ताजा खबरें


बड़ी खबर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नई दिल्ली में केंद्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता मंत्री चिराग पासवान से उनके कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की,छत्तीसगढ़ से जुड़े अनेक जनहित विषयों पर रचनात्मक और हुई सार्थक चर्चा

रायपुर 24 नवंबर 2025/मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री श्री चिराग पासवान से उनके कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान छत्तीसगढ़ से जुड़े अनेक जनहित विषयों पर रचनात्मक और सार्थक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री श्री साय ने विशेष रूप से राज्य में खाद्य सुरक्षा, कृषि-आधारित उद्योगों और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर ध्यान आकर्षित किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फूड टेक्नोलॉजी, एंटरप्रेन्योरशिप एंड मैनेजमेंट (NIFTEM) संस्थान की स्थापना छत्तीसगढ़ में की जाए, ताकि राज्य के युवाओं को आधुनिक खाद्य तकनीक, उद्यमिता तथा नए रोजगारों से संबंधित उच्चस्तरीय प्रशिक्षण का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि कृषि दृष्टि से छत्तीसगढ़ एक मजबूत राज्य है और यहां ऐसे संस्थान से हजारों छात्रों, किसानों तथा खाद्य-आधारित उद्यमों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

केंद्रीय मंत्री श्री चिराग पासवान ने इस प्रस्ताव को अत्यंत सकारात्मक रूप से लेते हुए कहा कि वे इस विषय पर हर संभव सहयोग देंगे और इसे गंभीरता से विचार में लेंगे।

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने यह अनुरोध भी किया कि वर्ल्ड फूड इंडिया के रीजनल समिट का आयोजन रायपुर में किया जाए। उन्होंने कहा कि रायपुर की समृद्ध खाद्य परंपरा, उत्कृष्ट कनेक्टिविटी और विविधता ऐसे आयोजन के लिए आदर्श गंतव्य बनाती है। यह फेस्टिवल क्षेत्रीय पाक-परंपराओं को वैश्विक पहचान देगा और नए खाद्य-आधारित उद्यमों के लिए बड़े अवसर उत्पन्न करेगा। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह आयोजन दिल्ली के वर्ल्ड फूड इंडिया अथवा गुवाहाटी के नॉर्थ ईस्ट फूड फेस्ट की तर्ज पर हर दो वर्ष में आयोजित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में खाद्य वस्तुओं की जांच के लिए फूड टेस्टिंग लैब तथा खाद्य उत्पादों को सुरक्षित रखने के लिए फूड इर्रेडिएशन यूनिट स्थापित की जानी हैं, जिनके लिए राज्य केंद्र से सहयोग चाहता है। उन्होंने कहा कि धान तथा फल–सब्जी आधारित उद्योगों में बड़े निवेशकों की भागीदारी बढ़ने से किसानों, महिला स्व-सहायता समूहों और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार को व्यापक गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने जानकारी दी कि राज्य की नई औद्योगिक नीति में फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को विशेष महत्व दिया गया है और निवेशकों को अनेक अतिरिक्त प्रोत्साहन प्रदान किए जा रहे हैं। इसी के अंतर्गत Drools कंपनी द्वारा छत्तीसगढ़ में ₹1,000 करोड़ का निवेश किया जा रहा है, जिससे लगभग 3,000 लोगों को रोजगार मिलेगा और इसका लाभ ग्रामीण व आदिवासी समुदायों तक पहुंचेगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को राइस ब्रान ऑयल हब के रूप में विकसित करना है, जिससे तेल आयात पर निर्भरता कम होगी और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के राष्ट्रीय लक्ष्य को सुदृढ़ समर्थन मिलेगा। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ और विकसित भारत 2047 का सपना इन्हीं प्रयासों के माध्यम से साकार होगा।

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, सचिव श्री राहुल भगत तथा इन्वेस्टमेंट कमिश्नर श्रीमती रितु सेन उपस्थित थीं।

और भी

प्रदेश में धान खरीदी तिहार पूरी तरह सुगमता, पारदर्शिता और सुव्यवस्था के साथ संचालित,किसानों का राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त का शिलशिला जारी

रायपुर, 24 नवंबर 2025/ प्रदेश में इस वर्ष धान खरीदी तिहार पूरी तरह सुगमता, पारदर्शिता और सुव्यवस्था के साथ संचालित हो रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशन में राज्य के सभी धान उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित किए जाने से किसानों में उत्साह और विश्वास का माहौल है।

सरगुजा जिले के ग्राम पंचायत भिट्ठी कला स्थित आदिमजाति सहकारी मर्यादित समिति मेंड्राकला में धान विक्रय करने पहुँचे किसान इस वर्ष की खरीदी व्यवस्था से पूरी तरह संतुष्ट दिखाई दिए। किसानों ने बताया कि खरीदी प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक सुचारू, सुविधाजनक और पारदर्शी है।

किसान बनकेश्वर राम ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की सरकार द्वारा निर्धारित 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान मूल्य से किसानों को सीधा आर्थिक लाभ हो रहा है। उन्होंने बताया कि उपार्जन केंद्र में तुलाई, नमी परीक्षण और अन्य प्रक्रियाएँ बिना किसी कठिनाई के पूरी हुईं, जिससे खरीदी का अनुभव सहज रहा।

उपार्जन केंद्र में उपलब्ध सुव्यवस्थित व्यवस्था देखकर किसान बनकेश्वर राम ने राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि शासन की किसान हितैषी योजनाएँ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रही हैं।

जिला प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों—बारदाना उपलब्धता, पारदर्शी तुलाई, त्वरित भुगतान प्रणाली और लगातार निगरानी—ने किसानों के बीच प्रक्रिया के प्रति विश्वास को और अधिक मजबूत किया है।

और भी

सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के बाद स्कूलों में बच्चों को आवारा कुत्तों से बचाने के लिए शिक्षा विभाग की नई व्यवस्था लागू,

रायपुर 24 नवंबर 2025/माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा Suo Moto Writ Petition (Civil) No. 05/2025 में दिए गए स्पष्ट दिशा-निर्देशों के अनुपालन में तथा छत्तीसगढ़ शासन, पशुधन विकास विभाग, मंत्रालय नवा रायपुर के पत्र क्रमांक E-166671 & 153108/LAW-42/1802/2025/1724 दिनांक 13.11.2025 के आधार पर शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेश के सभी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए  आदेश जारी किया गया है। 

शिक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, अब राज्य के प्रत्येक स्कूल के प्राचार्य या संस्था प्रमुख को नोडल अधिकारी के रूप में नामित किया गया है। नोडल अधिकारी की यह जिम्मेदारी होगी कि स्कूल परिसर या आसपास यदि आवारा कुत्ते दिखाई दें, तो उसकी जानकारी तुरंत संबंधित ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत या नगर निगम के डॉग क्रैचर नोडल अधिकारी को दें। साथ ही स्कूल परिसर में कुत्तों का प्रवेश रोकने के लिए आवश्यक अवरोधक उपाय सुनिश्चित करें। यदि किसी बच्चे के साथ आवारा कुत्ते द्वारा काटे जाने की घटना होती है, तो बच्चे को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाने की जिम्मेदारी स्कूल प्रशासन की होगी, ताकि आवश्यक प्राथमिक इलाज समय पर उपलब्ध कराया जा सके।

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि इन निर्देशों का उद्देश्य प्रदेश के सभी स्कूलों में बच्चों के लिए सुरक्षित, भय-मुक्त और अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करना है। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुरूप तथा पशुधन विकास विभाग के मार्गदर्शन में यह अभियान पूरे प्रदेश में तेजी और संवेदनशीलता के साथ लागू किया जा रहा है।

शिक्षा विभाग ने सभी जिलों के अधिकारियों, बीईओ, बीआरसी, सीआरसी तथा स्कूल प्रबंधन समितियों से अपेक्षा की है कि वे इन दिशा-निर्देशों का कठोरतापूर्वक पालन सुनिश्चित करें और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

और भी

कुनकुरी में जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन - मुख्य अतिथि विधायक गोमती साय ने विजेताओं को किया पुरस्कृत

कुनकुरी 24 नवम्बर 2025 : 

छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के तहत् कुनकुरी में चल रहे जिला स्तरीय ओपन बैडमिंटन प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने विभिन्न वर्गों के विजेताओं और उपविजेताओं को नकद पुरूस्कार, ट्रॉफी और सर्टिफिकेट प्रदान किया । 
 
कलेक्टर रोहित व्यास और जिला बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष सीईओ अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में 22 से 23 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के 140 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया । दर्शकों को कई रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। कांसाबेल के शाद अहमद ने अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों को मोहित किया।
 
समापन समारोह में विधायक गोमती साय ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि जशपुर जिला हमेशा से ही न केवल खेलों में बल्कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में भी आगे रहा है । माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से जिले में बेहतर सुविधाओं के लिए अधोसंरचना का निर्माण कराया जा रहा है । इसी के अंतर्गत कुनकुरी में एकीकृत खेल परिसर का निर्माण होने वाला है । हमारे जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों को अब जिले के अंदर ही खेलों की बेहतर सुविधाए मिल सकेगी । राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के खेल अब यहां भी होंगे । उन्होंने यह भी कहा कि हम सबको मिलकर जशपुर को यशस्वी जशपुर बनाना है । जिले के युवा खेलों में बहुत अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं ।  
 
इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष एसडीएम विश्वास राव मस्के ने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी और कहा कि जिले में खेलों के प्रोत्साहन के लिए इस तरह की प्रतियोगताएं आयोजित कराई जा रही है । आगामी 12-16 दिसंबर को जशपुर में स्टेट लेबल बैडमिंटन प्रतियोगिता भी आयोजित कराई जाएगी । जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन कृत संकल्पित है l युवाओ को लगातार इसी प्रकार विभिन्न खेलों की गतिविधियों आयोजित कर बच्चों को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ा जाएगा l उन्होंने आगे कहा कि बच्चों को खेल से जोड़ कर उनके मोबाइल के स्क्रीन टाइम को भी कम से कम करने का प्रयास किया जाएगा l 
 
इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी भरत सिंह, एसडीएम नंदजी पाण्डेय, एसडीओपी विनोद मंडावी, जिला बैडमिंटन संघ के सेक्रेटरी विनोद गुप्ता, कुनकुरी बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष विनीत जिंदल भी उपस्थित रहे।

अंडर-19 बालक एकल वर्ग में विजेता आदित्य गुप्ता, उपविजेता विनय राणा, युगल वर्ग में विजेता आलीशान सिद्धिकी-राहुल झा, उपविजेता अनश रज़ा -आदित्य पाण्डेय रहे । अंडर-19 बालिका एकल वर्ग में विजेता श्रीमोयी दास, उपविजेता रांझी बंसल रहीं। सीनियर पुरुष एकल वर्ग में विजेता अमन चौरसिया , उपविजेता शाद अहमद , युगल वर्ग में विजेता कर्तव्य - शाद अहमद , उपविजेता प्रमोद यादव- कुशाग्र गुप्ता , वेटरन एकल वर्ग में विजेता डॉ अशोक लकड़ा , उपविजेता राजकुमार सिंह भदोरिया, युगल वर्ग में राजेंद्र गुप्ता-अशोक लकड़ा, उपविजेता सुधीर सिंन्हा- विनीत जिंदल रहे।‌ महिला युगल वर्ग में विजेता श्रीमोयी दास- प्रेशिला केरकेट्टा और उपविजेता  संघमित्रा दास-देवयानी सिया रही। विजेता खिलाड़ियों को 11000 रुपए और उपविजेताओं को 5100 रुपए प्रदान किया गया।
 
आयोजन समिति की ओर से सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया । मंच संचालन व्याख्याता सुधीर सिन्हा ने किया। समापन समारोह में कुनकुरी बैडमिंटन संघ के सेक्रेटरी महेश त्रिपाठी,यशस्वी जशपुर के अवनीश पाण्डेय, क्रीडा अधिकारी प्रदीप चौरसिया, सुजीत सिंह, सज्जन रवानि, दिवाकर यादव, अमन चैरसिया, कुशाग्र गुप्ता सहित  बड़ी संख्या अभिभावक व खिलाड़ी उपस्थित रहे ।

और भी

श्री विष्णु महायज्ञ (चक्र पूजा ) में 151 महिलाओं एवं कन्याओं संग निकली भव्य कलश यात्रा,हाथों में भगवा झंडा लिए झूमते नजर आए लोग,भक्तिमय हो गया माहौल

नारायणपुर 24 नवम्बर 2025 : नारायणपुर में 5 दिवसीय विष्णु महायज्ञ चक्र पूजा के शुभारंभ पर सोमवार को  भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें क्षेत्र की 151 महिलाएं और युवतियां ने भाग लिया। नारायणपुर एवं रानीकोम्बो के विभिन्न मार्गों से होते हुए त्रिवेणी संगम घाट पहुंची।नारायणपुर में आयोजित होने वाली चक्र पूजा के शुभारंभ में सोमवार को एक विशाल कलश शोभायात्रा निकाली गई। करीब 10 किलोमीटर लंबी इस शोभायात्रा में सैकड़ो श्रद्धालु भगवा झंडा हाथों में थामे, भक्ति गीतों पर नाचते-झूमते दिखे।

      शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा का खास ध्यान रखा गया, जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया,दोपहर 2 बजे से माताएं व बहनों ने सिर पर कलश लेकर यज्ञ स्थल से प्रस्थान किया।  त्रिवेणी संगम(ईब,ढोण्डकी,कपरी नदी ) आचार्य ने विधि विधान से पूजा अर्चना के बाद कलश में जल को स्थापित कराया। महिलाएं भक्ति गीत व भक्तगण बीच, बीच में जयकारा लगाते पूजा स्थल पहुंचे। इससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया था। कथावाचक आचार्य श्री सुमित दास सुंदरगढ़, सरपंच श्रीमती मुक्तिलता प्रधान,उप सरपंच नवरतन बंग,सुरेश प्रजापति,माघु प्रजापति,मुकेश प्रजापति,सहित ग्रामीण एवं आयोजन समिति के सभी लोग उपस्थित रहे

माटीकला बोर्ड अध्यक्ष श्री शम्भूनाथ चक्रवती ने बताया कि चक्र पूजा के आयोजन के शुभारंभ में  कलश यात्रा रखी गई है, जिसमें भक्तों ने भारी उत्साह के साथ भाग लिया। उन्होंने बताया, "हम करीब 10 किलोमीटर की दूरी तय कर त्रिवेणी संगम से कलश में जल पूजा स्थल पहुंचे हैं।

और भी

जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार ने अपना गणना पत्र बीएलओ से कराया सत्यापन , सीईओ ने मतदाताओं से की अपील मतदाता सूची में अपने नाम का सत्यापन अनिवार्य रूप से कराए 

जशपुर 24 नवम्बर 25/  विशेष गहन पुनरीक्षण एस आई आर अभियान के तहत सोमवार को जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार को बूथ लेवल अधिकारी (#BLO) द्वारा उनके शासकीय आवास पहुँचकर उन्हें गणना प्रपत्र सौंपा गया। ततपश्चात मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जशपुर ने गणना पत्र भरकर बीएलओ एप से सत्यापन कराया।
उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि मतदाता सूची में अपने नाम का सत्यापन अवश्य कराएं।
उल्लेखनीय है कि जिले में बीएलओ द्वारा घर घर जाकर मतदाताओं से एसआईआर के तहत गणना पप्रत्र सौंप कर सत्यापन का कार्य निरंतर किया जा रहा है। यह कार्य 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर 25 तक किया जाएगा ।

और भी

रायपुर बीटीआई ग्राउण्ड में 3 दिवसीय राज्य स्तरीय आवास मेला शुरू,हाउसिंग बोर्ड की 2060 करोड़ की लागत वाली आवासीय परियोजनाओं का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ

रायपुर, 24 नवम्बर 2025/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज रायपुर के शंकर नगर स्थित बीटीआई ग्राउण्ड में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय आवास मेले में छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड की 2060 करोड़ की आवासीय परियोजनाओं का शुभारंभ किया। यह 55 परियोजना राज्य के 26 जिलों में शुरू होंगी, जिनके माध्यम से 12 हजार से अधिक किफायती एवं गुणवत्तापूर्ण मकानों का निर्माण किया जाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने हाउसिंग बोर्ड के एआई चैट बॉट और पोर्टल का भी शुभारंभ किया। इसके माध्यम से उपभोक्ताओं को हाउसिंग बोर्ड की आवासीय परियोजनाओं की जानकारी सहजता से मिल सकेगी।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओपी चौधरी, राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, विधायक श्री मोतीलाल साहू, विधायक श्री पुरंदर मिश्रा, विधायक श्री अनुज शर्मा, अध्यक्ष गृह निर्माण मंडल श्री अनुराग सिंहदेव, फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष सुश्री मोना सेन, तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष श्री जतीन साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि वर्तमान में छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड की टीम बहुत बेहतर है। राज्य के लोगों को किफायती और गुणवत्तापूर्ण मकान उपलब्ध कराने के लिए नवाचार के साथ आगे बढ़ रही है। छत्तीसगढ़ सरकार ने हाउसिंग बोर्ड के 790 करोड़ रूपए के कर्ज को अदा कर बोर्ड को कर्ज मुक्त कर दिया है ताकि बोर्ड बेहतर रणनीति के साथ काम करें। उन्होंने जरूरतमंदों एवं आवासहीनों को पक्का मकान दिए जाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ ही नहीं वरन पूरे देश में संचालित प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि 2 वर्षों में छत्तीसगढ़ राज्य में इस योजना के तहत 26 लाख लोगों को आवासों की मंजूरी दी गई। सबका आवास बन रहा है। पीएम जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए 32 हजार तथा बस्तर में आत्मसमर्पित नक्सलियों और नक्सल पीड़ित परिवारों के लिए 15 हजार आवास की मंजूरी दी गई है। 

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर राज्य स्तरीय आवास मेले में आवास बुकिंग का प्रमाण पत्र, हाउसिंग बोर्ड के उपभोक्ताओं को आवास की चाबी तथा फ्री होल्ड मकान का प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी। 

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के कार्यों की सराहना की और कहा कि बोर्ड की वर्तमान टीम, हाउसिंग के क्षेत्र में अच्छा काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आवास मेले की सफलता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जब से मेला शुरू हुआ है रोड पर जाम लग गया है और टैªफिक व्यवस्था संभल नहीं रही है। उन्होंने राज्य में जरूरतमंद परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और कहा कि इसके लिए उन्होंने बजट में 14 हजार करोड़ रूपए का प्रावधान किया। डॉ. सिंह ने कहा कि हाउसिंग बोर्ड की सभी परियोजनाओं को जिलों में अच्छा प्रतिसाद मिलेगा। 

आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओपी चौधरी ने हाउसिंग बोर्ड के काम-काज को बेहतर बनाने तथा उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में लिए गए फैसलों के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की विशेष पहल से छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड 790 करोड़ रूपए के कर्ज से मुक्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि साल भर के भीतर हाउसिंग बोर्ड ने 672 करोड़ का बिजनेस किया है। लैंड डायवर्सन एवं फ्री होल्ड की रियायत सरकार ने देकर हाउसिंग बोर्ड और उपभोक्ताओं को राहत दी है। श्री चौधरी ने कहा कि हाउसिंग बोर्ड उपभोक्ताओं की डिमांड के आधार पर आवासीय परियोजनाओं के निर्माण का काम शुरू करेगा। 

कार्यक्रम को हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंहदेव ने भी सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में हाउसिंग बोर्ड राज्य के सभी जिलों में मकान का निर्माण करेगा। हम अगले चरण में सभी विधानसभा क्षेत्रों में भी आवासीय परियोजनाएं लॉन्च करेंगे। 

गौरतलब है कि बीटीआई ग्राउंड में यह राज्य स्तरीय आवास मेला 25 नवम्बर तक चलेगा। मेले के पहले दिन सुबह से ही मेला ग्राउंड में हाउसिंग बोर्ड की आवासीय परियोजनाओं की जानकारी लेने और आवास बुक कराने के लिए लोगों का हुजुम उमड़ पड़ा था। शंकर नगर टर्निंग प्वाइंट से खम्हारडीह जाने वाली रोड पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई थी।

और भी

वर्ल्ड चैंपियन भारत की बेटियाँ— पूरे देश के लिए गर्व, प्रेरणा और ऐतिहासिक क्षण - मुख्यमंत्री

रायपुर 24 नवंबर 2025/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कोलंबो में आयोजित विमेंस T20 वर्ल्ड कप क्रिकेट फॉर द ब्लाइंड में नेपाल को 7 विकेट से हराकर पहली बार विश्व चैंपियन बनी भारतीय महिला टीम को हार्दिक बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने इसे पूरे देश के लिए गर्व, प्रेरणा और भावनाओं से भरा ऐतिहासिक क्षण बताया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह जीत केवल एक खेल उपलब्धि भर नहीं है, बल्कि हिम्मत, विश्वास और अदम्य इच्छाशक्ति की विजयगाथा है। भारतीय बेटियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि अगर संकल्प दृढ़ हो, तो कोई भी चुनौती असंभव नहीं रहती। विशेष रूप से दृष्टिबाधित महिलाओं की टीम द्वारा विश्व मंच पर हासिल की गई यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का उज्ज्वल दीपक बनेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की बेटियाँ हर क्षेत्र में उत्कृष्टता का नया इतिहास लिख रही हैं—खेल, शिक्षा, विज्ञान, आर्ट, टेक्नोलॉजी और नेतृत्व—हर जगह उनकी चमक राष्ट्र का गौरव बढ़ा रही है। यह जीत न सिर्फ क्रिकेट की जीत है, बल्कि नारी शक्ति, आत्मविश्वास और ‘नए भारत’ की भावना की जीत है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने भारतीय महिला टीम के सभी खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और सपोर्ट स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि उनका यह प्रदर्शन विश्व खेल जगत में भारत की प्रतिष्ठा को नई ऊँचाइयों पर ले गया है।

और भी

मुख्यमंत्री गोंड युवक-युवती परिचय सम्मेलन में हुए शामिल,आदिवासी ऐतिहासिक निरंतरता से वर्तमान चुनौतियों तक” तथा “विरासत का सम्मान : वैश्विक दृष्टिकोण पर सवाल” पुस्तकों का विमोचन

रायपुर, 23 नवम्बर 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर के टिकरापारा स्थित गोंडवाना भवन में छत्तीसगढ़ गोंड समाज कल्याण समिति द्वारा आयोजित गोंड युवक-युवती परिचय सम्मेलन में शामिल हुए। मुख्यमंत्री का पारंपरिक जनजातीय रीति-रिवाजों के अनुसार स्वागत किया गया तथा उन्होंने भगवान बूढ़ादेव का पूजन कर विधि-विधान से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गोंड समाज को सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए 05 लाख रुपये की सहयोग राशि प्रदान करने की घोषणा की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष श्री विकास मरकाम द्वारा लिखित दो महत्वपूर्ण पुस्तकों—“आदिवासी ऐतिहासिक निरंतरता से वर्तमान चुनौतियों तक” तथा “विरासत का सम्मान : वैश्विक दृष्टिकोण पर सवाल” का विमोचन किया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि गोंड समाज का इतिहास अत्यंत समृद्ध और गौरवशाली रहा है। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जनजातीय समाज के हितों के प्रति बेहद संवेदनशील हैं। देश के सर्वोच्च पद पर जनजातीय समाज की गौरवपूर्ण उपस्थिति इस सम्मान का प्रत्यक्ष प्रतीक है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पीएम जनमन और प्रधानमंत्री धरती आबा ग्राम उत्कर्ष योजना के माध्यम से जनजातीय समुदाय के सर्वांगीण विकास के लिए व्यापक कार्य किए जा रहे हैं। विशेष पिछड़ी जनजातियों के उत्थान हेतु भी सरकार ने कई विशेष पहल प्रारंभ की हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय नायकों के गौरवशाली इतिहास को सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उपस्थित लोगों से नया रायपुर में स्थापित जनजातीय संग्रहालय का भ्रमण करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय वीरों ने सदैव अपनी माटी और संस्कृति की रक्षा की है, और इस गौरवमयी परंपरा की सुंदर झलक आपको संग्रहालय में देखने को मिलेगी। श्री साय ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मनाया जाने वाला जनजातीय गौरव दिवस आदिवासी समाज की विरासत को सम्मान देने का एक सशक्त माध्यम है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को आपस में जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इससे भावी पीढ़ी अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक जड़ों से परिचित होती है। युवक-युवती परिचय सम्मेलन समुदाय के लोगों को एक-दूसरे को समझने, जानने और रिश्तों के निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएँ भी दीं।

इस अवसर पर आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधीय पादप बोर्ड के अध्यक्ष श्री विकास मरकाम ने गोंड समाज के गौरवशाली इतिहास पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि गोंड समाज का इतिहास समृद्ध परंपराओं और वीरता की गाथाओं से भरा हुआ है। उन्होंने बताया कि ऐतिहासिक कालखंडों में गोंड राजाओं ने शासन, प्रबंधन और सामाजिक संरचना को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जिनका उल्लेख विभिन्न ऐतिहासिक दस्तावेजों में मिलता है। श्री मरकाम ने कहा कि डबल-इंजन की सरकार में जनजातीय समुदाय के हितों, विकास और उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ आज बड़े पैमाने पर जनजातीय समाज तक पहुँच रहा है। उन्होंने समाज को एकजुट होकर प्रगति की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया तथा गोंड समाज द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों, सामुदायिक प्रयासों एवं नवाचारों की जानकारी देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास ही समाज को सशक्त बनाते हैं।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ गोंड समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री जग्गू सिंह, उपाध्यक्ष श्री किशोर ध्रुव, श्री सेवाराम ध्रुव, श्री हरि सिंह ठाकुर सहित समाज के अनेक सदस्य उपस्थित थे।

और भी

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने यूनिटी मार्च के लिए राज्य के 68 युवाओं के दल को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

रायपुर 23 नवम्बर 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने  सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित पदयात्रा में शामिल होने के लिए गुजरात जाने वाले राज्य के 68 युवाओं के दल को आज रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये युवा सरदार पटेल की कर्मभूमि करमसद से केवड़िया तक आयोजित राष्ट्रीय पदयात्रा में हिस्सा लेंगे। 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की 562 रियासतों और ब्रिटिश शासन के अधीन क्षेत्रों को एकजुट कर अखंड भारत की नींव रखी। उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति, अटल संकल्प और अथक परिश्रम ने भारत को एक सूत्र में पिरोया। 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विगत दिनों वे गुजरात के केवड़िया में आयोजित भारत पर्व में सम्मिलित हुए थे, जहाँ उन्होंने विश्व की सबसे ऊँची प्रतिमा—स्टैच्यू ऑफ यूनिटी—के दर्शन किए और भारत की सांस्कृतिक एकता की जीवंत झलक देखी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, विविधता और व्यंजनों का भी प्रदर्शन किया गया था।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि 26 नवम्बर से 06 दिसम्बर तक आयोजित होने वाले यूनिटी मार्च में छत्तीसगढ़ के युवाओं के साथ देशभर के जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे, जो हम सभी के लिए गर्व की बात है।

उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक और भौगोलिक एकता के निर्माण में सरदार पटेल का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने रियासतों के विलय का ऐतिहासिक कार्य किया जो भारत की एकता और अखंडता का आधार बना। उन्होंने चयनित युवाओं को राष्ट्रीय पदयात्रा के लिए शुभकामनाएँ एवं बधाई दी।

जगदलपुर विधायक श्री किरण सिंह देव ने युवाओं को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और पदयात्रा में शामिल होने के लिए उन्हें शुभकामनाएँ दीं।

इस अवसर पर रायपुर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नवीन अग्रवाल, पूर्व विधायक श्री नवीन मार्कण्डेय, श्री जी. वेंकट राव, श्री श्याम नारंग, श्री राहुल टिकरिया, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव श्री यशवंत कुमार सहित बड़ी संख्या में युवा, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

और भी

भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज़ रिंकू सिंह ने मुख्यमंत्री से की सौजन्य मुलाकात

रायपुर 23 नवंबर 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज़ एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी श्री रिंकू सिंह ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने रिंकू सिंह का स्वागत शाल और नंदी के प्रतीक चिन्ह भेंट कर किया। इस अवसर पर विधायक श्री सुशांत शुक्ला भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने रिंकू सिंह को उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन और भारतीय क्रिकेट टीम में दिए जा रहे महत्वपूर्ण योगदान के लिए बधाई और शुभकामनाएँ दीं। मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, परम्पराओं और राज्य में खेलों को नई दिशा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री श्री साय ने रिंकू सिंह को बस्तर ओलंपिक की अवधारणा और उसके माध्यम से उभर रही स्थानीय प्रतिभाओं के बारे में अवगत कराया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं में अपार संभावनाएँ हैं और राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

और भी

मुख्यमंत्री ने सभी पंजीकृत किसानों का धान प्राथमिकता से खरीदने के दिए निर्देश ,जिले के 46 धान खरीदी केन्द्रों में की जा रही खरीदी 

जशपुरनगर 23 नवम्बर 25/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार जशपुर जिले के सभी 46 धान खरीदी केंद्रों में धान खरीदी कार्य सुचारू और व्यवस्थित रूप से संचालित हो रहा है।
उन्होंने सभी पंजीकृत किसानों का धान प्राथमिकता से खरीदने के निर्देश दिए हैं।
इसी क्रम में किसान सेतराम आज कुनकुरी विकास खंड के ग्राम नारायणपुर धान खरीदी केंद्र पहुँचे और अपना टोकन कटा कर 42 किवंटल धान बेचा उन्होंने खरीदी केंद्र की सुविधा को देखकर संतुष्टि जाहिर की ।

उन्होंने बताया कि वे प्रति वर्ष इसी केंद्र में धान बेचते हैं और इस वर्ष भी सभी व्यवस्थाएँ सुव्यवस्थित हैं। 

किसानों की सुविधा का ध्यान रखा जा रहा है। किसानों को टोकन जारी करने की ऑनलाइन व्यवस्था, माइक्रो एटीएम सुविधा, बारदाना उपलब्धता, पेयजल सहित सभी आवश्यक सुविधाएँ किसानों के लिए उपलब्ध कराई गई हैं।
क्या है माइक्रो एटीएम सुविधा?*
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों की सुविधा हेतु धान उपार्जन केंद्रों में माइक्रो एटीएम सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिसके माध्यम से किसान 2,000 रुपये से 10,000 रुपये तक की राशि तुरंत प्राप्त कर सकते हैं।

और भी

सरगुजा कमिश्नर श्री नरेन्द्र कुमार दुग्गा ने दुलदुला धान खरीदी केंद्र का किया निरीक्षण ,सुविधाओं की ली जानकारी 

जशपुर 23 नवंबर 25/ सरगुजा कमिश्नर श्री नरेन्द्र कुमार दुग्गा ने शनिवार को दुलदुला धान खरीदी केन्द्र का आकस्मिक निरीक्षण किया और धान खरीदी व्यस्था की जानकारी ली।
 उन्होंने निरिक्षण के दौरान खरीदी केन्द्र में नया और पुराने बारदाने की उपलब्धता की जानकारी ली साथ ही किसानों का समय पर टोकन काटने और खरीदी केन्द्रों में सभी मूलभूत सुविधाओं का ध्यान रखने हेतु निर्देशित किए।

उन्होंने धान को सुरक्षित रखने के लिए त्रिपाल की भी अच्छी सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
 किसानों को धान बेचने में किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
इस अवसर पर कुनकुरी एसडीएम श्री नन्द जी पांडे डिप्टी कलेक्टर श्री प्रशांत कुशवाहा, खाद्य विभाग, विपणन विभाग, सहकारिता विभाग के अधिकारीगण उपस्थित थे।

और भी

किसान छूटे खसरे का अब भी करा सकते हैं सुधार, जिले में धान खरीदी जारी,धान उपार्जन के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-233-3663 जारी


रायपुर, 23 नवंबर 2025
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले में धान खरीदी की प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है। इस बीच प्रशासन ने किसानों को राहत देते हुए स्पष्ट किया है कि यदि किसी किसान का खसरा संख्या एग्रीस्टैक पोर्टल में धान विक्रय हेतु दर्ज नहीं हो पाया है, तो वे नजदीकी लोक सेवा केंद्र या च्वाइस सेंटर के माध्यम से अपने छूटे हुए खसरों को पंजीयन में जोड़ सकते हैं। जानकारी अपडेट होने के बाद किसान अपने कुल पंजीकृत रकबे के अनुसार धान विक्रय कर सकेंगे।
टोल-फ्री नंबर 1800-233-3663 में शिकायत और सुझाव दर्ज कराएं
सूरजपुर जिले में धान उपार्जन से संबंधित शिकायतें और सुझाव खाद्य विभाग के टोल-फ्री नंबर 1800-233-3663 पर दर्ज कराए जा सकते हैं। इसके साथ ही सूरजपुर जिले में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर तथा कॉल सेंटर का गठन किया गया है, जो खरीदी के दौरान धान की रीसाइक्लिंग रोकने, कोचियों/बिचौलियों की गतिविधियों पर रोक लगाने तथा धान के उठाव और परिवहन की निगरानी सुनिश्चित कर रहा है। जिले के कॉल सेंटर का नंबर 07775-266116 जारी किया गया है।
सूरजपुर जिले में 10 हजार 180 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। शासन द्वारा किसानों को रकबा सुधार, नवीन पंजीयन एवं कैरी फॉरवर्ड हेतु अंतिम अवसर प्रदान करते हुए 19 से 25 नवम्बर तक तहसीलदार मॉड्यूल के माध्यम से सुधार करने का विकल्प उपलब्ध कराया गया है। खाद्य विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपने पंजीकृत रकबे की जानकारी देखकर आवश्यक सुधार समय पर अवश्य करा लें।
टोकन हेतु विशेष प्रावधान
इस वर्ष किसानों के लिए टोकन वितरण में कुछ विशेष व्यवस्था की गई है- 2 एकड़ तक की भूमि वाले किसानों को पहला टोकन, 2 से 10 एकड़ तक के कृषकों को दूसरा टोकन, 10 एकड़ से अधिक रकबा रखने वाले किसानों को तीसरा टोकन दिए जाएंगे। किसान उपार्जन केंद्र में जाकर या टोकन तुहर हाथ मोबाइल ऐप के माध्यम से स्वयं भी टोकन प्राप्त कर सकते हैं। यह ऐप प्ले स्टोर में उपलब्ध है।
समिति में धान लाते समय किसानों को सलाह दी गई है कि धान को अच्छी तरह सुखाकर, जिसमें नमी 17 प्रतिशत से अधिक न हो, साफ-सुथरा करके लाएं। साथ ही धान परिवहन के दौरान किसान अपना टोकन, ऋण पुस्तिका और आधार कार्ड अनिवार्य रूप से साथ रखें। साथ ही जिला प्रशासन ने किसानों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि प्रशासनिक व्यवस्थाओं का पालन करते हुए समय पर धान विक्रय प्रक्रिया पूर्ण करें।
क्रमांक : 6109/राठौर/प्रदीप

और भी

सरकार की किसान हितैषी नीतियों से बढ़ा किसानों का भरोसातुंहर टोकन मोबाइल ऐप से मिल रही घर बैठे टोकन की सुविधा : श्री रामसाय यादव

रायपुर, 23नवम्बर 2025
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेशभर में धान खरीदी का महापर्व इस वर्ष भी सुगमता और पारदर्शिता के साथ मनाया जा रहा है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 की धान खरीदी ने किसानों के बीच नई उम्मीद और उत्साह जगाया है। प्रदेश के किसान अपनी उपज का उचित मूल्य पाकर संतुष्ट हैं तथा बड़ी संख्या में धान खरीदी केंद्रों में पहुँचकर विक्रय कर रहे हैं। प्रशासन ने सभी केंद्रों में किसानों की सुविधा के लिए बेहतर और सुव्यवस्थित प्रबंध सुनिश्चित किए हैं।
जांजगीर चांपा जिले के खरौद के किसान श्री रामसाय यादव आज धान उपार्जन केंद्र खरौद में धान विक्रय के लिए पहुँचे। केंद्र पहुँचने पर जिला कलेक्टर  ने उन्हें फूल-माला पहनाकर और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। श्री रामसाय यादव ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस वर्ष धान खरीदी व्यवस्था पहले से कहीं अधिक बेहतर और किसान-मित्र साबित हो रही है।
उन्होंने बताया कि धान खरीदी से एक दिन पूर्व ही उन्होंने तुंहर टोकन मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर लिया था। पहले टोकन जारी होने के लिए सोसायटी में घंटों इंतजार करना पड़ता था, परंतु अब डिजिटल व्यवस्था से किसानों को बड़ी राहत मिली है।
श्री रामसाय यादव ने लगभग 15 क्विंटल धान का विक्रय किया। उन्होंने बताया कि खरीदी केंद्र में नमी परीक्षण, बारदाना उपलब्धता, धान भराई, तौल और पर्ची निर्गत— सभी प्रक्रियाएँ समयबद्ध और बिना किसी परेशानी के संपन्न हुईं।
उन्होंने कहा कि 3100 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य और प्रति एकड़ 21 क्विंटल खरीदी सीमा जैसे निर्णय किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी हैं, जिससे खेती अब और अधिक आर्थिक रूप से मजबूत हो रही है।
सरकार की किसान हितैषी नीतियों और डिजिटल सेवाओं के कारण किसानों में भरोसा और उत्साह लगातार बढ़ रहा है।
6116/जयंत/सुनील त्रिपाठी/जरीफ

और भी

अम्बागढ़ चौकी के कलकसा के किसान धनेश राम ने स्वयं के मोबाइल से कटा टोकन, जताई खुशी

 रायपुर, 23 नवम्बर 2025/*  मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की सरकार द्वारा धान का समर्थन मूल्य 3,100 रुपए प्रति क्विंटल तथा प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदी का निर्णय किसानों के लिए बड़ी राहत बनकर आया है। इसका सकारात्मक प्रभाव जिलेभर के किसानों के चेहरों पर साफ दिखाई दे रहा है।
      अंबागढ़ चौकी विकासखण्ड के ग्राम कलकसा के किसान श्री धनेश राम आज कौड़ीकसा उपार्जन केंद्र में 52 क्विंटल धान विक्रय के लिए पहुंचे थे। उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए बताया कि इस वर्ष उन्होंने धान विक्रय टोकन स्वयं मोबाइल ऐप के माध्यम से प्राप्त किया, जिससे प्रक्रिया आसान और सुविधाजनक हो गई। 
           मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार लागू किए गए इस डिजिटल नवाचार ने किसानों के लिए धान विक्रय की पारंपरिक जटिलताओं को काफी कम कर दिया है। अब किसान अपने मोबाइल फोन पर कुछ ही मिनटों में धान विक्रय के लिए टोकन काट सकते हैं और निर्धारित समय पर उपार्जन केंद्र पहुंचकर बिना किसी बाधा के अपना धान बेच सकते हैं।
     कृषक श्री धनेश राम ने बताया कि उपार्जन केंद्र में कर्मचारियों का व्यवहार सहयोगपूर्ण था, तौल-कांटे सही थे, बारदाना पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध था तथा साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर थी। इसके कारण किसान निश्चिंत होकर अपनी उपज बेच पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष उनकी फसल की पैदावार भी अच्छी हुई है, जिससे परिवार की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने धान का उचित मूल्य उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

और भी

राज्य स्तरीय आवास मेले में दो हजार करोड़ की नई आवासीय योजनाओं का होगा शुभारंभ

रायपुर, 23 नवंबर 2025/ छत्तीसगढ़ राज्य अपने स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रजत जयंती वर्ष मना रहा है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा प्रदेशवासियों को सुलभ और किफायती आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन और आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओपी चौधरी के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा राजधानी रायपुर के बी.टी.आई. ग्राउंड, शंकर नगर में 23 से 25 नवंबर 2025 तक राज्य स्तरीय आवास मेला आयोजित होने जा रहा है।

इस मेले में प्रदेशभर की आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों की विस्तृत जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध होगी। साथ ही, आवासीय योजनाओं की स्पॉट बुकिंग सुविधा, बैंक ऋण सहायता तथा पंजीयनकर्ताओं के लिए आकर्षक उपहार जैसी विशेष व्यवस्थाएँ भी की जाएँगी।

इस दौरान हाउसिंग बोर्ड द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों में लगभग 2000 करोड़ रुपए की नई आवासीय योजनाओं का शुभारंभ किया जाएगा। इन योजनाओं में लगभग 70 प्रतिशत आवासीय संपत्तियाँ समाज के कमजोर आय वर्ग के लोगों के लिए आरक्षित रहेंगी।

हाल ही में सम्पन्न राज्योत्सव-2025 के दौरान गृह निर्माण मंडल ने नवा रायपुर स्थित मेला स्थल पर अपनी विभिन्न योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई थी, जिसे नागरिकों का भरपूर प्रतिसाद मिला। हजारों आगंतुकों ने हाउसिंग बोर्ड के स्टॉल का भ्रमण कर संपत्तियों में गहरी रुचि दिखाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने भी स्टॉल का अवलोकन कर हाउसिंग बोर्ड के कार्यों की सराहना की थी।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ स्थापना के रजत जयंती वर्ष में आयोजित यह राज्य स्तरीय आवास मेला प्रदेशवासियों के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का संकल्प है कि हर परिवार के पास अपना पक्का घर हो, और इसी दिशा में लगभग 2000 करोड़ रुपए की नई आवासीय योजनाओं का शुभारंभ तथा नवीन आबंटी पोर्टल की शुरुआत एक बड़े परिवर्तन की शुरुआत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हाउसिंग बोर्ड द्वारा प्रस्तुत योजनाएँ समाज के कमजोर वर्गों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होंगी। उन्होंने गृह निर्माण मंडल की पारदर्शी, जनहितैषी और द्रुत गति से कार्य करने की शैली की सराहना करते हुए कहा कि यह मेला “सबके लिए आवास” के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओ. पी. चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार का लक्ष्य हर परिवार को अपना पक्का घर उपलब्ध कराना है। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा आयोजित यह राज्य स्तरीय आवास मेला प्रदेशवासियों के लिए किफायती आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि वर्ष 2027 तक प्रत्येक परिवार के पास अपना पक्का छत हो।

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष श्री अनुराग सिंह देव ने बताया कि राज्योत्सव में जनता से मिला उत्साहजनक प्रतिसाद इस बात का प्रमाण है कि लोगों का हाउसिंग बोर्ड की योजनाओं पर विश्वास बढ़ रहा है। राज्य स्तरीय आवास मेले के माध्यम से प्रदेश के नागरिकों को एक ही मंच पर सभी योजनाओं की जानकारी, आवेदन और बुकिंग की सुविधा प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में हाउसिंग बोर्ड ने कई जनहितैषी योजनाएँ प्रारंभ की हैं, जिनमें वन टाइम सेटलमेंट योजना-2 विशेष रूप से उल्लेखनीय है, जिसके अंतर्गत भवन मूल्य में 30 प्रतिशत तक की छूट देकर आमजन को किफायती दरों पर पक्का मकान उपलब्ध कराया गया है।

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का यह राज्य स्तरीय आवास मेला प्रदेश की आवासीय विकास यात्रा में एक नया अध्याय जोड़ेगा। छत्तीसगढ़ स्थापना के रजत जयंती वर्ष में यह आयोजन “सबके लिए आवास” के लक्ष्य की दिशा में एक सार्थक और ऐतिहासिक पहल साबित होगा।

और भी

कुनकुरी में जिला स्तरीय ओपन बैडमिंटन प्रतियोगिता का जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव के हाथों हुआ भव्य शुभारंभ,पहले दिन जिले के 140 खिलाड़ियों ने दिखाया अपना जौहर

जशपुर नगर 23 नवम्बर 2025 : 

छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अंतर्गत कलेक्टर रोहित व्यास और जिला बैडमिंटन संघ जशपुर के अध्यक्ष सीईओ अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में दो दिवसीय जिला स्तरीय ओपन बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ आज कुनकुरी के मिनी इंडोर स्टेडियम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव के मुख्य आतिथ्य में हुआ । छत्तीसगढ़ बैडमिंटन एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित इस टूर्नामेंट में पहले दिन 140 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

उद्घाटन समारोह में कुनकुरी के  प्रतिष्ठित समाजसेवी भरत सिंह, एसडीएम नंदजी पांडेय और कुनकुरी एसडीओपी विनोद मंडावी भी उपस्थित रहे। 

शौर्य प्रताप सिंह जूदेव ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि जिले में हो रही यह प्रतियोगिता हमारे लिए गर्व का विषय है। यहां के खिलाड़ी बैडमिंटन के खेल में भी अब आगे आ रहे हैं। खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने हार जीत से ऊपर खेल भावना को शायरी के माध्यम से बताया। 

आयोजन समिति के अध्यक्ष एसडीएम विश्वास राव मस्के ने कहा कि कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर जिले में खेल संस्कृति विकसित करने का प्रयास लगातार किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता जिले में खेल भावनाओं को बढ़ावा देने और प्रतिभावान खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से कराया जा रहा है। जिले के सभी विकासखण्डों में खेल अधोसंरचना विकसित करने का प्रयास भी किया जा रहा है।  एक लाख अठ्ठाईस हजार राशि का नकद पुरस्कार और ट्रॉफी विजेताओं को प्रदान की जाएगी। इस तरह की प्रतियोगिता का आयोजन हर साल जिले में होना चाहिए। 

जिला बैडमिंटन संघ के सेक्रेटरी विनोद गुप्ता ने कहा कि शासन के द्वारा जिले में खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। प्रतियोगिता की संक्षिप्त जानकारी देते हुए उन्होंने खिलाड़ीयों को इसे करियर के रूप में भी अपनाने की बात कही।

आज पहले दिन के परिणाम के आधार पर अंडर-19 बालिका सिंगल वर्ग में रांझी बंसल और श्रीमोई दास सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं। अंडर 19 बालक डबल वर्ग के सेमीफाइनल में आदित्य पांडेय-अनस रज़ा, गौरव स्वामी- कुणाल सिंह, आदित्य गुप्ता-अर्पित मस्के, आलीशान सिद्दीकी-राहुल झा पहुंच चुके हैं। दूसरे दिन सभी वर्गो के सेमीफाइनल और फाइनल मैच आयोजित होने हैं। 

उद्घाटन समारोह में कुनकुरी बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष विनीत जिंदल, सेक्रेटरी महेश त्रिपाठी, जिला बैडमिंटन संघ के कोषाध्यक्ष डॉ अशोक लकड़ा, क्रीडा अधिकारी प्रदीप चौरसिया, यशस्वी जशपुर के अवनीश पाण्डेय ,सुधीर सिन्हा, सुजीत सिंह, दिवाकर यादव, अमन चौरसिया, कुशाग्र गुप्ता,  सज्जन रवानी सहित कई वॉलिंटियर, खिलाड़ियों के अभिभावक और दर्शक उपस्थित रहे।

और भी