77वें गणतंत्र दिवस पर कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने कलेक्टोरेट परिसर में फहराया तिरंगा झंडा
ताजा खबरें

बड़ी खबर

77वें गणतंत्र दिवस पर कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने कलेक्टोरेट परिसर में फहराया तिरंगा झंडा

जशपुरनगर 26 जनवरी 2026/ 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आज कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने कलेक्टोरेट परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके उपरांत मौके पर मौजूद सभी अधिकारी कर्मचारियों द्वारा सामूहिक रूप से राष्ट्रगान किया गया और देश की एकता, अखंडता तथा संविधान के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। कलेक्टर श्री व्यास ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। कार्यक्रम के पश्चात मंत्रणा सभा कक्ष में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने कहा कि भारत का संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि हमारे लोकतंत्र की आत्मा है। उन्होंने कहा कि संविधान की उद्देशिका में निहित समानता, न्याय और बंधुत्व के मूल्यों को व्यवहार में उतारना प्रत्येक शासकीय सेवक का दायित्व है। उन्होंने कहा कि ईमानदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ किया गया प्रत्येक शासकीय कार्य संविधान की भावना को सशक्त करता है और यही सच्ची राष्ट्रसेवा है।

     इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रशासन का मूल उद्देश्य आम नागरिकों को सुशासन प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू कर अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुँचाना ही सिविल सेवकों का प्रमुख कर्तव्य है। कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनमें राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश स्पष्ट रूप से झलका। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रशांत कुशवाहा, श्री हरिओम द्विवेदी सहित कलेक्टोरेट के अधिकारी कर्मचारीगण मौजूद रहे।


*कलेक्टर निवास में भी मनाया गया गणतंत्र दिवस* - 

कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्टर निवास में भी तिरंगा झंडा फहराया। साथ ही मौके पर मौजूद सभी लोगों ने राष्ट्रगान गाकर देशभक्ति का सम्मान व्यक्त किया। कलेक्टर श्री व्यास ने इस अवसर पर सभी कर्मियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री प्रदीप साहू, डिप्टी कलेक्टर श्री हरिओम द्विवेदी सहित कलेक्टर निवास में कार्यरत कर्मचारीगण मौजूद रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image