दुलदुला क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्व: शौर्य प्रताप सिंह जूदेव सामुदायिक भवन निर्माण के लिए किया भूमिपूजा
जशपुर 19 नवम्बर 2025 । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार दुलदुला क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्व है। सड़क,पानी,बिजली,शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विकास किया जाएगा। उक्त बातें डीडीसी शौर्य प्रताप सिंह जूदेव ने कही। उन्होनें कहा कि दुलदुला क्षेत्र से उनके दादा दिलीप सिंह जूदेव सहित पूरे राज परिवार का विशेष लगाव रहा है। इसलिए यहां के रहवासियों के हर सुख-दुख में राज परिवार शामिल है। डीडीसी जूदेव दुलदुला ब्लाक के झरगांव में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य के लिए भूमि पूजा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। झरगांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने शौर्य प्रताप का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। उन्होनें ग्रामीणों को बताया कि त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान उन्होनें झरगांव के साथ दुलदुला,जामटोली,छेरडांड़ और केंदपानी में सामुदायिक भवन निर्माण का वायदा किया था। इन सभी स्थानों पर सामुदायिक भवन निर्माण की स्वीकृति सरकार से मिल चुकी है। इसके लिए जूदेव ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जूदेव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दो साल के सुशासन में दुलदुला सहित जशपुर जिला विकास की एक नई इबारत रच रहा है। इस छोटे से समय में जिले को मेडिकल कालेज,नर्सिंग कालेज,फिजियोथेरेपी कालेज की सौगात मिल चुकी है। जिले में सड़कों का तेजी से विकास हो रहा है। आने वाले दिनों में जशपुर जिला,छत्तीसगढ़ के सबसे विकसीत जिलों में शामिल होगा।
