दुलदुला में तरक्की की नई दास्तां, दुलदुला-मकरीबंधा सिरी नदी पर पुल बनने से आवागमन हुआ आसान,जनता ने मुख्यमंत्री को जताया आभार
जशपुर/नारायणपुर : 26 नवम्बर 2025 :
दुलदुला-मकरीबंधा के बीच सिरी नदी पर पुल नहीं होने से लोगों को जब उस पार किसी अपने परिचितों के पास जाना होता था, तब उन्हें अक्सर 14 से 15 किलोमीटर दूर तक सफर कर दूसरे रास्ते से होकर जाना पड़ता था। नदी पर पुल नहीं होने से जहां उन्हें लंबी दूरी तय करनी पड़ती थीं, वहीं अपना समय और पैसा भी अधिक बर्बाद करना पड़ता था। अब जबकि सिरी नदी पर पुल बन गया है तो दुलदुला से मकरीबन्धा सहित आसपास के कई गांवों में आवागमन बहुत आसान हो गया है। लोग आसानी से और कम खर्च और कम समय में अब आना जाना कर सकते हैं।
जशपुर जिले के दुलदुला से मकरीबंधा के मुख्य मार्ग तक सड़क निर्माण में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना से से 314.32 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। यह पुलिया निर्माण से स्थानीय जनता के लिए बड़ी राहत लेकर आई, क्योंकि इससे न केवल आवागमन आसान हुआ, बल्कि क्षेत्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री श्री साय का आभार जताया।
पीएमजेएसवाई के तहत पुल निर्माण की स्वीकृति मिली और कम समय मे ही बन कर आवागमन शुरू हो गया। मकरीबंधा से दुलदुला मार्ग के सिरी नदी पर पुराने क्षतिग्रस्त पुलिया के स्थान पर नवीन वृहद पुल निर्माण का कार्य मुख्यमंत्री के द्वारा स्वीकृत हुआ था।अब पूर्ण होने से लोगों को आवगमन में सुगमता मिली, इस वृहद पुल के निर्माण से मार्ग में जुड़ने वाली बसाहटें ग्राम मिरगोली, धवरासांड, बरपानी, दुलदुला, डुमरबहार, कोरकोटोली, गैरज, मुण्डाअम्बा, मकरीबंधा, नोनीयातला, सिमडा, सिरिमकेला, सोकोडीपा के लोगो को विकास की मुख्य धारा से जुड़ने में अहम भूमिका निभा रही है। इन गांव के लगभग 4000 जनसंख्या को इस मार्ग से आवागमन में बहुत सुविधा मिलने लगी है साथ ही इस मार्ग में पड़ने वाले प्रा.शाला, मा.शाला, उप स्वास्थ्य केन्द्र तथा व्यापारिक गतिविधियों के साथ ब्लाक मुख्यालय दुलदुला आने-जाने में अहम भूमिका निभा रहा है। इस वृहद पुल के निर्माण से ग्रामीणों को शासकीय सुविधा एवं अन्य कार्यों में हो रहे लाभ से क्षेत्र में हर्ष एवं उल्लास का माहौल व्याप्त है।
दुलदुला के इस मार्ग की लम्बाई 14.80 कि.मी. है इस मार्ग से ग्राम भिरगोली, धवरासांड, बरपानी, दुलदुला, डुमरबहार, कोरकोटोली, गैरज, मुण्डाअम्बा, मकरीबंधा, नोनीयातला, सिमड़ा, सिरिमकेला, सोकोडीपा बसाहटों को जोड़ती है साथ ही इस मार्ग अन्तर्गत प्रा.शाला, मा.शाला, उप स्वास्थ्य केन्द्र को जोड़ती है। लोगों को इस सड़क के निर्माण से शहर से संपर्क आसान हुआ, स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिला, एम्बुलेंस समय पर पहुंचने लगा, बच्चों को स्कूल कालेज आने-जाने में आवागमन सुलभ हुआ शिक्षा के क्षेत्र में सुधार आया, कृषि उत्पादकों को खरीदी विक्री के लिए नजदीक शहर पहुचाना आसान हुआ, लोगों में सामाजिक जनसम्पर्क बढ़ा, इस सड़क के निर्माण से ग्रामीणों को हो रहे लाभ से भारी खुशी की लहर है।
