ताजा खबरें


बड़ी खबर

*छत्तीसगढ़ के लाल अनिमेष कुजूर ने रचा नया इतिहास, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने दी बधाई*


 
रायपुर / छत्तीसगढ़ के युवा धावक अनिमेष कुजूर ने ग्रीस के एथेंस में आयोजित ड्रोमिया इंटरनेशनल स्प्रिंट मीट में 100 मीटर दौड़ को मात्र 10.18 सेकेंड में पूरा कर भारत के लिए नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया हैंडल 'एक्स' पर पोस्ट कर उन्हें बधाई दी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हम सभी के लिए यह अत्यंत गर्व और खुशी का क्षण है कि छत्तीसगढ़ के अनिमेष कुजूर ने ग्रीस में आयोजित ड्रोमिया इंटरनेशनल स्प्रिंट मीट में 100 मीटर दौड़ को मात्र 10.18 सेकेंड में पूरा कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम किया है। इससे पहले अनिमेष ने दक्षिण कोरिया में हुए एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 200 मीटर दौड़ को 20.32 सेकेंड में पूरा कर एक और राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किया था। उन्होंने युवा खिलाड़ी अनिमेष को बधाई देते हुए कहा कि आपकी यह ऐतिहासिक उपलब्धि हर युवा को आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। छत्तीसगढ़ को आप पर गर्व है।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि अनिमेष की यह उपलब्धि युवा शक्ति के आत्मविश्वास और सपनों की उड़ान का प्रतीक है। उनका यह प्रदर्शन न सिर्फ छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश के लिए गौरव की बात है। प्रदेश सरकार युवाओं की प्रतिभा को पहचानने और प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

और भी

*मुख्यमंत्री श्री साय गुरु पूर्णिमा के अवसर पर रायगढ़ जिले के ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरुपीठ में गुरु दर्शन के लिए पहुंचे*

रायपुर / मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज गुरु पूर्णिमा के अवसर पर रायगढ़ प्रवास के दौरान ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरु पीठ में गुरु दर्शन के लिए पहुंचे। उन्होंने गुरु पीठ आश्रम के उपासना स्थल पर अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी की प्रतिमा के दर्शन कर प्रदेश की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने आश्रम में अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी के प्रिय शिष्य प्रियदर्शी भगवान राम जी के दर्शन भी किए और मार्गदर्शन प्राप्त किया । इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री ओ पी चौधरी, लोक सभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह , विधायक श्री पुरंदर मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

और भी

शिक्षकों के स्थानांतरण में लगे प्रतिबंध हटाए राज्य सरकार : छत्तीसगढ़ जागरूक शिक्षक संघ.....अन्य कर्मचारीयो की तरह शिक्षा विभाग में भी स्थानांतरण की तिथि घोषित हो

रायपुर :  छत्तीसगढ़ प्रदेश में समस्त विभागों के कर्मचारियों के लिए राज्य सरकार ने स्थानांतरण नीति घोषित की है और सभी कर्मचारियों के स्थानांतरण आदेश जारी होना शुरू हो चुका है, परंतु शिक्षा विभाग में शिक्षकों के स्थानांतरण पर से अब तक प्रतिबंध नहीं हटाया गया है।
          उपरोक्त मामले में अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए छत्तीसगढ़ जागरूक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष जाकेश साहू, प्रदेश सचिव राजेंद्र लाड़ेकर, प्रदेश उपाध्यक्ष शिवकुमार साहू, बीरेंद्र साहू, केशव पटेल, भोजराम साहू, तुलसीराम पटेल आदि ने संयुक्त बयान जारी कर कहा है कि राज्य सरकार को शिक्षकों के स्थानांतरण पर से लगे प्रतिबंध हटा देने चाहिए।
         उन्होंने तर्क देते हुए कहा कि शिक्षक भी एक सामाजिक प्राणी है, उनका भी अपना घर परिवार, पत्नी बच्चे आदि है एवं उनको भी स्थानांतरण की जरूरत है। प्रदेश में ऐसे अनेक शिक्षक हैं जो वर्षों से पति-पत्नी प्रकरण, गंभीर बीमारी, आपसी स्थानांतरण आदि के मुद्दों पर ट्रांसफर कराने के लिए शासन के आदेश का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन राज्य सरकार ने युक्त युक्तिकरण का हवाला देकर अभी तक शिक्षकों का स्थानांतरण नीति जारी नहीं किया है।
              छत्तीसगढ़ जागरूक शिक्षक संघ ने राज्य सरकार से मांग की है कि प्रदेश में शिक्षकों के स्थानांतरण के लिए जल्द ही नीति जारी की जानी चाहिए। जिससे कि शिक्षक भी स्थानांतरण का लाभ ले सके।
         यह बात उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा प्रत्येक विभाग में कर्मचारियों की स्थानांतरण के लिए वर्ष में कम से कम एक बार स्थानांतरण पर से लगे प्रतिबंध को हटाया जाता है। इस वर्ष अन्य सभी विभागों के कर्मचारियों के स्थानांतरण पर से प्रतिबंध हटाया गया है एवं स्थानांतरण हो रहे हैं परंतु यह बड़ी ही विडंबना एवं दुख की बात है कि शिक्षकों के स्थानांतरण पर से प्रतिबंध अब तक नहीं हटाया गया है, जिसके कारण स्थानांतरण चाहने वाले शिक्षक इस इंतजार में है कि कब शिक्षकों के स्थानांतरण पर से प्रतिबंध हटे।

और भी

CG News : MP बृजमोहन अग्रवाल ने कहा- 'मैनपाट प्रशिक्षण शिविर में बहुत सीखा, समझा और जाना'..पढ़ें पूरी ख़बर

Chhattisgarh News/रायपुर। मैनपाट में बहुत सीखा, समझा और जाना. विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई. कार्यकर्ताओं की जिज्ञासाओं को शांत किया गया. यह बात मैनपाट से राजधानी रायपुर लौटने के बाद शिविर में शामिल भारतीय जनता पार्टी के सांसदों-विधायकों ने कही.

दरअसल, साय सरकार में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने प्रशिक्षण शिविर पत्रकारों से शिविर का अनुभव साझा करते हुए कहा कि विषय विशेषज्ञों ने अलग-अलग विषयों पर मार्गदर्शन किया. भाजपा में प्रशिक्षण एक सतत् प्रक्रिया है. उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया का उपयोग करने का निर्देश मिला है. शिविर में प्रिंट से लेकर सोशल मीडिया के बीच व्यवहार को लेकर बताया गया. इसके साथ ही कार्यकर्ताओं और जनता से कैसा व्यवहार रखे यह भी बताया गया है.

फिलहाल, सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि मैनपाट में बहुत सीखा, समझा और जाना. जीवन में जितने काम करने होते हैं, वह सब काम किए. सोशल मीडिया के कारण और सपोर्ट से प्रधानमंत्री ने लोगों को सूचना तकनीक (IT) से जोड़ दिया, लेकिन कांग्रेस ऐसे ही रहने वाली है. सभी विषयों पर चर्चा हुई है. कार्यकर्ताओं की जिज्ञासाओं को शांत किया गया. सरकार ने जिन मुद्दों पर काम किया या करेंगे उसके बारे भी बताया गया.

और भी

लाखों रुपये खर्च कर बनाए गए सार्वजनिक शौचालय पर लटका ताला : स्थानीय लोगों और राहगीरों को परेशानी....

नारायणपुर : बगीचा ब्लॉक के रनपुर बाजार परिसर में लाखों रुपये से बने सार्वजनिक शौचालय पर लंबे समय से ताला लगा हुआ है। इससे दुकानदारों और राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। शिकायतों के बावजूद पंचयात ध्यान नहीं दे रहा है
     रनपुर में स्वच्छ भारत मिशन के तहत साप्ताहिक बाजार  परिसर पर ग्राम पंचायत स्तर से लाखों रुपये से सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराया गया है। ताकि स्थानीय लोगों समेत राहगीरों को शौचालय आदि के लिए कोई दिक्कत न उठानी पड़े। लेकिन कुछ दिनों से इस शौचालय पर ताला लटका हुआ है। जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। साप्ताहिक बाजार में  आने वाले दुकानदारों ओर ग्रामीणों का कहना है कि जनता की सुविधा के लिए सार्वजनिक शौचायल में
पुरूष व महिला शौचालय अलग-अलग बना हुआ है। दोनों शौचालयों में हर समय ताला लगा रहता है। ताला लगे रहने से राहगीरों व अन्य लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।शौचालय में ताला लगे रहने से आम लोग इधर-उधर का चक्कर लगाने को विवश हो जाते है। यहां बस स्टैंड व साप्ताहिक बाजार परिसर है जंहा हर दिन बहुतायात में महिलाओं व राहगीरों की आवाजाही बराबर होती रहती है।
  इस समस्या के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कहा कि  ग्राम पंचायत से शौचालय का ताला तुरंत खोलने और इसे जनता के लिए उपलब्ध कराने की मांग की है। सार्वजनिक सुविधाओं को बंद रखना जनहित के विरुद्ध है।

रनपुर का सार्वजनिक शौचालय का सेप्टिक टैंक 6 माह से खराब है जिससे गन्दगी हो रही थी जिसके कारण बन्द किया गया है। मरम्मत की आवश्यकता। जिसे शीघ्र ही मरम्मत कर चालू कर दी जाएगी।

 महेन्द्र राम बरला- सचिव - ग्राम पंचयात रनपुर

  मुझे आपके द्वारा ज्ञात हो रहा है सार्वजनिक शौचालय बन्द नही होना चाहिए। मैं तत्काल रनपुर का सार्वजनिक शौचालय का ताला खुलवाता हु। और लगातार व्यवस्था जारी रहे ग्राम पंचायत सचिव को निर्देशित करता हु। 

जनपद सीईओ - बगीचा  

और भी

*पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय कुनकुरी में मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव.....मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास सफलता की कुंजी: श्रीमती कौशल्या साय*


 
   जशपुरनगर, : पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिन्दी माध्यम स्कूल कुनकुरी में  विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रींमती कौशल्या साय ने नवप्रवेशी बच्चों को पारंपरिक रूप से तिलक  लगाकर एवं मुँह मीठा कराकर स्वागत किया और सभी का उत्साहवर्धन करने के साथ शुभकामनाएं भी दी। उन्होंने बच्चों को निशुल्क पाठ्य पुस्तक प्रदान की और  सरस्वती साईकल योजना के तहत छात्राओं को साईकिल का वितरण भी किया। 
    इस अवसर पर श्रीमती साय ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में अनेक जनहितकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य ग्रामीण अंचलों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।उन्होंने कहा कि शासकीय स्कूलों में अब बेहतर भवन, योग्य शिक्षक, स्मार्ट क्लासरूम और सभी आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। उन्होंने छात्रों को मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का संदेश देते हुए कहा कि यही सफलता की कुंजी है।
     इस दौरान जिला पंचायत सदस्य  अनिता सिंह एवं  मल्लिका बाई, जनपद अध्यक्ष सुशीला साय पैंकरा, शिक्षा समिति अध्यक्ष, सदस्यगण, जनप्रतिनिधि, जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रमोद भटनागर, विकासखंड शिक्षा अधिकारी कुनकुरी श्री सी. आर. भगत,  प्राचार्य सहित अधिकारी-कर्मचारी और स्कूल के अन्य स्टॉफ मौजूद थे।

और भी

CG News : मोबाइल पेट्रोलिंग टीम की वजह से बारिश में भी लगातार ट्रेनो का हो रहा संचालन..पढ़ें पूरी ख़बर

Chhattisgarh News/बिलासपुर। मानसून के दौरान भी ट्रेनों का सफर सुरक्षित और बिना किसी रुकावट के जारी रहे, इसके लिए रेलवे ने कई इंतज़ाम किए हैं। रेलवे प्रशासन ने बताया कि बरसात में ट्रैक पर पानी न रुके, इसके लिए सभी सेक्शनों में साइड ड्रेन और कैच वाटर ड्रेन की साफ-सफाई कराई जा रही है। इससे बारिश का पानी जल्दी निकल जाए और ट्रैक पर असर न पड़े।

दरअसल, इसके साथ ही पूरे मंडल में पहले से असुरक्षित माने गए 15 जगहों पर स्टेशनरी पेट्रोलिंग और 29 जगहों पर मोबाइल पेट्रोलिंग टीम 24 घंटे निगरानी कर रही है। अगर कहीं भी आपात स्थिति बने, तो तुरंत ठीक करने के लिए रेल वैगन पर जरूरी सामान और मटेरियल रिजर्व रखा गया है। 18 रेलवे अंडरपास पर पानी भराव की लगातार निगरानी के लिए कर्मचारी तैनात किए गए हैं। साथ ही, जल निकासी के लिए पंपिंग सेट और दूसरी ज़रूरी मशीनें भी तैयार रखी गई हैं, ताकि तुरंत पानी निकाला जा सके।

फिलहाल, तूफान या तेज़ बारिश में पेड़ गिरने से ट्रैक को नुकसान न हो, इसके लिए पेड़ों की छंटाई और सफाई कराई गई है। जिन जगहों पर ट्रैक सर्किट हैं, वहां भी विशेष नालियों का इंतजाम किया गया है और कर्मचारियों को सावधानी से काम करने की हिदायत दी गई है। रेलवे ने मानसून से पहले समपार फाटकों, पुलों, पटरियों, सिग्नल सिस्टम और अन्य ज़रूरी उपकरणों का भी निरीक्षण और रख-रखाव किया है, जिससे बारिश के दौरान भी ट्रेनें सुचारू रूप से चल सकें। रेल प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा उनकी पहली प्राथमिकता है, और वे मानसून जैसी चुनौतीपूर्ण स्थिति में भी रेल सेवाओं को समय पर, सुरक्षित और निर्बाध बनाए रखने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

और भी

CG News : धन्य हो माता, तुझे दया नहीं आता?..पांच माह के दुधमुहें बच्चे को लावारिस छोड़कर हुई फरार..पढ़ें पूरी समाचार

Chhattisgarh News/तखतपुर। नौ महीने तक कोख में पालने वाली मां क्या इतनी निष्ठुर हो सकती है? यह सवाल तखतपुर क्षेत्र के ग्राम पाली के लोगों के मन में बार-बार कौंध रहा है, जहां एक मां अपने पांच महीने के मासूम को लावारिस छोड़कर फरार हो गई है.

दरअसल, ग्राम पाली में आज सुबह जब मासूम के रुदन से लोगों की नींद खुली. देखा भूख-प्यास से व्याकुल करीबन पांच महीने का दुधमुहां रो रहा है. लोगों ने आस-पास तलाश किया, कहीं उसकी मां होगी, लेकिन वह कहीं नजर नहीं आई. सोचा कि अब आ जाएगी, तब आ जाएगी, लेकिन मां तो उस मासूम को छोड़कर जा चुकी थी.

फिलहाल, काफी देर इंतजार करने के बाद जब बच्चे के लिए कोई नहीं आया तो ग्रामीणों को समझ आ गया कि उसकी मां उसे छोड़कर जा चुकी है. इस पर ग्रामीणों ने जूनापारा पुलिस चौकी में सूचना दी. पुलिस वाले मासूम की मां से ज्यादा संवेदनशील निकले. उन्होंने बच्चे को चौकी में दूध पिलाया, और फिर कागजी कार्रवाई पूरी कर एडाप्टेशन सेंटर भेज मासूम के माता-पिता की तलाश में जुट गई.

और भी

*संकल्प जशपुर में कक्षा ग्यारहवीं में प्रवेश हेतु 15 जुलाई तक आवेदन आमंत्रित*


जशपुरनगर :   जिला प्रशासन द्वारा खनिज न्यास निधि मद से संचालित संकल्प शिक्षण संस्थान जशपुर में कक्षा ग्यारहवीं की रिक्त सीटों में प्रवेश हेतु पात्र अभ्यर्थियों से 15 जुलाई तक आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं। 
        इस बारे में जानकारी देते हुए संकल्प शिक्षण संस्थान जशपुर के प्राचार्य विनोद गुप्ता ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा ग्यारहवीं की गणित संकाय की कुल रिक्त 9 सीट बालिका 3, बालक 6 सीट के चयन हेतु विद्यार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। पात्र विद्यार्थियों को आवेदन के साथ कक्षा दसवीं की अंकसूची लगाना अनिवार्य होगा। आवेदक दिनांक 15 जुलाई 2025 तक कार्यालयीन समय में संकल्प शिक्षण संस्थान जशपुर में आवेदन जमा कर सकते हैं। कक्षा ग्यारहवीं में प्रवेश हेतु प्राप्त आवेदनों से कक्षा दसवीं की बोर्ड परीक्षा के प्राप्तांको की प्रावीण्य सूची के आधार पर विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। ज्ञात हो संकल्प शिक्षण संस्थान में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के पाठ्यक्रम के अध्यापन के साथ ही बच्चों को  जे ई ई एवं नीट की तैयारी कराई जाती है। विद्यार्थियों को नि:शुल्क आवास एवं भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।

और भी

*बुद्ध प्रतिमा की स्थापना से मैनपाट बनेगा शांति और समावेशी संस्कृति की नई पहचान : मुख्यमंत्री.....तिब्बती रीति-रिवाजों के अनुरूप आत्मीय स्वागत से मुख्यमंत्री हुए अभिभूत*

रायपुर /छत्तीसगढ़ में बौद्ध परंपरा की जड़ें अत्यंत गहरी हैं और भगवान बुद्ध के प्रेम, शांति एवं करुणा के संदेश को आत्मसात करते हुए राज्य सरकार विकास के पथ पर अग्रसर है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज सरगुजा जिले के मैनपाट स्थित होटल ग्राउंड परिसर में नवस्थापित भगवान बुद्ध की भव्य प्रतिमा के अनावरण समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने भगवान बुद्ध की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और प्रदेशवासियों के लिए सुख, समृद्धि एवं शांति की कामना की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में इस पावन अवसर पर आमंत्रण के लिए तिब्बती समुदाय के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कई ऐसे स्थल हैं, जहां भगवान बुद्ध की उपासना की जाती है। सिरपुर में बौद्ध, जैन और सनातन परंपराएं एक साथ देखने को मिलती हैं, जो राज्य की समावेशी संस्कृति का अद्वितीय उदाहरण है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने दलाई लामा जी के 90वें जन्मदिवस का स्मरण करते हुए कहा कि उनका जीवन भगवान बुद्ध की करुणा, प्रेम और शांति के सिद्धांतों का सजीव प्रतीक है। आज की दुनिया के लिए उनका संदेश नई आशा और सकारात्मकता का स्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी सहित विश्व भर के नेताओं ने दलाई लामा जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं, जो यह दर्शाता है कि भगवान बुद्ध के विचारों का वैश्विक जीवन पर कितना गहरा प्रभाव है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैनपाट प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विविधता से भरपूर स्थल है, जो पर्यटकों को रोमांचित करता है। यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, और राज्य सरकार इसके समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य की नवीन औद्योगिक नीति में पर्यटन को विशेष प्राथमिकता दी गई है, और मैनपाट जैसे क्षेत्रों में होम स्टे सुविधा शुरू करने वालों को विशेष प्रोत्साहन प्रदान किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने तिब्बती सहकारी समिति की मांग पर मैनपाट स्थित सैला रिसॉर्ट से बौद्ध मंदिर तक सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये तथा प्राचीन बौद्ध मंदिर में शेड निर्माण के लिए 20 लाख रुपये की घोषणा की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर पौधरोपण किया। उल्लेखनीय है कि कार्यक्रम में पारंपरिक तिब्बती रीति-रिवाजों के अनुसार मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया गया। हाथों में तिरंगा लिए लोगों ने उत्साहपूर्वक मुख्यमंत्री से मुलाकात की, जिससे वातावरण उल्लासमय हो गया।

कार्यक्रम में सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज, सीतापुर विधायक श्री रामकुमार टोप्पो, कलेक्टर श्री विलास भोसकर, सेटलमेंट अधिकारी सुश्री स्वांग यांग्सो, तिब्बती सहकारी समिति के अध्यक्ष श्री तामदिंग सेरिंग, मठ प्रमुख लामा दुब्जे, लामा जिनपा सहित तिब्बती समुदाय के बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित थे।

और भी

*खनन प्रभावित क्षेत्रों में विकास एवं पारदर्शिता के लिए छत्तीसगढ़ की सराहनीय पहल को मिला राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान*

रायपुर / भारत सरकार के खान मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य को जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) के अंतर्गत उल्लेखनीय कार्यों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। आज नई दिल्ली स्थित स्कोप कन्वेंशन सेंटर में आयोजित एक दिवसीय “नेशनल डीएमएफ वर्कशॉप” के दौरान केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री श्री जी किशन रेड्डी ने मुख्यमंत्री के सचिव और खनिज सचिव श्री पी. दयानंद को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

खान मंत्रालय नई दिल्ली द्वारा प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना द्वारा नेशनल डीएमएफ पोर्टल में समस्त राज्यों के डीएमएफ से संबंधित डेटाबेस का संधारण किया जा रहा है। डीएमएफ के ऑडिट रिपोर्ट का राज्य डीएमएफ पोर्टल एवं नेशनल डीएमएफ पोर्टल में 90 प्रतिशत डेटाबेस पूर्णतः अपलोड किए जाने पर छत्तीसगढ़ राज्य को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। कार्यशाला में छत्तीसगढ़ के प्रयासों को मॉडल राज्य के रूप में प्रस्तुत किया गया और अन्य राज्यों को भी डेटा अपलोडिंग, पारदर्शिता और ज़मीनी क्रियान्वयन के अनुकरण की सलाह दी गई। 

उल्लखेनीय है कि नेशनल डीएमएफ  कार्यशाला का आयोजन प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना एवं डीएमएफ की प्रभावशीलता को बढ़ाने और खनन क्षेत्रों में सतत एवं समावेशी विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया था। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से सचिव, संचालक एवं खनन प्रभावित जिलों के कलेक्टर्स शामिल हुए। 

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा डीएमएफ के माध्यम से खनन प्रभावित क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, अधोसंरचना एवं आजीविका जैसे विविध क्षेत्रों में समावेशी विकास के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। राज्य में अब तक 16,506 करोड़ रुपये की लागत से 1,01,313 विकास कार्यों की स्वीकृति दी जा चुकी है, जिनमें से 70,318 कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किए जा चुके हैं।

राज्य शासन द्वारा डीएमएफ के क्रियान्वयन में पारदर्शी और जनहितकारी दृष्टिकोण को अपनाते हुए, प्रत्येक जिले में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप कार्यों की योजना और निगरानी सुनिश्चित की जा रही है। यह नीति न केवल भौतिक विकास बल्कि सामाजिक सशक्तिकरण को भी लक्ष्य में रखती है।

कार्यशाला में छत्तीसगढ़ की ओर से सचिव, खनिज साधन विभाग श्री पी. दयानंद, संचालक श्री रजत बंसल के साथ बालोद, बलौदाबाजार-भाटापारा, कोरबा, रायगढ़ एवं दंतेवाड़ा जिलों के कलेक्टर्स एवं डीएमएफ के नोडल अधिकारी उपस्थित थे।

और भी

CG Big News : लगातार झमाझम बारिश से जनजीवन हुआ अस्त-व्यस्त..बस स्टैंड बना तालाब..कई घरों में घुसा बदबूदार पानी..पढ़ें पूरी ख़बर

Chhattisgarh News/बालोद. प्रदेशभर में मानसून की एक्टिविटी तेज हो गई है. लगभग सभी संभागों में जोरदार बारिश हो रही है. कहीं आसमान कहर बरपा रही है, तो कहीं भारी बारिश से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. बालोद में भी जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है. पहली ही बारिश में बालोद नगर पालिका और प्रशासन के दावों की पोल खोल दी है. बस स्टैंड, रेलवे कॉलोनी, कुन्दरूपारा और शिकारी पारा जलमग्न हो गए हैं. लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

लोगों के घरों में घुसा बदबूदार पानी 

दरअसल, भारी बारिश के कारण बस स्टैंड परिसर में पानी भर गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. वहीं कुन्दरूपारा ,रेलवे कालोनी और शिकारी पारा भी जलमग्न नजर आए. नगर पालिका ने यहां जल निकासी के लिए उचित व्यवस्था नहीं की, जिसके कारण नाली का बदबूदार पानी लोगों के घरों में घुस गया.

कहीं धस गई रोड, कहीं डूबा पुल

फिलहाल, कई दिनों से हो रही बारिश के चलते कहीं रोड धस गई, तो कहीं पुल में अधिक पानी भरने से ब्लॉक मुख्यालय से दर्जनों गांवों का सम्पर्क टूट गया है. लोगों का जन जीवन पूरी तरफ से अस्त-व्यस्त हो गया है. वहीं जिले के बांध और खेत पूरी तरह से लबालब हो गए हैं.

और भी

Big News : भारत को मिला नया स्प्रिंट स्टार.! छत्तीसगढ़, जशपुर के अनिमेष ने 100 मीटर रेस में बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड..पढ़ें पूरी ख़बर

जशपुर/रायपुर। छत्तीसगढ़ के छोटे से गांव से निकलकर यूरोप के ट्रैक तक का सफर तय करने वाले अनिमेष कुजूर इन दिनों देशभर में चर्चा का विषय बने हुए हैं। 5 जुलाई को ग्रीस के वारी शहर में आयोजित ड्रोमिया इंटरनेशनल स्प्रिंट मीट में उन्होंने 100 मीटर दौड़ सिर्फ 10.18 सेकंड में पूरी कर भारत का नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

हालांकि रेस में अनिमेष तीसरे स्थान पर रहे, लेकिन यह प्रदर्शन भारत के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ। इससे पहले यह रिकॉर्ड गुरइंदरबीर सिंह के नाम था। उनके आगे इस दौड़ में दक्षिण अफ्रीका के बेंजामिन रिचर्डसन (10.01 सेकंड) और ओमान के अली अल बलूशी (10.12 सेकंड) थे।

छत्तीसगढ़ के जशपुर से यूरोप के ट्रैक तक का सफर

अनिमेष जशपुर जिले के आदिवासी गांव घुइतांगर से ताल्लुक रखते हैं। उनके माता-पिता दोनों छत्तीसगढ़ पुलिस में डीएसपी पद पर कार्यरत हैं। माता-पिता का कहना है कि उन्हें बेटे पर गर्व है, और यह सिर्फ शुरुआत है।

सेना में भर्ती होना चाहते थे अनिमेष

सैनिक स्कूल अंबिकापुर से बारहवीं तक की पढ़ाई करने वाले अनिमेष ने कभी नहीं सोचा था कि दौड़ उनका करियर बन जाएगी। उनका सपना था सेना में भर्ती होने का। 2020 में 12वीं पास करने के बाद वे फौज की तैयारी में जुटे थे, लेकिन उसी दौरान फुटबॉल खेलते-खेलते उन्हें रेसिंग का रास्ता मिल गया। कोरोना महामारी का दौरान दोस्तों के कहने पर उन्होंने एक ओपन टूर्नामेंट में 100 मीटर दौड़ में हिस्सा लिया और वहीं से करियर की दिशा बदल गई।

अनिमेष ने बताया कि उन्होंने वहां से अगले टूर्नामेंट में भाग लिया, फिर वहां से और अगले… इस तरह साल भर में ही मे ही उनकी ज़िंदगी में रेस ने जगह बना ली। और उन्हें दौड़ने में मज़ा आने लगा था।”

कोच मार्टिन ओवेंस ने संवारा करियर

ओडिशा के रिलायंस फाउंडेशन एथलेटिक्स हाई परफॉर्मेंस सेंटर में एक प्रतियोगिता के दौरान कोच मार्टिन ओवेंस की नजर जब अनिमेष पर पड़ी, तो उन्होंने उसे ट्रेनिंग के लिए आमंत्रित किया। मार्टिन कहते हैं कि शुरू में अनिमेष की तकनीक में काफी सुधार की जरूरत थी, लेकिन उसकी गति और जुनून गजब का था। अब उसका नतीजा सामने है।

200 मीटर में भी रचा इतिहास, लेकिन रिकॉर्ड दर्ज नहीं

अनिमेष ने पिछले साल स्पेन में 100 मीटर की दौड़ 10.27 सेकंड में पूरी की थी, जो उस समय उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। वहीं इस साल जेनेवा मीट में उन्होंने ने 200 मीटर की रेस 20.27 सेकंड में पूरी की, जो अब तक किसी भारतीय द्वारा दर्ज की गई सबसे तेज़ दौड़ है। हालांकि तकनीकी कारणों से इसे आधिकारिक रिकॉर्ड में शामिल नहीं किया गया, क्योंकि उस समय हवा की गति तय सीमा (2 मीटर/सेकंड) से अधिक थी।

मां की डांट से लेकर गर्व तक का सफर

अनिमेष बताते हैं कि शुरुआत में मां उन्हें पढ़ाई से भटकता देख डांटती थीं। उन्हें लगता था कि खेल में भविष्य नहीं है। लेकिन अब वही मां दिन में कई बार फोन करके हालचाल लेती हैं और गर्व से भर जाती हैं।

अगला पड़ाव – मोनाको की डायमंड लीग

अनिमेष फिलहाल यूरोप दौरे पर हैं और 11 जुलाई को मोनाको में होने वाली डायमंड लीग में हिस्सा लेंगे। कोच मार्टिन का मानना है कि यह प्लेटफॉर्म अनिमेष जैसे युवा खिलाड़ियों को विश्व स्तर के एथलीट्स के साथ दौड़ने का बेहतरीन मौका देगा।

“अभी बहुत कुछ सीखना बाकी है” – अनिमेष कुजूर

अनिमेष कहते हैं, “मुझे इस बार यूरोप में दौड़ने और ट्रेनिंग लेने के बाद यह समझ में आया कि अभी बहुत कुछ सीखना है. मैं अपनी पूरी जान लगाकर दौड़ूंगा.”

और भी

CG Big News : 3 साल पहले हुई माना एयरपोर्ट पर शासकीय हेलीकॉप्टर की क्रैश लैंडिंग पर अब हुई कार्रवाई..चीफ पायलट को हटाया..पढ़ें पूरी ख़बर

Chhattisgarh News/रायपुर। माना एयरपोर्ट पर तीन साल पहले हुई शासकीय हेलीकॉप्टर अगस्ता A109E की क्रैश लैंडिंग पर अब तत्कालीन चीफ पायलट पंकज जायसवाल की सेवाएं समाप्त की गई हैं. वर्तमान में वे राज्य विमानन विभाग में मुख्य सलाहकार के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं.

वहीं, माना एयरपोर्ट पर 12 मई 2022 को हेलीकॉप्टर की क्रैश लैंडिंग में कैप्टन एपी श्रीवास्तव और कैप्टन गोपाल कृष्ण पांडा की मौत हो गई थी. लेकिन हादसे के बाद तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने लापरवाही के लिए जिम्मेदारों पर कार्रवाई करना तो दूर घटना की जांच के आदेश भी नहीं दिए थे. इसके उलट कांग्रेस सरकार ने तत्कालीन चीफ पायलट जायसवाल को तीन लाख मासिक वेतन पर मुख्य सलाहकार नियुक्त कर दिया था.

दरअसल,ज्ञघटना की जांच के लिए डायरेक्टोरेट ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) की टीम यहां पहुंची और रिपोर्ट तैयार की. बताया जा रहा है कि करीब तीन महीने पहले जारी जांच रिपोर्ट हेलीकॉप्टर क्रैश होने के पीछे की लापरवाही और चूक का खुलासा किया गया है. रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि माना एयरपोर्ट पर सरकारी हेलीकॉप्टर का मेंटेनेंस सिस्टम कमजोर था, यहां तक जरूरी पार्ट्स भी नहीं बदले जा रहे थे.

फिलहाल, डीजीसीए के रिपोर्ट दिए जाने के बाद उसे उजागर नहीं किया जा रहा था. लेकिन समाचार पत्रों के माध्यम से डीजीसीए की रिपोर्ट सामने आने के बाद राज्य विमानन विभाग में जिम्मेदारों की भूमिका की जांच शुरू की, और तत्कालीन चीफ पायलट पंकज जायसवाल की सेवाएं समाप्त की गई.

और भी

CG Corona News : इलाज के दौरान कोरोना से मरीज की मौत..खुली जिले में तैयारियों की पोल..पढ़ें पूरी ख़बर

Chhattisgarh News/कांकेर। जिले में सोमवार रात इलाज के दौरान कोरोना मरीज की मौत हो गई. साल 2025 में कोरोना से मौत की जिले में यह पहली घटना है.

जानकारी के अनुसार, कोंडागांव जिले के फरसगांव निवासी 48 वर्षीय मरीज को पिछले सप्ताह कांकेर अस्पताल इलाज के लिए भर्ती कराया गया था. मरीज को लीवर से संबंधित गंभीर बीमारी थी, जिसका इलाज कांकेर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा था.

फिलहाल, कोविड से संक्रमित मरीज की मौत के बाद इससे बचाव के तैयारियों की भी पोल खुल गई. कोरोना को लेकर देश भर में अलर्ट जारी किया गया है, लेकिन कांकेर जिले में कोरोना पॉजीटिव मरीजों के लिए वार्ड तक नहीं बनाया गया है.

और भी

CG Breaking : राष्ट्रव्यापी आम हड़ताल.! रायपुर में ट्रेड यूनियनों ने समर्थन में निकाली मशाल रैली..पढ़ें पूरी ख़बर

Chhattisgarh News/रायपुर. देशभर में आज बैंकिंग, बिमा, पोस्टल, कोयला खनन जैसे क्षेत्रों में कार्यरत 25 करोड़ से अधिक कर्मचारी आज हड़ताल पर जाएंगे. देशव्यापी हड़ताल की पूर्व संध्या राजधानी रायपुर में ट्रेड यूनियनों ने मशाल रैली निकाली. संयुक्त ट्रेड यूनियन मंच के आह्वान पर निकली इस रैली में संगठित और असंगठित क्षेत्र से जुड़े सैकड़ों श्रमिकों ने भाग लिया. रैली की शुरुआत कर्मचारी भवन, बुढ़ापारा से हुई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई वापस कर्मचारी भवन पहुंचकर आमसभा में तब्दील हो गई.

वहीं, सभा को संबोधित करते हुए संयुक्त मंच के संयोजक धर्मराज महापात्र ने कहा कि सोमवार को होने वाली इस हड़ताल में देशभर से 20 करोड़ से अधिक श्रमिक शामिल होंगे. बैंकिंग, बीमा, पोस्टल, टेलीकॉम, रेलवे, स्टील, कोयला, केंद्र व राज्य सरकार के कर्मचारी, साथ ही असंगठित क्षेत्र के श्रमिक बड़ी संख्या में इस आंदोलन का हिस्सा बनेंगे.

बता दें कि, सभा को संबोधित करते हुए मंच के संयोजक का. धर्मराज महापात्र ने कहा कि 9 जुलाई की हड़ताल में 20 करोड़ से अधिक मेहनतकश जनता शामिल होने जा रही है. बैंकिंग, बीमा, पोस्टल, टेलीकॉम, रेलवे, स्टील, कोयला, केंद्र और राज्य सरकार के कर्मचारी, साथ ही असंगठित क्षेत्र के श्रमिक बड़ी संख्या में इस आंदोलन का हिस्सा बनेंगे.

ज्ञात हो कि, हड़ताल का उद्देश्य केंद्र सरकार द्वारा थोपे जा रहे श्रम संहिताओं, निजीकरण, ठेकाकरण, आउटसोर्सिंग, ट्रेड यूनियन अधिकारों पर हमलों, महंगाई, बेरोजगारी, सांप्रदायिकता, किसानों को फसल का उचित मूल्य देने और संविधान विरोधी गतिविधियों का विरोध करना है. इस हड़ताल का आह्वान इंटक, सीटू, एटक, एचएमएस, एक्टू समेत 10 केंद्रीय श्रम संगठनों और 100 से अधिक श्रमिक व जन संगठनों ने किया है. संयुक्त किसान मोर्चा ने भी इस हड़ताल को समर्थन दिया है.

वहीं, महापात्र ने जानकारी दी कि रायपुर के विभिन्न क्षेत्रों से श्रमिक अपने-अपने कार्यस्थलों पर हड़ताल करेंगे और इसके बाद एलआईसी के पंडरी स्थित मंडल कार्यालय में आयोजित संयुक्त सभा में शामिल होंगे. वहीं दोपहर को अंबेडकर चौक में वामपंथी दलों द्वारा एक प्रदर्शन भी आयोजित किया जाएगा. उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में हड़ताल की व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

दरअसल, सभा के दौरान उन्होंने श्रमिकों की प्रमुख मांगें भी रखीं, जिनमें सरकारी क्षेत्रों में तत्काल भर्ती शुरू करने, न्यूनतम वेतन 26,000 रूपये प्रतिमाह निर्धारित करने, महंगाई और बेरोजगारी रोक लगाने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, बीमा संशोधन विधेयक को वापस लेने, एफडीआई और निजीकरण पर रोक पर लगाने, धर्म और जाति के नाम पर हिंसा पर नियंत्रण, संविधान की रक्षा, श्रम संहिताएं रद्द करने, 35 घंटे का कार्य सप्ताह लागू करने, महिलाओं, दलितों और अल्पसंख्यकों पर हो रहे उत्पीड़न को रोकने जैसी मांगें शामिल हैं.

फिलहाल, मशाल रैली में सीटू महासचिव एम के नंदी, सुरेन्द्र शर्मा, राजेश पराते, नवीन गुप्ता, संदीप सोनी, अनुसुइया ठाकुर, ज्योति पाटिल, धार्मिणी सोनवानी, शिरीष नलगुंडवार, जे एस नशकर, अतुल देशमुख, वी एस बघेल, गजेन्द्र पटेल, राजेश अवस्थी, ऋषि मिश्रा, डी सी पटेल, सुभाष साहू, ललित वर्मा, दुलाल मजूमदार, श्रीकांत पेंढारकर, पूनम साहू प्रमुख रूप से शामिल थे. बैंक, बीमा, पोस्टल, टेलीकॉम, बीमा पेंशनर्स, सीटू, एस एफ आई राज्य सरकार व केंद्र सरकार से जुड़े श्रम संगठनों के कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया.

और भी

*राष्ट्रीय स्तर की 'लखपति महिला पहल' क्षेत्रीय कार्यशाला का आयोजन 9 से 11 जुलाई तक राजधानी रायपुर में महिला उद्यमिता को मिलेगा नया आयाम*

रायपुर : / भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा “लखपति दीदी” बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय स्तर की क्षेत्रीय कार्यशाला का आयोजन 9 से 11 जुलाई 2025 तक राजधानी रायपुर में होने जा रहा है। यह कार्यशाला दीनदयाल अंत्योदय योजना – राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत आयोजित की जा रही है। आयोजन में देश के 11 राज्यों के वरिष्ठ अधिकारीगण, मिशन संचालक, आजीविका विशेषज्ञ, स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधि तथा अन्य संबद्ध हितधारक सहभागी होंगे।

कार्यशाला का उद्घाटन भारत सरकार, ग्रामीण विकास मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव श्री टी. के. अनिल, छत्तीसगढ़ शासन की पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती निहारिका बारिक, भारत सरकार की संयुक्त सचिव श्रीमती स्वाति शर्मा तथा छत्तीसगढ़ शासन के सचिव श्री भीम सिंह की उपस्थिति में होगा।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश में 3 करोड़ “लखपति दीदी” तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके तहत ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और उद्यमशील बनाने हेतु विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं। इसी परिप्रेक्ष्य में यह कार्यशाला विविध पहलुओं जैसे— ग्रामीण आजीविका के अवसर, सामाजिक एवं वित्तीय समावेशन, कौशल विकास, बाजार उपलब्धता, वेल्यू चेन निर्माण एवं आधुनिक तकनीकों पर आधारित रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा एवं अनुभव साझा करने का एक सशक्त मंच प्रदान करेगी।

यह कार्यशाला मध्यप्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, झारखंड, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर, तेलंगाना, ओडिशा, हरियाणा, राजस्थान, तमिलनाडु तथा आंध्रप्रदेश राज्यों के प्रतिभागियों की सहभागिता का गवाह बनेगी।

विशेष रूप से भारत सरकार, ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव श्री शैलेश कुमार सिंह तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के सचिव श्री एस. सी. एल. दास वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़कर प्रतिभागियों को मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

कार्यशाला के दौरान विभिन्न सत्रों में स्थानीय संसाधनों के उपयोग, महिला प्रशिक्षण, वित्तीय समावेशन तथा व्यवसाय संवर्धन के विषयों पर गहन मंथन किया जाएगा। आयोजन में आजीविका मिशन अंतर्गत गठित स्व-सहायता समूहों द्वारा उत्पादित सामग्रियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिससे उनके उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध हो सके।

छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की संचालक श्रीमती जयश्री जैन ने बताया कि कार्यशाला की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि यह आयोजन ग्रामीण विकास में महिला नेतृत्व को और अधिक प्रभावी भूमिका निभाने हेतु प्रेरित करेगा। यह कार्यशाला केवल विमर्श का अवसर न होकर भविष्य की ठोस रणनीतियों का आधार भी बनेगा, जिससे “लखपति दीदी” के रूप में लाखों महिलाओं को सशक्त किया जा सकेगा।

और भी

*खुटेरा के प्राथमिक,मिडिल ओर हाई स्कूल तीनो विद्यालयों ने संयुक्त रुप में मनाया शाला प्रवेश उत्सव....पालको से कहा नियमित भेजे बच्चों को स्कूल*

जशपुर : शासन की योजना अनुसार शाला प्रवेश उत्सव का कार्यक्रम प्राथमिक शाला, माध्यमिक शाला तथा हाई स्कूल खुटेरा में संयुक्त रूप से मनाया गया । शाला प्रवेश उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत खुटेरा की सरपंच श्रीमती तुला पैंकरा उपस्थित रहीं। सर्वप्रथम मुख्य अतिथि तथा अन्य अतिथियों के द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप  प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया । तत्पश्चात नव प्रवेशी कक्षा पहली के 4,  छठवीं के 15 तथा नवमी के 14 नव प्रवेशी विद्यार्थियों का  चंदन लगाकर तथा माला पहनकर स्वागत किया गया । उसके पश्चात उन्हें पाठ्य पुस्तक प्रदान करते हुए लड्डू खिलाकर विद्यालय के नवीन सदस्य के रूप में स्वागत किया गया  । कक्षा नवी के 6 बालिकाओं को निशुल्क सरस्वती साइकिल योजना अंतर्गत साइकिल भी प्रदान किया गया । प्रभारी प्राचार्य कमल चंदेल ने विद्यार्थियों तथा पालकों को आश्वस्त किया कि विद्यार्थी शिक्षा के साथ अनुशासन,  जीवन मूल्य , ईमानदारी तथा संस्कार भी इस पाठशाला से सीखेंगे । मुख्य अतिथि सरपंच महोदया ने सभी पालकों से आग्रह किया कि सभी अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें ।

   प्राथमिक शाला खुटेरा के प्रधान पाठक अनुरंजन खेस के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में न्योता भोज का भी कार्यक्रम आयोजित किया गया । जिसमें समस्त अतिथि गण, पालक तथा विद्यार्थियों ने एक साथ बैठकर भोजन किया । अंत में सभी के द्वारा "एक पेड़ मां के नाम" के अंतर्गत वृक्षारोपण किया गया । कार्यक्रम का संचालन श्रीमती निझर तिर्की द्वारा किया गया । कार्यक्रम को सफल बनाने में आत्माराम चौहान , श्रीमती तुलसी रत्ना भगत श्रीमती साधना भगत, श्रीमती संगीता कुलदीप, श्रीमती कल्पना खेस, श्रीमती अलका पुष्पिका तिर्की,रामवृक्ष साय, भगेश्वर भगत, राम किशोर राम, श्रीमती आशा रानी भगत,  भूपेंद्र खुंटिया, श्रीमती विजया ज्योति वारे तथा समस्त कर्मचारियों का योगदान रहा।

और भी