पमशाला–सराईटोला मार्ग निर्माण के लिए अनुबंध नहीं करने पर ठेकेदार की अमानत राशि राजसात,सड़क में आवागमन सुगम बनाने गड्डों को किया जा रहा समतल
ताजा खबरें

बड़ी खबर

पमशाला–सराईटोला मार्ग निर्माण के लिए अनुबंध नहीं करने पर ठेकेदार की अमानत राशि राजसात,सड़क में आवागमन सुगम बनाने गड्डों को किया जा रहा समतल

जशपुरनगर 19 फरवरी 2026/ लोक निर्माण विभाग संभाग पत्थलगांव द्वारा पमशाला से सराईटोला मार्ग निर्माण की तथ्यात्मक स्थिति स्पष्ट की गई है। कार्यपालन अभियंता, लोक निर्माण विभाग, संभाग पत्थलगांव ने बताया कि पमशाला से सराईटोला मार्ग (लंबाई 11.50 किमी) प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित हुआ है। मार्ग की अत्यंत जर्जर स्थिति को देखते हुए इसके पुनर्निर्माण एवं चौड़ीकरण हेतु वर्ष 2024-25 के प्रथम अनुपूरक बजट में शामिल कर 2396.94 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त की गई थी। इसके पश्चात 2322.58 लाख रुपये की तकनीकी स्वीकृति मिलने पर विधिवत निविदा आमंत्रित की गई। निविदा प्रक्रिया में केपकॉन प्रोजेक्ट प्रा. लि., जशपुर द्वारा 20.11 प्रतिशत कम दर (एस.ओ.आर. से) प्रस्तुत की गई, जिसे शासन द्वारा स्वीकृति प्रदान करते हुए अनुबंध निष्पादन हेतु स्वीकृति पत्र जारी किया गया। साथ ही ठेकेदार को 15 दिवस के भीतर असंतुलित राशि जमा कर अनुबंध करने के निर्देश दिए गए थे।
किन्तु निर्धारित समयावधि में अनुबंध नहीं किए जाने के कारण निविदा शर्तों  के अनुसार ठेकेदार की 5.00 लाख रुपये की अमानत राशि शासन के पक्ष में राजसात कर ली गई है। इसके उपरांत नियमानुसार पुनः निविदा आमंत्रित की गई है, जिसकी निविदा 03 मार्च 2026 को खोली जाएगी। न्यूनतम दर प्राप्त होने पर कार्यादेश जारी कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

      कार्यपालन अभियंता ने स्पष्ट किया है कि पुनर्निर्माण कार्य के दौरान वर्तमान डामरीकरण सतह को उखाड़ना आवश्यक होगा। इसी कारण मार्ग में बने गड्ढों को निरंतर मुरूम एवं जी.एस.बी. सामग्री से भरकर आवागमन सुचारू बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। वर्तमान में मार्ग की स्थिति संतोषप्रद है। चौड़ीकरण एवं पुनर्निर्माण पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।

Leave Your Comment

Click to reload image