रायपुर में अस्मिता वुशू सिटी लीग एवं ओपन जिला चैंपियनशिप का आयोजन
रायपुर 15 दिसम्बर 2025 : रायपुर जिला वुशू संघ के तत्वावधान में अस्मिता वुशू सिटी लीग एवं ओपन वुशू डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप का आयोजन 12 दिसंबर 2025 को विवेकानंद स्टेडियम हॉल, कोटा, रायपुर में किया गया। प्रतियोगिता में शहर एवं जिले के विभिन्न स्कूलों से आए लगभग 120 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में रायपुर वुशू संघ के संरक्षक अनिल मिश्रा, वरिष्ठ भाजपा नेता रविंद्र सिंह एवं सुभाष अग्रवाल उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पदक प्रदान कर सम्मानित किया और खेल के प्रति निरंतर समर्पण बनाए रखने का आह्वान किया। अतिथियों ने कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। मुकाबलों का संचालन मुख्य रेफरी खिलेश बरिहा के नेतृत्व में मो. अली, राणा मैडम, अंकिता मैडम, रुपेश, रहीम, तौकीर एवं धीरज ने किया। निर्णायकों ने सभी मुकाबलों का निष्पक्ष एवं अनुशासित ढंग से संचालन किया।
कार्यक्रम के समापन पर रायपुर जिला वुशू संघ के महासचिव सुहैल हैदरी ने बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं तथा जिले में वुशू खेल को प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
