गौ संरक्षण और वैज्ञानिक चेतना की दिशा में सार्थक पहल, जशपुर में जिला स्तरीय गौ विज्ञान परीक्षा में उमड़ा विद्यार्थियों का उत्साह
जशपुरनगर 08 फरवरी 2026 : सरस्वती शिशु मंदिर जशपुर नगर में जिला स्तरीय गौ विज्ञान परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में छत्तीसगढ़ शासन माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष श्री शंभू नाथ चक्रवर्ती, सामाजिक कार्यकर्ता गणेश नारायण मिश्र, अधिवक्ता राम प्रकाश पांडे, जिला परियोजना अधिकारी विनय कुमार सिन्हा तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी टूमनु गोस्वामी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर अध्यक्ष, मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए गौ विज्ञान के महत्व पर प्रकाश डाला और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अतिथियों के करकमलों से सभी प्रतिभागी भैया-बहनों को गौ विज्ञान पंचगव्य किट एवं प्रसाद का वितरण किया गया। परीक्षा में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यालय स्तर तथा महाविद्यालय स्तर के छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। सरस्वती शिशु मंदिर जशपुर केंद्र में कुल 88 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।
परीक्षा का संचालन जिला नोडल अधिकारी गौ विज्ञान परीक्षा विनय कुमार सिन्हा, विकासखंड नोडल अधिकारी टूमनु गोसाईं तथा केंद्राध्यक्ष संजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
आयोजन को सफल बनाने में राजेंद्र कुमार साहू, सचिंद्र छतरिया, देवेंद्र कुमार चक्रेश, राजेश बंदे, तारकेश्वर सिंह सहित विद्यालय परिवार के सभी कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
