योग मित्रों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण : हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष योग कार्यक्रम से मिल रहे सकारात्मक परिणाम
ताजा खबरें

बड़ी खबर

योग मित्रों को दिया गया विशेष प्रशिक्षण : हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष योग कार्यक्रम से मिल रहे सकारात्मक परिणाम

जशपुरनगर, 16 नवंबर 2025/ कलेक्टर श्री रोहित व्यास के निर्देशन में शिशु मृत्यु दर एवं मातृ मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से जशपुर जिले में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में गर्भवती महिलाओं हेतु विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ योग आयोग, यूनिसेफ तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में क्रियान्वित हो रहा है। कार्यक्रम के प्रभावी संचालन हेतु परियोजना में कार्यरत योग मित्रों की एक दिवसीय समीक्षा बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन विगत दिवस वशिष्ठ कम्युनिटी हॉल, जशपुर में किया गया।
    इसमें छत्तीसगढ़ योग आयोग के वरिष्ठ मास्टर ट्रेनरों ने योग मित्रों को गर्भावस्था की तीनों तिमाहियों के अनुसार उपयुक्त योगाभ्यास का प्रशिक्षण प्रदान किया, ताकि वे गर्भवती महिलाओं को और अधिक प्रभावी तरीके से योगाभ्यास करा सकें। इस विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम को शुरू हुए लगभग तीन वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं। कार्यक्रम के माध्यम से हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं को भी सुरक्षित एवं सामान्य प्रसव में उल्लेखनीय सहायता मिल रही है, जिससे जशपुर जिले की अनेक महिलाओं को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हुआ है। वर्तमान में यह कार्यक्रम जिले के 50 उप-स्वास्थ्य केंद्रों में सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। समीक्षा बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा, छत्तीसगढ़ योग आयोग रायपुर से श्री रविकांत कुंभकार, राज्य परियोजना समन्वयक डॉ. ज्योति साहू, मास्टर ट्रेनर श्रीमती रश्मी पटेल तथा जिला योग समन्वयक श्री अशोक कुमार यादव उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image