जबलपुर की राष्ट्रीय धरा पर कुनकुरी के शिक्षक बने चैंपियन : महेश तिर्की ने 40+ आयु वर्ग में 4 रजत और 1 कांस्य जीतकर रचा इतिहास, विद्यालय पहुंचते ही बच्चों ने आरती-तिलक कर किया भव्य स्वागत, पूरे जशपुर और छत्तीसगढ़ का बढ़ाया मान”
जशपुर / नारायणपुर 17 फरवरी 2026
मध्यप्रदेश के जबलपुर में 13 से 15 फरवरी तक आयोजित 45वीं राष्ट्रीय मास्टर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कुनकुरी स्थित प्राथमिक शाला डीपाटोली के शिक्षक महेश तिर्की ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 रजत एवं 1 कांस्य पदक जीतकर विद्यालय, जिले और पूरे राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर दिया।
इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के 21 राज्यों से आए खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ से 40 सदस्यीय महिला एवं पुरुष दल ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसमें शिक्षक महेश तिर्की ने 40 प्लस आयु वर्ग में पहली बार भाग लेते हुए उल्लेखनीय सफलता हासिल की। उन्होंने 200 मीटर और 800 मीटर दौड़ में रजत पदक, 400 मीटर दौड़ में कांस्य पदक, तथा 100×4 मीटर और 400×4 मीटर रिले दौड़ में रजत पदक जीतकर अपनी असाधारण क्षमता का परिचय दिया।
महेश तिर्की की यह उपलब्धि उनके विगत 5 वर्षों के सतत संघर्ष, अनुशासन और कठिन अभ्यास का परिणाम है। इससे पूर्व भी वे सिविल सर्विसेज प्रतियोगिताओं में चार बार छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, जिससे उनके खेल कौशल और अनुभव का अंदाजा लगाया जा सकता है।
विद्यालय पहुंचते ही हुआ भव्य स्वागत, बच्चों की खुशी देखते ही बनी
प्रतियोगिता से लौटकर जब शिक्षक महेश तिर्की अपने विद्यालय पहुंचे तो पूरा विद्यालय परिसर उत्साह और गर्व से भर उठा। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षक को मेडल पहने देखकर खुशी से झूम उठे। बच्चों ने स्वागत गीत गाकर, आरती उतारकर, तिलक लगाकर तथा पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। विद्यालय का वातावरण पूरी तरह उत्सवमय हो गया और हर ओर गर्व और प्रेरणा का माहौल दिखाई दिया।
प्रधान पाठक लव कुमार गुप्ता ने माला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर शिक्षक महेश तिर्की को बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत परिश्रम का परिणाम है, बल्कि पूरे विद्यालय, शिक्षा विभाग, जशपुर जिले और छत्तीसगढ़ राज्य के लिए गौरव का विषय है।
बच्चों को भी दे रहे खेल का प्रशिक्षण, बना रहे भविष्य के खिलाड़ी
प्रधान पाठक ने बताया कि शिक्षक महेश तिर्की नियमित रूप से विद्यालय के अंतिम कालखंड में बच्चों को खेलकूद का प्रशिक्षण देते हैं।
