पांच साल सोई पंचायत, अब एक झटके में पांच सौ रुपये वसूली! ग्रामीणों में नाराजगी"- पीडीएस गोदाम में बैठकर टैक्स वसूली,गरीब-मजदूर परिवारों पर अचानक बढ़ा आर्थिक बोझ
ताजा खबरें

बड़ी खबर

पांच साल सोई पंचायत, अब एक झटके में पांच सौ रुपये वसूली! ग्रामीणों में नाराजगी"- पीडीएस गोदाम में बैठकर टैक्स वसूली,गरीब-मजदूर परिवारों पर अचानक बढ़ा आर्थिक बोझ

जशपुर/ नारायणपुर : 24 जनवरी 2026 :

बगीचा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत रनपुर में मकान टैक्स के नाम पर एक साथ पांच वर्षों की राशि वसूलने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पंचायत के सरपंच एवं सचिव द्वारा पंचायत भवन छोड़कर पीडीएस गोदाम में बैठकर ग्रामीणों से टैक्स वसूली किए जाने पर भी सवाल उठ रहे हैं।  पंचायत द्वारा सौ रुपये प्रति मकान के हिसाब से एक साथ पांच साल का 500 सौ रुपये वसूले जा रहे हैं, जिससे मजदूर, गरीब और निम्न आय वर्ग के परिवारों पर सीधा आर्थिक दबाव पड़ता नजर आ रहा है।

ग्रामीणों कर बताए के अनुसार ग्राम पंचायत द्वारा प्रति वर्ष 100 रुपये मकान टैक्स निर्धारित किया गया है, लेकिन पंचायत सचिव के अनुसार पिछले पांच वर्षों से यह टैक्स वसूल नहीं किया गया। अब पंचायत द्वारा एक साथ 500 रुपये टैक्स जमा कराया जा रहा है, जिससे गरीब एवं मजदूर तबके पर अचानक आर्थिक बोझ बढ़ गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि पंचायत द्वारा प्रतिवर्ष टैक्स वसूला जाता, तो आज एकमुश्त बड़ी राशि देने की मजबूरी नहीं होती। सवाल यह भी उठ रहा है कि पिछले पांच वर्षों तक पंचायत क्या कर रही थी और अब अपनी लापरवाही का खामियाजा गरीब जनता से क्यों वसूला जा रहा है।

टैक्स वसूली को लेकर सोशल मीडिया में भी तरह-तरह की चर्चाएं और आरोप वायरल हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि जिन लोगों ने टैक्स जमा नहीं किया, उन्हें राशन नहीं देने की बात कही जा रही है। हालांकि इस संबंध में पंचायत की ओर से कोई लिखित या आधिकारिक आदेश सामने नहीं आया है, लेकिन आरोपों से ग्रामीणों में भय और असंतोष का माहौल है।

एक और महत्वपूर्ण बात यह है कि शासन द्वारा मकान टैक्स ऑनलाइन माध्यम से जमा करने की व्यवस्था लागू की गई है, इसके बावजूद रनपुर पंचायत में ऑनलाइन भुगतान न लेकर रसीद काटकर नकद वसूली की जा रही है। इससे पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने यह भी आपत्ति जताई है कि पंचायत भवन होते हुए भी पीडीएस गोदाम में बैठकर टैक्स वसूली करना का यह सही है यह अपने आप मे एक सवाल है। इससे यह संदेश जा रहा है कि टैक्स और राशन वितरण को आपस में जोड़ा जा रहा है, जो जनहित के विपरीत है।

इस पूरे मामले को लेकर जब जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से चर्चा की गई, तो उन्होंने भी माना कि एक साथ पांच वर्षों का टैक्स वसूलना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि इससे मजदूर और गरीब वर्ग पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा और इस विषय पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल ग्राम पंचायत रनपुर में मकान टैक्स वसूली को लेकर माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है और ग्रामीण इस पूरे मामले में प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।

"पंचयात बैठक में प्रस्ताव के अनुसार 100 रुपये मकान टैक्स निर्धारित किया गया है,यह पिछले पांच साल का मकान टैक्स लिया जा रहा है,जनता को मकान टेक्स तो देना ही पड़ेगा।"

                                       श्री महेन्द्र बरला 

                              सचिव- ग्राम पंचायत - रनपुर

"रनपुर में मकान टैक्स को लेकर ग्रामीणों द्वारा मुझे भी शिकायत मिली है कि पांच साल का एक मुश्त राशि 5 सौ रुपये लिया जा रहा है जो सरासर गलत है,पिछले 5 वर्ष पंचयात क्या कर रही थी ? पंचयात को नए पंचयात सत्र के हिसाब से ही राशि लिया जाना चाहिए।'

                                 श्री अरविंद गुप्ता 

                      उपाध्यक्ष-जनपद पंचायत -बगीचा

मुझे आपके द्वारा जानकारी मिल रही है एक साथ पांच सौ रुपया लेना अनुचित है ,गरीब मजदूर ग्रामीणों पर आर्थिक बोझ पड़ेगा,मैं सचिव से बात कर समझाईस दे देता हूँ।

                         श्री विनोद कुमार सिंह

               मुख्य कार्यपालन अधिकारी- बगीचा

Leave Your Comment

Click to reload image