ऐतिहासिक नगरवन महादेव गुड़ी शिव मन्दिर में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की आस्था, महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक और अखण्ड कीर्तन के लिए दूर-दराज से पहुंचेगे भक्त, समिति ने शुरू की तैयारियां
नारायणपुर 13 फरवरी 2026 । महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी नगर के ऐतिहासिक एवं आस्था के प्रमुख केंद्र नगरवन शिव मंदिर में अखण्ड कीर्तन का भव्य एवं दिव्य आयोजन किया जा रहा है। मंदिर समिति द्वारा इस धार्मिक आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। इस आयोजन से पूरे नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भक्ति और श्रद्धा का विशेष वातावरण निर्मित हो गया है।
मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि अखण्ड कीर्तन का शुभारंभ 14 फरवरी की संध्या अधिवास एवं कलश स्थापना के साथ किया जाएगा। इस धार्मिक अनुष्ठान के साथ ही मंदिर परिसर में विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर 15 फरवरी की सुबह से ‘हरे राम हरे कृष्ण’ महामंत्र का अखण्ड कीर्तन एवं जाप प्रारंभ होगा, जो लगातार 24 घंटे से अधिक समय तक जारी रहेगा। इस दौरान स्थानीय भजन मंडलियों सहित क्षेत्र के श्रद्धालु बारी-बारी से कीर्तन में भाग लेकर भगवान शिव एवं भगवान विष्णु के नाम का संकीर्तन करेंगे। 16 फरवरी को विधिवत पूर्णाहुति, पूजा-अर्चना एवं प्रसाद वितरण के साथ इस अष्ठ प्रहरी अखण्ड कीर्तन का समापन किया जाएगा।
नगरवन महादेव गुड़ी क्षेत्र का यह शिव मंदिर अत्यंत प्राचीन एवं ऐतिहासिक महत्व का केंद्र है। यहां भगवान शिव के प्रति लोगों की अटूट आस्था है। महाशिवरात्रि के अवसर पर इस मंदिर में विशेष रूप से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। भक्त दूर-दूर से पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं तथा पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना करते हैं।
महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया जाएगा तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समिति द्वारा पेयजल, प्रसाद एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं से इस धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अखण्ड कीर्तन में भाग लेने एवं भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
