कुनकुरी में मुख्यमंत्री ने विसर्जन तालाब का किया औचक निरीक्षण,व्यवस्थित और सुविधापूर्ण रूप से विकसित करने के दिए निर्देश
ताजा खबरें

बड़ी खबर

कुनकुरी में मुख्यमंत्री ने विसर्जन तालाब का किया औचक निरीक्षण,व्यवस्थित और सुविधापूर्ण रूप से विकसित करने के दिए निर्देश

जशपुरनगर 28 अक्टूबर 2025/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने आज कुनकुरी स्थित विसर्जन तालाब का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने छठ महापर्व के अवसर पर तालाब में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा तालाब क्षेत्र का विस्तारपूर्वक अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तालाब को सुसज्जित, व्यवस्थित, आकर्षक और सुविधापूर्ण रूप से विकसित किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर कहा कि छठ पर्व जन आस्था का प्रतीक और लोक संस्कृति के संवर्धन का उत्सव है, अतः इससे जुड़े स्थलों का विकास श्रद्धा, स्वच्छता और सौंदर्य के साथ किया जाना चाहिए। योजना के तहत तालाब के चारों ओर सौंदर्यीकरण के तहत विभिन्न सुविधाएं विकसित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे हों, ताकि श्रद्धालुओं और नागरिकों को स्थायी सुविधा मिल सके। मुख्यमंत्री श्री साय ने तालाब परिसर की स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और यातायात नियंत्रण की तैयारियों की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह स्थान न केवल धार्मिक श्रद्धा का केन्द्र है, बल्कि कुनकुरी की लोक संस्कृति और पर्यटन दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नगर पंचायत अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर इसे स्वच्छ, हरित और आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का आह्वान किया। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्री रोहित व्यास सहित नागरिकगण एवं अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image