महिला की संदिग्ध मौत, पति बच्ची को लेकर फरार, पहली पत्नी की हत्या में जेल जा चुका है संदेही पति, सिर में गंभीर चोट के निशान
नारायणपुर 07 फरवरी2026 : नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढोठीपहरी कुरूमढोढा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 6 माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतिका के सिर में गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद मृतिका का पति अपनी मासूम बच्ची को लेकर फरार हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी जेठू विश्वकर्मा पिता सगनू विश्वकर्मा, उम्र 45 वर्ष, जाति लोहार, निवासी ग्राम बेलसुंगा थाना नारायणपुर जिला जशपुर द्वारा थाना पहुंचकर जबानी मर्ग इंटीमेशन दर्ज कराया गया। प्रार्थी ने बताया कि उसकी बेटी कमला विश्वकर्मा का प्रेम संबंध ग्राम ढोढ़ीबहार निवासी स्वादेश उर्फ सुदेश राम कोरवा से था, जिसके साथ वह चली गई थी। दोनों ने पति-पत्नी के रूप में साथ रहना शुरू कर दिया था और उनके एक करीब दो साल की बच्ची है, जबकि कमला वर्तमान में लगभग छह माह की गर्भवती थी।
बताया गया कि जनवरी माह में कमला और उसका पति कुछ दिनों के लिए मायके आए थे। इस दौरान सुदेश राम रनपुर के जलसू क्षेत्र में ट्रैक्टर चलाने का काम करता था। करीब एक सप्ताह पूर्व सुदेश राम अपनी पत्नी कमला और बच्ची को लेकर अपने नाना के घर ग्राम ढोठीपहरी कुरूमढोढा गया था।
दिनांक 06 फरवरी 2026 को सुदेश राम के नाना मसरी राम द्वारा प्रार्थी जेठू विश्वकर्मा को सूचना दी गई कि उसकी बेटी की मृत्यु हो गई है। सूचना मिलने पर जब परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि कमला का शव घर के अंदर जमीन पर बिस्तर में चीत अवस्था में पड़ा हुआ था। मृतिका के सिर में गंभीर चोट का स्पष्ट निशान था। घटना के समय घर में सुदेश राम और बच्ची मौजूद नहीं थे।
परिजनों ने संदेह जताया है कि सुदेश राम कोरवा ने किसी ठोस वस्तु से कमला के सिर पर वार कर उसकी हत्या की है। परिजनों ने यह भी बताया कि संदेही सुदेश राम पहले भी अपनी पहली पत्नी की हत्या के मामले में जेल जा चुका है, जिससे इस घटना को लेकर संदेह और गहरा गया है।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और देहाती मर्ग इंटीमेशन कायम कर जांच प्रारंभ की गई। तहसीलदार बगीचा एवं फॉरेंसिक अधिकारी जशपुर द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा विधिवत शव पंचनामा की कार्रवाई की गई। मृतिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुनकुरी भेजा गया है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक पीएम नहीं हो सका था।
पुलिस द्वारा बताया गया कि संदेही सुदेश राम कोरवा अपनी दो वर्षीय बच्ची को लेकर फरार है। संदेही के घर एवं संभावित आने-जाने वाले स्थानों पर लगातार तलाश की जा रही है। परिजनों के अनुसार संदेही मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करता है, जिससे उसकी लोकेशन ट्रेस करने में कठिनाई आ रही है। पुलिस टीम संदेही एवं बच्ची की लगातार पतासाजी कर रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
