अल्पसंख्यक विकास योजनाओं पर प्रशासन सख्त, जशपुर में पीएमजेवीके व नवीन 15 सूत्रीय कार्यक्रम की जिला स्तरीय बैठक सम्पन्न,पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित करने के दिए गए निर्देश
जशपुरनगर, 24 दिसंबर 2025/ अल्पसंख्यक समुदायों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से संचालित प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम तथा प्रधानमंत्री का नवीन 15 सूत्रीय कार्यक्रम के क्रियान्वयन के संबंध में मंगलवार को जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय एवं कलेक्टर श्री रोहित व्यास की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम योजना के तहत जिले के 05 विकासखंड जशपुर, दुलदुला, मनोरा, कांसाबेल और कुनकुरी शामिल है। इस योजना के क्रियान्यवन के लिए 15 किलामीटर क्षेत्र में 25 प्रतिशत से अधिक अल्पसंख्यक आबादी होना आवश्यक है। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, पार्षद फैजान खान मौजूद रहे। इस अवसर पर श्री सालिक साय ने कहा कि विकास से कोई क्षेत्र अछूता नहीं रहे, सरकार सभी के हितों के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने इन योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने और विकासकार्यों को समय से पूरा करने को कहा।
कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने इन योजनाओं के तहत चलाए जा रहे विकासकार्यों की समीक्षा की और प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम योजना के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, महिला केंद्रित परियोजनाओं के अतिरिक्त खेल, पेयजल, स्वच्छता आदि से संबंधित प्रस्ताव प्राकल्लन के साथ प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों, स्कूल भवनों के निर्माण, अतिरिक्त कक्ष निर्माण, विद्यालयों में शौचालय, स्टेडियम एवं खेल मैदानों के निर्माण एवं विकास, कौशल विकास से जुड़े कार्यों, पेयजल एवं स्वच्छता तथा महिला केंद्रित परियोजनाओं के लिए स्थल चिन्हांकन कर शीघ्र प्रस्ताव भेजने को कहा। कलेक्टर श्री व्यास ने प्रधानमंत्री के नवीन 15 सूत्रीय कार्यक्रम के तहत अल्पसंख्यक समुदायों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित करने तथा जीवन स्तर में सुधार से संबंधित प्रावधानों के क्रियान्वयन करने हेतु निर्देशित किया। इस अवसर पर सीएमएचओ श्री जी. एस. जात्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अजय शर्मा सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
