मुख्यमंत्री के गृह जिले में युवा मोर्चा को मिला मजबूत नेतृत्व - सेवा, संगठन और संकल्प का संदेश लेकर आगे बढ़े विजय आदित्य सिंह जूदेव, रायपुर में प्रदेश अध्यक्ष से भेंट कर जताया आभार,कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
जशपुर 31 जनवरी 2026 :
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष विजय आदित्य सिंह जूदेव के रायपुर आगमन पर युवा मोर्चा एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और जयघोष के बीच हुए इस स्वागत ने संगठन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार कर दिया। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष बनने के बाद रायपुर पहुंचने पर विजय आदित्य सिंह जूदेव ने भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा से सौजन्य मुलाकात की और शीर्ष नेतृत्व द्वारा उन पर जताए गए विश्वास के लिए आभार व्यक्त किया।
प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा ने इस अवसर पर कहा कि जशपुर जिले में युवा मोर्चा के नेतृत्व की जिम्मेदारी ऐसे युवा के हाथों में सौंपना संगठन के लिए लाभकारी सिद्ध होगा, जो जमीनी स्तर पर सक्रिय, ऊर्जावान और सामाजिक सरोकारों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि विजय आदित्य सिंह जूदेव के नेतृत्व में जशपुर जिला युवा मोर्चा को नई दिशा, नई पहचान और मजबूत संगठनात्मक ढांचा मिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में युवा मोर्चा जिले में संगठन विस्तार के साथ-साथ समाजसेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि जशपुर जिला मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं संगठन मंत्री श्री पवन साय का गृह जिला है। ऐसे में शीर्ष नेतृत्व का मार्गदर्शन जशपुर युवा मोर्चा को निरंतर प्राप्त होगा, जिससे संगठन नई ऊंचाइयों को छुएगा। उन्होंने कहा कि विजय आदित्य सिंह जूदेव की नेतृत्व क्षमता, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय और सामाजिक भागीदारी संगठन को और अधिक मजबूत बनाएगी।

इस अवसर पर विजय आदित्य सिंह जूदेव ने कहा कि जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलना उनके लिए गौरव का विषय है, साथ ही यह एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और मार्गदर्शकों के निर्देशन में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ संगठन हित में कार्य करेंगे। उन्होंने स्वर्गीय दादा दिलीप सिंह जूदेव द्वारा दिखाए गए सेवा, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति के मार्ग पर चलते हुए युवा मोर्चा को जिले में शीर्ष स्थान तक ले जाने का संकल्प व्यक्त किया।
विजय आदित्य सिंह जूदेव ने कहा कि युवाओं को संगठित कर राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना, सामाजिक कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाना, धर्म जागरण एवं हिंदुत्व की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही देश की सबसे बड़ी ताकत है और इसी शक्ति को सकारात्मक दिशा देना उनका मुख्य उद्देश्य होगा।
उन्होंने परम् आदरणीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, संगठन मंत्री श्री पवन साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण सिंह देव, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष श्री राहुल योगराज टिकरिहा, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री भरत सिंह सहित भारतीय जनता पार्टी एवं युवा मोर्चा के सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
रायपुर में हुए इस स्वागत और मुलाकात को लेकर जशपुर जिले के युवा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि विजय आदित्य सिंह जूदेव के नेतृत्व में जिला युवा मोर्चा संगठनात्मक रूप से और अधिक सक्रिय होगा तथा युवाओं को एकजुट कर पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगा।
