नारायणपुर में भारत गैस एजेंसी बनी उपभोक्ताओं की मुसीबत,सिलेंडर के लिए भटक रहे उपभोक्ता,उज्ज्वला उपभोक्ता सबसे ज्यादा प्रभावित,
ताजा खबरें

बड़ी खबर

नारायणपुर में भारत गैस एजेंसी बनी उपभोक्ताओं की मुसीबत,सिलेंडर के लिए भटक रहे उपभोक्ता,उज्ज्वला उपभोक्ता सबसे ज्यादा प्रभावित,

नारायणपुर : नारायणपुर स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति में संचालित भारत गैस एजेंसी पिछले 15 दिनों से गैस वितरण न होने के कारण सुर्खियों में है। विगत 7 वर्षों से संचालित इस एजेंसी से क्षेत्र के 1100 से अधिक सामान्य एवं उज्ज्वला योजना के उपभोक्ता जुड़े हुए हैं, लेकिन वर्तमान में गैस आपूर्ति पूरी तरह बाधित होने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
       जानकारी के अनुसार गैस वितरण के लिए यहां एक ऑपरेटर की नियुक्ति की गई थी, जिनका हाल ही में अन्यत्र तबादला कर दिया गया है। उनकी जगह नए ऑपरेटर की पोस्टिंग तो कर दी गई, लेकिन नए ऑपरेटर ने गैस वितरण कार्य में असमर्थता जताई है। उनका कहना है कि वे पहले धान मंडी में खरीदी केंद्र से जुड़े रहे हैं और गैस वितरण का उन्हें कोई अनुभव नहीं है। इसी कारण पिछले 15 दिनों से एलपीजी गैस का वितरण पूरी तरह से ठप पड़ा हुआ है।
         गैस न मिलने से नगर में स्थिति गंभीर होती जा रही है। कई परिवारों को भोजन बनाने के लिए वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। खासकर उज्ज्वला योजना के लाभार्थी, जिनके लिए गैस ही मुख्य साधन है, सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।एजेंसी कार्यालय में रोजाना सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतार लग जाती है। दूर-दराज के गांवों से लोग गैस सिलेंडर लेने पहुंचते हैं, लेकिन उन्हें दो टूक जवाब दिया जाता है कि गैस वितरण के लिए कोई ऑपरेटर उपलब्ध नहीं है। कई उपभोक्ता ऐसे हैं जो लगातार कई दिनों से एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
        स्थानीय लोगों का कहना है कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण यह समस्या लगातार बनी हुई है। यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो जनता का आक्रोश फूट सकता है। उपभोक्ताओं ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि या तो पूर्व पदस्थ अनुभवी गैस वितरण ऑपरेटर को वापस लाया जाए, अथवा किसी प्रशिक्षित नए ऑपरेटर की तत्काल नियुक्ति की जाए, ताकि गैस वितरण व्यवस्था सुचारु रूप से बहाल हो सके।
     फिलहाल उपभोक्ता राहत की आस लगाए बैठे हैं और प्रशासन की ओर से ठोस कदम उठाए जाने का इंतजार कर रहे हैं।

मुझे सूचना मिली थी कि नारायणपुर गैस एजेंसी आपरेटर का तबादला हो रहा है तो अधिकारी से मौखिक बताया था कि मनोरा आपरेटर को यंहा उसके जगह में भेजे ताकि उसको गैस सम्बंधित जानकारी है ,परन्तु उसको यंहा न कर किसी अन्य को भेजा गया ,उसको गैस एजेंसी सम्बंधित कोई जानकारी नही है। जिसकी वजह से यंहा उपभोक्ताओं को दिक्कत आ रही है

                                             सुरेश त्रिपाठी
                                                 प्रम्बधक
      आदिमजाति सेवा सहकारी समिति नारायणपुर

नारायणपुर में भारत गैस नही मिल रहा है यह आपके माध्यम से मुझे जानकारी मिल रही है,वँहा के मैनेजर की लाफ़रवाही है जो अब तक  मुझे सूचना नही दी है, मैं बात करता हु और गैस वितरण की  व्यवस्था बनवाता हु।

                                           अनिल कुमार तिर्की
                                              सहायक आयुक्त
                                            सहकारिता विभाग
                                                    जशपुर

Leave Your Comment

Click to reload image