ताजा खबरें


बड़ी खबर

छात्रावास में भी बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता पर किया जाएगा कार्य : कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर संकल्प जशपुर में छात्रावास अधीक्षकों का हुआ उन्मुखीकरण प्रशिक्षण

जशपुर नगर : कलेक्टर रोहित व्यास एवं सीईओ जिला पंचायत अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में संचालित यशस्वी जशपुर कार्यक्रम के अंतर्गत छात्रावास अधीक्षकों का एक दिवसीय उन्मुखीकरण प्रशिक्षण संकल्प शिक्षण संस्थान, जशपुर के सभागार में आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य अधीक्षकों की नेतृत्व क्षमता को विकसित करना, छात्रावासों में शिक्षा की गुणवत्ता को उन्नत बनाना तथा विद्यार्थियों में स्व-अध्ययन को बढ़ावा देना रहा।
इस प्रशिक्षण का संचालन डिप्टी कलेक्टर एवं शिक्षा विभाग के प्रभारी अधिकारी प्रशांत कुशवाहा और जिला शिक्षा अधिकारी पी.के. भटनागर के निर्देशन में किया गया। 
यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी विनोद गुप्ता ने प्रशिक्षण सत्र में  छात्रावास अधीक्षकों को प्रशिक्षित किया। जिसमें उन्होंने नेतृत्व कौशल, भावनात्मक समझ, व्यवहार प्रबंधन, और छात्रों के साथ संवाद पर भी मार्गदर्शन दिया। इस सत्र में व्याख्याता श्री संजय दास ने भी सह-प्रशिक्षक के रूप में सहभागिता की।
प्रशिक्षण के दौरान नोडल अधिकारी विनोद गुप्ता ने माइंड मैपिंग के माध्यम से अधीक्षकों को आत्म-चिंतन की आवश्यकता बताई। जिससे वे अपने छात्रावासों में बेहतर शैक्षणिक माहौल बना सकें। इसमें "कंफर्ट ज़ोन" से "ग्रोथ ज़ोन" तक की मानसिक यात्रा के विषय में बताया गया। अधीक्षकों को यह भी बताया गया कि कैसे व्यक्ति अपने कंफर्ट ज़ोन में रहते हुए सीमित क्षमताओं के साथ कार्य करता है, जबकि फीयर ज़ोन में वह चुनौतियों से घबराता है, लर्निंग ज़ोन में नई चीजें सीखता है और अंततः ग्रोथ ज़ोन में पहुँचता है। इससे न केवल अधीक्षक व्यक्तिगत रूप से विकसित होंगे बल्कि छात्रावासों में नवाचार और प्रेरणादायक वातावरण का निर्माण होगा, जिससे छात्रों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।
शिक्षा गुणवत्ता उन्नयन को लेकर अधीक्षकों से शैक्षणिक अनुशासन, नियमित अध्ययन, छात्रावास में रात्रिकालीन स्वाध्याय, डेली स्टडी रूटीन जैसे व्यवहारिक उपायों पर भी चर्चा हुई। सत्र के प्रारंभ में ब्रेनस्टॉर्मिंग के साथ नई शिक्षा नीति पर भी बात की गई। प्रशिक्षण के आयोजन के लिए यशस्वी जशपुर के संजीव शर्मा और अवनीश पांडेय , संजय दास , राजेंद्र प्रेमी भी उपस्थित रहे।

और भी

*दस या अधिक श्रमिक रखने वाले दुकान संचालकों को 14 अगस्त तक कराना होगा पंजीयन....श्रम पहचान संख्या, पंजीयन प्रमाण-पत्र प्राप्त किया जाना होगा अनिवार्य*

जशपुर,20 जुलाई 2025/ प्रदेश के सभी दुकानों और स्थापनाओं के लिए श्रम विभाग द्वारा दुकान एवं स्थापना (नियोजन एवं सेवा शतों) अधिनियम, 2017 के अंतर्गत    10 या 10 से अधिक श्रमिक अथवा कर्मचारी  नियोजित होने पर श्रम पहचान संख्या पंजीयन प्रमाण-पत्र प्राप्त किया जाना अनिवार्य किया गया है। इस संबंध में श्रम पदाधिकारी जशपुर ने बताया कि कार्यालय श्रमायुक्त, छत्तीसगढ़ से प्राप्त निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ दुकान एवं स्थापना (नियोजन एवं सेवा शतों) अधिनियम, 2017 तथा इसके अंतर्गत निर्मित छ०ग० दुकान एवं स्थापना (नियोजन एवं सेवा शर्तों का विनियम) नियम 2021 को प्रदेश में 13 फरवरी 2025 से प्रभावशील किया गया है। जिसके परिपालन में सभी दुकानों और स्थापनाओं को श्रम पहचान संख्या पंजीयन प्रमाण-पत्र प्राप्त किया जाना अनिवार्य कर दिया गया है। 10 या 10 से अधिक श्रमिक व कर्मचारी नियोजित करने वाले दुकानों और संस्थाओं को श्रम विभाग में पंजीयन कराना अनिवार्य किया गया है। श्रम विभाग के पोर्टल में 14 अगस्त 2025 तक संबंधित दुकानदार को ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इस तिथि के बाद पंजीयन करने पर विलंब शुल्क देना होगा। छत्तीसगढ़ दुकान एवं स्थापना अधिनियम, 1958 के अंतर्गत ऐसे पूर्व से पंजीकृत समस्त दुकान एवं स्थापनायें जिनमें 10 या 10 से अधिक श्रमिक अथवा कर्मचारी नियोजित हों को 6 माह के भीतर अर्थात् 14 अगस्त 2025 तक ऑनलाईन आवेदन प्रस्तुत कर दुकान एवं स्थापनाओं का पंजीयन कराने एवं श्रम पहचान संख्या प्रमाण-पत्र प्राप्त करने पर निर्धारित शुल्क में छूट प्रदान की गई है।    
        अधिनियम के प्रभावशीलता के 6 माह अर्थात् 14 अगस्त 2025 के बाद निर्धारित शुल्क का 25 प्रतिशत विलंब शुल्क के साथ पंजीयन प्रमाण-पत्र सह श्रम पहचान संख्या प्रदाय किये जाने के निर्देश दिये गये है। इसी प्रकार कर्मचारी राज्य बीमा अधिनियम 1948, तथा कर्मचारी भविष्य निधि एवं प्रकीर्ण उपबंध अधिनियम 1952 के अंतर्गत पंजीकृत दुकान एवं स्थापनाओं को इस अधिनियम के अंतर्गत पंजीकृत माना जावेगा, किन्तु उन्हें 14 अगस्त 2025 के पूर्व श्रम पहचान संख्या प्राप्त करने हेतु श्रम विभाग के पोर्टल https://shramevjayate.cg.gov.in/ पर ऑनलाईन आवेदन करने पर कोई पंजीयन शुल्क देय नहीं होगा।

और भी

Jashpur Police Transfer : SSP  के द्वारा की  गई कार्यवाही: बदले गए दो थाने सहित एक चौकी के प्रभारी.... साथ ही चार सहायक उप निरीक्षकों को भी किया गया तबादला---देखें लिस्ट

 

जशपुर : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री शशि मोहन सिंह के द्वारा प्रशासनिक दृष्टिकोण से दो थानों क्रमशः थाना सन्ना, थाना आस्ता व  चौकी कोतबा के प्रभारी अधिकारियों की अदला बदली की गई है, थाना प्रभारी सन्ना उप निरीक्षक श्री बृजेश यादव को चौकी प्रभारी कोतबा, चौकी प्रभारी कोतबा उप निरीक्षक श्री राकेश कुमार सिंह को थाना प्रभारी आस्ता व थाना प्रभारी आस्ता उप निरीक्षक श्री संतोष कुमार सिंह को थाना प्रभारी सन्ना के पद पर स्थानांतरित किया गया है।
             थाना प्रभारियों के साथ साथ चार सहायक उप निरीक्षकों को भी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर के द्वारा स्थानांतरित किया गया है, जो निम्नानुसार है,सहायक उप निरीक्षक नीता कुर्रे को थाना पत्थलगांव से थाना कांसाबेल, सहायक उप निरीक्षक खिरोवती बेहरा को थाना कांसाबेल से थाना तपकरा, सहायक उप निरीक्षक संत कुमार चौहान को यातायात पत्थलगांव से रक्षित केंद्र जशपुर तथा सहायक उप निरीक्षक मनोज कुमार सिंह को यातायात जशपुर से यातायात पत्थलगांव स्थानांतरित किया गया है।

और भी

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत जिले में विभिन्न स्व सहायता समूह से 1 लाख 24 हजार से अधिक महिलाएं जुड़कर‌ कर बनी है आत्मनिर्भर

जशपुर 20 जुलाई 25/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने स्व सहायता समूह की महिलाओं को स्व-रोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में जिले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत सभी विकास खंड में 11 हजार 559 स्व सहायता समूह का गठन किया गया है जिसमें 1 एक लाख 24 हजार 117 महिला सदस्य जुड़े हुए हैं। और विभिन्न आजीविका मूलक गतिविधियों से जुड़कर आत्मनिर्भर बन गए हैं।

विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार इनमें स्व सहायता समूह को 703 ग्राम संगठन एवं 32 संकुल संगठन के माध्यम से संगठित किया गया है. गठित स्व सहायता समूह सदस्यों की आय में निरंतर वृद्धि के लिए सार्थक प्रयास भी किए जा रहे हैं।

 महिलाओं को कृषि के माध्यम से बीज उपचार, प्राकृतिक खाद, द्रव जीवामृत, घन जीवामृत, ब्रह्मास्त्र, नीमस्त्र, का निर्माण एवं निरंतर प्रयोग हेतु प्रेरित किया जा रहा है, इस प्रकार से कृषि पशुपालन, मत्स्य पालन, किराना दुकान, ईट निर्माण, आदि विभिन्न आजीविका गतिविधियों के माध्यम से आय में वृद्धि हेतु प्रयास किया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ शासन की विभिन्न योजनाओं जिसमें मुख्यतः कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, मत्स्य पालन विभाग, रेशम विभाग,रोजगार गारंटी योजना, आदि में संचालित होने वाली योजनाओं से जोड़कर स्व सहायता समूह सदस्यों की आय में वृद्धि हेतु प्रयास किया जा रहा है. राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत सामुदायिक निधि के द्वारा समूह सदस्यों को ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है साथ ही साथ बैंक के माध्यम से स्व सहायता समूह का बैंक लिंकेज एवं मुद्रा लोन के माध्यम से पर्याप्त मात्रा में आजीविका गतिविधि हेतु राशि उपलब्ध कराई जा रही है।

और भी

*श्री फलेश्वर नाथ महादेव मंदिर बगिया में पावन श्रावण मास में होगा तीन दिवसीय भव्य शिव अनुष्ठान,,,,100108 पार्थिव शिवलिंग निर्माण महायज्ञ.....*

जशपुरनगर।श्रावण मास, जो भगवान शिव की आराधना का सबसे पवित्र महीना माना जाता है, इस बार ग्राम बगिया के लिए विशेष आध्यात्मिक सौगात लेकर आया है।श्री फलेश्वर नाथ महादेव मंदिर, जो कि मैनी नदी के पवित्र तट पर स्थित है, वहां 22 जुलाई से 24 जुलाई 2025 तक एक भव्य 100108 पार्थिव शिवलिंग निर्माण महायज्ञ का आयोजन होने जा रहा है।इस तीन दिवसीय आयोजन में प्रतिदिन हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के भाग लेने की संभावना है। यह आयोजन न केवल धार्मिक महत्व रखता है, बल्कि यह ग्राम बगिया को आध्यात्मिक ऊर्जा से भी भर देगा।इस कार्यक्रम का शुभारंभ पहला दिन – 22 जुलाई, दिन मंगलवार 100108 पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण आरंभ होगा साथ शिवलिंगों में प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी।
एवं भक्तों द्वारा पूजन, मंत्रोच्चार, आरती और विसर्जन संपन्न होगा।वहीं दूसरा दिन 23 जुलाई,दिन बुधवार को पुनः पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण, प्राण-प्रतिष्ठा के साथ विधिवत पूजन, सायंकाल में विशेष शिव महाआरती व विसर्जन होगा, वहीं तीसरे दिन  24 जुलाई दिन गुरुवार को अंतिम चरण का शिवलिंग निर्माण प्राण-प्रतिष्ठा और शिव पूजन महायज्ञ, हवन एवं पूर्णाहुति भव्य आरती एवं विशाल भंडारा प्रसादी वितरण किया जायेगा।इस अवसर पर सभी श्रद्धालुजनों से सपरिवार उपस्थित होकर इस पुण्य अवसर का लाभ उठाने की अपील की गई है। मंदिर परिसर और उसके आस-पास के क्षेत्र को आकर्षक रूप से सजाया जा रहा है, तथा भजन-कीर्तन की भी विशेष व्यवस्था की गई है।इस आयोजन के पीछे प्रेरणा बनीं हैं श्रीमती कौशल्या विष्णुदेव साय, जो ग्राम व समाज के धार्मिक आयोजनों में सदैव अग्रणी रही हैं। उन्होंने बताया कि श्रावण मास शिवभक्ति का सर्वोत्तम समय है। पार्थिव शिवलिंग निर्माण का यह महायज्ञ जीवन को आध्यात्मिक दिशा देने वाला है। हम सभी शिव भक्तों को इस अद्भुत अवसर पर आमंत्रित करते हैं।

और भी

मुख्यमंत्री के विशेष प्रयास से कोतबा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने के लिए 4 करोड़ 37 लाख मिली प्रशासकीय स्वीकृति......साथ ही 56 पदों  की भी मिली स्वीकृति 

 


जशपुर 20 जुलाई 25/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जशपुर जिले में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सार्थक प्रयास कर रहे हैं। पत्थलगांव विकास खंड के कोतबा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को उन्नयन करके सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया गया है।
मुख्यमंत्री ने कोतबा सामुदाय स्वास्थ्य केन्द्र के निर्माण करने के लिए 4 करोड़ 37 लाख की प्रशासकीय स्वीकृति भी दे दी है।

कोतबा में लोगों तक बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 56 पद स्वीकृत किए हैं। इनमें अस्पताल अधीक्षक, सर्जन, मेडिकल विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ, दंत विशेषज्ञ, चिकित्सा अधिकारी, नर्सिंग सिस्टर, लैब टेक्नीशियन, ओटी टेक्नीशियन, स्टाप नर्स, लेखापाल, फार्मासिस्ट, सहायक ग्रेड 3, ड्रेसर, वार्ड बॉय, आया और भृतय के पद स्वीकृत किया गया है। शीघ्र ही उनकी पदस्थापना की जाएगी जिसमें लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराया जा सके।

और भी

Jashpur News : आकाशीय बिजली का कहर.! चपेट में आया खेत में रोपा लगा रहा किसान..मौके पर हुई मौत..पढ़ें पूरी खबर

सन्ना/जशपुरनगर : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के सन्ना थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है यहां आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 38 वर्षीय किसान की मौके पर ही मौत हो गई है वहीं सन्ना पुलिस घटनास्थल पहुंचकर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है। 

फिलहाल, इस संबंध में सन्ना थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चंपा सचिव मनरखन राम ने बताया कि मृतक जंग साय नगेसिया पिता सुखराम नगेसिया उम्र 38 वर्ष अपने खेत में रोपा लगाने गया हुआ था,

बता दें, इस दौरान दोपहर के लगभग 3:00 बजे तेज बारिश हुई और इसी बीच आकाशीय बिजली की चपेट में मृतक आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई फिलहाल सन्ना पुलिस मौके पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई कर रही है ।

और भी

CG Breaking : कांग्रेस की आर्थिक नाकेबंदी पर CM साय का तंज..कहा- 'अभी तो जांच जारी है, न जाने और कितनों का नंबर लगेगा'..पढ़ें पूरी ख़बर

Chhattisgarh News/रायपुर। ईडी की कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस के 22 जुलाई को प्रदेशव्यापी आर्थिक नाकेबंदी पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तंज कसा है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस तो जनता के लिए परेशानी खड़ा करती ही है. 5 साल सरकार चलाए तो जनता को धोखा दिए. पांच सालों में अनेक घोटाले हुए इसलिए जेल जा रहे हैं. अभी तो जांच जारी है, न जाने और कितने लोगों का नंबर लगेगा.

वहीं, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मीडिया से चर्चा में कहा कि ED केंद्रीय एजेंसी है, देश की प्रतिष्ठित संस्थान है. ED ने सोच समझकर ही कोई कार्रवाई की है. कांग्रेस के लोग जो करना है, उसके लिए स्वतंत्र हैं.

दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को ईडी ने शुक्रवार को जन्मदिन के अवसर पर शराब घोटाले में गिरफ्तार किया था. इस पर आज कांग्रेस की बैठक हुई, और सर्वसम्मति से ईडी की कार्रवाई के साथ सरकार और उद्योगपति के विरोध में 22 जुलाई को प्रदेश व्यापी आर्थिक नाकेबंदी का ऐलान किया.

फिलहाल, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कांग्रेस की आर्थिक नाकेबंदी की घोषणा करते हुए कहा कि (ईडी की कार्रवाई) यह बीजेपी के सोची-समझी रणनीति है. मेरा बेटा जो राजनीति में भी नहीं उसे भी टारगेट किया है. ईडी की इस अवैधानिक कार्रवाई का सभी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध किया है.

और भी

CG Big News : छत्तीसगढ़ की बेटी लेखा नेताम ने बढ़ाया प्रदेश का मान.! राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण पदक..पढ़ें पूरी ख़बर

Chhattisgarh News/कोण्डागांव। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिलों में शुमार कोण्डागांव से निकली एक होनहार बेटी ने राष्ट्रीय स्तर पर जिले का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। बंधापारा की रहने वाली लेखा नेताम ने उत्तर प्रदेश के नोएडा में आयोजित 54वीं केंद्रीय विद्यालय राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 52 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीत लिया।

बता दें कि यह प्रतियोगिता 16 से 20 जुलाई तक नोएडा में आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लिया। लेखा नेताम की यह जीत केवल उनके परिवार या जिले के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे राज्य के लिए गर्व का क्षण है।

आईटीबीपी की ट्रेनिंग बनी सफलता की सीढ़ी

ज्ञात हो कि, लेखा नेताम कोण्डागांव स्थित भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP) की 41वीं वाहिनी से प्रशिक्षित हैं। उनके कठिन परिश्रम और समर्पण के साथ-साथ उन्हें मिले सैन्य स्तर के अनुशासन और प्रशिक्षण ने इस मुकाम तक पहुंचने में अहम भूमिका निभाई। प्रशिक्षक उदय सिंह यादव और नारायण सोरेन ने लेखा को तकनीकी और मानसिक रूप से इस स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार किया।

कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन ने बढ़ाया हौसला

वहीं, इस उपलब्धि के पीछे ITBP के क्षेत्रीय मुख्यालय भुवनेश्वर के उप महानिरीक्षक श्री संजीव रोलबा और 41वीं वाहिनी के सेनानी नरेंद्र सिंह का कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन भी सराहनीय रहा। इन अधिकारियों के समर्थन और प्रेरणा ने लेखा जैसी प्रतिभाओं को एक नई दिशा दी है।

नक्सल क्षेत्र में खेल की नई रोशनी

दरअसल, कोण्डागांव जैसे नक्सल प्रभावित इलाके में ITBP द्वारा संचालित ये खेल प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं के लिए एक आशा की किरण बनकर उभरे हैं। ये न केवल उन्हें खेलों में करियर बनाने का अवसर दे रहे हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक जीवन की ओर भी प्रेरित कर रहे हैं।

फिलहाल, लेखा नेताम की यह जीत इस बात का प्रमाण है कि समर्पण, सही मार्गदर्शन और कठिन मेहनत से कोई भी युवा, चाहे वह कितनी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से क्यों न आया हो, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर सफलता हासिल कर सकता है।

और भी

*मुख्यमंत्री ने एस्पायर फार्मास्यूटिकल्स की नवनिर्मित इकाई का किया भव्य शुभारंभ......फार्मास्यूटिकल इकाई का शुभारंभ प्रदेश के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण कदम*

नई औद्योगिक नीति के माध्यम से विकास और रोजगार सृजन कर रही है हमारी सरकार :

मुख्यमंत्री श्री साय

रायपुर 19 जुलाई 2025/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज नवा रायपुर के सेक्टर-05 स्थित एस्पायर फार्मास्यूटिकल्स की नवनिर्मित इकाई का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रबंधन को शुभकामनाएं दीं और उत्पादन इकाई का भ्रमण कर दवा निर्माण की संपूर्ण प्रक्रिया का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कोविड के कठिन दौर में दवाइयों की किल्लत को देखते हुए इस इकाई के निर्माण का सपना देखा गया था और आज वह साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि जब पूरी दुनिया कोविड के संकट से जूझ रही थी, तब भारत ने स्वदेशी वैक्सीन विकसित कर एक मिसाल कायम की। श्री साय ने कहा कि फार्मास्यूटिकल्स की  इकाई का शुभारंभ प्रदेश के औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति निवेशकों को आकर्षित कर रही है और पिछले सात-आठ महीनों में 6 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से कई परियोजनाओं पर कार्य आरंभ हो चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार औद्योगिक इकाइयों के माध्यम से अधिक से अधिक रोजगार सृजन का कार्य कर रही है और ऐसी इकाइयों को विशेष प्रोत्साहन भी दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ आज रजत जयंती वर्ष में प्रवेश कर चुका है, और इन 25 वर्षों में जो विकास हुआ है, उसमें पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह ने न केवल प्रदेश से भूखमरी को दूर किया, बल्कि स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में भी ठोस नींव रखी। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य गठन के समय प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, जबकि आज प्रदेश में 15 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। प्रदेश में आयुष्मान भारत योजना और मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के जरिए लोगों को निःशुल्क इलाज मिल रहा है। श्री साय ने बताया कि पिछले डेढ़ वर्ष की अवधि में छह से अधिक विशेषज्ञ अस्पतालों के शुभारंभ का मैं साक्षी रहा हूं, जो दर्शाता है कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री श्री मोदी का मानना है कि लोग बीमार न पड़ें, निरोगी रहें, और उनकी इसी संकल्पना के अनुरूप वेलनेस सेंटर के माध्यम से लोगों को आरोग्य प्राप्त हो रहा है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सरकार ने “विकसित छत्तीसगढ़ 2047” की परिकल्पना के तहत विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश की सकल राज्यीय उत्पाद (GSDP) ₹5 लाख करोड़ है, जिसे 2030 तक ₹10 लाख करोड़ और 2047 तक ₹75 लाख करोड़ तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है, और यह प्रदेशवासियों के सहयोग से ही संभव होगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर एस्पायर फार्मास्यूटिकल्स का भ्रमण कर उन्नत तकनीकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह इकाई पूरी तरह ऑटोमेटेड है, जहाँ टैबलेट, सिरप, ऑइंटमेंट और क्रीम जैसे विभिन्न प्रकार की दवाइयों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस इकाई के विस्तार से बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रदेश के फार्मास्यूटिकल सेक्टर में यह एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक शुरुआत है। उन्होंने कहा कि भारत ने इस क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान बनाई है और कोविड काल के दौरान पूरी दुनिया को यह एहसास हुआ कि दवाइयों और चिकित्सा संसाधनों का क्या महत्व है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और यूरोप जैसे विकसित देशों ने भी उस दौर में भारत की फार्मा क्षमता पर विश्वास जताया। उन्होंने आगे कहा कि हाल ही में विकसित छत्तीसगढ़ की संकल्पना को साकार करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए विजन डॉक्यूमेंट जारी किया गया है, जो आने वाले वर्षों में प्रदेश को नई ऊँचाइयों पर ले जाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के औद्योगिक विकास में नवा रायपुर की केंद्रीय भूमिका है। यह क्षेत्र न केवल औद्योगिक निवेश के लिए उपयुक्त है, बल्कि सभी प्रमुख मार्गों से जुड़ाव के कारण लॉजिस्टिक्स की दृष्टि से भी अत्यंत सुविधाजनक है। डॉ. सिंह ने एस्पायर फार्मास्यूटिकल्स की टीम को इस नई शुरुआत के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह इकाई नवा रायपुर के विकास को नई गति देगी।

इस अवसर पर वन मंत्री श्री केदार कश्यप, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, श्री पवन साय, विधायक गुरु खुशवंत साहेब, विधायक श्री मोतीलाल साहू, विधायक श्री ललित चंद्राकर, विधायक श्री संपत अग्रवाल, विधायक श्री अनुज शर्मा, सीजीएमएससी के अध्यक्ष श्री दीपक म्हस्के, सीएसआईडीसी के अध्यक्ष श्री राजीव अग्रवाल, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष श्री अमरजीत छाबड़ा, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव, एस्पायर फार्मास्यूटिकल्स से श्री कोमलचंद चोपड़ा, श्री अनिल देशलहरा और श्री उज्ज्वल दीपक सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

और भी

*पुण्यश्लोक लोकमाता महारानी अहिल्याबाई होलकर की जीवनी पर आधारित नाट्य मंचन समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय*

महारानी अहिल्याबाई होलकर ने समाज में प्रशासन, न्याय और जनकल्याण की अनुकरणीय व्यवस्था एवं उदाहरण प्रस्तुत किए – मुख्यमंत्री श्री साय

पुण्यश्लोक लोकमाता महारानी अहिल्याबाई होलकर का संपूर्ण जीवन समाज कल्याण हेतु रहा समर्पित

रायपुर, 19 जुलाई 2025/ पुण्यश्लोक लोकमाता महारानी अहिल्याबाई होलकर का संपूर्ण जीवन समाज कल्याण हेतु समर्पित रहा। वह इंदौर की न केवल महारानी थीं, बल्कि न्यायप्रिय, धार्मिक एवं निष्पक्ष प्रशासक भी थीं। उन्होंने देशभर में धार्मिक स्थलों एवं मंदिरों के जीर्णोद्धार और पुनर्निर्माण के क्षेत्र में जो कार्य किए, वे आज भी हम सबके लिए प्रेरणादायक हैं। उक्त बातें मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, रायपुर में विश्व मांगल्य सभा द्वारा आयोजित पुण्यश्लोक लोकमाता महारानी अहिल्याबाई होलकर की जीवनी पर आधारित नाट्य मंचन समारोह में कही।

श्री साय ने आगे कहा कि हम सभी लोकमाता महारानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती मना रहे हैं। इस अवसर पर आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पूरे देश एवं प्रदेश में उनकी स्मृति में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

सुशासन, सनातन और संस्कृति के लिए समर्पित लोकमाता अहिल्याबाई होलकर जी के जीवन पर आधारित यह नाट्य प्रस्तुति लोगों तक उनके महान कृतित्व को पहुंचाने में सहायक होगी। राजमाता अहिल्याबाई होलकर हमारे गौरवशाली इतिहास की महान प्रेरणापुंज हैं। उनके जीवन चरित्र से वर्तमान एवं भावी पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने रामराज्य की अवधारणा को साकार किया। तीन दशकों तक उन्होंने होलकर राजवंश का नेतृत्व किया। उन्होंने प्रशासन, न्याय और जनकल्याण की अनुकरणीय व्यवस्था प्रदान की। दक्षिण में कांची, उत्तर में बद्रीनाथ, पूर्व में पुरी और पश्चिम में द्वारका तक, हर स्थान पर उनके पुण्य कार्यों की छाप मिलती है। वे इंदौर की महारानी थीं, परंतु उन्होंने अपने को किसी भौगोलिक सीमा में नहीं बाँधा। देश के विभिन्न हिस्सों में उन्होंने मंदिरों का निर्माण, धर्मशालाओं की स्थापना की और धर्म की पताका सदैव लहराई।

वह सनातन की ध्वजवाहिका रहीं। जब महारानी अहिल्याबाई का नाम आता है तो हाथों में शिवलिंग लिए हुए उनकी तस्वीर सजीव हो उठती है। उन्होंने भारत की सांस्कृतिक और धार्मिक चेतना के प्रतीक काशी विश्वनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण कराया। जब औरंगजेब ने काशी विश्वनाथ मंदिर को नष्ट किया, तब यह घटना हिंदू समाज के लिए अत्यंत आघातकारी थी। उस समय माता जीजाबाई ने शिवाजी महाराज से कहा था कि काशी विश्वनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण हमारा सर्वोच्च लक्ष्य होना चाहिए। पेशवा माधवराव ने भी अपनी वसीयत में लिखा था कि उनकी इच्छा है कि काशी विश्वनाथ मंदिर फिर से बने। यह यशस्वी कार्य राजमाता अहिल्याबाई होलकर के कर-कमलों से संपन्न हुआ।

उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण कर लाखों आस्थावान हिंदुओं के सपनों को साकार किया। वे हरिद्वार से गंगाजल मंगवाकर उसे कांचीपुरम के शिव मंदिर में अर्पित करवाती थीं। उन्होंने पुरी में धर्मशाला तथा द्वारका में भी धार्मिक निर्माण कार्य करवाए। जिस प्रकार आदि शंकराचार्य जी ने सनातन परंपरा को जोड़ते हुए चार धाम की स्थापना की, उसी परंपरा में राजमाता अहिल्याबाई होलकर जी ने भारत को सांस्कृतिक रूप से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर जगदलपुर विधायक श्री किरण देव साय ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। प्रस्तावना विश्व मांगल्य सभा की श्रीमती निकिता ताई द्वारा प्रस्तुत की गई।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्री श्री केदार कश्यप, प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक श्री किरण देव साय, श्री अजय जामवाल, श्री पवन साय सहित बड़ी संख्या में विधायकगण, सांसदगण, निगम-मंडल-आयोग के अध्यक्षगण, जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

और भी

*मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता शूटर श्री अभिनव बिंद्रा ने की मुलाकात*

छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाएं छूएंगी आकाश, आधुनिक तकनीक से होंगे खिलाड़ी पारंगत

छत्तीसगढ़ में ओलंपिक वैल्यू एजुकेशन, स्पोर्ट्स इंजरी रिकवरी और स्पोर्ट्स साइंस डेवलपमेंट के लिए होगा कार्य

रायपुर, 19 जुलाई 2025/ छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाएं अब आकाश को छूएंगी। राज्य के खिलाड़ी प्रारंभिक स्तर से ही आधुनिक तकनीकों के माध्यम से दक्ष बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय से आज उनके निवास कार्यालय में ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता शूटर श्री अभिनव बिंद्रा ने सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री श्री साय ने श्री बिंद्रा से छत्तीसगढ़ में ओलंपिक वैल्यू एजुकेशन, स्पोर्ट्स इंजरी रिकवरी एवं स्पोर्ट्स साइंस डेवलपमेंट के विषय में विस्तारपूर्वक चर्चा की।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने श्री बिंद्रा का पुष्पगुच्छ एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने श्री बिंद्रा से छत्तीसगढ़ में खेल गतिविधियों के विकास एवं खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने संबंधी योजनाओं पर गहन चर्चा की।

मुख्यमंत्री श्री साय ने चर्चा के दौरान कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है। प्रदेश के युवाओं में खेलों के प्रति स्वाभाविक रुचि एवं नैसर्गिक प्रतिभा है, विशेषकर आदिवासी अंचलों के युवाओं में अत्यधिक संभावनाएं हैं। इस परिप्रेक्ष्य में श्री बिंद्रा ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि वे छत्तीसगढ़ में ओलंपिक वैल्यू एजुकेशन, स्पोर्ट्स इंजरी रिकवरी और स्पोर्ट्स साइंस कार्यक्रम प्रारंभ करना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि राज्य की खेल प्रतिभाओं को निखारने में ये प्रयास अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होंगे।

चर्चा के दौरान श्री बिंद्रा ने बताया कि वे अभिनव बिंद्रा फाउंडेशन के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों में खिलाड़ियों को आगे लाने के लिए विविध कार्यक्रम संचालित कर रहे हैं। उन्होंने उल्लेख किया कि फाउंडेशन द्वारा खेलहित में संचालित ये कार्यक्रम निःशुल्क होते हैं, जिससे खिलाड़ियों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हो रहा है। उन्होंने छत्तीसगढ़ में भी फाउंडेशन के माध्यम से ऐसे कार्यक्रम प्रारंभ किए जाने के सम्बन्ध में चर्चा की।

श्री बिंद्रा ने जानकारी दी कि ओलंपिक वैल्यू एजुकेशन कार्यक्रम के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के स्कूली बच्चों में ओलंपिक मूल्यों का विकास किया जाएगा। उन्हें उत्कृष्टता, सम्मान और मैत्री जैसे मूल्यों को अपनाने हेतु प्रेरित किया जाएगा, जिससे प्रारंभिक अवस्था से ही खेल प्रतिभाओं का संवर्धन संभव हो सकेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय को श्री बिंद्रा ने अवगत कराया कि स्पोर्ट्स इंजरी खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी चुनौती है। स्पोर्ट्स इंजरी रिकवरी कार्यक्रम के अंतर्गत खिलाड़ियों को निःशुल्क सर्जरी, पुनर्वास एवं उपचार उपरांत देखभाल की संपूर्ण सुविधा प्रदान की जाएगी, ताकि वे स्वस्थ होकर पुनः खेल क्षेत्र में सक्रीय हो सकें। इस हेतु फाउंडेशन के साथ देश के 30 उत्कृष्ट चिकित्सकों का नेटवर्क कार्यरत है, जिसका लाभ छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को मिलेगा।

मुख्यमंत्री को श्री बिंद्रा ने बताया कि वर्तमान खेल परिदृश्य पूर्णतः विज्ञान-आधारित हो गया है। अतः वे छत्तीसगढ़ में स्पोर्ट्स साइंस कार्यक्रम प्रारंभ करना चाहते हैं, जिससे आधुनिक एवं वैज्ञानिक पद्धति से खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया जा सके। नवीनतम तकनीकों की सहायता से प्रतिभाओं की पहचान वैज्ञानिक तरीके से की जा सकेगी तथा टेक्नोलॉजी के माध्यम से उनके कौशल को समुचित रूप से विकसित किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को आवश्यक सभी सुविधाएं प्रदान कर रही है। विशेषकर आदिवासी क्षेत्रों के युवाओं में अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने उल्लेख किया कि विशेष पिछड़ी जनजाति कोरवा समुदाय के युवाओं में तीरंदाजी का प्राकृतिक कौशल है। इस प्रतिभा को बढ़ावा देने हेतु रायपुर एवं जशपुर में एनटीपीसी के सहयोग से 60 करोड़ रुपये की लागत से आर्चरी अकादमी की स्थापना की जा रही है। इसी प्रकार बस्तर में आयोजित बस्तर ओलंपिक में 1.65 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। राज्य सरकार द्वारा ओलंपिक में स्वर्ण पदक विजेता छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों को 3 करोड़ रुपये, रजत पदक विजेता को 2 करोड़ रुपये एवं कांस्य पदक विजेता को 1 करोड़ रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप में देने की घोषणा की गई है।

इस अवसर पर खेल मंत्री श्री टंकराम वर्मा, छत्तीसगढ़ युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्वविजय सिंह तोमर, खेल विभाग के सचिव श्री यशवंत कुमार, संचालक श्रीमती तनुजा सलाम, डॉ. दिगपाल राणावत सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।

और भी

श्रीमती कौशल्या विष्णुदेवसाय जी की गरिमामयी उपस्थिति में विकासखण्ड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का भव्य आयोजन बच्चों को किताबें सायकिल किया गया वितरण


फरसाबहार, 19 जुलाई: विकासखण्ड फरसाबहार में शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर कार्यक्रम की मुख्य अतिथि माननीया श्रीमती कौशल्या विष्णुदेवसाय जी थीं, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
 कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। कार्यक्रम का संचालन सजेस फरसाबहार के छात्र प्रत्यूष तिवारी एवं छात्रा आकांक्षा भगत के द्वारा किया गया है | इसके पश्चात एकलव्य विघालय एवं सजेस फरसाबहार के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया। बाल कलाकारों की प्रस्तुतियों में छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति की झलक स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।
इस अवसर पर नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का तिलक, चंदन एवं मुंह मीठा कर पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया गया एवं उन्हें नवीन पाठ्यपुस्तकें, गणवेश, सायकल आदि सामग्री वितरित की गई। 
    मुख्य अतिथि द्वारा बच्चों को आशीर्वचन देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं। उक्त कार्यक्रम में लगभग 1200 छात्र-छात्राएं , शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं पालक शामिल हुए।
     इस शुभ अवसर पर शैक्षिक उत्कृष्टता प्रदान करने वाले शिक्षकों एवं विभाग से समस्त वर्ग के कर्मचारियों उनके उत्कृष्ट कार्य हेतु प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों में नई ऊर्जा का संचार हुआ।
        इस सफल आयोजन ने न केवल बच्चों को प्रेरित किया, बल्कि शिक्षकों एवं पालकों के मन में भी शिक्षा के प्रति नई आशा एवं संकल्प को जन्म दिया।


      इस अवसर पर श्री वेद प्रकाश भगत, जिला पंचायत सदस्य , श्री मुक्तेश्वर साय (मंडल अध्यक्ष  ) ,श्रीमती हेमंती भरत साय, जनपद पंचायत अध्यक्ष, भजन साय निज सचिव मा मुख्यमंत्री जी श्रीमती संध्या सिंह  अध्यक्ष शिक्षा समिति , श्री फेंटा चौधरी युवा मंडल अध्यक्ष, श्री दीपक चौहान युवा मंडल अध्यक्ष, श्री योगेश मिश्रा, श्रीमती राधिका पैंकरा, श्री ठाकुर राम, श्री शिव कुमार पैंकरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
     जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रमोद कुमार भटनागर, विकासखण्ड अधिकारी श्री दुर्गेश देवांगन, विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक श्री देवेन्द्र कुमार सिंह, ABEO श्री रविंद्रनाथ साय, प्रभारी BPO श्री दादू प्रसाद चन्द्रा जी, श्री प्रभाकांत सरोज एवं तहसीलदार सुश्री ज्योत्सना कोलहारी , श्री प्रदीप कुमार कुजूर प्राचार्य श्री हेमंत कुमार निकुंज  व्याख्याता एवं समस्त विद्यालय के अधिकारी कर्मचारी एवम् शिक्षक शिक्षिकाओं का कार्यक्रम आयोजित करने में सराहनीय योगदान रहा। इसके साथ ही एकलव्य विद्यालय के पूरे स्टाफ में भी उक्त कार्यक्रम हुए सफल संचालन हेतु बेहतर प्रयास किया उक्त कार्यक्रम में संकुल शैक्षिक समन्वयक के द्वारा भी सहयोग कर सभी छात्र-छात्राओं एवं अतिथियों को भोजन कराया गया।
        कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि महोदय के द्वारा एक पेड़ मां के नाम के तहत विद्यालय परिसर में आम का पौधा  लगाया गया।

और भी

कलेक्टर रोहित व्यास के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों के सपनों को मिल रही नई उड़ान.....सीख रहे हैं सैटेलाइट की बारीकियां

जशपुर नगर, 19 जुलाई25/ कलेक्टर रोहित व्यास और सीईओ जिला पंचायत अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में जिले में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति विद्यार्थियों की रुचि और नवाचार क्षमता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्टूडेंट सैटेलाइट ट्रेनिंग वर्कशॉप की शुरुआत हुई। चलने वाली इस छह दिवसीय कार्यशाला में विद्यार्थियों को प्रायोगिक गतिविधियों के माध्यम से सीखने का अवसर मिल रहा है।

कार्यशाला में जिले के 50 होनहार विद्यार्थियों को भाग लेने का अवसर मिला है। प्रशिक्षण का संचालन इग्नाइटिंग ड्रीम्स ऑफ यंग माइंड्स फाउंडेशन से आए विशेषज्ञ शिव सिंह भदोरिया और उनकी टीम के द्वारा किया जा रहा है।

वर्कशॉप का मुख्य आकर्षण — सैटेलाइट मेकिंग की पूर्ण अवधारणा

कार्यशाला में विद्यार्थियों को स्टूडेंट सैटेलाइट निर्माण की संपूर्ण प्रक्रिया से अवगत कराया जा रहा है, जिसमें निम्नलिखित प्रमुख भागों और अवधारणाओं को शामिल किया गया है:

 सैटेलाइट के प्रमुख भाग:
1. पावर सिस्टम – सौर पैनल, बैटरी और पावर मैनेजमेंट यूनिट, जो उपग्रह को ऊर्जा प्रदान करते हैं।
2. कम्युनिकेशन सिस्टम – एंटीना और ट्रांससीवर, जिससे उपग्रह धरती से डेटा भेज और प्राप्त कर सकता है।
3. ऑनबोर्ड कंप्यूटर (OBC) – उपग्रह का मस्तिष्क, जो सभी कार्यों और सेंसर को नियंत्रित करता है।
4. पेलोड – वैज्ञानिक यंत्र या सेंसर, जो विशिष्ट मिशन उद्देश्यों की पूर्ति करता है (जैसे कैमरा, टेम्परेचर सेंसर आदि)।
5. स्ट्रक्चर – सैटेलाइट का ढांचा जो सभी घटकों को सहारा देता है और उन्हें सुरक्षित रखता है।
6. एडीसीएस (Attitude Determination and Control System) – सैटेलाइट की दिशा और स्थिति नियंत्रित करने वाला सिस्टम।
7. थर्मल कंट्रोल सिस्टम – तापमान को संतुलित रखने के लिए आवश्यक सामग्री और तकनीक।

अवधारणाएं जो विद्यार्थियों को सिखाई जा रही हैं:
1. सैटेलाइट का कार्य कैसे होता है और यह कक्षा (orbit) में कैसे स्थापित होता है।
2. माइक्रो सैटेलाइट एवं क्यूब सैट जैसी श्रेणियां।
3. पृथ्वी के चारों ओर घूमने वाले उपग्रहों की गति और उनके उपयोग।
4. सैटेलाइट डेटा का उपयोग — मौसम पूर्वानुमान, संचार, भू-मानचित्रण आदि में।
5. प्रोटोटाइप बनाना और प्रैक्टिकल मॉडल पर कार्य करना।

यह अभिनव पहल न केवल विद्यार्थियों को विज्ञान के क्षेत्र में प्रेरित कर रही है, बल्कि उनके अंदर वैज्ञानिक सोच, टीमवर्क और रचनात्मकता भी विकसित कर रही है।  उल्लेखनीय है कि आईडीवाईएम फाउंडेशन अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में अभी तक 5 लाख विद्यार्थियों को जोड चुका है, यह इसरो से रजिस्टर्ड एक ट्यूटर संस्था है। कार्यक्रम में  इग्नाइटिंग ड्रीम ऑफ़ यंग माइंड्स फाउंडेशन के प्रेम प्रकाश देवांगन और दुर्गेश कुमार ट्रेनर के रूप में कार्य कर रहे हैं।

और भी

स्वास्थ्य विभाग की टीम विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा क्षेत्र में श्रमदान कर स्वच्छता के लिए कर रहा जागरूक .....झाड़ फूंक के चक्कर में न पड़कर तत्काल अस्पताल पहुंचने की भी जानकारी दी गई 

जशपुर 19 जुलाई 25/ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बगीचा अंतर्गत ग्राम आसनपानी मरंगी दूरस्थ अंचलों और दुर्गम बसाहट विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी पहाड़ी कोरवा ग्राम में सर्प दंश से बचाव जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसमें घर एवं आंगन की साफ सफाई , पलंग पर सोने की सलाह, तत्काल अस्पताल आने एवं पूर्ण विश्वास के साथ इलाज लेने की सलाह दी गई। स्वच्छता एवं स्वच्छ रहने के अनुभव साझा और टीम बगीचा के द्वारा श्रमदान किया गया।

स्वास्थ्य विभाग की टीम के द्वारा स्वच्छ वातावरण निर्मित करते हुए सर्प दंश की घटनाओं में कमी लाने के साथ मृत्यु दर में कमी लाने  का विशेष प्रयास किया जा रहा है।

 जागरूकता अभियान के साथ श्रमदान का कार्य प्राथमिकता के साथ ग्राम पंचायतों में लगातार जारी रखा जाएगा।

और भी

बिहान योजना से आत्मनिर्भरता की मिसाल बनीं श्रीमती करुणा गुप्ता

जशपुर, 19 जुलाई 2025/ ग्राम पंचायत पतराटोली विकासखंड दुलदुला की श्रीमती करुणा गुप्ता बिहान योजना के एकता महिला स्व-सहायता समूह से जुड़कर आज ग्रामीण अर्थव्यवस्था में योगदान देने वाली सशक्त महिला के रूप में उभर रही हैं।

समूह की अन्य महिलाओं के साथ मिलकर वे गांव के तालाब में सामूहिक मछली पालन कार्य कर रही हैं, वहीं व्यक्तिगत रूप से उन्होंने पहले से संचालित अपनी बर्तन दुकान को प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत ₹2 लाख का ऋण प्राप्त कर विस्तार दिया। अब वे थोक और खुदरा स्तर पर बिक्री कर रही हैं और इससे उन्हें सालाना लाखों रुपए की आमदनी हो रही है।

स्वरोजगार के इस प्रयास से वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हुई हैं और अन्य ग्रामीण महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन गई हैं। श्रीमती गुप्ता ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं ने उनके जीवन को नई दिशा दी है।

और भी

अचानक मौसम बदला, आकाशीय बिजली गिरने से चार मवेशियों की मौत

नारायणपुर : - नारायणपुर थाना के ग्राम पंचायत साहीडाँड़ में जंगल में चरने गए मवेशियों की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। चारों मवेशी दो किसान के थे,जिससे उसे बड़ी आर्थिक क्षति हुई है।

ग्राम साहीडाँड़ निवासी सिबल राम एक बैल दो बछिया और अमृत टोप्पो एक शनिवार की दोपहर 2 बजे मवेशियों को चराने पास के जंगल की ओर ले गया था। लेकिन अचानक बारिश के साथ बिजली गिरी, जिसकी चपेट में दो ग्रामीण की चार मवेशी आ गई और मौके पर ही चोरों की मौत हो गई। जबकि दोनों व्यक्ति थोड़ी दूरी एक घर पर शरण लिया था। इस वजह से दोनों व्यक्ति आकाशीय बिजली की चपेट में आने से बच गया।
घटना की जानकारी थाना नारायणपुर को दी गई। आकाशीय बिजली एक साल पेड़ को चीरते हुए अंदर घुस गई। इसी पेड़ की नीचे बारिश से बचने चारो मवेशी शरण लिए हुए था। पर मवेशी मालिक को क्या पता था कि कभी भी मवेशी के  ऊपर गाज गिर सकती है

और भी

*48 मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए मुख्यमंत्री श्री साय की पहल से स्वीकृत हुए 2 करोड़ 3 लाख 59 हजार रुपए, धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा......*

जशपुरनगर। छत्तीसगढ़ के धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले को एक बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री की घोषणा अनुसार जिले के 48 प्राचीन व जनआस्था से जुड़े मंदिरों के जीर्णोद्धार कार्यों के लिए 2 करोड़ 3 लाख 59 हजार की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग द्वारा जारी आदेश में मंदिरों के विकास, संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण की दिशा में कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं।मुख्यमंत्री श्री साय की पहल से न केवल धार्मिक आस्था के केंद्रों को नवजीवन मिलेगा, बल्कि यह योजना स्थानीय रोजगार, पर्यटन और सांस्कृतिक चेतना को भी सशक्त बनाएगी। गाँव-गाँव में बसे श्रद्धा स्थल अब शासन की योजना से भव्य और सुव्यवस्थित रूप में पुनर्निर्मित होंगे।मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ शासन ने धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग ने जिले के विभिन्न मंदिर का जीर्णोद्धार के लिए स्वीकृति दी है– ग्राम जामटोली हनुमान मंदिर केन्दपानी 3 लाख रुपए,
ग्राम जामटोली हनुमान मंदिर 2 लाख,ग्राम सिरिमकेला नगेराटुकु मंदिर 5 लाख,ग्राम गट्टीबूढ़ा हनुमान मंदिर रायटोली 3 लाख,ग्राम खटगा हनुमान मंदिर रोतियाटोली 3 लाख,ग्राम दोकड़ा हनुमान मंदिर खुटीटोली 5 लाख,ग्राम दोकड़ा राधाकृष्ण मंदिर डेंबुटोली 5 लाख, ग्राम दोकड़ा हनुमान मंदिर डुमरटोली 3 लाख,ग्राम चेटबा हनुमान मंदिर 5 लाख,ग्राम चेटबा गायत्री मंदिर 5 लाख, ग्राम चेटबा श्रीराम मंदिर नारायण बहली 5 लाख, ग्राम देवरी शिव मंदिर फॉस्कोटोली 5 लाख,ग्राम कटंगखार शिव मंदिर जमुन्दा 5 लाख,ग्राम नारियरडांड हनुमान मंदिर कोगाबहरी 5 लाख, ग्राम शब्दमुंडा छातेस्वर महादेव मंदिर 3 लाख, ग्राम पतरापाली के बजरंगबली मंदिर गरियादोहर 5 लाख, ग्राम कोहलनझरिया जगन्नाथ मंदिर 5 लाख,ग्राम खुटगांव बुढ़ा महादेव शिव मंदिर 5 लाख, ग्राम तुमला शिव मंदिर महादेव गुड़ी 5 लाख,ग्राम सिंगीबहार जगन्नाथ मंदिर 5 लाख ,ग्राम सपाडांड, पंचायत केरसई - बजरंगबली मंदिर 5 लाख,ग्राम अमडीहा - बजरंगबली मंदिर 5 लाख,ग्राम डुमरिया - शिव मंदिर कालादरहा 2 लाख,ग्राम बोखी- शिव मंदिर लकराघरा 3 लाख,
पंचायत अमडीहा में शिव मंदिर कदलकछार 3 लाख,
ग्राम पुराइनबंध में कृष्ण मंदिर 5 लाख,ग्राम साजबहार में शिव मंदिर 5 लाख, ग्राम समडमा में शिव मंदिर 5 लाख,ग्राम केन्दईबाहर- काली दुर्गा मंदिर 5 लाख,ग्राम हेठघिंचा - राधाकृष्ण मंदिर 5 लाख ,ग्राम धौरासाड- शिव मंदिर 3लाख ,ग्राम पगुराबहार - मंदिर (सरईटोली) 3 लाख,ग्राम रायकेरा - शिव मंदिर महादेव टोंगरी 5 लाख, ग्राम पण्डरापाठ - नागेश्वर धाम मंदिर 4.79 लाख, ग्राम सन्ना गायत्री मंदिर 5 लाख, ग्राम मनोरा - शिव मंदिर 3 लाख,ग्राम बटुराबहर श्री राम मंदिर 5 लाख,कुनकुरी थाना परिसर मंदिर 3 लाख,ग्राम दोढ़ीबहर - शिव मंदिर 5 लाख रुपए,ग्राम गिनाबहार में हनुमान मंदिर 3 लाख,
ग्राम भेलवटोली बजरंगबली मंदिर में 5 लाख, ग्राम जोरातराई - शिव मंदिर चिटकवाइन 5 लाख, ग्राम सिंदरीमुंडा- श्री राधाकृष्ण मंदिर पुटूकेला 5 लाख,ग्राम गोरिया - हनुमान मंदिरकोरवाबहारी 5 लाख,ग्राम हेठकापा - शिव मंदिर नोनपानी 3 लाख, ग्राम गोरिया - शिव मंदिर में कुम्हारटोली 3 लाख, ग्राम पंचायत कुनकुरी वार्ड 4 - लक्ष्मी भोलेनाथ मंदिर 5 लाख, श्री जगन्नाथ मंदिर रायकेरा के जीर्णोद्धार के लिए 4 लाख 80 हजार रुपए की लागत से मंदिरों का विकास,संरक्षण और सौंदर्यीकरण कार्य किया जाएगा।

स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का जताया आभार

स्वीकृति की जानकारी मिलते ही विभिन्न ग्रामों के पुजारियों, समिति सदस्यों और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री साय के प्रति आभार जताया और कहा कि यह निर्णय क्षेत्र के सांस्कृतिक गौरव को सहेजने वाला है। जिससे धार्मिक आस्था के केंद्रों को नवजीवन मिलेगा।

और भी