ब्रेकिंग न्यूज : कुनकुरी में ATM लूट की कोशिश नाकाम :रात्रि गश्त के दौरान कुनकुरी पुलिस ने टाली बड़ी ATM लूट, आरोपी पिकअप छोड़कर फरार

कुनकुरी (जशपुर) 04 जनवरी 2026:
कुनकुरी थाना क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता और प्रभावी रात्रि गश्त के चलते एक बड़ी ATM लूट की घटना टल गई। देर रात अज्ञात आरोपियों द्वारा पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के ATM को उखाड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस के समय पर पहुंचने से आरोपी अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना रात्रि लगभग 01:00 से 02:00 बजे के मध्य की है। कुनकुरी स्थित PNB ATM बूथ में अज्ञात आरोपियों ने ATM मशीन को रस्सी से बांधकर पिकअप वाहन के माध्यम से खींचते हुए उखाड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान क्षेत्र में गश्त कर रही कुनकुरी पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई।
पुलिस को देखकर आरोपी पिकअप वाहन से फरार होने लगे। पीछा किए जाने पर आरोपियों ने अपने वाहन में पहले से रखे पत्थरों से पुलिस वाहन पर हमला किया, जिससे पुलिस वाहन का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद आरोपी तेज़ी से भागते हुए तपकरा की ओर फरार हो गए।
भागते समय आरोपी कुंजारा जंगल के पास पिकअप वाहन को छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मौके से बरामद पिकअप वाहन का पंजीयन क्रमांक JH 07 E 9167 बताया जा रहा है। पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। साथ ही ATM परिसर एवं आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
जशपुर पुलिस ने मामले की जांच के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया है और आरोपियों की तलाश लगातार जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
