ताजा खबरें


बड़ी खबर

नवंबर में डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र के लिए विशेष अभियान: अब पेंशनर  किसी भी बैंक में जमा कर सकेंगे DLC

रायपुर, 18 नवंबर 2025/ राज्य शासन द्वारा पेंशनरों की सुविधा के लिए नवंबर माह में डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र (Digital Life Certificate-DLC) जमा करने हेतु विशेष अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के अंतर्गत पेंशनरों को अब जीवन प्रमाणपत्र जमा करने के लिए अपने मूल बैंक शाखा में जाने की आवश्यकता नहीं होगी। वे किसी भी बैंक में जाकर या घर बैठे "Jeevan Pramaan" मोबाइल ऐप एवं वेबसाइट https://jeevanpramaan.gov.in के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा कर सकते हैं।

भारत सरकार के कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय, पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग, नई दिल्ली तथा संचालनालय, पेंशन एवं भविष्य निधि, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार यह सुविधा राज्य के सभी पेंशनरों के लिए उपलब्ध कराई गई है।

संचालक, पेंशन एवं भविष्य निधि, छत्तीसगढ़, रायपुर, श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने सभी बैंकों एवं जिला कोषालयों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बैंक अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में निर्देश दिए कि नवंबर माह में पेंशन वितरण की तिथि से पूर्व अधिकतम संख्या में पेंशनरों के डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र प्राप्त किए जाएं, ताकि किसी भी पेंशनर की पेंशन बाधित न हो।

इन निर्देशों के पालन में भारतीय स्टेट बैंक सहित अन्य बैंकों द्वारा "डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र मिशन 4.0" (Digital Life Certificate Mission 4.0) के अंतर्गत विभिन्न शहरों में विशेष कैम्प आयोजित किए जा रहे हैं। इन कैम्पों में फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक के माध्यम से पेंशनरों से डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र प्राप्त किए जाएंगे।

भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार अब सभी बैंक अपनी शाखाओं में आने वाले प्रत्येक पेंशनर का डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जनरेट करने के लिए उत्तरदायी होंगे, चाहे पेंशनर का खाता किसी भी बैंक या शाखा में हो।

सभी पेंशनरों से अपील की गई है कि वे इस सुविधा का लाभ उठाकर समय पर अपना जीवन प्रमाणपत्र (Life Certificate) प्रस्तुत करें, ताकि उनकी पेंशन निर्बाध रूप से जारी रह सके।

और भी

मुक्तांजली वाहन की सुविधा नहीं मिलने के संबंध में जिला स्वास्थ्य विभाग ने रखा अपना पक्ष,लाफ़रवाही नही बल्कि सम्पर्क नही होने से हुआ 

जशपुरनगर 18 नवम्बर 2025/  सिंगीबहार निवासी श्री मुकेश नायक के नवजात शिशु के शव को घर तक लाने हेतु मुक्तांजली वाहन की सुविधा नहीं मिलने के संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार  17 नवम्बर 2025 को सुबह 09 बजे श्री कुंदन राजपूत एवं श्री मुकेश नायक का फोन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जशपुर को प्राप्त हुआ तथा तत्काल जिला प्रबंधक मुक्ताजंली वाहन को इसकी सूचना देते हुए वाहन भेजने हेतु निर्देशित किया गया।
           जिला प्रबंधक के द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र फरसाबहार लोकशन पर उपलब्ध वाहन को सूचना दी गई व वाहन रवाना करने के निर्देश दिये गये, किन्तु मुक्तांजली वाहन कर्मचारी फरसाबहार के द्वारा लोकेशन पता करने एवं अन्य आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए श्री मुकेश नायक को फोन किये जाने पर श्री मुकेश नायक के द्वारा फोन रिसीव नहीं किया गया, इसकी सूचना कर्मचारी के द्वारा तत्काल उच्च अधिकारियों को दिया गया। तत्पश्चात स्वयं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जशपुर के द्वारा कॉल बैक करते हुए श्री मुकेश नायक को फोन रिसीव करने को कहा गया। जिस दौरान स्वयं श्री मुकेश नायक के द्वारा नेटवर्क में नहीं होने के कारण बात नहीं हो पाने की जानकारी दिया गया। तत्पश्चात पुनः मुक्तांजली वाहन कर्मचारियों के द्वारा फोन किया गया, किन्तु श्री मुकेश नायक के द्वारा फोन रिसीव नहीं किया गया। जिससे सम्पर्क नहीं हो सका।
         घटना स्वास्थ्य विभाग अथवा मुक्तांजली वाहन की लापरवाही से नहीं बल्कि संबंधित से सम्पर्क नहीं होने की वजह से हुआ है।

और भी

कलेक्टर की पहल से अब कन्या भ्रूण हत्या पर कसेगी नकेल : अवैध भ्रूण जांच की साक्ष्य सहित सूचना देने वाले को मिलेगा इनाम,बालिका लिंगानुपात में होगी सुधार

जशपुरनगर 18 नवम्बर 2025/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने जिले में बालिका लिंगानुपात में सुधार तथा अवैध भ्रूण परीक्षण एवं भ्रूण हत्या रोकने हेतु विशेष अभियान प्रारंभ किया है। इस अभियान के अंतर्गत पत्थलगांव एवं कुनकुरी विकासखण्ड में यदि कोई व्यक्ति साक्ष्य सहित अवैध रूप से हो रहे भ्रूण जांच अथवा भ्रूण हत्या की जानकारी प्रशासन को देता है, तो उसे जिला प्रशासन की ओर से उचित इनाम दिया जाएगा। यह पहल समाज में बेटियों के संरक्षण और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण साबित होगी। कलेक्टर श्री व्यास ने बताया कि अवैध भ्रूण जांच रोकथाम एवं पीसीपीएनडीटी  अधिनियम का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने जिला प्रशासन ने विशेष कार्य योजना लागू की है। इसके अंतर्गत अवैध भ्रूण परीक्षण की सूचना देने वाले व्यक्ति को संबंधित गतिविधि का साक्ष्य प्रस्तुत करना आवश्यक होगा, जैसे– ऑडियो, वीडियो, फोटो, दस्तावेज़ या अन्य प्रमाण। प्रशासन द्वारा साक्ष्य की सत्यता की पुष्टि कर संबंधित सोनोग्राफी सेंटर पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी और उन्हें जिला प्रशासन द्वारा उचित इनाम प्रदान किया जाएगा।

     कलेक्टर श्री व्यास ने कहा कि अवैध भ्रूण जांच केवल कानूनन अपराध ही नहीं, बल्कि सामाजिक संतुलन और मानवता के लिए भी खतरा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी स्थान पर ऐसी गतिविधि के होने का संदेह हो, तो साक्ष्य सहित प्रशासन को सूचित करें, ताकि कानून के तहत त्वरित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रूण हत्या, अवैध सोनोग्राफी केंद्र, दलाल और इसमें सम्मिलित चिकित्सकों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा निगरानी एवं औचक निरीक्षण किया जाएगा। सभी निजी एवं सरकारी सोनोग्राफी केंद्रों को नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में बेटियों के सम्मान और सुरक्षा के लिए यह प्रशासन की एक सशक्त एवं प्रभावी पहल है।

और भी

नशा मुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ के अवसर पर शपथ समारोह का हुआ आयोजन

जशपुरनगर 18 नवम्बर 2025/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देशानुसार जशपुर जिले में नशा मुक्त भारत अभियान के 5 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आज व्यापक स्तर पर शपथ समारोह का आयोजन किया गया।
            शपथ समारोह में जनप्रतिनिधियों, विषय विशेषज्ञों, स्कूल, महाविद्यालय, स्वेच्छिक संस्थाएं और धार्मिक संगठनों के नागरिकों को अधिक से अधिक संख्या में शामिल करते हुए व्यापक स्तर पर नशे के विरूद्व ऑनलाईन और ऑफलाईन शपथ कार्यक्रम कराया गया।

और भी

जिले के विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा परिवारों को मिल रहा जल जीवन मिशन का लाभ 

जशपुरनगर 18 नवम्बर 2025/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने दूरस्थ अंचलों के लोगों तक भी जल जीवन मिशन योजना के तहत शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

इसी कड़ी में जशपुर जिले में विशेष पिछड़ी जनजातियों में बिरहोर एवं पहाड़ी कोरवा निवास करती है। जिले के 94 ग्रामों में विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय के लोग निवासरत् है। सम्पूर्ण जिले में नल जल प्रदाय के साथ-साथ इन 94 ग्रामों के विशेष पिछड़ी जनजाति के बसाहटों के कुल 36183 घरेलू नल कनेक्शन स्वीकृति किया गया है।
इनमें से 28 हजार से अधिक नल कनेक्शन के कार्यों को पूर्ण कर लिया गया है।

 मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के दिशा-निर्देश में विशेष पिछड़ी जनजाति के लोगों को केन्द्र और राज्य शासन की सभी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत देने का सार्थक प्रयास किया जा रहा है।

और भी

जिले भर में हड़कंप कुनकुरी राजस्व टीम ने 2 वाहन में 423 बोरा अवैध धान किया जप्त ,सीमाओं पर ताबड़तोड़ अभियान जारी

कुनकुरी राजस्व टीम ने 2 वाहन में 423 बोरा अवैध धान किया जप्त 

जशपुर 18 नवंबर 25/ कुनकुरी एसडीएम नंद जी पांडे के निर्देशन में  तहसीलदार कुनकुरी के नेतृत्व में गठित उड़नदस्ता टीम ने रात्री गश्त के दौरान ग्राम हर्राडाड़ में 2 ट्रकों में भरी 423 बोरी अवैध धान को पकड़ा गया है।

राजस्व विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जांच के दौरान पकड़े गए ट्रक JH 07 K 6124 व CG 14 MQ 7244 में भारी मात्रा में धान लदा हुआ पाया गया। 

वाहन चालकों द्वारा कोई वैध दस्तावेज़ प्रस्तुत नहीं किए जाने पर दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया एवं थाना कुनकुरी को सुपुर्द किया गया। उक्त कार्यवाही में तहसीलदार कुनकुरी नायब तहसीलदार एवं पुलिस विभाग टीम शामिल थी।

और भी

जशपुर राजस्व टीम की कार्यवाही साईंटागर बैरियर के पास अवैध धान परिवहन करते हुए पिकअप वाहन से 60 बोरी अवैध धान जप्त

जशपुरनगर 18  नवंबर 2025/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देशानुसार जिले में अवैध धान के आवागमन पर कड़ी निगरानी रखने जिला प्रशासन द्वारा सतत कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में राजस्व विभाग की टीम ने विगत देर रात झारखंड सीमा पर स्थित विभिन्न चेकपोस्टों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। राजस्व टीम में तहसीलदार  जयश्री राजनपथे, नायब तहसीलदार अरुण कुमार, फूड इंस्पेक्टर निरीक्षक, राजस्व  एवं पटवारी शामिल रहे। टीम ने जशपुर विकास खंड के ग्राम साईंटागर बैरियर के पास अवैध धान परिवहन करते हुए पिकअप वाहन JH01FW 7832 वाहन से 60 बोरी अवैध धान जप्त कर लोदाम थाने में सुपुर्द किया गया।
चेकपोस्टों का निरीक्षण किया, जो झारखंड राज्य से लगे हुए सीमावर्ती बैरियर हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने चेकपोस्टों पर तैनात सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी तंत्र तथा वाहनों की जांच प्रक्रिया को बारीकी से परखा। अवैध धान परिवहन रोकने के लिए आवश्यक निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

और भी

कोंडागांव में गाड़ा समाज बूढ़ादेव महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री,127 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास:100 सीटर छात्रावास और पहुंच मार्ग की घोषणा 

रायपुर, 17 नवम्बर 2025/ बस्तर में नक्सलवाद तेजी से समाप्ति की ओर अग्रसर है। ‘नियद नेल्लानार योजना’ के तहत अंदरूनी क्षेत्रों के ग्रामीणों को शासन की मूलभूत योजनाओं से तेजी से जोड़ा जा रहा है। प्रदेश के अन्य हिस्सों की तरह बस्तर को भी विकास की नई ऊँचाइयों तक पहुंचाना है। प्रदेश सरकार ने लगभग दो वर्षों की अल्पावधि में ही अधिकांश गारंटियों को पूरा कर लिया है तथा छत्तीसगढ़ को समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री श्री साय ने आज कोण्डागांव में गाड़ा समाज द्वारा आयोजित बूढ़ादेव महोत्सव को संबोधित करते हुए यह बात कही।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर 127 करोड़ रुपए के 61 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। उन्होंने कोनगुड़ से धनोरा मार्ग निर्माण हेतु 90 लाख रुपए, केशकाल से विश्रामपुरी मार्ग के लिए 39 करोड़ रुपए, तथा ग्राम कुधूर में अनुसूचित जनजाति बालिका 100 सीटर छात्रावास के लिए 2.71 करोड़ रुपए की घोषणा की। उन्होंने बहुउद्देशीय केंद्र, दिव्यांग सेंटर और कोचिंग सेंटर संचालित करने हेतु 1.5 करोड़ रुपए प्रदाय करने की बात कही।मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम में कॉफी टेबल बुक (Journey of Dignity: Story of NRLM Kondagaon), प्रारम्भिक बाल्यावस्था देखभाल पुस्तिका, उच्च जोखिम गर्भावस्था हेतु हेल्पलाइन नंबर, हेलमेट बैंक तथा सुपोषित विकास चार्ट का भी विमोचन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेश भर में रजत महोत्सव मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्राकृतिक संसाधनों की कमी नहीं है, यहां की मिट्टी अत्यंत उर्वरा है। प्रदेश में 18 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं। किसानों से 15 नवम्बर से धान खरीदी शुरू कर दी गई है। महतारी वंदन योजना, तेंदूपत्ता संग्राहक कल्याण योजनाएँ और चरण पादुका योजना के तहत लगातार हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक अच्छा किसान, व्यवसायी, जनसेवक या राजनेता बनने के लिए उत्तम शिक्षा अनिवार्य है। इसलिए सभी लोग बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दें।

विधायक सुश्री लता उसेंडी ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के आगमन पर पारम्परिक वाद्ययंत्र मोहरी का सामूहिक वादन कर आत्मीय स्वागत किया गया।मुख्यमंत्री श्री साय ने बूढ़ादेव की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना भी की।

कार्यक्रम में वन मंत्री श्री केदार कश्यप, स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव, सांसद श्री महेश कश्यप, सांसद श्री भोजराज नाग, विधायक श्री नीलकंठ टेकाम, कांकेर विधायक श्री आशाराम नेताम, छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री भरत मटियारा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, श्री कमलचंद्र भंजदेव, पूर्व सांसद श्री मोहन मण्डावी, पूर्व विधायक श्री शिशुपाल शोरी तथा गांडा समाज के पदाधिकारी श्री प्रदीप कुलदीप, डॉ. किरण बघेल और श्री अशोक चौहान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य जन उपस्थित थे।

और भी

शासकीय जगतु माहरा बस्तर हाईस्कूल के शताब्दी वर्ष समारोह कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हुए शामिल,शिक्षा के बिना जीवन अधूरा — सीएम श्री साय

रायपुर 17 नवंबर 2025/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज जगदलपुर में शासकीय जगतु माहरा बस्तर हाईस्कूल के शताब्दी वर्ष समारोह कार्यक्रम में आज  शामिल हुए। बस्तर हाईस्कूल के शताब्दी समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने विद्यालय परिवार को शताब्दी वर्ष की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही विकास का मूलमंत्र है, शिक्षा के बिना जीवन अधूरा है। भारत में प्राचीन काल से ही शिक्षा का अत्यधिक महत्व रहा है। नालंदा और तक्षशिला जैसे प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में विदेशों से विद्वान ज्ञानार्जन के लिए आते थे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में बस्तर हाईस्कूल तथा कांकेर के नरहरदेव विद्यालय जैसे संस्थान शिक्षा के महत्वपूर्ण केंद्र रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 1926 में जब इस विद्यालय का निर्माण हुआ होगा, तब संसाधनों का अत्यधिक अभाव रहा होगा, लेकिन पिछले सौ वर्षों की विकास यात्रा में इस विद्यालय ने अनगिनत होनहार छात्र-छात्राओं को तैयार किया है जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देकर विद्यालय का नाम रोशन किया है। आज उनमें से अनेक पूर्व छात्र इस समारोह में सम्मिलित हुए हैं। उन्होंने संस्था के निरंतर प्रगति के लिए शुभकामनाएँ व्यक्त कीं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने राज्य गठन के पच्चीस वर्ष पूर्ण होने पर सभी को बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने जगतु माहरा बस्तर हाईस्कूल के जीर्णोद्धार हेतु डेढ़ करोड़ रुपए तथा पोस्ट-मैट्रिक छात्रावास भवन निर्माण की घोषणा की। साथ ही विद्यालय की अन्य सभी आवश्यकताओं को प्राथमिकता से पूरा करने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस कार्यक्रम में शैलेंद्र सिंह ठाकुर द्वारा विद्यालय को प्रदान किए गए दो ड्रोन टोकन स्वरूप प्रदान किए, साथ ही शैलेंद्र सिंह ठाकुर द्वारा विद्यालय को 50 ड्रोन उपलब्ध कराने की सहमति भी दी गई, जिससे तकनीकी शिक्षा को और प्रोत्साहन मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने जगतु माहरा शासकीय बहुउद्देश्यीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जगदलपुर में शताब्दी समारोह पट्टिका का अनावरण किया। उन्होंने स्वर्गीय ठाकुर देवेन्द्र सिंह और स्वर्गीय श्रीमती शारदा ठाकुर की स्मृति में निर्मित दो स्मार्ट क्लासों का लोकार्पण भी किया। मुख्यमंत्री ने विद्यालय परिसर में 'एक पेड़ मां के नाम' अंतर्गत परिजात प्रजाति के पौधे का रोपण किया।

शताब्दी समारोह के ध्वजारोहण के साथ विद्या-दायिनी मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की स्मारिका का भी विमोचन किया गया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने छत्तीसगढ़ बेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्री श्रीनिवास राव मद्दी के पिता की स्मृति में आयोजित न्योता भोज कार्यक्रम में स्कूली विद्यार्थियों को भोजन परोसा। इसके अलावा जगतु माहरा बस्तर हाईस्कूल के वे सात पूर्व छात्र, जो पुलिस और सुरक्षा बल में सेवा के दौरान शहीद हुए, उनके छायाचित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने विद्यालय के शताब्दी समारोह के लिए बधाई देते हुए कहा कि आजादी से पहले 1926 में आरंभ हुए इस ऐतिहासिक विद्यालय के लिए यह दिन अत्यंत गौरवशाली है। पूर्व शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा पूर्व छात्रों के लिए यह यादगार लम्हा है। उन्होंने कहा कि इस संस्था से शिक्षा पाकर अनेक छात्र-छात्राएँ विभिन्न सेवाओं के माध्यम से समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने वर्तमान में अध्ययनरत विद्यार्थियों को वरिष्ठजनों से सीखने का आग्रह किया और विद्यालय की सभी आवश्यकताओं को पूरा करने का भरोसा दिलाया।

विद्यालय के पूर्व छात्र और विधायक जगदलपुर श्री किरण देव ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि अविभाजित बस्तर जिले में बस्तर हाईस्कूल और कांकेर का नरहरदेव हाईस्कूल ही प्रमुख शिक्षा संस्थान थे, जहाँ समूचे अंचल के विद्यार्थी अध्ययन करते थे। उन्होंने बताया कि इस संस्था के पूर्व छात्र आज आईएएस, डॉक्टर, इंजीनियर, प्राध्यापक, सफल व्यवसायी और उद्यमी के रूप में समाज की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने पुराने शिक्षक-शिक्षिकाओं के योगदान को नमन किया और विद्यालय के जीर्णोद्धार तथा अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति का अनुरोध किया। कार्यक्रम के आरंभ में विद्यालय के प्राचार्य श्री बी.एस. रामकुमार ने प्रतिवेदन के माध्यम से स्कूल के गौरवशाली इतिहास से अवगत कराया।

इस अवसर पर वन मंत्री श्री केदार कश्यप, सांसद (बस्तर) श्री महेश कश्यप, विधायक (चित्रकोट) श्री विनायक गोयल, छत्तीसगढ़ बेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्री श्रीनिवास राव मद्दी, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रूपसिंह मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप, महापौर श्री संजय पाण्डे, कमिश्नर श्री डोमन सिंह, आईजी श्री सुंदरराज पी., कलेक्टर श्री हरिस एस., पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा सहित विद्यालय के पूर्व तथा वर्तमान छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।

और भी

नशे की हालत में गाड़ी चलाना पड़ा महंगा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने किया हाइवे पैट्रोलिंग वाहन के चालक आरक्षक विकाश टोप्पो को निलंबित


    जशपुर 17 नवम्बर 2025 : लोरो घाट जशपुर के पास हाइवे पैट्रोलिंग वाहन के चालक आरक्षक विकास टोप्पो के द्वारा एक स्कूटी चालक व्यक्ति से दुर्घटना कारीत किया गया था। मामले में पुलिस के द्वारा आरोपी आरक्षक के खिलाफ थाना दुलदुला में बी एन एस की धारा 281,128(a ) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया  ।
       मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि दिनांक 15.11.25को प्रार्थी कल्याण केरकेट्टा, निवासी खूंटी टोली थाना दुलदुला में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उक्त दिनांक को शाम करीबन 06.30बजे उसके भतीजे ने फोन कर बताया कि, प्रार्थी  का बड़ा भाई, घायल  सिल्बेरियूश केरकेट्टा, उम्र 45 वर्ष,लोरो बाजार से, खरीदारी कर, स्कूटी से वापस आ रहे थे, तभी रास्ते में कमरेगा पुलिया के पास वाहन क्रमांक Cg03- 8574 के द्वारा  आहत सिल्बेरियूस एक्का को ठोकर मार दिया गया है, जिससे उनका दाहिना पैर, घुटने से टूटकर अलग हो गया है , जिस पर प्रार्थी के द्वारा तत्काल घटना स्थल जाकर देखा तो पाया कि, उक्त अर्टिगा वाहन क्रमांक Cg03- 8574 की ठोकर से,   आहत सिल्बेरियूस केरकेट्टा , का दाहिना टांग, घुटने के पास से कटकर अलग हो गया। उसके आहत पिता को ईलाज हेतु शासकीय अस्पताल जशपुर लाया गया, फिर घायल  की स्थिति को गंभीर देखते हुए, उसे अग्रिम इलाज हेतु, अंबिकापुर भेजा गया है।
      मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाही करते हुए, उक्त वाहन चालक के विरुद्ध बी एन एस की धारा 281,128(a ) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच विवेचना में लिया गया है ।
      पुलिस की विवेचना में पता चला कि घटना के समय उक्त शासकीय हाइवे पैट्रोलिंग अर्टिगा वाहन को, ड्यूटी में लगा आरक्षक विकास टोप्पो, चला रहा था, पुलिस के द्वारा , शराब सेवन के शक में, उसका डॉक्टर से मुलाहिजा भी कराया गया है, मामले में कार्यवाही करते हुए पुलिस के द्वारा, आरोपी आरक्षक विकास टोप्पो को गिरफ्तार कर, विधि सम्मत कार्यवाही की जा रही है व  अर्टिगा वाहन क्रमांकCg03- 8574 को भी पुलिस के द्वारा जप्त किया गया है।मामले में पुलिस की जांच जारी है। 
    साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने, प्रथम दृष्टिया मामले में उक्त आरक्षक की संलिप्तता के मद्देनजर, आरक्षक विकास टोप्पो को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस बीच उसे केवल जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी।मामले में पुलिस की जांच जारी है, उसके विरुद्ध विभागीय जांच भी संस्थित की जावेगी।
  मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून सभी के लिए बराबर है, लोरो घाट के पास, दुर्घटना कारित करने वाले आरोपी आरक्षक के विरुद्ध एफ आई आर दर्ज किया गया है, उसे गिरफ्तार कर विधि सम्मत कार्यवाही की जा रही है।

और भी

रायगढ़ में सीसीटीवी में कैद हुए कचरा फैलाने वाले, नगर निगम ने 6 दुकानों पर  कड़ी कार्रवाई करते हुए 20 हजार का  लगाया  जुर्माना 

रायगढ़, 17 नवम्बर 2025 स्वच्छ रायगढ़, स्वस्थ रायगढ़ के संकल्प के साथ शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने और स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 में बेहतर प्रदर्शन के लक्ष्य के साथ नगर पालिक निगम रायगढ़ अब और अधिक सतर्क व सख्त हो गया है। मुख्य मार्गों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में फैले कचरे की पहचान अब आधुनिक तरीके से की जा रही है। कचरे में मौजूद संस्था का लेबल, पैकिंग सामग्री और सीसीटीवी फुटेज देखकर कचरा फैलाने वाले दुकानदारों और प्रतिष्ठानों के विरुद्ध तुरंत कार्रवाई की जा रही है।
नगर निगम टीम में सोमवार को 17 नवम्बर 2025 को निगम टीम ने वार्ड क्रमांक 20 गद्दी चौक और 19 सुभाष चौक में विशेष अभियान चलाया। मौके पर मिले कचरे में विभिन्न दुकानों के पैकिंग लेबल और सामग्री के साथ सीसीटीवी से मिली पुष्टि के आधार पर न्यू शर्मा बैग हाउस, न्यू संगम बाजार और अमर इंटरप्राइजेज के विरुद्ध कचरा बाहर फैलाने के 6 प्रकरण दर्ज करते हुए कुल 20 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
कार्रवाई के दौरान निगम के स्वास्थ्य अधिकारी, पीआईयू सदस्य, सफाई दरोगा और निगम कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी प्रतिष्ठानों को कचरा बाहर न फेंकने, निर्धारित गाड़ी और डस्टबिन में ही डालने और स्वच्छता नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई।

*सीसीटीवी बना निगम का सबसे प्रभावी हथियार*

स्टेशन रोड, गद्दी चौक, सुभाष चौक, मोती बाजार, लाइन बाजार जैसे मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरे अब केवल सुरक्षा ही नहीं, बल्कि स्वच्छता निगरानी का भी शक्तिशाली माध्यम बन गए हैं। कचरा कहां से आया, किस दुकान का है, कौन बाहर फेंक रहा है और सभी तथ्य कैमरे से स्पष्ट दिख रहे हैं। इसी वजह से शहर में कचरा फैलाने वालों पर तत्काल कार्रवाई संभव हो पाई है।

*स्वच्छ रायगढ़, स्वस्थ रायगढ़ के संकल्प में सभी नागरिक सहयोग दें-निगम आयुक्त*

नगर निगम आयुक्त श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय ने शहर गणमान्य नागरिकों, शहर वासियों और छोटे-बड़े सभी व्यापारियों पुनः आग्रह करते हुए कहा कि रायगढ़ की स्वच्छता व्यवस्था हमारी साझा जिम्मेदारी है। शहर के मुख्य मार्गों और बाजार क्षेत्रों में कचरा फैलाने की घटनाओं पर अब सीधे और सख्त कार्रवाई की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों और कचरे में मिले लेबल के आधार पर दोषियों की पहचान हो रही है, इसलिए कोई भी व्यक्ति या प्रतिष्ठान नियमों से बच नहीं पाएगा।
हमारा लक्ष्य  रायगढ़ शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना है, जिसमे आपके सहयोग के बिना यह संभव नही है।  इसके लिए आवश्यक है कि सभी दुकानदार, व्यापारी और नागरिक निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालें, सड़क, नाली या दुकानों के बाहर गंदगी न फैलाएँ।
नगर निगम की टीम लगातार वार्डों में निगरानी कर रही है और जहां कचरा मिलेगा, वहीं तत्काल कार्रवाई की जाएगी। स्वच्छ रायगढ़, स्वस्थ रायगढ़ के संकल्प में सभी नागरिक सहयोग दें, यही आपसे अपेक्षा है।

और भी

सीएम ने 'पंडुम कैफे' का किया शुभारंभ : पंडुम कैफे का शुभारंभ बस्तर में नक्सल उन्मूलन की दिशा में हो रहे सकारात्मक परिवर्तन का प्रेरक प्रतीक – मुख्यमंत्री 

रायपुर 17 नवम्बर 2025/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बस्तर में सामाजिक-आर्थिक बदलाव के नए अध्याय की शुरुआत करते हुए आज जगदलपुर में ‘पंडुम कैफ़े’ का शुभारंभ किया। यह कैफ़े नक्सली हिंसा के पीड़ितों और समर्पण कर चुके सदस्यों के पुनर्वास हेतु छत्तीसगढ़ सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसने हिंसा का मार्ग छोड़कर मुख्यधारा में लौटने वालों को सम्मानजनक और स्थायी आजीविका प्रदान करने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाया है। यह अनूठी पहल संघर्ष से सहयोग तक के प्रेरणादायक सफर को दर्शाती है।‘पंडुम कैफ़े’ जगदलपुर के पुलिस लाइन परिसर में स्थित है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने ‘पंडुम कैफे’   में कार्यरत नारायणपुर की फगनी, सुकमा की पुष्पा ठाकुर, बीरेंद्र ठाकुर, बस्तर की आशमती और प्रेमिला बघेल के साथ सौहार्दपूर्ण बातचीत की। उन्होंने नई शुरुआत के लिए उनका हौसला बढ़ाया और ‘पंडुम कैफ़े’ के बेहतर संचालन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि पंडुम कैफ़े का शुभारंभ बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद के उन्मूलन की दिशा में हो रहे सकारात्मक परिवर्तन का एक प्रेरक प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने श्री साय ने कहा कि पंडुम कैफे आशा, प्रगति और शांति का उज्ज्वल प्रतीक है। कैफे में कार्यरत युवा, जो नक्सली हिंसा के पीड़ित तथा हिंसा का मार्ग छोड़ चुके सदस्य हैं, अब शांति के पथ पर अग्रसर हो चुके हैं। जिला प्रशासन और पुलिस के सहयोग से उन्हें आतिथ्य सेवाओं, कैफ़े प्रबंधन, ग्राहक सेवा, स्वच्छता मानकों, खाद्य सुरक्षा और उद्यमिता कौशल का गहन प्रशिक्षण प्रदान किया गया है।

हिंसा का मार्ग छोड़कर शांति के पथ पर लौटे और कैफ़े में कार्यरत एक महिला ने इस अवसर पर भावुक होकर इस पुनर्वास पहल से हुए बदलाव की बात दोहराई। एक पूर्व माओवादी कैडर ने कहा कि,“हमने अपने अतीत में अंधेरा देखा था। आज हमें समाज की सेवा करने का यह अवसर मिला है, यह हमारे लिए एक नया जन्म है। बारूद की जगह कॉफी परोसना और अपनी मेहनत की कमाई से जीना—यह एहसास हमें शांति और सम्मान दे रहा है।”

एक अन्य सहयोगी ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि,“पहले हम अपने परिवार को सम्मानजनक जीवन देने का सपना भी नहीं देख सकते थे। अब हम अपनी मेहनत से कमाए पैसों से घर के सदस्यों का भविष्य संवार सकते हैं। यह सब प्रशासन और इस कैफ़े की वजह से संभव हुआ है।”

एक अन्य सदस्य ने समुदाय के सहयोग पर जोर देते हुए कहा कि,“हमें लगा था कि मुख्यधारा में लौटना आसान नहीं होगा, लेकिन पुलिस और जिला प्रशासन ने हमें प्रशिक्षण दिया और हमारा विश्वास जीता। सबसे बड़ी बात यह है कि हम अब पीड़ितों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं, जिससे हमें अपने अतीत के अपराधों को सुधारने और शांति स्थापित करने का अवसर मिला है।”

उन्होंने यह भी बताया कि ‘पंडुम’ बस्तर की सांस्कृतिक जड़ों को दर्शाता है, और इसकी टैगलाइन “जहाँ हर कप एक कहानी कहता है” इस बात का प्रतीक है कि यहाँ परोसी गई कॉफी सिर्फ स्वाद ही नहीं, बल्कि साहस, संघर्ष पर विजय और एक नई शुरुआत की कहानी भी अपने साथ लेकर आती है।

इस अवसर पर वन मंत्री श्री केदार कश्यप, शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव, सांसद श्री महेश कश्यप, जगदलपुर विधायक श्री किरण सिंह देव, चित्रकोट विधायक श्री विनायक गोयल, बेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्री श्रीनिवास राव मद्दी, अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रूपसिंह मंडावी, जगदलपुर महापौर श्री संजय पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वेदवती कश्यप, संभागायुक्त श्री डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक श्री सुन्दरराज पी., कलेक्टर श्री हरिस एस., पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारीगण भी उपस्थित थे।

और भी

वन खेल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ अखिल भारतीय फिर बना चैम्पियन, रचा इतिहास , मुख्यमंत्री और वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने दी बधाई 

रायपुर, 16 नवम्बर 2025/ छत्तीसगढ़ ने अखिल भारतीय वन खेल प्रतियोगिता में एक बार फिर इतिहास रच दिया है। देहरादून में हुई 28वीं अखिल भारतीय वन खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए मेडल तालिका में पहला स्थान हासिल किया है। इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ ने 150 मेडल और 578 अंक के साथ लगातार दूसरे वर्ष चैम्पियनशिप अपने नाम की है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी खिलाड़ियों और टीमों को बधाई देते हुए उन्हें भविष्य में भी ऐसे ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए बधाई और शुभकामनाएँ दी है।

उल्लेखनीय है कि 28वीं ऑल इंडिया फ़ॉरेस्ट स्पोर्ट्स मीट 12 नवम्बर से 17 नवम्बर तक देहरादून में आयोजित हुई। इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ ने 74 गोल्ड, 34 रजत, 42 कांस्य लेकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। छत्तीसगढ़ की ओर से इस प्रतियोगिता में भाग लेने 253 सदस्यों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में कई उत्कृष्ट व्यक्तिगत प्रदर्शन भी छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने किया। इनमें सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी निखिल ज़ाल्को ने तैराकी में 5 स्वर्ण, सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी संगीता राजगोपालन बैडमिंटन एवं टेनिस में 4 स्वर्ण, 1 रजत, सर्वश्रेष्ठ एथलीट महिला ओपन थोटा संकीर्तन ने 5 स्वर्ण पदक प्राप्त कर “गोल्डन गर्ल का खिताब पाया। इसी प्रकार सर्वश्रेष्ठ एथलीट (पुरुष वेटरन) सुखनंदन लाल धु्रव ने 5 स्वर्ण, सर्वश्रेष्ठ एथलीट (महिला वेटरन) चारुलता गजपाल 4 स्वर्ण ने पदक प्राप्त किया।

छत्तीसगढ़ ने लगातार 13वीं बार ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की। इस खेल-कूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह तथा उत्तराखंड के वन मंत्री श्री सुबोध उनियाल ने संयुक्त रूप से ओवरऑल चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रदान की। छत्तीसगढ़ की ओर से यह ट्रॉफी सुश्री शालिनी रैना ने ग्रहण की। अतिरिक्त मुख्य सचिव श्रीमती ऋचा शर्मा और वन बल प्रमुख श्री व्ही. श्रीनिवास राव ने सभी खिलाड़ियों को अपनी बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। 

अखिल भारतीय वन खेल-कूद प्रतियोगिता में केरल ने 31 गोल्ड लेकर द्वितीय स्थान और कर्नाटक ने 25 गोल्ड मेडल लेकर तीसरा स्थान हासिल किए। जबकि मेजबान उत्तराखंड छठे स्थान पर रहा। इस प्रतियोगिता को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए एक विशेष पहल भी की गई। इसके तहत “एक खेल-एक वन” की अवधारणा पर सभी मेडल जीतने वाले खिलाड़ी के नाम पर एक पेड़ लगाया गया, जिससे खिलाड़ियों को खेल के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश भी मिला।

और भी

जिला पंचायत सीईओ ने  जिला स्तरीय 12 शिक्षकों का किया सम्मानित , विनोबा ऐप के माध्यम से स्कूलों में नवाचारी शिक्षा को दिया जा रहा प्रोत्साहन  


 जशपुर, 17 नवम्बर 2025 
जिला कलेक्टर रोहित व्यास और मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन  में ओपन लिंक्स फाऊंडेशन (विनोबा एप) द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। यह कार्यक्रम  जिले में जिला शिक्षा अधिकारी पी के भटनागर के दिशा निर्देश और यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता के माध्यम से संचालित कराया जा रहा है । उत्कृष्ट शिक्षण कार्य के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालंन अधिकारी अभिषेक कुमार ने बोलेगा बचपन और पोस्ट ऑफ मन्थ विजेता शिक्षकों को प्रमाण पत्र एवं  उपहार देकर सम्मानित किया। इस संबंध में अभिषेक कुमार  ने कहा विनोबा एप शिक्षकों के लिए सीखने और प्रेरणा के लिए बहुत अच्छा प्लेटफार्म है। सभी शिक्षकों को बधाई संदेश के साथ भविष्य में और बड़ी उपलब्धि के लिए  प्रेरित किए । ओपन लिंक्स फाउंडेशन के प्रोग्राम मैनेजर अज़हर शेख ने बताया विनोबा एप मे बोलेगा बचपन एक क्लब है जिसमे बोलेगा बचपन के अंतर्गत शासकीय विद्यालयों में कविता, कहानी वाचन  और बच्चों के आत्मविश्वास स्तर को बढ़ाने का कार्य किया जाता है। इस क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाता है विनोबा के प्रोजेक्ट ऑफिसर सोमनाथ साहू  ने बताया विनोबा एप की ओर से जिले मे शिक्षकों द्वारा नवाचार को साझा करने, अन्य शिक्षकों से सीखने तथा दस्तावेजीकरण हेतु एप जिले के शिक्षकों के लिए बनाया गया है । उल्लेखनीय है कि विनोबा भावे की टीम जिले में शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ाने के लिए एफएलएन,  जवाहर नवोदय, जेईई , नीट जैसे प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में सहयोग के साथ दैनिक उपस्थिति का डाटा कलेक्शन का कार्य यशस्वी जशपुर के समन्वय में कर रही है। इस कार्यक्रम के तारतम्य में विनोबा एप में जिले के समस्त शासकीय  प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का उपस्थित दर्ज किया जाता है एवं विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों को अपलोड किया जाता है।  इस अवसर पर जिला स्तरीय विजेता हुई प्राथमिक शाला होंगरोटोली के श्रीमति प्रिया गुप्ता, प्राथमिक कन्या आश्रम कांसाबेल के श्रीमति सुमन रवानी, प्राथमिक शाला पंडरीअंबा के लोकेश कुमार, प्राथमिक शाला दीपाटोली के श्रीमति आरती ओहदार,  प्राथमिक शाला रजला के वंदना माझी,  प्राथमिक शाला छिंदभर्री के श्रीमति  संतोषी डनसेना,  जिला स्तरीय बोलेगा बचपन के अंतर्गत प्राथमिक शाला दीपाटोली के लव कुमार गुप्ता,  माध्यमिक शाला दुलदुला के ललिता गुप्ता,  माध्यमिक शाला लोदाम के श्रीमती सीमा प्रधान को  उपहार वितरण कर सम्मानित किया गया। साथ ही बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाली कुलकर्णी के साथ बोलेगा बचपन कार्यक्रम में जशपुर की ओर प्रतिनिधित्व किए सेजेस बगीचा के कार्तिक कुमार सिन्हा और प्राथमिक शाला जामटोली के श्रीमती रत्ना गुरु को प्रमाण पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया । सभी विजेता शिक्षकों को यशस्वी जशपुर के सदस्य संजीव शर्मा, अवनीश पांडे ने बहुत बहुत बधाई दी है  ।

और भी

बाल दिवस के शुभ अवसर पर संकल्प शिक्षण संस्थान में मनाया गया बाल दिवस महोत्सव,पुलिस अधीक्षक ने दसवीं  के टॉपर्स बच्चों  को किया सम्मानित 

जशपुर 17 नवम्बर 2025 
बाल दिवस के शुभ अवसर पर संकल्प शिक्षण संस्थान में बहुत धूमधाम से बाल दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य विनोद गुप्ता के द्वारा नेहरू जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन और उनके उद्बोधन के द्वारा की गई  उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि हमारे देश के विद्यार्थियों में राष्ट्र प्रेम की भावना होनी चाहिए और अपने कर्तव्यों के प्रति सजग होकर कार्य करना चाहिए उन्होंने बच्चों से कहा कि नेहरू जी की लिखी किताब भारत एक खोज जरूर पढ़ें क्योंकि इससे आपके ज्ञान में वृद्धि होगी और काफी कुछ सीखने को मिलेगा। यशस्वी जशपुर के संजीव शर्मा  ने अपने उद्बोधन में कहा गया कि आज बच्चे ही हमारे भारत का भविष्य है नेहरू जी के सपनों को पूरा करते हुए बच्चों को पूरी निष्ठा और लगन से शिक्षा प्राप्त कर सफलता प्राप्त करनी चाहिए। संस्थान के शिक्षकों के द्वारा बच्चों के लिए स्वादिष्ट स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई थी ।उन्होंने अपने हाथों से बच्चों को वितरित किया और स्वल्पाहार के पश्चात सभी कक्षाओं के लिए अलग-अलग खेलों का भी आयोजन किया गया जिसमें  बच्चों को आकर्षक खेल बैलून फूलाव, दूसरे का फोड़ो अपना बचाव , जलेबी दौड़ रस्साकसी , बॉल पासिंग गेम, म्यूजिकल चेयर, और मैजिक रुकने पर ग्रुप बनाओ जैसे और भी मनोरंजन खेल कराया गया  और प्रत्येक खेल के बाद प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय आने वाले बच्चों को पुरस्कृत भी किया गया। शिक्षकों के द्वारा संस्थान के सभी बच्चों के लिए पुरस्कार की व्यवस्था की गई थी। इस कार्यक्रम का संचालन सीमा गुप्ता एवं ज्योति श्रीवास्तव के द्वारा किया गया। शिक्षक प्रभात मिश्रा और राजेंद्र प्रेमी के द्वारा गीत की प्रस्तुति दी गई। खेलों के आयोजन में अश्विनी सिंह, ममता सिन्हा मनीषा भगत,दिलीप सिंह दीपक ग्वाला, अवनीश पाण्डे ने अपनी भूमिका का निर्वहन किया। इस कार्यक्रम के अलावा शिक्षिका सीमा गुप्ता के निर्देशन पर कक्षा नवी के बच्चों ने प्लास्टिक के उपयोग के विरोध में बनाए गए अपने अपने स्लोगन का प्रदर्शन भी किया ।जिसकी सराहना सभी शिक्षक शिक्षिकाओं ने की।कार्यक्रम के पश्चात बच्चों को स्वादिष्ट भोजन के रूप में पुलाव ,मिर्ची बड़ा, चटनी, सब्जी परोसी गई। बच्चों के साथ शिक्षकों ने भी भोजन का आनंद लिया। भोजन की व्यवस्था शांति कुजूर के द्वारा की गई थी इस कार्यक्रम में संकल्प शिक्षण संस्थान के समस्त शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित थे। इस कार्यक्रम के पश्चात ज्योति श्रीवास्तव सीमा गुप्ता और दीपक महतो के द्वारा बच्चों को सिटी कोतवाली ले जाया गया । इस बार राज्य की मेरिट सूची में संकल्प शिक्षण संस्थान के 12 बच्चों ने अपना स्थान बनाया था। जिसके लिए उन्हें सम्मानित करने के लिए पुलिस विभाग के द्वारा उन्हें आमंत्रित किया गया था।जहां बाल सुरक्षा सप्ताह के तहत सिटी कोतवाली में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। यह कार्यक्रम 14 नवंबर से 20 नवंबर तक चलेगा। जिसमें इसके प्रथम दिवस 14 नवंबर को टॉपर्स बच्चों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। यह कार्यक्रम एस एस पी शशि मोहन सिंह के निर्देश के अनुसार सिटी कोतवाली में आयोजित किया गया। जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, वरिष्ठ समाजसेवी मनीजर राम ,अतिरिक्त पुलिस निरीक्षक अनिल सोनी ,डीएसपी चंद्रशेखर परमा एवं मंजू लता बाज , आर आई ,अमरजीत खूंटे, पुलिस विभाग के अधिकारी कर्मचारी,संकल्प शिक्षण संस्थान और कल्याण आश्रम के बच्चे और शिक्षक उपस्थित थे। यहां उपस्थित बच्चों एवं अतिथियों को नसरुद्दीन अंसारी के द्वारा साइबर क्राइम और उससे बचने के उपाय भी बताए गए। यहां मंचासीन अतिथियों के द्वारा बच्चों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा संकल्प के बच्चों ने थाने का भ्रमण भी किया और डी एस पी मंजुलता बाज के द्वारा बच्चों को कोतवाली से संबंधित जानकारी दी गई। इसके पश्चात बच्चों को स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय में हो रहे राज्य स्तरीय साइंस एग्जीबिशन का भी भ्रमण कराया गया। जहां बच्चों ने पूरे राज्य से आए हुए बच्चों द्वारा बनाए गए साइंस मॉडल का अवलोकन किया।

और भी

रायगढ़ में 21 और पुसौर में 22 नबम्बर को भव्य कैरियर गाइडेंस महोत्सव,देश के ख्यातिप्राप्त मोटिवेशनल स्पीकर एवं कैरियर गुरु आनंद कुमार देंगे युवाओं को सफलता का मंत्र

रायगढ़, 17 नवम्बर 2025। प्रदेश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर कैरियर निर्माण की दिशा में राज्य शासन द्वारा लगातार प्रभावी पहलें की जा रही हैं। इसी क्रम में रायगढ़ जिले में आगामी 21 शुक्रवार  और 22 नवंबर शनिवार को एक भव्य और प्रेरणादायी आयोजन का साक्षी बनने बनेगा, जब देश के ख्यातिप्राप्त मोटिवेशनल स्पीकर एवं कैरियर  गुरु श्री आनंद कुमार जिले के हजारों विद्यार्थियों और युवाओं से रूबरू होंगे। यह आयोजन प्रदेश के वित्तमंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओपी चौधरी के विशेष पहल से आयोजित किया जा रहा है। विशाल कैरियर गाइडेंस सेशन 21 नंवबर को रायगढ़ के रामलीला मैदान में और 22 नंवबर को पुसौर के इंद्रप्रस्थ स्टेडियम में होने जा रहा है। आयोजन स्थल पर प्रवेश पूर्ण नि:शुल्क है। 

 कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देश में दोनों आयोजनों की तैयारियाँ युद्धस्तर पर जारी हैं। उन्होंने आज समय सीमा की बैठक में आयोजन की तैयारियों के लेकर जिला स्तरीय अधिकरियो को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। रामलीला मैदान और  और इंद्रप्रस्थ स्टेडियम में विशाल मंच, विद्यार्थियों और युवाओं के बैठने की बेहतर व्यवस्था, साउंड सिस्टम, पार्किंग, यातायात प्रबंधन और अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को भव्य और गरिमापूर्ण स्वरूप देने के लिए प्रशासन के अमले पूरी तत्परता से लगे हुए है। कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने विभागों को अलग अलग दायित्व सौपा कर प्राथमिकता में सभी तैयारियां पूरा करने के निर्देश दिए है। 

*21 नंवबर को रायगढ के रामलीला मैदान में विशाल कैरियर गाइडेंस सेशन*

देश के ख्यातिप्राप्त मोटिवेशनल स्पीकर एवं कैरियर गुरु श्री आनंद कुमार 21 नवंबर, शुक्रवार को रायगढ़ के रामलीला मैदान में दोपहर 3:30 बजे से रात्रि तक जिले के युवाओं को कैरियर गाइडेंस देंगे।
इस विशाल कार्यक्रम में रायगढ़, लैलूंगा, धरमजयगढ़, तमनार और घरघोड़ा क्षेत्र के 93 हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों तथा 17 महाविद्यालयों के लगभग 10 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवा शामिल होंगे।
युवा अपने प्रश्न पूछ सकेंगे, कैरियर से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव ले सकेंगे और जीवन को सकारात्मक दिशा देने वाले उनके अनुभवों से नई ऊर्जा प्राप्त करेंगे।

*22 नवंबर : पुसौर के इंद्रप्रस्थ स्टेडियम में कैरियर युवा महासम्मेलन*

अगले दिन 22 नवंबर शनिवार को सुबह 8 बजे से विकासखंड मुख्यालय पुसौर के इंद्रप्रस्थ स्टेडियम में क्षेत्र के हजारों युवाओं का अभिनव कैरियर मार्गदर्शन सत्र आयोजन होगा। पुसौर और खरसिया विकासखंड के 40 स्कूलों और 3 महाविद्यालयों के विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवा इसमें सम्मिलित होंगे। पुसौर क्षेत्र में इस तरह का विशाल कैरियर गाइडेंस आयोजन पहली बार हो रहा है, जिसे लेकर युवाओं में उत्साह चरम पर है। इस आयोजन में जिले के प्रतिभाशाली युवा-युवतियाँ देश के सबसे लोकप्रिय मोटिवेशनल आइकॉन श्री आनंद कुमार से सीधे संवाद कर सकेंगे।
आयोजन स्थल पर प्रतियोगी परीक्षाओं, कैरियर चयन एवं समसामयिक विषयों पर आधारित एक क्विज प्रतियोगिता भी कराई जाएगी, जिसमें छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे।

*कैरियर मार्गदर्शन : भविष्य संवारने का अवसर*

कक्षा 11वीं और 12वीं हर विद्यार्थी के जीवन का निर्णायक पड़ाव होता है। यही समय होता है जब युवा अपनी रुचियों, क्षमताओं और सपनों को पहचानकर सही दिशा में आगे बढ़ते हैं। यह कार्यक्रम युवाओं को उनके बेहतर कैरियर के लिए आत्मचिंतन, सही करियर चयन, और भविष्य की ठोस योजना बनाने में मदद मिलने जा रहा है। 

*कार्यक्रम की विशेषताएँ*

• पंजीकृत विद्यार्थियों के लिए पूर्णतः निःशुल्क प्रवेश
• अध्ययन योजना, अभ्यास तकनीक और परीक्षा रणनीति पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन
• इंटरएक्टिव प्रश्नोत्तर एवं संशय समाधान सत्र
• विज्ञान, वाणिज्य, कला आदि सभी क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की पहचान
• सिर्फ ट्रेंड नहीं, बल्कि योग्यता आधारित करियर चयन पर फोकस

और भी

अवैध धान की को लेकर प्रशासन मुस्तैद,राजस्व टीम ने चेकपोस्टों का किया आकस्मिक निरीक्षण

जशपुरनगर 17 नवंबर 2025/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देशानुसार जिले में अवैध धान के आवागमन पर कड़ी निगरानी रखने जिला प्रशासन द्वारा सतत कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में राजस्व विभाग की टीम ने विगत देर रात झारखंड सीमा पर स्थित विभिन्न चेकपोस्टों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। राजस्व टीम में तहसीलदार  जयश्री राजनपथे, नायब तहसीलदार अरुण कुमार, फूड इंस्पेक्टर आलोक टोप्पो, मंडी निरीक्षक, राजस्व निरीक्षक एवं पटवारी शामिल रहे। टीम ने भलमंडा, सकरडेगा एवं साईंटांगाटोली चेकपोस्टों का निरीक्षण किया, जो झारखंड राज्य से लगे हुए सीमावर्ती बैरियर हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने चेकपोस्टों पर तैनात सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी तंत्र तथा वाहनों की जांच प्रक्रिया को बारीकी से परखा। अवैध धान परिवहन रोकने के लिए आवश्यक निर्देश अधिकारियों को दिए गए।

     इस दौरान संबंधित ग्रामों के सरपंच एवं सचिव भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने उन्हें स्थानीय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने तथा अवैध धान के आवागमन को रोकने में सक्रिय सहयोग देने के लिए प्रोत्साहित किया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सीमावर्ती इलाकों में सतत निगरानी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

और भी

कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने जनदर्शन में सुनी आमजन की समस्याएँ

जशपुरनगर 17 नवंबर 2025/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज जिला कार्यालय में आयोजित जनदर्शन में आम नागरिकों से सीधे रूबरू होकर उनकी समस्याएँ एवं मांगों की जानकारी ली। उन्होंने प्राप्त आवेदनों का गंभीरतापूर्वक अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि आवेदकों को उनके आवेदन पर की गई कार्यवाही की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए, जिससे उन्हें अपनी समस्या के समाधान की स्थिति स्पष्ट रूप से ज्ञात हो सके। उन्होंने जनसुविधाओं से जुड़े प्रकरणों पर संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्रवाई करने पर जोर दिया।

     आज आयोजित जनदर्शन में कुल 25 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें मुख्य रूप से राजस्व प्रकरण, स्वच्छता एवं साफ-सफाई, अधोसंरचना निर्माण, आजीविका उन्नयन तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने संबंधित आवेदन शामिल थे। कलेक्टर ने अधिकारियों को जनहित के इन सभी प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ निपटाने के निर्देश दिए।

और भी