ऑपरेशन आघात : जशपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी, नारायणपुर में क्रेटा कार से 1 क्विंटल 85 किलो गांजा जब्त दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 55 लाख से अधिक का मादक पदार्थ बरामद
जशपुर, 21 जनवरी 2026।
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई करते हुए थाना नारायणपुर पुलिस ने रानीकोंबो क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान क्रेटा कार से 1 क्विंटल 85 किलो 42 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद कर दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 55 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
तड़के मुखबिर की सूचना से खुला मामला
पुलिस के अनुसार दिनांक 20 जनवरी 2026 की तड़के लगभग 3 से 4 बजे के बीच थाना नारायणपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की क्रेटा कार (क्रमांक UP-32-HF-0299) में गांजा छुपाकर कुनकुरी होते हुए नारायणपुर मार्ग से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश पर थाना नारायणपुर एवं थाना बगीचा की संयुक्त टीम ने ग्राम रानीकोंबो मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर सघन वाहन जांच प्रारंभ की।
कार की तलाशी में निकले 180 पैकेट गांजा
कुछ ही देर बाद कुनकुरी की ओर से आती संदिग्ध क्रेटा कार को पुलिस ने घेराबंदी कर रोका। कार में दो युवक बैठे हुए मिले। पुलिस द्वारा जब वाहन की गहन तलाशी ली गई तो बीच की सीट के नीचे तथा डिक्की में कारपेट के नीचे छुपाकर रखे गए पीली टेप से लिपटे कुल 180 पैकेट गांजा बरामद किया गया।
बरामद गांजे का कुल वजन 1 क्विंटल 85 किलो 42 ग्राम पाया गया।
आरोपी बोले – ओडिशा से लाकर यूपी ले जा रहे थे गांजा
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना नाम—
- शान मोहम्मद उर्फ सानू (22 वर्ष), निवासी जगदीशपुर, मानपुरलाल, लखनऊ (उत्तर प्रदेश)
- सुहैल अहमद (19 वर्ष), निवासी सरौरकला, कमलापुर, थाना सीतापुर, जिला सीतापुर (उत्तर प्रदेश)
बताया। उन्होंने स्वीकार किया कि वे ओडिशा के मलकानगिरी क्षेत्र से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जा रहे थे और यह तस्करी एक लखनऊ निवासी व्यक्ति के निर्देश पर की जा रही थी।
तीसरा आरोपी चिन्हित, जल्द गिरफ्तारी
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों की निशानदेही पर लखनऊ स्थित मुख्य तस्कर की पहचान कर ली गई है, जिसने गांजा मंगवाया था। उसे भी शीघ्र गिरफ्तार करने की कार्रवाई जारी है।
वाहन व मोबाइल जब्त, डिजिटल साक्ष्य की जांच
तस्करी में प्रयुक्त क्रेटा कार तथा दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त कर लिए हैं। मोबाइल डाटा के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।
नारकोटिक्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज
दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना नारायणपुर में धारा 20(बी)(2)c नारकोटिक्स एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक अमरबेल मिंज, अनिल कामरे, नरेश मिंज, नरेश मिंज, प्रधान आरक्षक उमेश मिंज, आरक्षक अविनाश सोनी एवं कुलदीप खलखो की सराहनीय भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा—“जशपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाया जा रहा ऑपरेशन आघात पूरी गंभीरता और सख्ती के साथ जारी है। नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की प्राथमिकता युवाओं को नशे से बचाना और समाज को सुरक्षित बनाना है।”
