बगिया, दोकडा, चोंगरीबहार, जुमईकेला और देवरी के लगभग 200 विद्यार्थियों ने सीखा डिजिटल बैंकिंग और स्मार्ट फाइनेंस मैनेजमेंट
ताजा खबरें

बड़ी खबर

बगिया, दोकडा, चोंगरीबहार, जुमईकेला और देवरी के लगभग 200 विद्यार्थियों ने सीखा डिजिटल बैंकिंग और स्मार्ट फाइनेंस मैनेजमेंट

जशपुर 18 सितम्बर 2025 : 
जिले के कलेक्टर श्री रोहित व्यास की पहल पर वित्तीय साक्षरता वर्कशॉप का आयोजन हाई स्कूल बगिया में किया गया। शिक्षा विभाग के प्रभारी अधिकारी प्रशांत कुशवाहा और जिला शिक्षा अधिकारी पी.के. भटनागर के निर्देशन में हुए इस कार्यक्रम में हाई स्कूल देवरी,‌ चोंगरीबहार, जुमईकेला और सेजेस दोकडा के लगभग 200 विद्यार्थी शामिल हुए। 

डिजिटल कोच वीरेंद्र मिश्रा ने कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को धन का महत्व, बजट बनाने की आदत, नियमित बचत, आपातकालीन फंड और निवेश की मूल बातें समझाईं। उन्होंने बैंकिंग की बुनियादी प्रक्रियाएँ जैसे सेविंग अकाउंट, यूपीआई, एटीएम और मोबाइल बैंकिंग के साथ-साथ डिजिटल लेन-देन की सुरक्षा पर भी जानकारी साझा की। सत्र में स्मार्ट खर्च करने के तरीके, जरूरत और इच्छा में भेद, विज्ञापनों व साथियों के दबाव से बचाव, एसआईपी व चक्रवृद्धि ब्याज के लाभ, लोन और क्रेडिट स्कोर प्रबंधन, ईएमआई जाल से बचने के उपाय, म्यूचुअल फंड व शेयर बाजार का परिचय और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। पूरे प्रशिक्षण को गतिविधियों, वर्कशीट्स और खेलों के जरिए रोचक और सहभागिता-आधारित बनाया गया, ताकि विद्यार्थी सीखी गई बातों को अपने रोजमर्रा के जीवन में आसानी से लागू कर सकें। इस कार्यशाला में मैत्री स्कूल और जीआर टेक्नो की ओर से उत्कर्ष मिश्रा ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

बगिया में आयोजित कार्यक्रम में व्याख्याता संजय कश्यप, पीआर यादव  सहित विद्यार्थी उपस्थित रहे। 

मंगलवार को हायर सेकंडरी स्कूल लुडेग में  भी 165 विद्यार्थियों के लिए वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिसमें हायर सेकेंडरी काडरो के विद्यार्थी भी सम्मिलित रहे। कार्यक्रम का समन्वय यशस्वी जशपुर के संजीव शर्मा, अवनीश‌ पांडेय, कांसाबेल बीईओ गोपाल राम‌ और पत्थलगांव बीईओ वेदानंद आर्य ने किया।

Leave Your Comment

Click to reload image