ताजा खबरें


बड़ी खबर

CG Suicide News : बेहद दर्दनाक, चिंताजनक घटना.! प्रिंसिपल की फटकार और टीसी देने से आहत छात्रा ने की आत्महत्या..पढ़ें पूरी ख़बर

Chhattisgarh News/रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक बेहद दर्दनाक और चिंताजनक घटना सामने आई है। यहां एक नाबालिग छात्रा ने स्कूल से लौटने के बाद अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृत छात्रा की पहचान यामिनी ध्रुव के रूप में हुई है, जो आरडीए कॉलोनी रायपुरा में अपने परिजनों के साथ रहती थी। यामिनी, पंडित गिरजाशंकर मिश्रा स्कूल में पढ़ाई कर रही थी। परिजनों के मुताबिक, स्कूल में किसी बात को लेकर प्रिंसिपल ने उसे सार्वजनिक रूप से डांटा और ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) थमा दिया, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद आहत हो गई थी। 

 बंद होकर लगा ली फांसी

 वहीं गुरुवार को स्कूल से लौटने के बाद यामिनी चुपचाप अपने कमरे में चली गई। परिवार वालों को जब देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उन्होंने दरवाजा खटखटाया। कोई उत्तर न मिलने पर दरवाजा तोड़ा गया तो यामिनी फांसी के फंदे से लटकती मिली। तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। यामिनी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में भी गहरा शोक है।

 

दरअसल स्कूल प्रशासन के रवैये पर सवाल इस घटना के बाद स्कूल प्रशासन की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि छात्रा को सार्वजनिक रूप से डांटना और तत्काल टीसी थमाना अनावश्यक अपमान और मानसिक प्रताड़ना का कारण बना। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में माना है कि आत्महत्या के पीछे स्कूल में हुए व्यवहार की अहम भूमिका हो सकती है। आत्महत्या के लिए उकसाने की आशंका को भी खंगाला जा रहा है। Also Read - आश्रम में शिक्षक की लाश मिली, पुलिस ने शव को फंदे से उतारा पुलिस कर रही हर पहलू से जांच थाना प्रभारी के अनुसार, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

फिलहाल स्कूल प्रबंधन से भी पूछताछ की जाएगी और प्रिंसिपल के बयान लिए जाएंगे। अगर आत्महत्या के लिए उकसाने जैसे तथ्य सामने आते हैं, तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यामिनी की मौत ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या स्कूलों में अनुशासन के नाम पर मानसिक प्रताड़ना दी जा रही है? क्या शिक्षा संस्थानों में संवेदनशीलता की कमी बच्चों को खुदकुशी की ओर धकेल रही है?

और भी

CG Breaking : छत्तीसगढ़ विधानसभा का आज से मानसून सत्र..पढ़ें पूरी ख़बर

Chhattisgarh News/रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का आज से मानसून सत्र शुरू हो रहा है। इसे लेकर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने रविवार को कांग्रेस के सभी विधायकों की राजीव भवन में बैठक बुलाई। इस दौरान महंत ने कहा कि सत्र बहुत कम समय के लिए बुलाया गया है। पहले ही दिन खाद और बीज की कमी को लेकर स्थगन प्रस्ताव लाएंगे।

दरअसल, महंत ने कहा कि बैठक में साय सरकार को घेरने की रणनीति तय की गई। विधायक पूरी मजबूती और आक्रामकता के साथ सत्र में शामिल होंगे। सरकार से जवाब मांगेगे कि किसानों की समस्याओं पर ध्यान क्यों नहीं दिया जा रहा। सदन में मोटी लाठी लेकर जाएंगे।

फिलहाल, CM विष्णुदेव साय की मौजूदगी में बीजेपी विधायक दल की भी बैठक हुई। इस दौरान संसदीय कार्यमंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सरकार पूरी तरह से तैयार है। कांग्रेस के पास मुद्दे नहीं हैं। साथ ही कहा कि सरकार कांग्रेसियों की तरह भागने वाली नहीं है। शराब घोटाले की राशि और बढ़ गई है।

और भी

CG Breaking : कांग्रेस विधायक दल की बैठक में सरकार को घेरने बनी रणनीति..नेता प्रतिपक्ष महंत ने कहा- 'सत्र की अवधि बहुत कम, फिर भी.,'पढ़े पूरी ख़बर

Chhattisgarh News/रायपुर। मानसून सत्र को लेकर कांग्रेस विधायक दल की बैठक आज कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में हुई। बैठक की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने की। इसके बाद उन्होंने प्रेसवार्ता कर बैठक में हुई चर्चा और आगामी रणनीति की जानकारी दी।

वहीं, डॉ. चरणदास महंत ने बताया कि बैठक में सभी विधायकों की बातों को सुना गया है और तमाम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान आक्रामक तरीके से मुद्दों को उठाने का प्रयास करेंगे। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार के खिलाफ मुद्दे ज्यादा हैं, लेकिन मानसून सत्र की अवधि बहुत कम रखी गई है। फिर भी हम जनता से जुड़े मुद्दों को सदन में उठाने का प्रयास करेंगे।

दरअसल, उन्होंने बताया कि बिजली बिलों में बढ़ोतरी, सुरक्षा से जुड़े मसले और आदिवासियों के मुद्दों को लेकर लड़ेंगे। महंत ने कहा कि कांग्रेस के सभी विधायक पूरी तैयारी के साथ विधानसभा सत्र में सरकार को घेरेंगे। साथ ही कहा कि फर्जी धान खरीदी के चलते करोड़ों का नुकसान हुआ है यह मुद्दा भी उठायेंगे।

फिलहाल, छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र कल यानी 14 जुलाई से 18 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान सदन में पांच बैठके होंगी।

और भी

CG Big News : छत्तीसगढ़ के दिव्यांग एथलीट सुखदेव ने रचा इतिहास..अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जीता गोल्ड मैडल..पढ़ें पूरी ख़बर

Chhattisgarh News/रायपुर। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के होनहार दिव्यांग एथलीट सुखदेव ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर इतिहास रच दिया है. बेंगलुरु के कांतिराव एथलेटिक्स स्टेडियम में 11-12 जुलाई को आयोजित 7वीं ओपन पैरा एथलेटिक्स इंटरनेशनल चैंपियनशिप 2025 में उन्होंने 1500 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल अपने नाम किया. सुखदेव ने यह दूरी महज 4.36 मिनट में पूरी कर प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया.

हालांकि, पूर्व छात्र रहे हैं फॉर्चून नेत्रहीन विद्यालय के

सुखदेव फॉर्चून फाउंडेशन समाजसेवी संस्था द्वारा संचालित फॉर्चून नेत्रहीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, करमापटपर (बागबाहरा खुर्द) के पूर्व छात्र रहे हैं. उन्होंने प्रशिक्षक निरंजन साहू के मार्गदर्शन में लगातार अभ्यास कर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की. वर्तमान में वह भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), बेंगलुरु में नियमित प्रशिक्षण ले रहे हैं.

पहले भी दिला चुके हैं छत्तीसगढ़ को गौरव

ज्ञात हो कि, इससे पहले सुखदेव ने खेलो इंडिया पैरा गेम्स 2025, नई दिल्ली में 400 मीटर दौड़ और 23वीं राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप, चेन्नई में भी 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया था.

शासन का सहयोग और प्रतिबद्धता

वहीं, छत्तीसगढ़ शासन खेल और खिलाड़ियों, विशेषकर दिव्यांग एथलीटों को प्रोत्साहित करने और उन्हें हर संभव संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. सरकार का उद्देश्य है कि हर प्रतिभावान खिलाड़ी को उचित मंच और अवसर मिले ताकि वे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन कर सकें.

प्रशासन और खेल जगत ने दी बधाई

दरअसल, सुखदेव की इस उपलब्धि पर महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, सीईओ जिला पंचायत एस. आलोक, उप संचालक समाज कल्याण संगीता सिंह, खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी मनोज धृतलहरे, जिला शिक्षा अधिकारी विजय लहरे, प्रशिक्षक निरंजन साहू और पैरा स्पोर्ट्स संघ के पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

प्रेरणा बना सुखदेव का संकल्प

फिलहाल, सुखदेव की यह उपलब्धि न केवल उनके समर्पण और मेहनत का परिणाम है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ के अन्य दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है. उन्होंने यह साबित कर दिया कि सच्ची लगन और निरंतर अभ्यास से कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती. यह सफलता छत्तीसगढ़ की प्रतिभाओं और खेल संस्कृति को एक नई पहचान देने का कार्य कर रही है.

और भी

*छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल की कड़ी निगरानी में परीक्षा आयोजन,इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से नकल करते हुए एक परीक्षार्थी पकड़ी गई, एफआईआर दर्ज*

रायपुर, /छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल, रायपुर द्वारा आयोजित उप अभियंता (सिविल) एवं उप अभियंता (विद्युत/यांत्रिकी) भर्ती परीक्षा के अंतर्गत परीक्षा केन्द्र क्र. 1309 - शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सरकंडा, बिलासपुर (छ.ग.) में एक गंभीर नकल प्रकरण प्रकाश में आया।  कक्ष क्रमांक 07 में परीक्षार्थी रोल नंबर 13091014 - कु. अन्नु सूर्या, पिता - कलेश्वर राम द्वारा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए परीक्षा कक्ष में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उक्त परीक्षार्थी के अंतःवस्त्र में हिडन कैमरा व कान से माइक्रो स्पीकर जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण छिपाकर रखे गए पाए गए, जिन्हें तत्काल जब्त किया गया।

परीक्षा केन्द्र परिसर के बाहर नकल में सहायता करने हेतु उपस्थित कु. अनुराधा बाई के पास से वॉकी-टॉकी, टैबलेट, ब्लूटूथ डिवाइस और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। यह स्पष्ट रूप से एक संगठित इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से नकल करने का प्रयास था।

प्रशासन द्वारा नियमानुसार तत्काल नकल प्रकरण तैयार कर छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) को प्रेषित कर दिया गया है। साथ ही, थाना सरकंडा पुलिस को सूचित कर एफआईआर दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। संबंधित व्यक्तियों पर उचित कानूनी कार्यवाही की जा रही है।

व्यावसायिक परीक्षा मंडल एवं जिला प्रशासन द्वारा इस पूरे प्रकरण को अत्यंत गंभीरता से लिया गया है। परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु ऐसी घटनाओं पर "जीरो टॉलरेंस नीति" अपनाई गई है। भविष्य में भी किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधियों पर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

और भी

चराईडांड विद्यालय में विश्वजनसंख्या दिवस मनाया गया 


जशपुर : विश्व जनसंख्या दिवस बहुत ही हर्षोल्लाह के साथ मनाया गया इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संस्था प्रमुख प्राचार्य  के टोप्पो रहे और उनके उद्बोधन में बच्चों को आशीर्वचन के रूप में जनसंख्या के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि जनसंख्या विस्फोटक हमारे देश के लिए और अपने लिए हानिकारक सिद्ध हो सकता है इसलिए जनसंख्या पर नियंत्रण काबू पाना आवश्यक हो गया है इसकी पहल स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों द्वारा विभिन्न प्रकार की योजनाएं चला कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है तथा आप भी अपने घर परिवार समाज को एक अच्छा संदेश दे सकते हैं हम दो हमारे दो के इस विचार को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे तथा व्याख्याता गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा  कि जनसंख्या हमारे देश के लिए विकराल समस्या है अनियंत्रित जनसंख्या वृद्धि संसाधन उपलब्धता को बेहद सीमित करती है जनसंख्या वृद्धि एक महत्वपूर्ण मुद्दा है जिस पर दुनिया द्वारा तुरंत ठोस कदम उठाना चाहिए विश्व जनसंख्या दिवस 1989 में संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम की गवर्निंग काउंसलिंग द्वारा स्थापित किया गया था यह सुझाव डॉक्टर के जकारिया ने किया था निरंतर जनसंख्या विस्फोट दुनिया के विकास के लिए कहीं से भी बेहतर नहीं है अतः इस जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता है और आप जागरूक हो और दूसरे को भी जागरूक करें इन्हीं शब्दों के साथ विद्यार्थियों को संबोधन करते हुए अपने वाणी को विराम दिए तथा एन एस एस   के कार्यक्रम अधिकारी अशोक कुमार सिंह ने विश्व जनसंख्या दिवस के उद्देश्यों को बताते हुए कहा कि जनसंख्या वृद्धि की दर को लेकर जन जागरूकता बढ़ाना इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है तथा गरीबी बेरोजगारी और पर्यावरणीय दबाव जैसे जनसंख्या वृद्धि में दुष्परिणामों को समझना तथा सरकारों को जनसंख्या नीति पर विचार के लिए प्रेरित करना इस कार्यक्रम का विशेष उद्देश्य है  संस्था के व्याख्याता मनोज कुमार गुप्ता ने इस कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि एवं सभी विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए इस कार्यक्रम की समाप्ति की घोषणा की ।

और भी

जे ई ई एवं नीट के लिए जिले के के बच्चों को मिलेगी निःशुल्क तैयारी की सुविधा 

जशपुर : जिला कलेक्टर रोहित व्यास और मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार के निर्देश में तथा यशस्वी जशपुर के समन्वय से जिले में समस्त शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के कक्षा 11वीं 12वीं के विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों के लिए जेईई नीट जैसे परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष पहल की जा रही है। ओपन लिंक्स फाउंडेशन प्रोग्राम मैनेजर  राजेंद्र विश्वकर्मा ने जिले के हायर सेकेंडरी विद्यालयों के फिजिक्स विषय के व्याख्याताओं को जानकारी देते हुए बताया  कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत समस्त ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को एक मंच प्रदान किया जा रहा है। ओपन लिंक फाउंडेशन और अवंती फाउंडेशन के संयुक्त तत्वाधान से स्कूल से ही कोचिंग की बेहतर व्यवस्था, उत्तम रीडिंग मैटेरियल प्रदान करना  उसके साथ ही प्रत्येक 15 दिनों में टेस्ट पेपर की सीरीज उपलब्ध करवाई जाएगी।   कंप्यूटर आधारित परीक्षा आयोजन पश्चात सॉल्यूशन भी प्रदान किए जाएंगे।  इन सभी प्रक्रियाओं में समस्त हायर सेकेंडरी स्कूल के  कक्षा ग्यारहवीं और 12वीं के विज्ञान संकाय के सभी विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा।  रजिस्टर हुए विद्यार्थियों को ही इसका लाभ मिल पाएगा।  यह कार्यक्रम  जिले में डिप्टी कलेक्टर प्रशांत कुशवाहा , जिला शिक्षा अधिकारी पी के भटनागर एवं यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी विनोद गुप्ता के मार्गदर्शन में संचालित होगा।  इस कार्यक्रम में यशस्वी जशपुर के संजीव शर्मा, अवनीश पांडे,  संजय दास , दीपक ग्वाला एवं ओपन लिंक्स  फाउंडेशन से सोमनाथ साहू , समस्त विकास खंड शिक्षा अधिकारी, सहायक विकास खंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड स्रोत समन्वयक एवं जिले के विज्ञान और भौतिकी  संकाय के समस्त शिक्षक उपस्थित रहे।

और भी

CG Big News : मैनपाट प्रशिक्षण शिविर हो गया संपन्न, पर बयानबाजी का सिलसिला जारी..कांग्रेस विधायक ने बताया मौज-मस्ती का जरिया, तो भाजपा सांसद ने कही संगठन मजबूती की बात..पढ़ें पूरी ख़बर

Chhattisgarh News/दुर्ग। मैनपाट में भारतीय जनता पार्टी ने चिंतन और प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया था. पार्टी के विधायकों और सांसदों के लिए,आयोजित शिविर के समाप्त होने के बाद भी राजनीतिक बयानबाजी जारी है. कांग्रेस ने भाजपा के इस शिविर को जहां मौज-मस्ती बताया, तो वहीं दूसरी ओर भाजपा ने इसे संगठन मजबूती का जरिया बताया है.

दरअसल, शिविर को लेकर दुर्ग सांसद और भाजपा नेता विजय बघेल ने कहा कि भाजपा एक सिद्धांतवादी पार्टी है, जो राष्ट्र और जनहित को सर्वोपरि मानती है. उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर समय-समय पर नए निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के लिए आयोजित किए जाते हैं, ताकि उन्हें पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक कार्यशैली और महापुरुषों के सिद्धांतों की गहराई से जानकारी दी जा सके. बघेल ने बताया कि शिविर में महापुरुषों के आदर्शों और विचारों को आत्मसात करने पर विशेष बल दिया गया.

फिलहाल, दूसरी ओर भिलाई नगर के कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव ने इस शिविर को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि यह शिविर असल में सिर्फ मौज-मस्ती और घूमने-फिरने के लिए था. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की नीति और नियत सिर्फ चुनाव जीतने तक सीमित है. यादव ने यह भी आरोप लगाया कि इस शिविर में चुनावी रणनीति के तहत मतदाता सूची में गड़बड़ी, नाम कटवाने और चुनाव को प्रभावित करने जैसी बातों पर चर्चा की गई. उन्होंने कहा कि मैनपाट जैसी खूबसूरत जगह को भ्रमण स्थल बनाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश की जा रही है.

और भी

CG News : सड़क पर कांग्रेस का चक्काजाम.! जिस सड़क पर पहले भाजपा ने धरना दिया, अब वहीं कांग्रेस विधायक ने बैठकर किया विरोध प्रदर्शन..पढ़ें पूरी ख़बर

Chhattisgarh News/खैरागढ़. आठ वर्षों से मौत के गड्ढों में तब्दील हो चुकी डोंगरगढ़-खैरागढ़ मुख्य सड़क पर रविवार को कांग्रेस ने चक्काजाम (Congress Protest) कर प्रदर्शन किया. विरोध का नेतृत्व कर रहीं डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता बघेल खुद सड़क पर बैठ गईं. वर्षों से आवाजाही और विकास की राह रोक कर बैठी यह सड़क अब राजनीति का मंच बन चुकी है, जहां पहले भाजपा प्रदर्शन करती थी, अब वहीं कांग्रेस कर रही है.

दरअसल, खैरागढ़ जिला मुख्यालय को धर्मनगरी डोंगरगढ़ और महाराष्ट्र से जोड़ने वाली यह सड़क ढारा से सिदार खपरी तक इतनी जर्जर है कि सड़क में गड्ढे नहीं, गड्ढों में सड़क ढूंढनी पड़ रही है. बरसात में इन गड्ढों में पानी भरने से हादसों का डर बना रहता है. मां बमलेश्वरी और करेला भवानी मंदिर में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं को भी इसी खस्ताहाल सड़क से होकर गुजरना पड़ता है.

कांग्रेस विधायक ने अनुविभागीय अधिकारी को लिखा पत्र जिम्मेदारी किसकी? जनता के लिए कोई जवाब नहीं

दरअसल, पीडब्ल्यूडी के कार्यपालन अभियंता का कहना है कि यह सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) की है और इसकी मरम्मत की जिम्मेदारी भी उन्हीं की है. वहीं, विभागीय पत्राचार के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है. सरकारी कागजों में सड़क बनी रहती है, जमीनी हकीकत में गड्ढे और धूल उड़ती रहती है.

गड्डों वाली सड़क बनी फोटो खिंचवाने और बयानबाजी का मंच

फिलहाल, बीते पांच वर्षों में कांग्रेस की सरकार थी तो भाजपा ने इसी सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया, आज भाजपा की सरकार है तो कांग्रेस सवाल उठा रही है. इस बीच सड़क पर नारे बदलते गए, नेता बदलते गए, लेकिन गड्ढे वहीं के वहीं रह गए. यह सड़क अब जनता के लिए आवाजाही का मार्ग नहीं, बल्कि राजनीतिक दलों के लिए फोटो खिंचवाने और बयानबाजी का मंच बन गई है. जब सत्ता में रहते हैं, तब फाइलें चुप रहती हैं, सड़कें टूटी रहती हैं. विपक्ष में जाते ही सड़कें भी याद आने लगती हैं, और जनता भी. इस सड़क पर गिरते संभलते लोगों के मन में अब सिर्फ एक सवाल है – सड़क कब बनेगी? या यह सड़क हमेशा सत्ता और विपक्ष की राजनीति में पिसती रहेगी, और जनता गड्ढों में गिरकर ही हर बार चुनावी वादे याद करती रहेगी?

और भी

CG Road Accident : भीषण सड़क हादसा.! नहर में कार गिरने से 3 लोगों की मौत..दो की हालत गंभीर..पढ़ें पूरी ख़बर

Chhattisgarh News/सूरजपुर। जिले के विश्रामपुर से शादी की सालगिरह समारोह में शामिल होने बिहार गया एक परिवार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया है। पटना जिले के रानी तालाब इलाके में उनकी कार अनियंत्रित होकर सोन नहर में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई है। वहीं इस घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

मिली जानकारी के अनुसार सभी मृतक विश्रामपुर के निवासी थे। घायलों में नंदन सिंह और उनकी बेटी शामिल हैं। जिनका इलाज अभी पटना एम्स में चल रहा है। बताया जा रहा है कि विश्रामपुर निवासी नंदन सिंह अपने परिवार के साथ कार से बिहार के वैशाली नगर जा रहे थे। जहां वे परिवार के शादी के सालगिरह समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

फिलहाल, रास्ते में पटना के रानी तालाब थाना क्षेत्र के सरैया गांव के पास अचानक कार बेकाबू हो गई और सोन नहर में जा गिरी। बताया जा रहा है कि गाड़ी चलाते समय नंदन सिंह को नींद आ गई, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी को नहर से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया है। इस दौरान तीन लोगों की मौत हो गई। घटना से विश्रामपुर में भी शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

और भी

CG Big News : एक्शन में DEO.! एक साथ स्कूल से 9 शिक्षक,3 प्यून थे अनुपस्थित..कारण बताओ नोटिस जारी..पढ़ें पूरी ख़बर

Chhattisgarh News/बस्तर। जिले के एक स्कूल में एक दिन में 9 शिक्षक एक साथ अनुपस्थित पाए गए। साथ ही इसी स्कूल के 3 प्यून भी नदारद रहे। जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल का अचानक निरीक्षण किया। वहीं अनुपस्थित शिक्षकों और प्यून को कारण बताओ नोटिस थमाया गया है। सभी से 3 दिनों के अंदर जवाब मांगा गया है।

दरअसल, DEO बीआर बघेल ने 12 जुलाई को जिले के बास्तानार और तोकापाल ब्लॉक के कई स्कूलों का निरीक्षण किया। इस दौरान सुबह करीब 7:40 को तोकापाल ब्लॉक के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला मावलीभाटा स्कूल पहुंचे। वहीं निरीक्षण के दौरान स्कूल के 9 टीचर्स सहित 3 प्यून अनुपस्थित मिले।

वहीं DEO ने एक्शन लेते हुए कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। हायर सेकेंडरी स्कूल मावलीभाटा के निरीक्षण में व्याख्याता नियमित नगेश कुमार दास, व्याख्याता एलबी लोकेश कुमार नाग, गेंदकुमारी तिवारी, कुमारी पूजा ठाकुर, अंशुमाला मिंज, नियमित

फिलहाल, शिक्षक उग्रेश कुमार सोरी, शिक्षक एलबी राधाकृष्ण ध्रुव, दुतिका कश्यप एवं अनिता ठाकुर को नोटिस थमाया गया है। इनके अलावा प्यून बुधमनी बघेल, दीपिका सेठिया और चंद्रकला बघेल को भी जारी किया गया है।

और भी

CG Big News : इंटरनेशनल पावरलिफ्टिंग में स्वर्ण पदक विजेता प्रेम राजन ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात..विष्णुदेव साय ने दी बधाई..पढ़ें पूरी ख़बर

Chhattisgarh News/रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में एसबीकेएफ इंटरनेशनल गेम्स 2024 में स्वर्ण पदक विजेता पावरलिफ्टर प्रेम राजन रौतिया ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उन्हें इस विशिष्ट उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवा आज अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं, जो हम सभी के लिए गर्व का विषय है।

दरअसल, प्रेम राजन रौतिया महासमुंद जिले के पिथौरा के निवासी हैं। उन्होंने 31 अगस्त से 4 सितंबर 2024 तक नेपाल के पोखरा में आयोजित एसबीकेएफ इंटरनेशनल गेम्स में अंडर-30 कैटेगरी में भाग लेते हुए 735 किलोग्राम भार उठाकर शानदार प्रदर्शन किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि ने छत्तीसगढ़ को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर और मजबूत उपस्थिति दिलाई है।

फिलहाल, इस अवसर पर छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा, खेमराज बाकरे सहित मेहर रविदास समाज के अनेक प्रतिनिधि उपस्थित थे, जिन्होंने रौतिया को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

और भी

CG Big News : स्वच्छ सर्वेक्षण 2025.! छत्तीसगढ़ के 7 नगरीय निकायों को राष्ट्रपति मुर्मु करेंगी पुरस्कृत..CM साय और डिप्टी सीएम साव ने दी बधाई..पढ़ें पूरी ख़बर

Chhattisgarh News/रायपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 में छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है. नई दिल्ली में आगामी 17 जुलाई को आयोजित होने वाले स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह में राज्य के सात नगरीय निकायों को स्वच्छता के मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु इन पुरस्कारों को प्रदान करेंगी. इस अवसर पर केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय आवास और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू भी उपस्थित रहेंगे.

वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों को प्रेसिडेंट्स अवार्ड प्रदान करेंगी. स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए बिलासपुर नगर निगम को तीन लाख से दस लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में, कुम्हारी नगर पालिका को 20 हजार से 50 हजार आबादी वाले शहरों की श्रेणी में और बिल्हा नगर पंचायत को 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में यह सम्मान दिया जाएगा. इसके अतिरिक्त, रायपुर नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में राज्य स्तर पर श्रेष्ठ कार्यों के लिए केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा मिनिस्ट्रियल अवार्ड प्रदान किया जाएगा.

वहीं, स्वच्छता के क्षेत्र में असाधारण प्रदर्शन करने वाले शहरों को पहचान देने हेतु इस वर्ष सुपर स्वच्छता लीग (एसएसएल) नामक एक विशेष श्रेणी की शुरुआत की गई है. इस लीग में वे शहर शामिल किए गए हैं, जो पिछले तीन वर्षों में कम से कम एक बार शीर्ष तीन में स्थान प्राप्त कर चुके हैं और वर्तमान वर्ष में अपनी संबंधित जनसंख्या श्रेणी में शीर्ष 200 में बने हुए हैं. इस नवीन श्रेणी में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों का चयन हुआ है – अंबिकापुर नगर निगम (50 हजार से तीन लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी), पाटन नगर पंचायत और बिश्रामपुर नगर पंचायत (20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी) को एसएसएल के लिए चयनित किया गया है.

दरअसल, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने स्वच्छ सर्वेक्षण में राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयनित सातों नगरीय निकायों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश के शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगरीय प्रशासन और विकास विभाग और स्थानीय निकायों द्वारा सतत किए जा रहे प्रयासों का यह उत्कृष्ट परिणाम है. उन्होंने आशा जताई कि आने वाले समय में राज्य के और भी अधिक नगरीय निकाय स्वच्छता के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होंगे. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि शहरी सरकारों से लेकर राज्य और केंद्र सरकार तक, सभी मिलकर शहरों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधासंपन्न बनाने हेतु अनेक नवाचारों के साथ निरंतर कार्य कर रहे हैं.

फिलहाल, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि “छत्तीसगढ़ के सात नगरीय निकायों का स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 में राष्ट्रीय स्तर पर चयन होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है. यह हमारे नगरीय प्रशासन, स्थानीय निकायों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का प्रमाण है. बिलासपुर, कुम्हारी, बिल्हा, रायपुर, अंबिकापुर, पाटन और बिश्रामपुर जैसे शहरों ने स्वच्छता के क्षेत्र में जो उदाहरण प्रस्तुत किया है, वह अन्य निकायों के लिए भी प्रेरणा बनेगा. मैं सभी विजेता नगरीय निकायों को बधाई देता हूँ और विश्वास जताता हूं कि छत्तीसगढ़ स्वच्छता के इस अभियान में देश का अग्रणी राज्य बना रहेगा.”

और भी

बगीचा के रोकड़ा में लगाया गया सुशासन शिविर : समाधान शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को मिला समस्याओं का समाधान...मुख्य अतिथि रही जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत

बगीचा/नारायणपुर :-राज्य सरकार द्वारा सुशासन शिविर के तहत ग्रामीण अंचलों तक शासन-प्रशासन की पहुँच सुनिश्चित करने का कार्य लगातार जारी है जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत रोकड़ा में शनिवार 12 जुलाई को जिला स्तरीय सुशासन शिविर का आयोजन किया गया। पाठ क्षेत्र में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान और शासन की योजनाओं की जानकारी देना था।शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां 05 ग्राम पंचायतों से आए सैकड़ों ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं के आवेदन प्रस्तुत किए।

   शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, विकास कार्यों में गति लाने तथा जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों से सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से कलेक्टर के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत रोकड़ा कलस्टर में  07 से 12 जुलाई तक देवडाड़, गायबुढा, सोनगेरसा, सारूढाब, रोकड़ा महादेवजाबला कुल 06 शिविर का आयोजन किया गया ।

इसी कड़ी में विकासखंड बगीचा के ग्राम पंचायत रोकड़ा में आज सुशासन शिविर का आयोजन हुआ। शिविर में क्षेत्रीय विधायक श्रीमती रायमुनि भगत ने विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को लाभ भी प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत रही, जो अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ शिविर में शामिल हुए। इस अवसर पर विधायक ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को राशन कार्ड सहित अन्य योजना की सामग्री वितरित किए।शिविर के दौरान गर्भवती महिलाओं के लिए “गोद भराई” कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें विधायक ने भाग लेकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत स्कूल परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

   विधायक श्रीमती भगत ने कहा, “मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में सरकार जनकल्याण को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सुशासन शिविरों का मुख्य उद्देश्य यह है कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान उनके द्वार पर पहुंचकर किया जा सके, जिससे समय और संसाधनों की बचत हो और आमजन को राहत मिले।”


जिला स्तरीय सुशासन शिविर रोकड़ा क्लस्टर में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, वन विभाग, राजस्व विभाग, उद्यान विभाग, कृषि विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, मत्स्य विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग, केडा विभाग, श्रम विभाग, विद्युत विभाग, पशुधान विकास विभाग, रेशम विभाग, जल संसाधन विभाग एवं खाद्यय विभाग के जिला एवं विकास खण्ड स्तरीय अधिकारीयों द्वारा अपनी योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दिया गया। विषेश रूप से सहायक आयुक्त महोदय द्वारा धरती आबा के अन्तर्गत 17 मंत्रालय एवं इससे संबंद्ध 25 गतिविधियों के बारे मे समझाया गया। तथा ग्रामीणों को प्रधान मंत्री आवास के बारे में विस्तृत जानकारी दिया जा कर समय सीमा में पूर्ण किया जाने हेतु प्रोत्साहित किया गया।

इस अवसर पर समाज कल्याण द्वारा सामाजिक सहायता कार्यक्रम अन्तर्गत 13 हितग्राहियों को पेंशन आदेश का वितरण किया गया। जनपद पंचायत द्वारा 14 हितग्राहियों को राशन कार्ड का वितरण, कृषि विभाग द्वारा 20 किसानों को रागी बीज का वितरण किया गया, उद्ययान विभाग के द्वारा सबजी बीज एवं पौध खाद दवाई वितरण तथा मत्स्य विभाग द्वारा 3 हितग्राहियों को जाल एवं आईस बाक्स का वितरण मुख्य अतिथी के द्वारा किया गया।

इस अवसर पर कार्यक्रम में जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, जिला पंचायत सदस्य श्री गेंदबिहारी जी, अधयक्ष जनपद पंचायत श्रीमती गायत्री नागेश, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत श्री अरविन्द गुप्ता, सहायक आयुक्त श्री संजय सिंह, अनुविभागीय अधिकारी (रा.) श्री प्रदिप राठिया, जनपद सी ई ओ श्री श्रीवास, विभिन क्षेत्रों के जनपद सदस्य श्रीमती रूपावती बाई, श्रीमती दिनेश्वरी, श्रीमती सविता नागेश, सरपंच, उपसरपंच, पंच, और भाजपा जिला उपाधयक्ष श्री शंकर गुप्ता जी, भाजपा जिला महामंत्री  मुकेश शर्मा जी. सुरेश जैन इसके अलावा विभिन्न विभागो के अधिकारी कर्मचारी एवं भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

और भी

*‘राइजिंग छत्तीसगढ़’ कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री श्री साय ने रखा दूरदर्शी विकास का रोडमैप....हर क्षेत्र में विकास को दी जा रही है तीव्र गति : मुख्यमंत्री*

रायपुर,/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर में न्यूज़18 मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित भव्य ‘राइजिंग छत्तीसगढ़’ कॉन्क्लेव में शामिल हुए। कार्यक्रम में राज्य के विकास, सुशासन और जनकल्याण के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर स्पष्ट किया कि उनकी सरकार छत्तीसगढ़ में समावेशी विकास को तीव्र गति से आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की 3 करोड़ जनता ने हमें ऐतिहासिक समर्थन दिया और हमने सरकार बनते ही काम की शुरुआत कर दी। पहले ही कैबिनेट में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए, जिससे आज हज़ारों परिवारों को गृहप्रवेश का अवसर मिल रहा है। कृषि क्षेत्र में ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए हमारी सरकार ने किसानों को दो वर्षों की बकाया राशि सहित ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीदी शुरू की है। महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना के अंतर्गत प्रदेश की 70 लाख महिलाओं को प्रति माह ₹1000 की सहायता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जनजातीय सशक्तिकरण के तहत चरण पादुका वितरण से लेकर तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस तथा तीर्थदर्शन योजना के माध्यम से गरीबों को धार्मिक यात्रा का अवसर प्रदान किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने पंचायतों में बैंकिंग सुविधा पहुंचाने का वादा किया था, जिसके तहत 1460 ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल केंद्रों की स्थापना हो चुकी है, और इसका जल्द ही विस्तार प्रदेश की सभी पंचायतों तक किया जाएगा। रेडी टू ईट निर्माण का कार्य पुनः महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार नक्सल मुक्त भारत अभियान को गंभीरता से आगे बढ़ा रही है। केंद्र सरकार द्वारा 31 मार्च 2026 तक देश को नक्सलमुक्त करने की समयसीमा तय की गई है, और हम नियद नेल्लार योजना के अंतर्गत गांवों में तेज़ी से विकास कार्य कर रहे हैं। डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता से यह परिवर्तन संभव हो पा रहा है।

‘राइजिंग छत्तीसगढ़’ कॉन्क्लेव में छत्तीसगढ़ की संभावनाओं, उपलब्धियों और आगे की दिशा पर केंद्रित अनेक विचारोत्तेजक सत्र आयोजित किए गए। कॉन्क्लेव ने शासन, सशक्तिकरण और नवाचार पर संवाद का एक प्रभावशाली मंच प्रदान करते हुए छत्तीसगढ़ के विजन को राष्ट्रीय पटल पर मजबूती से प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा एवं कृषि मंत्री डॉ. रामविचार नेताम भी उपस्थित थे।

और भी

*स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ के सात नगरीय निकायों को मिलेंगे राष्ट्रीय पुरस्कार.....17 जुलाई को नई दिल्ली में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु करेंगी पुरस्कृत*

रायपुर, / स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 में छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है। नई दिल्ली में आगामी 17 जुलाई को आयोजित होने वाले स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह में राज्य के सात नगरीय निकायों को स्वच्छता के मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु इन पुरस्कारों को प्रदान करेंगी। इस अवसर पर केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल तथा केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू भी उपस्थित रहेंगे।

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु, स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों को प्रेसिडेंट्स अवार्ड प्रदान करेंगी। स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए बिलासपुर नगर निगम को तीन लाख से दस लाख आबादी वाले (Big Cities) शहरों की श्रेणी में, कुम्हारी नगर पालिका को 20 हजार से 50 हजार आबादी वाले (Small Cities) शहरों की श्रेणी में तथा बिल्हा नगर पंचायत को 20 हजार से कम आबादी वाले (Very Small Cities) शहरों की श्रेणी में यह सम्मान दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, रायपुर नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में राज्य स्तर पर श्रेष्ठ कार्यों के लिए केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा मिनिस्ट्रियल अवार्ड (Ministerial Award) प्रदान किया जाएगा।

स्वच्छता के क्षेत्र में असाधारण प्रदर्शन करने वाले शहरों को पहचान देने हेतु इस वर्ष सुपर स्वच्छता लीग (एसएसएल) नामक एक विशेष श्रेणी की शुरुआत की गई है। इस लीग में वे शहर शामिल किए गए हैं, जो पिछले तीन वर्षों में कम से कम एक बार शीर्ष तीन में स्थान प्राप्त कर चुके हैं तथा वर्तमान वर्ष में अपनी संबंधित जनसंख्या श्रेणी में शीर्ष 200 में बने हुए हैं। इस नवीन श्रेणी में छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों का चयन हुआ है – अंबिकापुर नगर निगम (50 हजार से तीन लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी), पाटन नगर पंचायत तथा बिश्रामपुर नगर पंचायत (20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी) को एसएसएल के लिए चयनित किया गया है।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने स्वच्छ सर्वेक्षण में राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयनित सातों नगरीय निकायों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा स्थानीय निकायों द्वारा सतत किए जा रहे प्रयासों का यह उत्कृष्ट परिणाम है। उन्होंने आशा जताई कि आने वाले समय में राज्य के और भी अधिक नगरीय निकाय स्वच्छता के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि शहरी सरकारों से लेकर राज्य और केंद्र सरकार तक, सभी मिलकर शहरों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधासंपन्न बनाने हेतु अनेक नवाचारों के साथ निरंतर कार्य कर रहे हैं।

 "छत्तीसगढ़ के सात नगरीय निकायों का स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 में राष्ट्रीय स्तर पर चयन होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। यह हमारे नगरीय प्रशासन, स्थानीय निकायों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का प्रमाण है। बिलासपुर, कुम्हारी, बिल्हा, रायपुर, अंबिकापुर, पाटन और बिश्रामपुर जैसे शहरों ने स्वच्छता के क्षेत्र में जो उदाहरण प्रस्तुत किया है, वह अन्य निकायों के लिए भी प्रेरणा बनेगा। मैं सभी विजेता नगरीय निकायों को बधाई देता हूँ और विश्वास जताता हूं कि छत्तीसगढ़ स्वच्छता के इस अभियान में देश का अग्रणी राज्य बना रहेगा।"
– मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय

और भी

*स्वामी आत्मानंद नवीन आदर्श उच्चतर माध्यमिक उत्कृष्ट अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय में “नो प्लास्टिक अभियान” का आयोजन*

जशपुर : स्वामी आत्मानंद नवीन आदर्श उच्चतर माध्यमिक उत्कृष्ट अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय में शनिवार को “नो प्लास्टिक अभियान” बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्राथमिक, माध्यमिक तथा उच्चतर माध्यमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य श्री विनोद गुप्ता के प्रेरक संदेश से हुई। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण आज हमारे पर्यावरण के लिए सबसे बड़ा खतरा बन चुका है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे प्लास्टिक का उपयोग कम करें तथा कपड़े, कागज और जूट के थैलों जैसे वैकल्पिक साधनों को अपनाएँ। उन्होंने कहा कि “अगर आज कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाली पीढ़ियों को इसका गंभीर खामियाज़ा भुगतना पड़ेगा।”

अभियान के अंतर्गत विद्यालय प्रांगण से एक जागरूकता रैली निकाली गई, जो जैन मंदिर मार्ग होते हुए जशपुर बस स्टैंड तक गई और फिर विद्यालय लौट आई। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने “प्लास्टिक हटाओ, पर्यावरण बचाओ” जैसे नारे लगाए और जनता को प्लास्टिक के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।

विद्यालय परिवार का मानना है कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यालय को समाज से जोड़ना और जनसामान्य में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना है। इसी कड़ी में विद्यार्थियों द्वारा नारे लेखन, पोस्टर निर्माण, भाषण तथा नुक्कड़ नाटक जैसे विविध कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से प्लास्टिक के दुष्प्रभावों तथा पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला गया।

शिक्षकों में श्री बी. भौमिक, श्रीमती रोहिणी सिन्हा, श्री समीर, श्री सुरेश टण्डी, श्री विकास पांडे, श्री निरंजन कुजूर, श्रीमती सावित्री भगत, श्रीमती सविता बाई, श्रीमती सादिया जबी, श्रीमती संगीता यादव, कु. अंजू वंदना तिर्की एवं कु. पुष्पलता सिदार ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों को अपने घरों, मोहल्लों और समाज में “नो प्लास्टिक अभियान” को आगे बढ़ाने की शपथ दिलाई।

और भी

मुख्यमंत्री जिस विद्यालय में कर चुके हैं अध्ययन,वँहा पहुंची श्रीमती कौशल्या साय .... बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले इसके लिए  राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कर रही है कार्य

जशपुरनगर, /  शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बगिया में आज संकुल स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का  शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती कौशल्या साय ने मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलन कर  किया। कार्यक्रम में छात्रों ने स्वागत गीत गाकर सभी अतिथियों का अभिनंदन किया। अतिथियों  ने नवप्रवेशी बच्चों को पारंपरिक रूप से तिलक  लगाकर एवं मुँह मीठा कराकर स्वागत किया और सभी का उत्साहवर्धन करने के साथ शुभकामनाएं भी दी। अतिथियों द्वारा बच्चों को  गणवेश  प्रदान किया गया साथ ही सरस्वती साईकल योजना के तहत छात्राओं को साईकिल का वितरण भी किया। इसके साथ ही विद्यालय परिसर में एक पेड़ मां के नाम के तहत पौधा रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। 
     इस अवसर पर श्रीमती कौशल्या साय ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले इसके लिए  राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।  उन्होंने लोगों से बच्चों को प्राथमिकता के साथ विद्यालय भेजने, साफ-सफाई का ध्यान रखने, समय का सदुपयोग करने की अपील की साथ ही  शिक्षकों को भी प्रेरित किया कि वे निष्ठा और समर्पण के साथ बच्चों को बेहतर शिक्षण वातावरण प्रदान करें। उन्होंने बताया कि इस विद्यालय में  मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय भी अध्ययन कर चुके हैं।
      शिक्षा समिति के अध्यक्ष श्री प्रमोद गुप्ता  ने भी अपने संबोधन में छात्रों को जीवन में शिक्षा का महत्व के बारे में बताते हुए लक्ष्य प्राप्ति के लिए कड़ी मेहनत के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में  वन विभाग द्वारा चरण पादुका का वितरण भी किया गया।  इस दौरान श्रीमती हीरामती पैंकरा , जनपद उपाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता,बीडीसी श्री अटल बिहारी,  सरपंच श्रीमती राजकुमारी साय,   एवं शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामजीत साय,  रेंजर श्रीमती  प्रभावती चौहान ,श्री रवि यादव, प्रभारी  प्राचार्य श्री कौशिक, शिक्षकगण, अभिभावक और अन्य लोग मौजूद रहे। आभार प्रदर्शन विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री गोपाल राम द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री धनवंत यादव ने किया।

और भी