ऑपरेशन शंखनाद में जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई : चार दिनों में 95 गौवंश मुक्त, दो तस्कर गिरफ्तार, तीन वाहन जप्त, फरार आरोपियों की तलाश तेज
ताजा खबरें

बड़ी खबर

ऑपरेशन शंखनाद में जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई : चार दिनों में 95 गौवंश मुक्त, दो तस्कर गिरफ्तार, तीन वाहन जप्त, फरार आरोपियों की तलाश तेज

जशपुर 16 फरवरी 2026 :  जिले में गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन शंखनाद के तहत जशपुर पुलिस ने बीते चार दिनों में बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कुल 95 नग गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। इस दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है तथा तस्करी में प्रयुक्त तीन वाहनों को जप्त किया गया है। कई आरोपी फरार हैं, जिनकी पतासाजी जारी है।

लोदाम थाना क्षेत्र में पहली बड़ी कार्रवाई

दिनांक 12 फरवरी 2026 को थाना लोदाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन में बड़ी संख्या में गौवंश भरकर झारखंड की ओर तस्करी की जा रही है। साथ ही एक वैगनआर कार आगे-आगे चलकर पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रही है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम कोनबिरा के पास ग्रामीण मार्ग में नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध वैगनआर कार को रोका गया। पूछताछ में कार सवारों ने अपना नाम मुर्शीद आलम (27 वर्ष) एवं सर्वेज आलम (27 वर्ष) निवासी साईं टांगर टोली, थाना लोदाम बताया। उन्होंने स्वीकार किया कि वे पिकअप वाहन की रेकी कर रहे थे।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पिकअप वाहन क्रमांक JH-07-1153 को पकड़ने के लिए घेराबंदी की। वाहन चालक पुलिस को देखकर पिकअप छोड़कर फरार हो गया। तलाशी में पिकअप से 12 नग गौवंश बरामद किए गए। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया तथा पिकअप और वैगनआर वाहन को जप्त किया गया। फरार चालक की तलाश जारी है।

नेशनल हाईवे पर ट्रक से 43 गौवंश बरामद

15 फरवरी की सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच लोदाम पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम पुत्रीचौरा के पास नेशनल हाईवे-43 से एक ट्रक के माध्यम से गौ तस्करी की जा रही है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर ट्रक क्रमांक CG-14-MF-1376 को रोका।

ट्रक की तलाशी में 43 नग गौवंश बरामद हुए, जिनमें से 20 की तस्करी के दौरान ही मौत हो चुकी थी। शेष गौवंशों का पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। मृत गौवंशों का पोस्टमार्टम कर विधिवत दाह संस्कार कराया गया। ट्रक को जप्त कर अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

जंगल मार्ग से पैदल ले जाए जा रहे 10 गौवंश मुक्त

इसी दिन ग्राम जूरतेला में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए जंगल के रास्ते पैदल हांककर ले जाए जा रहे 10 नग गौवंशों को मुक्त कराया। पुलिस को देखकर तस्कर अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।

सिटी कोतवाली क्षेत्र में 25 गौवंश बरामद

दिनांक 15 फरवरी 2026 की रात्रि में थाना सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम चेडेया के लावा नदी पुल के पास कुछ लोग गौवंशों को मारते-पीटते हुए झारखंड की ओर ले जा रहे हैं।

पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। मौके से 25 नग गौवंशों को सकुशल बरामद किया गया। सभी का पशु चिकित्सक से परीक्षण कराया गया है।

इन धाराओं के तहत दर्ज हुआ मामला

उक्त सभी प्रकरणों में आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 (1)(क), (घ) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच की जा रही है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

पूरी कार्रवाई डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गौ तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस अत्यंत गंभीर है। ऑपरेशन शंखनाद के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और गौ तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।जशपुर पुलिस की लगातार कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप की स्थिति है और सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस निगरानी और कड़ी कर दी गई है।

Leave Your Comment

Click to reload image