????विकसित भारत के महाअभियान को मिला ऐतिहासिक बजट का बूस्टर डोज! गरीब–किसान–युवा–महिलाओं के सशक्तिकरण से आत्मनिर्भर भारत की ओर निर्णायक कदम – जगन्नाथ पाणिग्रही
जशपुर 11 फरवरी 2026 । केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में पेश किए गए 9वाँ ऐतिहासिक बजट को लेकर देशभर के लोगों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं में हर्ष व्याप्त है, जिसे ध्यान में रखते हुए भाजपा मंडल पत्थलगांव में आज 11 फरवरी को अग्रसेन भवन पत्थलगांव में आयोजित जिला प्रेसवार्ता के माध्यम से केंद्रीय बजट 2026 की महत्वपूर्ण विशेषताओं को बताने हेतु भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही मौजूद रहे।
इस दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही ने प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि केंद्रीय मंत्री जी ने वर्ष 2026–27 का बजट लोकसभा के संयुक्त अधिवेशन में प्रस्तुत किया। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रत्येक जिले में प्रेस वार्ताओं के माध्यम से बजट के सार बिंदुओं को जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। किसी भी तथ्य को जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य मीडिया का होता है, और यह प्रयास इसी दिशा में एक सार्थक पहल है, ताकि जिले की जनता तक बजट की जानकारी प्रभावी रूप से पहुंच सके। उन्होंने कहा कि सन 1952 के बाद से देश में निर्वाचित सरकारों की परंपरा प्रारंभ हुई। प्रत्येक वर्ष सरकार संसद के समक्ष वित्तीय विवरण प्रस्तुत करती है, जिसके माध्यम से देश की आय और व्यय का संचालन किया जाता है। किंतु इस वर्ष का बजट एक मूलभूत अंतर के साथ सामने आया है। सन् 2022 में, जब देश ने स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूर्ण किए, तब लाल किले से प्रधानमंत्री जी ने घोषणा की कि स्वतंत्रता के इतने वर्षों बाद भी भारत अभी विकसित राष्ट्र नहीं बन पाया है, बल्कि विकास के पथ पर अग्रसर है।
इसी संकल्प के साथ भारतीय जनता पार्टी ने वर्ष 2022 से 2047 तक अर्थात अगले 25 वर्षों का लक्ष्य निर्धारित किया है भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का। यह बजट प्रस्तुत करने से पूर्व यह विचार किया गया कि गांव, गरीब और किसान विकसित भारत के निर्माण में किस प्रकार अपना योगदान दे सकते हैं। इसी दृष्टि से एक सशक्त और दूरदर्शी बजट प्रस्तुत किया गया है। पूर्ववर्ती सरकारों ने गरीबी हटाओ का नारा दिया था, लेकिन इस बार केवल वादा नहीं बल्कि ठोस कार्ययोजना के साथ बजट लाया गया है। इस बजट में कार्ययोजना को सफलतापूर्वक लागू करने के लिए तीन प्रमुख कर्तव्यों को निर्धारित किया गया है, ताकि भारत वैश्विक प्रतिस्पर्धा में आर्थिक दृष्टि से और अधिक सशक्त एवं अग्रसर रह सके।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत आज चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर उभरा है। यह परिवर्तन सुनियोजित नीतियों, मजबूत इच्छाशक्ति और सतत प्रयासों का परिणाम है। आगे उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आय-व्यय का लेखा-जोखा नहीं है बल्कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का सशक्त रोडमैप है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। किसानों के लिए कृषि अवसंरचना, सिंचाई योजनाओं और न्यूनतम समर्थन मूल्य को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। इससे छत्तीसगढ़ जैसे कृषि प्रधान राज्य को विशेष लाभ मिलेगा। जिससे कि सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वाश का सपना साकार हो सके।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही ने बताया कि देश ने 7 प्रतिशत की विकास दर हासिल की है और सरकार का लक्ष्य इसे लगातार बनाए रखना है। वैश्विक नीतियों में तेजी से हो रहे बदलावों के बीच भारत को मजबूत बनाए रखने पर जोर दिया गया है। आयात घटाने और निर्यात बढ़ाने की रणनीति के तहत देश को दुनिया के बाजारों से जोड़ने की दिशा में अहम कदम उठाए गए हैं। पर्यावरण संरक्षण के लिए 20 हजार करोड़ रुपये कार्बन कैप्चर पर खर्च किए जाएंगे। दुर्लभ पृथ्वी धातुओं वाले क्षेत्रों को समर्थन, सोलर, CNG और बायोगैस से जुड़ी चीजें सस्ती, नॉर्थ ईस्ट में 4 हजार ई-बसें, पूर्वोत्तर राज्यों में पर्यटन केंद्र और बौद्ध सर्किट, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सशक्तिकरण, स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े ऐलान करते हुए वित्त मंत्री ने कहा नए AIIMS, मेडिकल हब, क्षेत्रीय मेडिकल कॉलेज, नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान, कैंसर सहित 17 जीवनरक्षक दवाएं सस्ती होंगी। हर जिले में महिला छात्रावास, छात्राओं के लिए हॉस्टल, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को वित्तीय मदद और दिव्यांगों के लिए औद्योगिक प्रशिक्षण व दिव्यांग सहारा योजना की शुरुआत की गई है। उन्होंने बताया कि भारतमाला परियोजना के अंतर्गत पत्थलगांव कुनकुरी से छत्तीसगढ़ झारखंड सीमा तक 4 लेन रोड़ (ग्रीन फील्ड हाइवे) के लिए 3150 करोड़ का शिलान्यास किया गया। रायपुर रांची राष्ट्रीय हाई स्पीड कॉरिडोर के अंतर्गत 137 किलोमीटर पत्थलगांव गुमला खंड के लिए 4473 करोड़
आगे उन्होंने बताया कि आज के दुनिया ने सैन्य उपकरण हम विदेशों के प्राप्त करते थे मगर अब इस बजट से जिससे कि भारत में सेमीकंडक्टर बने उसे भी ध्यान में रखा गया है। युवाओं के लिए कौशल विकास, स्टार्टअप प्रोत्साहन और रोजगार सृजन पर विशेष जोर दिया गया है। नई औद्योगिक नीतियों और निवेश बढ़ाने के प्रयासों से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। मध्यम वर्ग को कर राहत देकर उनकी क्रय शक्ति बढ़ाने का प्रयास किया गया है, जिससे बाजार में सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। वहीं महिलाओं के लिए स्वरोजगार योजनाएं, स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन और शिक्षा-स्वास्थ्य क्षेत्र में बढ़ा निवेश उनके सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम है। साथ ही बुनियादी ढांचे जैसे सड़क, रेल, डिजिटल कनेक्टिविटी में निवेश से प्रदेश के विकास को नई रफ्तार मिलेगी। यह बजट आत्मनिर्भर भारत की सोच को मजबूत करते हुए हर वर्ग के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का संकल्प दोहराता है। उन्होंने कहा हमें विश्वास है कि यह बजट देश और प्रदेश की प्रगति में मील का पत्थर साबित होगा।
इस दौरान प्रेसवार्ता में भाजपा जिला महामंत्री मनीष अग्रवाल, भाजपा पूर्व जिला उपाध्यक्ष सुनील अग्रवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकित बंसल, भाजपा पूर्व मंडल अध्यक्ष अनिल मित्तल, अवधेश गुप्ता, मंडल कोषाध्यक्ष सुरेश साहू, प्रवीण गर्ग, अरुण यादव, जितेन्द्र अग्रवाल, समेत अन्य उपस्थित रहे।
