भाजपा को मिला नया राष्ट्रीय नेतृत्व, नितिन नबीन निर्विरोध बने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष
नई दिल्ली 19 जनवरी 2026 : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो गई है। नितिन नबीन निर्विरोध भाजपा अध्यक्ष चुने गए हैं। भाजपा की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व के अंतर्गत राष्ट्रीय अध्यक्ष के नामांकन की संवैधानिक और पारदर्शी प्रक्रिया पूर्ण हुई। 36 में से 30 राज्यों में संगठनात्मक चुनावों के बाद तय प्रक्रिया के अनुसार नामांकन, जांच और वापसी सम्पन्न हुई।
भाजपा संगठन पर्व के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के. लक्ष्मण की ओर से जारी बयान में कहा गया है, नामांकन पत्रों की जांच के उपरांत सभी नामांकन पत्र निर्धारित प्रारूप के अनुसार तथा वैध पाए गए। नामांकन वापसी की अवधि पूर्ण होने के पश्चात, भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी के रूप में यह घोषणा करता हूं कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद हेतु केवल एक ही नाम, अर्थात नितिन नवीन का नाम प्रस्तावित हुआ है। इसके बाद यह तय हो गया है कि नितिन नबीन ही भाजपा के निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए हैं।
