ब्रेकिंग न्यूज : जिस पिता के साये में बेटी थी सुरक्षित, उसी ने जल्लाद बनकर छीन ली जिंदगी: शराब के नशे में दरिंदा पिता कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर आंगनबाड़ी सहायिका बेटी की बेरहमी से हत्या, पूरे गांव में पसरा मातम
ताजा खबरें

बड़ी खबर

ब्रेकिंग न्यूज : जिस पिता के साये में बेटी थी सुरक्षित, उसी ने जल्लाद बनकर छीन ली जिंदगी: शराब के नशे में दरिंदा पिता कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर आंगनबाड़ी सहायिका बेटी की बेरहमी से हत्या, पूरे गांव में पसरा मातम

नारायणपुर थाना क्षेत्र के कुडुकेला के जामटोली में दिल दहला देने वाली वारदात, आरोपी पिता हिरासत में — हत्या के कारणों की गहराई से जांच में जुटी छत्तीसगढ़ पुलिस

जशपुर/नारायणपुर, 19 फरवरी 2026 
जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुडुकेला के जामटोली में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक शराबी पिता ने अपनी ही 22 वर्षीय बेटी की कुल्हाड़ी से वार कर निर्मम हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतिका की पहचान बिंदिया लकड़ा, पिता लारेंस लकड़ा, उम्र लगभग 22 वर्ष के रूप में हुई है। वह गांव के ही आंगनबाड़ी केंद्र में सहायिका के पद पर कार्यरत थी और अपने परिवार का सहारा मानी जाती थी।

बताया जा रहा है कि 18 फरवरी को बिंदिया लकड़ा आंगनबाड़ी केंद्र से कार्य समाप्त कर दोपहर बाद अपने घर लौटी थी। इसी दौरान शाम लगभग 3:30 से 4:00 बजे के बीच उसका अपने पिता लारेंस लकड़ा से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। घटना के समय आरोपी पिता शराब के नशे में धुत था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने पास में रखी कुल्हाड़ी उठाकर अपनी बेटी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में गंभीर रूप से घायल बिंदिया लकड़ा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और तत्काल इसकी सूचना नारायणपुर थाना पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपी पिता को हिरासत में लेकर थाने ले गई। 

ग्रामीणों के अनुसार मृतिका बिंदिया लकड़ा स्वभाव से शांत और मेहनती थी तथा आंगनबाड़ी में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन ईमानदारी से कर रही थी। इस हृदयविदारक घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और लोग स्तब्ध हैं कि एक पिता इस तरह अपनी ही बेटी का हत्यारा बन सकता है।

पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक हत्या के पीछे का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ पाया है, लेकिन पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave Your Comment

Click to reload image