नारायणपुर में मंगलवार शाम बदला मौसम का मिज़ाज, हल्की बारिश से बढ़ी ठंडक, वहीं सब्जी उत्पादक किसानों की बढ़ी चिंता,एक–दो दिन और हुई बारिश तो खड़ी सब्जी फसलों को हो सकता है भारी नुकसान
जशपुर/नारायणपुर 03 फरवरी 2026 :
आज मंगलवार की शाम नारायणपुर में अचानक मौसम ने करवट ले ली। दिनभर आसमान में हल्के हल्के छाए बादलों के बाद देर शाम अचानक हल्की बारिश शुरू हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना तो बना दिया, लेकिन इस बदलाव ने किसानों के लिए चिंता भी बढ़ा दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार शाम के समय अचानक हुई बारिश से बाजार और सड़कों पर चहल-पहल कम हो गई। तापमान में आई गिरावट के कारण लोगों को ठंडक का एहसास हुआ। वहीं दूसरी ओर खेतों में मेहनत से उगाई गई सब्जी फसलों पर खतरा मंडराने लगा है।
इस समय नारायणपुर क्षेत्र में बड़ी मात्रा में टमाटर, बैंगन, गोभी, फूलगोभी, मटर, भिंडी सहित मौसमी सब्जियों की खेती की जा रही है। किसान बताते हैं कि हल्की बारिश अभी तक ज्यादा नुकसानदायक नहीं है, लेकिन यदि यह सिलसिला एक या दो दिन और जारी रहता है तो खेतों में पानी भरने, फसलों के सड़ने और रोग लगने की आशंका बढ़ जाएगी। इससे उत्पादन और गुणवत्ता दोनों प्रभावित हो सकती हैं।
किसानों का कहना है कि लगातार नमी बने रहने से सब्जियों में फंगल रोग लगने का खतरा अधिक रहता है, जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।ऐसे में किसान आने वाले दिनों के मौसम पर नजर बनाए हुए हैं।
कुल मिलाकर मंगलवार शाम की हल्की बारिश ने जहां आमजन को मौसम की राहत दी है, वहीं सब्जी उत्पादक किसानों के लिए चिंता बढ़ा दी है। अब सभी की निगाहें आने वाले दिनों के मौसम पर टिकी हुई हैं।
