नशे के सौदागरों पर शिकंजा कसने जशपुर पुलिस की बड़ी तैयारी, एनडीपीएस एक्ट पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में हुआ एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण
जशपुरनगर 08 फरवरी 2026 :
नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा एनडीपीएस एक्ट के मामलों की विवेचना को और अधिक सुदृढ़, विधि-सम्मत एवं न्यायालयीन रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर के मीटिंग हॉल में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिले के सभी पुलिस अधिकारियों एवं विवेचकों को एनडीपीएस एक्ट से संबंधित प्रकरणों की जांच की बारीकियों, विधिक प्रावधानों, जप्ती, सैंपलिंग, साक्ष्य संकलन एवं न्यायिक प्रक्रियाओं के संबंध में विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश जशपुर श्री शैलेन्द्र पटवर्धन, डिप्टी डायरेक्टर (अभियोजन) श्री सुरेश कुमार साहू, सहायक निदेशक अभियोजन श्री विपिन्न कुमार तथा सहायक जिला अभियोजन अधिकारी श्री विवेक शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सभी विषय विशेषज्ञों द्वारा पुलिस अधिकारियों एवं विवेचकों को एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत दर्ज मामलों में जांच के दौरान अपनाई जाने वाली कानूनी प्रक्रियाओं, साक्ष्यों के वैज्ञानिक संकलन एवं दस्तावेजीकरण की बारीक जानकारी दी गई।
विवेचना की गुणवत्ता पर विशेष जोर
प्रशिक्षण के दौरान जशपुर जिले के पुलिस कप्तान, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री डॉ. लाल उमेद सिंह ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं विवेचकों को संबोधित करते हुए कहा कि एनडीपीएस एक्ट के मामलों में छोटी-सी लापरवाही भी न्यायालय में प्रकरण को कमजोर कर सकती है। उन्होंने विवेचना की गुणवत्ता बढ़ाने, कानूनी प्रावधानों का अक्षरशः पालन करने तथा आवश्यकता पड़ने पर जिला अभियोजन विभाग से नियमित परामर्श लेने के निर्देश दिए, ताकि नशे के सौदागरों के खिलाफ न्यायालय में मजबूत पक्ष प्रस्तुत किया जा सके।
न्यायिक दृष्टिकोण से साक्ष्य संकलन पर मार्गदर्शन
अतिरिक्त जिला न्यायाधीश श्री शैलेन्द्र पटवर्धन ने एनडीपीएस एक्ट के मामलों में सूक्ष्म एवं तकनीकी साक्ष्यों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विवेचना के दौरान प्रत्येक तथ्य का विधिवत, स्पष्ट एवं क्रमबद्ध लेखबद्ध होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने दस्तावेजी साक्ष्य, गवाहों के बयान एवं केस डायरी संधारण को न्यायिक दृष्टिकोण से बेहद अहम बताया।
धारा 50, 57 एवं चेन ऑफ कस्टडी पर विशेष प्रशिक्षण
डिप्टी डायरेक्टर अभियोजन श्री सुरेश कुमार साहू, सहायक निदेशक अभियोजन श्री विपिन्न कुमार एवं सहायक जिला अभियोजन अधिकारी श्री विवेक शर्मा ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 एवं 57 के प्रावधानों के पालन, जप्त मादक पदार्थों की फोरेंसिक लैब जांच, सुरक्षित अभिरक्षा, चेन ऑफ कस्टडी तथा एक से अधिक आरोपियों की स्थिति में विभिन्न धाराओं के तहत की जाने वाली कानूनी कार्यवाही के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन प्रक्रियाओं के सही अनुपालन से ही मामलों में पारदर्शिता बनी रहती है और दोषियों को सजा दिलाने में सफलता मिलती है।
जिलेभर के पुलिस अधिकारी रहे उपस्थित
इस प्रशिक्षण कार्यशाला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर श्री राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी कुनकुरी श्री विनोद कुमार मंडावी, एसडीओपी जशपुर श्री चंद्रशेखर परमा, एसडीओपी बगीचा श्री दिलीप कुमार कोसले, डीएसपी अजाक एवं क्राइम श्री भावेश कुमार समरथ सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी, पुलिस अधीक्षक कार्यालय के रीडर श्री मुकेश कुमार झा तथा वर्चुअल माध्यम से जिले के सभी विवेचक शामिल हुए।
कार्यशाला के माध्यम से जशपुर पुलिस द्वारा यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि नशे के विरुद्ध चल रही लड़ाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और एनडीपीएस एक्ट के मामलों में कानून के हर प्रावधान का कड़ाई से पालन करते हुए अपराधियों को सजा दिलाने के लिए ठोस एवं मजबूत विवेचना की जाएगी।
