अवैध धान की को लेकर प्रशासन मुस्तैद,राजस्व टीम ने चेकपोस्टों का किया आकस्मिक निरीक्षण
जशपुरनगर 17 नवंबर 2025/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देशानुसार जिले में अवैध धान के आवागमन पर कड़ी निगरानी रखने जिला प्रशासन द्वारा सतत कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में राजस्व विभाग की टीम ने विगत देर रात झारखंड सीमा पर स्थित विभिन्न चेकपोस्टों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। राजस्व टीम में तहसीलदार जयश्री राजनपथे, नायब तहसीलदार अरुण कुमार, फूड इंस्पेक्टर आलोक टोप्पो, मंडी निरीक्षक, राजस्व निरीक्षक एवं पटवारी शामिल रहे। टीम ने भलमंडा, सकरडेगा एवं साईंटांगाटोली चेकपोस्टों का निरीक्षण किया, जो झारखंड राज्य से लगे हुए सीमावर्ती बैरियर हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने चेकपोस्टों पर तैनात सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी तंत्र तथा वाहनों की जांच प्रक्रिया को बारीकी से परखा। अवैध धान परिवहन रोकने के लिए आवश्यक निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
इस दौरान संबंधित ग्रामों के सरपंच एवं सचिव भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने उन्हें स्थानीय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने तथा अवैध धान के आवागमन को रोकने में सक्रिय सहयोग देने के लिए प्रोत्साहित किया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सीमावर्ती इलाकों में सतत निगरानी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
