मुख्यमंत्री साय व उपमुख्यमंत्री अरुण साव के प्रयासों से जशपुर को मिली 86.99 करोड़ की सौगात....मिलेगा भरपूर पानी
जशपुरनगर 07 अक्टूबर 2025 : जशपुर शहर के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा अमृत मिशन 2.0 (अटल शहरी नवीनीकरण एवं परिवर्तन मिशन) के अंतर्गत जशपुर नगरपालिका को 8699.21 लाख रुपये (लगभग 86 करोड़ 99 लाख 21 हजार) की जल आवर्धन योजना की स्वीकृति प्रदान की गई है।
राज्य स्तरीय हाई पावर स्टीयरिंग कमेटी की 13वीं बैठक में यह स्वीकृति दी गई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुरनगर में अमृत मिशन लागू करने के निर्देश दिए थे। वहीं, उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने जशपुर नगरपालिका को डीपीआर तैयार कर विभाग में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे।
नगरपालिका अध्यक्ष अरविंद भगत ने कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात कर इस योजना की स्वीकृति हेतु निवेदन किया था, जिस पर दोनों ने तत्काल स्वीकृति का आश्वासन दिया था। अब यह वादा साकार हुआ है।
अमृत मिशन 2.0 के अंतर्गत स्वीकृत यह योजना जशपुर की सबसे बड़ी नगरीय विकास परियोजनाओं में से एक मानी जा रही है। शहर में लंबे समय से पानी की समस्या बनी हुई थी — लोगों को दिन में सिर्फ एक बार ही जल आपूर्ति हो पाती थी। इस योजना के लागू होने से अब पूरे शहर में नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी, फिल्टर प्लांट, इंटकवेल तथा नई पानी टंकियों का निर्माण किया जाएगा।
भविष्य की जनसंख्या को ध्यान में रखते हुए इस योजना का स्वरूप तैयार किया गया है, जिससे आने वाले वर्षों में जशपुर नगर को नियमित और पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल मिल सकेगा।
नगरपालिका अध्यक्ष अरविंद भगत ने कहा कि यह उनके कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि है और उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय व उपमुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं विधायक श्रीमती रायमुनि भगत ने भी इस स्वीकृति को जशपुर के विकास के लिए मील का पत्थर बताया और मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री का धन्यवाद किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य में विकास योजनाओं को त्वरित स्वीकृति देने की नीति अपनाई है, जिसका लाभ अब जशपुर नगर को भी मिला है।
