिया जा रहा है।

*मुख्यमंत्री श्री साय ने जेएनवी के एयर एनसीसी के लिए चयनित 25  विद्यार्थियों को एनसीसी कैडेट्स का बैच‌ लगाकर पंजीयन की शुरुआत की थी*

मुख्यमंत्री ने विगत दिवस पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय  के एयर एनसीसी के लिए चयनित 25 मेधावी विद्यार्थियों को एनसीसी कैडेट्स का बैच‌ लगाकर पंजीयन की शुरुआत की थी। इनमें 13 बालिकाएं और 12 बालक शामिल हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने एनसीसी दिवस समारोह के दौरान इच्छा व्यक्त की थी कि छत्तीसगढ़ में केवल रायपुर में ही एयर एनसीसी और उड़ान का प्रशिक्षण दिया जाता है, जबकि जगदलपुर, बिलासपुर, अंबिकापुर और जशपुर जैसे स्थानों पर भी हवाई पट्टियों की सुविधा उपलब्ध है। मुख्यमंत्री की इस पहल के सकारात्मक परिणामस्वरूप मार्च माह में जशपुर आगडीह हवाई पट्टी को 3 सीजी एयर एनसीसी स्क्वाड्रन के लिए स्वीकृति प्रदान की गई और एक माइक्रोलाइट विमान को प्रशिक्षण हेतु जशपुर भेजा गया। इस दौरान लगभग 100 कैडेट्स को उड़ान का वास्तविक अनुभव प्रदान किया।

और भी

कलेक्टर ने ईचकेला की क्रिकेट खिलाड़ी बालिकाओं को किया प्रोत्साहित,टूर्नामेंट में सभी टीमों को हराकर सरगुजा ज़ोन ने जीता गोल्ड मेडल

जशपुरनगर 16  नवम्बर 2025/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने रविवार को जशपुर विकास खंड के ग्राम ईचकेला पहुंचकर क्रिकेट खिलाड़ी बालिकाओं का उत्साहवर्धन किया और राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल मिलने पर अपनी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने बालिकाओं प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जशपुर जिले के बच्चे हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। खेल में भी जशपुर के बच्चे बहुत आगे है कोई सा भी खेल हो क्रिकेट हो फूटबॉल, दौड़ हो सभी में बढ़िया प्रदर्शन रहता है।
अनुसूचित जनजाति बच्चे हुनरमंद रहते हैं और उनकी प्रतिभा उन्हें आगे बढ़ाती है।

जिला प्रशासन बालिकाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहायता करेंगी बच्चों को खेलने के लिए अच्छा खेल अभ्यास मैदान की भी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

बच्चों को बेट बाल बालिंग मशीन एवं बच्चों की मांग अनुसार जिला प्रशासन खेल सामग्री देंगी।

उन्होंने बच्चों को राष्ट्रीय स्तर में अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए प्रोत्साहित किया।

उन्होंने कहा कि शासकीय प्री मैट्रिक कन्या छात्रावास इचकेला के अधीक्षिका श्रीमती पंडरी बाई की  क्रिकेट के प्रति जुनून और लगातार प्रयास से  क्रिकेट का कोचिंग 3-4 साल से लगातार दिलाया जा रहा है। जिसका परिणाम अभी अंडर 17 के बच्चों ने गोल्ड मेडल प्राप्त किया।

कोच संतोष कुमार और श्री शंकर सोनी की लगातार मेहनत का नतीजा है कि जिले के बच्चे पूरे छत्तीसगढ़ में पहला स्थान प्राप्त किए है। ये सफलता जशपुर के लिए बहुत गौरव की बात। सरगुजा संभाग से आकांक्षा रानी ने सर्वाधिक स्कोर किया एवं बोलिंग में नीतिका, गायत्री और अलका रानी ने बोलिंग में अच्छा प्रदर्शन किया। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्री हरिओम द्विवेदी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग श्री संजय सिंह , सरपंच पंच और अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

           उल्लेखनीय है कि 25 वीं स्कूल राज्य अंडर 17 गर्ल्स क्रिकेट टूर्नामेंट 6-9 नवंबर को कांकेर में हुआ। पूरे छत्तीसगढ़ से इनमें 5 ज़ोन रायपुर, दुर्ग, बस्तर, बिलासपुर और सरगुजा ने भाग लिया। इस टूर्नामेंट में सभी टीमों को हराकर सरगुजा ज़ोन ने गोल्ड मेडल जीता। सरगुजा टीम में लुथरन स्कूल इचकेला के खिलाड़ियों का काफी योगदान रहा, जिसमें आकांक्षा रानी, अमिषा लकड़ा, जिज्ञासा कुजुर, अनन्या सिदार, गायत्री बाई, अभिलाषी बरा, अविना बाई, झूमुर तिर्की, दीपिका भगत, अलका रानी कुजुर और नितिका बाई शामिल थी। अंबिकापुर से अंशिका राज आर्यन और कुनकुरी से 2 खिलाड़ी शामिल थे। ये सभी खिलाड़ी ईचकेला होस्टल में रहकर 3-4 साल से नियमित अभ्यास कर रहे हैं, उसी का परिणाम है कि छत्तीसगढ़ की चौंपियन टीम बन पाई।

और भी

बगीचा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का सांसद राधेश्याम राठिया ने किया निरीक्षण,बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के दिए निर्देश 

जशपुर 16 नवंबर 25/ रायगढ़ सांसद श्री राधेश्याम राठीया ने विगत दिवस शनिवार 15 नवम्बर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बगीचा का आकस्मिक निरीक्षण किया और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।

उन्होंने मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।  स्वास्थ्य केंद्र मरीज वार्ड, पैथोलॉजी,दवाई वितरण कक्ष और अन्य वार्ड का निरीक्षण किया और मरीजों को फल वितरण किए।

उन्होंने डाक्टरों की नियमित उपस्थिति की जानकारी ली और आयुष्मान कार्ड का भी लाभ मरीजों को देने के निर्देश दिए हैं।

इस अवसर पर बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीएमओ डॉ सुनील लकड़ा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

और भी

कुनकुरी में आयोजित मुद्रा एवं बैंक क्रेडिट मेला में 92 महिला समूहों को 2.53 करोड़ के बैंक लोन स्वीकृत

जशपुरनगर, 16 नवंबर 2025/ राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन 'बिहान' के अंतर्गत विकासखंड कुनकुरी में विगत दिवस मुद्रा एवं बैंक क्रेडिट मेला का  आयोजन किया गया। इस अवसर पर  बैंक द्वारा 92 स्व सहायता समूहों का 02 करोड़ 53 लाख रुपए  एवं 75 हितग्राहियों को व्यक्तिगत रूप से 75 लाख रुपए का मुद्रा लोन की स्वीकृति प्रदान की गई ।
       कार्यक्रम कीएलडीएम  श्री वाल्टर भेंगरा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक वित्तीय समावेशन श्री अमीन खान जी, जिला प्रमुख साधन श्री अखिल प्रसन्ना सेठ, एफएलसी श्री विनसेंट तिर्की, जनपद पंचायत विकासखंड परियोजना प्रबंधक बिहान श्री विनोद राठिया, क्षेत्रीय समन्वयक कु.जबीं कौशर, पूनम मांझी, श्री रितेश मिश्रा ,श्री मनोज सोनी, सभी बैंकों से ब्रांच मैनेजर , पीआरपी, एफएलसीआपी सहित बिहान की 290 महिलाएं उपस्थित रही ।  कार्यक्रम में आए अतिथियों ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया और बैंक अधिकारियों ने समूहों को वित्तीय साक्षरता एवं बैंकिंग प्रक्रियाओं की जानकारी प्रदान की।

और भी

योग मित्रों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण : हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष योग कार्यक्रम से मिल रहे सकारात्मक परिणाम

जशपुरनगर, 16 नवंबर 2025/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देशन में शिशु मृत्यु दर एवं मातृ मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से जशपुर जिले में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में गर्भवती महिलाओं हेतु विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ योग आयोग, यूनिसेफ तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में क्रियान्वित हो रहा है। कार्यक्रम के प्रभावी संचालन हेतु परियोजना में कार्यरत योग मित्रों की एक दिवसीय समीक्षा बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन विगत दिवस वशिष्ठ कम्युनिटी हॉल, जशपुर में किया गया।
    इसमें छत्तीसगढ़ योग आयोग के वरिष्ठ मास्टर ट्रेनरों ने योग मित्रों को गर्भावस्था की तीनों तिमाहियों के अनुसार उपयुक्त योगाभ्यास का प्रशिक्षण प्रदान किया, ताकि वे गर्भवती महिलाओं को और अधिक प्रभावी तरीके से योगाभ्यास करा सकें। इस विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम को शुरू हुए लगभग तीन वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं। कार्यक्रम के माध्यम से हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं को भी सुरक्षित एवं सामान्य प्रसव में उल्लेखनीय सहायता मिल रही है, जिससे जशपुर जिले की अनेक महिलाओं को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हुआ है। वर्तमान में यह कार्यक्रम जिले के 50 उप-स्वास्थ्य केंद्रों में सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। समीक्षा बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा, छत्तीसगढ़ योग आयोग रायपुर से श्री रविकांत कुंभकार, राज्य परियोजना समन्वयक डॉ. ज्योति साहू, मास्टर ट्रेनर श्रीमती रश्मी पटेल तथा जिला योग समन्वयक श्री अशोक कुमार यादव उपस्थित रहे।

और भी

नाबालिक छात्रा के साथ के साथ दुष्कर्म करने वाला व्याख्याता गिरधारी राम यादव निलंबित 

जशपुर 16 नवम्बर 25/ शिक्षा विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार सरगुजा कमिश्नर श्री नरेन्द्र कुमार दुग्गा ने प्रतिवेदन के आधार पर श्री गिरधारी राम यादव, व्याख्याता को किया  निलंबित 

विभाग से मिली जानकारी अनुसार विद्यालय में अध्ययनरत  नाबालिक छात्रा के साथअमर्यादित एवं अशोभनीय कृत्य किया गया है, जिसके कारण श्री यादव के विरूद्ध पुलिस थाना जशपुर जिला जशपुर में भारतीय न्याय संहिता की धारा, 74, 75 64(2) (m), 65(1), 6, 8 के तहत प्रथम सूचना दर्ज किया गया है।

श्री यादव का उक्त कृत्य छ.ग. सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के सर्वथा विपरीत है। अतएव पूर्ण विचारोपरान्त श्री गिरधारी राम यादव, व्याख्याता जशपुर जिला जशपुर को छ०ग० सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 (1) (क) के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाता है। निलंबन अवधि में उन्हे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी तथा उनका मुख्यालय कार्यालय संयुक्त संचालक, शिक्षा, सरगुजा संभाग, अम्बिकापुर नियत किया जाता है।

"यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा'

और भी

बिलासपुर शहर में स्थापित होगी भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा,मुख्यमंत्री ने जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर की घोषणा

रायपुर 16 नवम्बर 2025/पुलिस परेड ग्राउंड, बिलासपुर में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस का भव्य और गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास शौर्य, बलिदान और गौरव से ओत-प्रोत है। देश की स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय वीरों का योगदान अतुलनीय और अविस्मरणीय रहा है, किंतु इतिहास के पन्नों में उन्हें वह सम्मान नहीं मिला, जिसके वे वास्तविक रूप से अधिकारी थे।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर बिलासपुर में भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा की स्थापना तथा शहर के एक प्रमुख चौक का नाम भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर करने की घोषणा की। उन्होंने लाल खदान ओवरब्रिज का नामकरण शहीद वीर नारायण सिंह के नाम पर करने, जनजातीय बालक-बालिकाओं के लिए 300 और 200 सीटर के अत्याधुनिक पोस्ट-मैट्रिक छात्रावास की स्थापना तथा कोटा ब्लॉक में जनजातीय समाज के लिए सामुदायिक भवन के निर्माण की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने इस ऐतिहासिक उपेक्षा को सुधारा है और जनजातीय समाज के सम्मान, उत्थान एवं विकास के लिए अभूतपूर्व कार्य किए हैं। वे स्वयं भगवान बिरसा मुंडा की कर्मभूमि में गए और समाज की प्रगति के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाने के निर्णय ने पूरे देश में स्वाभिमान और गर्व की नई चेतना जगाई है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने मध्यप्रदेश के जबलपुर में रानी दुर्गावती संग्रहालय और रायपुर में शहीद वीर नारायण सिंह ट्राइबल म्यूजियम का उद्घाटन कर देशभर के जनजातीय वीरों और नायकों के योगदान को सम्मानित किया है। यह संग्रहालय डिजिटल स्वरूप में भी उपलब्ध है, ताकि नई पीढ़ी अपने इतिहास से बेहतर ढंग से परिचित हो सके।

पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी ने ही झारखंड और छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण कर जनजातीय समाज को नई पहचान दी। उन्होंने आदिम जाति कल्याण मंत्रालय की स्थापना कर जनजातीय विकास हेतु विशेष बजट प्रावधान सुनिश्चित किए। 

मुख्यमंत्री ने बताया कि धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना के माध्यम से लगभग 80 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि से देश के 6,600 से अधिक गांवों में तीव्र विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसके साथ ही विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए पीएम जनमन योजना चलाई जा रही है, जिसके अंतर्गत सड़क, आवास और मूलभूत सुविधाओं का तीव्र विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ देश में प्रथम स्थान पर है तथा इस उपलब्धि के लिए राज्य को राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया गया है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री साय ने बिलासपुर जिले में 329 करोड़ 77 लाख रुपए से अधिक के विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास पर जनता को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में जनजातीय समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले कलाकारों, समाजसेवियों तथा स्कैच तैयार करने वाली दीपिका ध्रुव को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने समाज के प्रमुख जनप्रतिनिधियों से चर्चा की और उनकी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने की। उन्होंने कहा कि आज का दिन बिलासपुर के लिए सौभाग्य और सम्मान का दिन है, जब 329 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा को स्वतंत्रता आंदोलन के महा-नायक बताते हुए नवा रायपुर स्थित ट्राइबल म्यूजियम की विशेषताओं का उल्लेख किया और सभी से उसे अवश्य देखने की अपील की।

इस अवसर पर विधायक श्री धरमलाल कौशिक, श्री अमर अग्रवाल, श्री धर्मजीत सिंह, श्री सुशांत शुक्ला, श्री दिलीप लहरिया, श्री अटल श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष श्री राजा पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, जनजातीय समाज के श्री हेमंत राज, श्री वीरेंद्र सिंह राज, श्री उमेश कश्यप, श्रीमती वंदना उइके, श्री वेद सिंह मरकाम, संभाग आयुक्त श्री सुनील जैन, आईजी श्री संजीव शुक्ला, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, एसएसपी श्री रजनेश सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

और भी

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश के किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का सिलसिला शुरू,खरीदी केन्द्रों में किसानों को फूल-माला पहनाकर किया गया स्वागत

रायपुर 15 नवम्बर 2025/छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महाअभियान आज से औपचारिक रूप से शुरू हो गया है। यह अभियान राज्य के सभी जिलों में 31 जनवरी तक चलेगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में धान खरीदी के लिए सम्पूर्ण चाक-चौबंद और पारदर्शी व्यवस्था की गई है।

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए इस साल राज्य में 2739 धान खरीदी केंद्र बनाए गए हैं, जहां किसानों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं, भुगतान की सुविधा सुगम बनाने हेतु माइक्रो एटीएम भी स्थापित किए गए हैं। खरीदी के पहले दिन प्रदेश में 18639 क्विंटल धान की खरीदी की गई।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के सभी किसानों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि किसानों की मेहनत से ही प्रदेश में समृद्धि और खुशहाली का वातावरण निर्मित हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेती-किसानी को बढ़ावा देने के लिए निष्ठा, संवेदनशीलता और सजगता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि धान खरीदी को पूरी तरह व्यवस्थित, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा। किसानों की किसी भी प्रकार की असुविधा को रोकने के लिए सभी जिलों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। इस वर्ष धान खरीदी को तकनीक-सक्षम बनाते हुए तुँहर टोकन ऐप, जीपीएस आधारित परिवहन, सतर्क ऐप और कमांड-एंड-कंट्रोल सेंटर जैसी व्यवस्थाएँ मजबूत की गई हैं।

धान खरीदी के पहले दिन राज्यभर के खरीदी केंद्रों में किसानों का स्वागत फूल-मालाओं के साथ किया गया। विभिन्न जिलों में मंत्रिगणों, सांसदों, विधायकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने धान खरीदी का विधिवत् शुभारंभ किया। उपमुख्यमंत्री श्री अरूण साव ने बिलासपुर जिले के सेंदरी धान खरीदी केंद्र में खरीदी की शुरुआत की, वहीं उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कबीरधाम जिले के महाराजपुर धान खरीदी केंद्र में धान खरीदी का शुभारंभ किया।

इसी प्रकार, खाद्य मंत्री श्री दयालदास बघेल ने सूरजपुर जिले के चंद्रपुर धान खरीदी केंद्र में विधि-विधान के साथ खरीदी प्रारंभ की और किसानों का फूल-मालाओं से अभिनंदन किया। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री श्री रामविचार नेताम ने बलरामपुर जिले के डौरा-कोचली धान खरीदी केंद्र में पहुँचकर किसानों का आत्मीय स्वागत करते हुए खरीदी प्रक्रिया की शुरुआत की।

सहकारिता मंत्री श्री केदार कश्यप ने बस्तर जिले के पल्ली धान खरीदी केंद्र में पूजा-अर्चना कर खरीदी अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। इसी क्रम में राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने कांकेर जिले के मालगांव धान खरीदी केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और किसानों द्वारा लाए गए धान की पारंपरिक रीति से पूजा-अर्चना कर खरीदी का आरंभ किया। कौशल विकास मंत्री श्री गुरू खुशवंत साहेब ने महासमुंद जिले के झालखमरिया धान खरीदी केंद्र में धान खरीदी की औपचारिक शुरुआत की।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि हर किसान बिना किसी परेशानी के अपना धान बेच सके, समय पर भुगतान पाए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं सम्मानजनक हो। आज प्रदेशभर में जिस उत्साह और विश्वास के साथ किसानों ने खरीदी केंद्रों का रुख किया, वह छत्तीसगढ़ की कृषि-आधारित अर्थव्यवस्था की मजबूती का प्रतीक है। आगामी दिनों में खरीदी प्रक्रिया और अधिक सुगमता के साथ चले, इसके लिए सभी जिला प्रशासन सतर्क और प्रतिबद्ध हैं। 

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा है कि सरकार का ध्येय केवल धान खरीदना नहीं, बल्कि किसान के श्रम का सम्मान सुनिश्चित करना है और यही भावना इस पूरे अभियान की सबसे बड़ी शक्ति है।

और भी