बच्चों की शिक्षा और व्यवस्थाओं में कोई समझौता नहीं: कलेक्टर रोहित व्यास ने बालक आश्रम व प्राथमिक शाला का किया गहन निरीक्षण, जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के दिए निर्देश
ताजा खबरें

बड़ी खबर

बच्चों की शिक्षा और व्यवस्थाओं में कोई समझौता नहीं: कलेक्टर रोहित व्यास ने बालक आश्रम व प्राथमिक शाला का किया गहन निरीक्षण, जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के दिए निर्देश

जशपुरनगर, 07 जनवरी 2026/  कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने आज विकासखंड बगीचा के ग्राम पंचायत सुलेसा स्थित शासकीय अनुसूचित जनजाति बालक आश्रम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आश्रम में बच्चों के लिए शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीण सचिवालय में लगातार अनुपस्थिति की शिकायत पर करारोपण अधिकारी श्री मनराज सिंह पैंकरा को शो काज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। 
    कलेक्टर ने आश्रम में शयन कक्षों का निरीक्षण किया, जिनका नाम स्वतंत्रता संग्राम के महान शहीद भगत सिंह, सुभाषचंद्र बोस एवं चंद्रशेखर आज़ाद के नाम पर रखा गया है। उन्होंने इस पहल की सराहना की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आश्रम परिसर, शौचालय, शयन कक्ष में उपयोग होने वाली चादरें, तकिया कवर एवं अन्य सामग्रियों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही भवन के रंग-रोगन कराने को कहा।
    उल्लेखनीय है कि 100 सीटर शासकीय अनुसूचित जनजाति बालक आश्रम में कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थी निवासरत हैं। कलेक्टर श्री व्यास ने बच्चों की सामान्य ज्ञान में वृद्धि हेतु आश्रम परिसर में भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन के प्रमुख पदों पर आसीन व्यक्तियों के नाम प्रदर्शित करने तथा समय-समय पर इन्हें अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए। इसके उपरांत कलेक्टर ने शासकीय प्राथमिक शाला सुलेसा का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों को समय पर उपस्थित रहकर शैक्षणिक कार्यों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए तथा स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।
     निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने यहां अध्ययनरत बच्चों से  आत्मीयता पूर्वक बातचीत कर उन्हें पढ़ाई का जीवन में महत्व के बारे में बताते हुए उनका उत्साहवर्धन भी किया। इस मौके पर एसडीएम श्री प्रदीप कुमार राठिया, जिला शिक्षा अधिकारी श्री प्रमोद भटनागर, सहायक आयुक्त आदिवासी विभाग श्री संजय सिंह, जनपद पंचायत सीईओ श्री विनोद सिंह, हेड मास्टर श्री विजय साहू सहित अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।

Leave Your Comment

Click to reload image