जिला पंचायत अध्यक्ष श्री साय ने शा. मा.शाला पुसरा का किया निरीक्षण,आज के बच्चे ही कल का भविष्य” — विद्यार्थियों से संवाद कर सालिक साय ने बढ़ाया उत्साह
जशपुरनगर, 15 दिसंबर 2025/
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय ने आज कांसाबेल विकासखंड स्थित शासकीय माध्यमिक शाला पुसरा का भ्रमण कर विद्यालय की शैक्षणिक एवं भौतिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें मन लगाकर अध्ययन करने और अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान श्री साय ने शिक्षकों को शासन द्वारा विद्यार्थियों को प्रदत्त समस्त शैक्षणिक सुविधाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा शिक्षण कार्य में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही कल का भविष्य हैं। उनकी प्रतिभाओं को निखारकर और कमियों में सुधार कर एक सशक्त भविष्य का निर्माण किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री शिक्षा गुणवत्ता अभियान के अंतर्गत जिले की समस्त शासकीय शालाओं में सामाजिक अंकेक्षण का कार्य पूर्ण किया गया है। अंकेक्षण के प्राप्त परिणामों के आधार पर विद्यालयों की ग्रेडिंग की गई है, जिसके अंतर्गत जशपुर जिले में डी-ग्रेड चिन्हांकित शालाओं के लिए जिला स्तरीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की टीमें गठित की गई हैं।
इसी क्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय को कांसाबेल विकासखंड की शासकीय माध्यमिक शाला पुसरा की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। निरीक्षण के दौरान ग्राम पुसरा के उपसरपंच श्री बालेश्वर चक्रेश भी उपस्थित रहे।
सामाजिक अंकेक्षण के अंतर्गत प्रत्येक विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, शिक्षण प्रक्रिया, विद्यार्थियों की उपलब्धियां, आधारभूत सुविधाएं एवं शिक्षक उपस्थिति जैसे महत्वपूर्ण संकेतकों के आधार पर ग्रेडिंग की जा है है। यह पहल शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम है, जिससे अपेक्षित गुणवत्ता तक नहीं पहुंच पा रहे विद्यालयों की सतत निगरानी सुनिश्चित की जा रही है।
