तामासिंघा में मिनी स्टेडियम निर्माण का भूमिपूजन,खेल सुविधाओं में नया अध्याय" ,ग्रामीण क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम....
ताजा खबरें

बड़ी खबर

तामासिंघा में मिनी स्टेडियम निर्माण का भूमिपूजन,खेल सुविधाओं में नया अध्याय" ,ग्रामीण क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम....

नारायणपुर : 09 दिसम्बर 2025
ग्राम पंचायत डोंडापानी के अंतर्गत ग्राम तामासिंघा में लंबे समय से प्रतीक्षित मिनी स्टेडियम निर्माण कार्य की शुरुआत मंगलवार को विधिवत भूमिपूजन के साथ हो गई। कुल ₹51.24 लाख की स्वीकृति राशि से बनने वाला यह स्टेडियम क्षेत्र के युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारने और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

भूमिपूजन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती कौशल्या देवी साय रहीं। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर स्टेडियम निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत कुनकुरी की अध्यक्ष श्रीमती सुशीला साय ने की।

खेल विकास के लिए बड़ा अवसर : कौशल्या देवी साय

अपने संबोधन में श्रीमती कौशल्या देवी साय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाएँ किसी भी तरह से पीछे नहीं हैं, आवश्यकता केवल बेहतर सुविधाओं की है। उन्होंने कहा कि इस मिनी स्टेडियम के निर्माण से स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए एक बेहतर मंच मिलेगा, जिससे वे जिला, संभाग और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।

उन्होंने निर्माण कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों, निर्माण एजेंसियों, तकनीकी कर्मचारियों एवं श्रमिकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य की गुणवत्ता से समझौता न करते हुए इसे निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।

स्टेडियम से ग्रामीण खेल गतिविधियों को मिलेगा नया आयाम : सुशीला साय

कुनकुरी जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुशीला साय ने कहा कि यह परियोजना ग्रामीण क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि स्टेडियम के बनने से न केवल स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास की सुविधा मिलेगी बल्कि ग्राम स्तर पर खेल प्रतियोगिताएँ, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामुदायिक गतिविधियाँ भी निरंतर आयोजित की जा सकेंगी, जिससे युवाओं में उत्साह और अनुशासन दोनों बढ़ेंगे।उन्होंने समस्त ग्रामीणों और खेल प्रेमियों को इस शुभारंभ के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह विकास कार्य ग्राम तामासिंघा ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र को लाभान्वित करेगा।

       ग्रामीणों ने इस परियोजना के आरंभ पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि मिनी स्टेडियम के निर्माण से गांव के युवाओं को खेल-कूद की बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध होंगी, वहीं स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से परियोजना की योजनाबद्ध रूपरेखा की जानकारी ली।

जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही भारी उपस्थिति

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।विशेष रूप से जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अनिता सिंह, जनपद पंचायत कुनकुरी के उपाध्यक्ष श्री बालेश्वर यादव, नगर पंचायत कुनकुरी के पार्षद श्री अमित मिश्रा, कुनकुरी मंडल अध्यक्ष श्री राजकुमार गुप्ता, सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave Your Comment

Click to reload image