जशपुर पुलिस की सरहदी सतर्कता: झारखंड से अवैध धान लेकर आए पिकअप को धर-दबोचा, 26 क्विंटल धान जब्त
ताजा खबरें

बड़ी खबर

जशपुर पुलिस की सरहदी सतर्कता: झारखंड से अवैध धान लेकर आए पिकअप को धर-दबोचा, 26 क्विंटल धान जब्त


जशपुर 24 दिसम्बर 2025 : छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के इस सीजन में पुलिस और प्रशासन की सतर्कता सरहदी राज्यों से अवैध धान लाने वालों के लिए बड़ा संदेश है कि कोई भी अवैध कार्य बख्शा नहीं जाएगा।

     सरहदी राज्यों से छत्तीसगढ़ में अवैध धान की आमद पर जशपुर पुलिस ने लगातार कड़ी निगरानी बनाए रखी हुई है। इसी कड़ी में थाना लोदाम पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने 23 दिसंबर 2025 को शाम लगभग 08:00 बजे रूपसेरा पतराटोली के ग्रामीण रास्ते में एक पिकअप वाहन को पकड़कर 26 क्विंटल अवैध धान जप्त किया।
पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया वाहन टाटा सूमो पिकअप (नंबर JH-03-AF-9899) झारखंड के चैनपुर से अवैध धान लेकर छत्तीसगढ़ में खपाने की कोशिश में था। वाहन में कुल 65 बोरी, लगभग 26 क्विंटल धान लदी हुई थी, जिसकी अनुमानित कीमत ₹59,800 बताई गई है।
      पिकअप चालक सचिन गोप (23 वर्ष), निवासी प्रेम नगर, चैनपुर, जिला गुमला, झारखंड, ने पुलिस को बताया कि धान को वह झारखंड से जशपुर लाकर बेचने की योजना बना रहा था। जब पुलिस ने वैध दस्तावेजों की मांग की, तो चालक कोई प्रमाण नहीं पेश कर सका। इस पर पुलिस ने पिकअप और धान को जप्त कर अग्रिम कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया।
जशपुर पुलिस के अनुसार, अब तक 07 ट्रक, 20 पिकअप और 02 ट्रैक्टरों से कुल 1742 क्विंटल अवैध धान पकड़ा जा चुका है और सभी को जिला प्रशासन को सौंपा जा चुका है।
     वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस सरहदी क्षेत्रों में चौकस है और धान कोचियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि अवैध धान परिवहन में शामिल न हों।पुलिस सरहदी रास्तों पर लगातार नाकाबंदी और पेट्रोलिंग कर रही है ताकि अवैध धान की आवक को रोका जा सके।
   थाना प्रभारी लोदाम निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा, और आरक्षक हेमंत कुजूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave Your Comment

Click to reload image