रजत महोत्सव के अवसर पर नारायणपुर में बिजली सेवाओं को लेकर बड़ा जन-संवाद, सीएसपीडीसीएल ने सौर ऊर्जा, स्मार्ट मीटर और विद्युत सुरक्षा पर दी विस्तृत जानकारी
छत्तीसगढ़ राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर रजत महोत्सव की धूम, नारायणपुर केन्द्र में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा जन-जागरूकता एवं सेवा-उन्मुख विशेष कार्यक्रम का सफल आयोजन
नारायणपुर (जशपुर) 03 फरवरी 2026 :
छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे रजत महोत्सव कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) द्वारा नारायणपुर केन्द्र में एक विशेष जन-जागरूकता एवं सेवा-उन्मुख कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को विद्युत सेवाओं से जुड़ी नवीन जानकारियाँ प्रदान करना, ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा राज्य की विद्युत व्यवस्था में किए गए नवाचारों को जन-जन तक पहुँचाना रहा।
कार्यक्रम के दौरान कंपनी के अधिकारियों द्वारा विद्युत उपभोक्ताओं को बेहतर एवं सुचारु विद्युत आपूर्ति, स्मार्ट मीटर प्रणाली, सौर ऊर्जा के उपयोग, विद्युत सुरक्षा उपाय, तथा उपभोक्ता सेवा सुधार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही विद्युत दुर्घटनाओं से बचाव, घरेलू एवं कृषि उपयोग में ऊर्जा की बचत तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए नवीकरणीय ऊर्जा के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।
नारायणपुर वितरण केंद्र में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक 08 श्रीमती अनिता सिंह उपस्थित रही । उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि
“रजत महोत्सव केवल उत्सव नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों, विकास यात्रा और आत्मनिर्भरता की दिशा में किए गए प्रयासों का प्रतीक है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी राज्य के अंतिम छोर तक सस्ती, सुरक्षित और सतत विद्युत सेवा पहुँचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, जो प्रदेश के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।”
उन्होंने ऊर्जा संरक्षण को समय की आवश्यकता बताते हुए आम नागरिकों से बिजली का विवेकपूर्ण उपयोग करने की अपील भी की।
इस कार्यक्रम में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ठ विद्यालय के प्राचार्या श्रीमती ए तिग्गा, मो इकबाल खान,श्रीमती अनिता सिंह, उमेश यादव, शंकर यादव, श्रीमती संतोषी बन्दे सहित ग्राम पंचायत प्रतिनिधि सरपंच छक्कन राम भगत, विकास नाग, सरपंच श्रीमती मेरी गुलाब, अर्जुन लकड़ा एवं अन्य सरपंच, उपसरपंच, जनप्रतिनिधि,विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे जनहितकारी पहल बताया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा यह आश्वासन दिया गया कि रजत महोत्सव के अंतर्गत भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता एवं सेवा-उन्मुख कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहेगा, ताकि आम जनता को बेहतर विद्युत सेवाएँ उपलब्ध कराई जा सकें और ऊर्जा संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक बनाया जा सके।
