जशपुर में गूंजेगी नागपुरी धुनें – श्री हरि कीर्तन भवन में 10 अक्टूबर को होगी भव्य नागपुरी सांस्कृतिक संध्या का आयोजन.....नागपुरी कला, गीत-संगीत और लोकसंस्कृति की दिखेगी अद्भुत झलक
जशपुर 06 अक्टूबर 2025 : दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष चिंटू गुप्ता ने जानकारी दी कि श्री हरि कीर्तन भवन, जशपुर में आगामी 10 अक्टूबर (शुक्रवार) 2025 को एक भव्य नागपुरी सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम रात 8 बजे से शुरू होगा, जिसमें नागपुरी कला, गीत-संगीत और लोकसंस्कृति की अद्भुत झलक देखने को मिलेगी।
इस रंगारंग आयोजन में नागपुरी लोकसंगीत जगत के प्रसिद्ध कलाकार पवन, सुहाना देवी, बरखा बहादुर और पंकज अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लेंगे।
कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक नगाड़ा, ढोल, मांदर और नृत्य की थिरकन से पूरा वातावरण झूम उठेगा।
श्री हरि कीर्तन भवन समिति ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय संस्कृति और परंपरा को संजोना तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ना है।
भवन प्रबंधन ने सभी नगरवासियों से अपील की है कि वे परिवार सहित अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस धमाकेदार नागपुरी रात को सफल बनाएं और जशपुर की सांस्कृतिक पहचान को और मजबूत करें।
