यशस्वी जशपुर मिशन में लापरवाही नहीं चलेगी: समीक्षा बैठक में कलेक्टर रोहित व्यास सख्त, कमजोर रिजल्ट और अनुशासनहीनता पर चार प्राचार्यों को नोटिस
ताजा खबरें

बड़ी खबर

यशस्वी जशपुर मिशन में लापरवाही नहीं चलेगी: समीक्षा बैठक में कलेक्टर रोहित व्यास सख्त, कमजोर रिजल्ट और अनुशासनहीनता पर चार प्राचार्यों को नोटिस

चार प्राचार्यो को शासकीय कार्य में लापरवाही बरतने और गंभीर अनुशासनहीनता पर शो-काज नोटिस जारी करने के दिए निर्देश।

जशपुर 01 जनवरी 2026

यशस्वी जशपुर कार्यक्रम के तहत् कलेक्टर रोहित विकास और सीईओ अभिषेक कुमार ने जिला पंचायत सभाकक्ष में सभी बीईओ,एबीईओ और जिले के समस्त शासकीय हाई व हायर सेकेंडरी विद्यालयों के प्राचार्यों की बैठक में छमाही परीक्षा परिणाम, बोर्ड परीक्षा में शत् प्रतिशत रिजल्ट के लक्ष्य, कक्षा दसवीं और बारहवीं के कम अच्छे बच्चों और मेरिट में आने वाले विद्यार्थियों के लिए रणनीति, विद्यार्थियों की उपस्थिति और विद्यालयों की मॉनिटरिंग की गहन समीक्षा की। उन्होंने शासकीय विद्यालयों के  इनऑपरेटिव बैंक अकाउंट और अपार आईडी की प्रगति की भी समीक्षा की। 

कलेक्टर रोहित व्यास ने खराब परीक्षा परिणाम और अध्यापन में लापरवाही पर नाराजगी जाहिर करते हुए प्राचार्यो को कड़ी हिदायत दी । प्रत्येक हाई और हायर सेकंडरी विद्यालय के निरीक्षण के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने का निर्देश भी उन्होंने दिया। विद्यालयों में अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के पालको से संपर्क करने के कार्य को पूरी गंभीरता से करने को कहा। साथ ही गंभीर अनुशासनहीनता, शासकीय कार्य में लापरवाही और खराब परीक्षा परिणाम पर हायर सेकेंडरी तपकरा, हायर सेकेंडरी सिमडा ,इंदिरा गांधी कन्या हायर सेकेंडरी पत्थलगांव‌ और सेजेस कुनकुरी के प्राचार्यों को शो-काज नोटिस जारी करने निर्देश दिए। समय-सीमा में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं करने पर निलंबन की कार्रवाई करने को भी उन्होंने कहा। 

बैठक में यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी विनोद गुप्ता ने कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड के शत् प्रतिशत परीक्षा परिणाम के दृष्टिकोण से विभिन्न बिंदुओं पर बात की। उन्होंने आगामी प्री बोर्ड 1 और  बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए बोर्ड परीक्षा के ब्लूप्रिंट के आधार पर अध्यापन, अंकों के अनुसार उत्तर लिखने का अभ्यास, सूक्ष्मता से मूल्यांकन और सुधारात्मक टीप सहित प्रत्येक दिवस तीन-तीन विषयों के डेढ़ घंटे के कालखंड के विषय में जानकारी दी।  

समीक्षा बैठक में सांख्यिकी अधिकारी किशोर केरकेट्टा, यशस्वी जशपुर के संजीव शर्मा,अवनीश पांडेय सहित समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी और विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image