रायगढ़ : 51 कट्टा अवैध धान जब्त, प्रशासन का कोचियों पर सख्ती जारी .... सतत निगरानी से धान खरीदी व्यवस्था हुई पारदर्शी; वास्तविक किसानों के हक को सुनिश्चित करने में अहम कदम
रायगढ़ 10 दिसम्बर 2025 : खरसिया तहसील के ग्राम कुर्रू में एसडीएम प्रवीण तिवारी के नेतृत्व में अभियान, कंचन दास के दुकान परिसर से अवैध रूप से संग्रहित 51 कट्टी धान जब्त।
रायगढ़ जिले में धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार वास्तविक किसानों से ही धान खरीदी सुनिश्चित करने तथा अवैध धान खपाने वाले कोचियों और बिचौलियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश जारी किए गए हैं।
मंगलवार को एसडीएम खरसिया, श्री प्रवीण तिवारी के नेतृत्व में ग्राम कुर्रू में निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कंचन दास, पिता शीतल दास महंत के दुकान परिसर में अवैध रूप से 51 कट्टी धान पाए गए। अधिकारियों ने मौके पर तत्परता दिखाते हुए धान को जब्त कर मंडी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में धान के अवैध भंडारण, खरीद-फरोख्त और परिवहन पर सख्ती से नियंत्रण रखा जा रहा है। एसडीएम श्री तिवारी ने व्यापारियों और किसानों से अपील की कि वे शासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करें और चेतावनी दी कि अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
