गिनाबहार-टुकुपानी प्राथमिक शाला मार्ग खस्ताहाल, बच्चों की जिंदगी पर मंडरा रहा खतरा,सुशासन शिविर में ग्रामीणों ने सड़क व बाउंड्रीवाल निर्माण की मांग की

नारायणपुर 12 दिसम्बर 2025 — कुनकुरी ब्लाक के ग्राम पंचायत गिनाबहार के टुकुपानी में प्राथमिक शाला तक जाने वाली सड़क वर्षों से बदहाल स्थिति में है। जगह-जगह गहरे गड्ढे, उखड़े हुए रास्ते और बरसात के मौसम में कीचड़ से भरा मार्ग छोटे छोटे बच्चों और शिक्षकों की परेशानी का कारण बना हुआ है। ग्रामीणों के द्वारा पंचायत में कई बार शिकायत करने के बावजूद आज तक सड़क की मरम्मत तक नहीं की गई, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराज़गी है।
छोटे बच्चों और शिक्षकों को भारी मशक्कत
टुकुपानी में तालाब से प्राथमिक शाला तक कच्ची सड़क है। इस सड़क से होकर गुजरना किसी जोखिम भरे सफर से कम नहीं लगता।स्कूल के बच्चे रोजाना गड्ढों और फिसलन भरी सड़क को जूझकर स्कूल पहुंचते हैं। कई बार बच्चे गिर जाते हैं, कपड़े-काॅपियां गंदी हो जाती हैं।ग्रामीणों ने बताया कि बारिश में सड़क पर चलना बेहद कठिन हो जाता है और समय पर स्कूल पहुंच पाना बच्चों के लिए चुनौती बन जाता है।स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि “पिछले कई वर्षों से सड़क का हाल जस का तस है। पंचायत में बार-बार गुहार लगाने पर भी सिर्फ आश्वासन मिला, काम नहीं।”
स्कूल में बाउंड्रीवाल भी नहीं, सुरक्षा पर खतरा
सिर्फ सड़क ही नहीं, बल्कि प्राथमिक शाला में बाउंड्रीवाल तक नहीं है। इससे स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लग रहा है।अभिभावकों का कहना है कि बिना बाउंड्री के छोटे बच्चों के लिए कई तरह के खतरे बने रहते हैं—अवारा पशु, राह चलते वाहन और बाहरी लोगों की आवाजाही से बच्चों की सुरक्षा पर असर पड़ रहा है।
सुशासन शिविर में उठा मुद्दा
कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर टुकुपानी में सुशासन शिविर का आयोजन किया गया, ताकि ग्रामीण अपनी समस्याएँ सीधे प्रशासन के सामने रख सकें।शिविर में पहुंचकर ग्रामीणों ने सड़क निर्माण को सबसे बड़ा मुद्दा बताया। ग्रामवासियों ने लिखित आवेदन देकर सीसी रोड निर्माण तथा स्कूल में बाउंड्रीवाल निर्माण की जोरदार मांग की।शिविर में महिलाओं, बुजुर्गों और अभिभावकों ने खुलकर अपनी समस्याएँ रखते हुए बताया कि सड़क की खस्ता हालत उनके दैनिक जीवन को प्रभावित कर रही है।
टुकुपानी प्राथमिक शाला की बदहाल सड़क और बाउंड्री वॉल पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती साय ने जताई गहरी चिंता
सुशासन शिविर के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में पहुँचीं जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुशीला साय ने टुकुपानी प्राथमिक शाला से संबंधित मूलभूत समस्याओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की। अपने संबोधन में उन्होंने स्कूल तक पहुँचने वाली जर्जर सड़क की मरम्मत तथा विद्यालय में बाउंड्री वॉल के अब तक निर्माण न होने को अत्यंत महत्वपूर्ण मुद्दा बताया।श्रीमती साय ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सड़क सुधार कार्य और बाउंड्री वॉल का निर्माण शीघ्र कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित विभागों को इस दिशा में तत्काल पहल करने के निर्देश भी दिए।
ग्रामीणों को उम्मीद—क्या इस बार मिलेगी राहत?
अब ग्रामीणों की नजर प्रशासन पर टिकी है। सभी की चिंता यही है कि क्या इस बार उनके आवेदन पर गंभीरता से काम होगा या फिर पहले की तरह आवेदन ठंडे बस्ते में चली जाएँगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि समय रहते सड़क और बाउंड्रीवाल का निर्माण नहीं हुआ, तो आने वाले वर्षों में मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा के हित में इस मार्ग को प्राथमिकता में शामिल कर जल्द से जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाए
मिट्टी मुरम सड़क निर्मित है, बरसात के कारण सड़क खराब हुई है।सड़क 16 वें वित्त की राशि प्राप्त नहीं हुई है प्राप्त होने पर सड़क मरम्मत कराई जाएगी।
श्री प्रमोद सिंह
जनपद सीईओ- कुनकुरी
