स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में स्वच्छता संवाद एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित
जशपुरनगर, 21 सितम्बर 2025/ जिले में स्वच्छता ही सेवा 2025 अभियान के अंतर्गत आज विभिन्न ग्राम पंचायतों में स्वच्छता संवाद एवं श्रमदान कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामवासियों को स्वच्छता के महत्व से अवगत कराना, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन की जानकारी देना, खुले में शौच मुक्त वातावरण बनाने तथा घर-घर कचरा संग्रहण जैसी गतिविधियों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने श्रमदान कर सार्वजनिक स्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालय परिसरों एवं ग्राम चौपालों की सफाई की। इसमें बच्चों और महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, स्वच्छाग्रहियों और स्वयंसेवी संगठनों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। यदि हर नागरिक अपनी भूमिका निभाए, तो हम सब मिलकर अपने जिले को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बना सकते हैं।
