धान खरीदी केंद्र में किसानों के लिए माइक्रो एटीएम की भी सुविधा,भीमचंद का धान बेचने के लिए कटा टोकन 
ताजा खबरें

बड़ी खबर

धान खरीदी केंद्र में किसानों के लिए माइक्रो एटीएम की भी सुविधा,भीमचंद का धान बेचने के लिए कटा टोकन 

जशपुरनगर 20 नवम्बर 25/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार जशपुर जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों में धान खरीदी कार्य सुचारू और व्यवस्थित रूप से संचालित हो रहा है। इसी क्रम में कुनकुरी धान खरीदी केंद्र पहुँचे ग्रामवासी किसान श्री भीमचंद लकड़ा ने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की सराहना की।

उन्होंने बताया कि वे प्रति वर्ष इसी केंद्र में धान बेचते हैं और इस वर्ष भी सभी व्यवस्थाएँ सुव्यवस्थित हैं। उन्होंने कहा कि “आज मैं ऑनलाइन टोकन कटाने आया था और मुझे बिना किसी कठिनाई के टोकन प्राप्त हो गया। अब निर्धारित तिथि को मैं धान लेकर आऊँगा।”

श्री लकड़ा ने यह भी बताया कि केंद्र में शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई माइक्रो एटीएम सुविधा अत्यंत उपयोगी है। इससे किसान आवश्यकता अनुसार तुरंत राशि प्राप्त कर अपनी दैनिक आवश्यकताओं को पूरा कर सकते हैं। यह व्यवस्था किसानों, विशेषकर छोटे और मध्यम वर्ग के किसानों के लिए अत्यंत राहतकारी सिद्ध हो रही है।

धान खरीदी केंद्र के प्रबंधक श्री संतोष गुप्ता ने बताया कि केंद्र में शासन के सभी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। इसमें टोकन जारी करने की ऑनलाइन व्यवस्था, माइक्रो एटीएम सुविधा, बारदाना उपलब्धता, पेयजल सहित सभी आवश्यक सुविधाएँ किसानों के लिए उपलब्ध कराई गई हैं।

जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि प्रत्येक किसान को धान खरीदी प्रक्रिया सहज, पारदर्शी और समयबद्ध रूप से उपलब्ध हो, जिसके लिए प्रशासनिक अमला सतत निगरानी कर रहा है।


क्या है माइक्रो एटीएम सुविधा?
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों की सुविधा हेतु धान उपार्जन केंद्रों में माइक्रो एटीएम सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिसके माध्यम से किसान 2,000 रुपये से 10,000 रुपये तक की राशि तुरंत प्राप्त कर सकते हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की इस पहल से किसानों को बैंक शाखाओं में लंबी कतारों में लगने की आवश्यकता नहीं होगी तथा उन्हें धान बिक्री के तुरंत बाद आवश्यक राशि सहज रूप से उपलब्ध हो सकेगी। यह व्यवस्था किसानों की आर्थिक आवश्यकता को तत्परता से पूरा करने में अत्यंत सहायक सिद्ध हो रही है और धान खरीदी प्रक्रिया को और अधिक सुविधाजनक एवं सुगम बना रही है।

Leave Your Comment

Click to reload image