उज्ज्वला योजना अंतर्गत जिले में आवेदन आमंत्रित,इच्छुक हितग्राही पीडीएस दुकान में आवेदन कर सकते है जमा
ताजा खबरें

बड़ी खबर

उज्ज्वला योजना अंतर्गत जिले में आवेदन आमंत्रित,इच्छुक हितग्राही पीडीएस दुकान में आवेदन कर सकते है जमा

जशपुरनगर 09 दिसम्बर 2025/ प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 3.0 के तहत जिले में पात्र हितग्राहियों से निःशुल्क गैस कनेक्शन हेतु आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने बताया कि जिन हितग्राहियों ने हाल ही में आयोजित सुशासन त्योहार के दौरान शिविरों में गैस कनेक्शन के लिए आवेदन प्रस्तुत किए थे, उन्हें प्राथमिकता सूची में शामिल किया गया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अपना आवास पूर्ण कर चुके लाभार्थियों को भी प्राथमिकता के आधार पर उज्ज्वला योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा। इच्छुक पात्र हितग्राही निकटतम पीडीएस (सार्वजनिक वितरण प्रणाली) दुकान में निर्धारित प्रपत्र के अनुसार आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा कर सकते हैं। पीडीएस विक्रेताओं को निर्देशित किया गया है कि वे प्रत्येक आवेदन का पंजीयन सुनिश्चित करें और आवश्यक दस्तावेजों सहित संपूर्ण प्रस्ताव संबंधित गैस एजेंसी को समयबद्ध तरीके से प्रेषित करें।

     जिला खाद्य अधिकारी श्री आशीष चतुर्वेदी ने बताया कि उज्ज्वला योजना 3.0 के अंतर्गत गरीब, ग्रामीण एवं पात्र परिवारों की महिलाओं को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निःशुल्क गैस कनेक्शन प्रदान किया जाएगा। जिले में लोगों की सहूलियत को देखते हुए प्रशासन ने इसकी प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सरल बनाने के लिए पीडीएस दुकानों के माध्यम से आवेदन ग्रहण करने की व्यवस्था की है। खाद्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे आवेदन जमा करते समय आधार कार्ड, राशन कार्ड तथा आवश्यक दस्तावेज साथ रखें, ताकि सत्यापन कार्य सुगमता से संपन्न हो सके। इस पहल से अधिक से अधिक पात्र परिवार स्वच्छ ईंधन के उपयोग से लाभान्वित होंगे और स्वास्थ्य व पर्यावरण के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलेंगे।

Leave Your Comment

Click to reload image