चराईडाँड़ बतौली की स्टेट हाइवे में 5 किमी की दूरी में हर कदम पर गड्ढे ही गड्ढे, मौत को दे रही आमंत्रण....जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान
जशपुर 07 सितम्बर 2025 : मानसून की बारिश में बतौली चराईडाँड़ के स्टेट हाइवे की सड़क की स्थिति अत्यंत जर्जर हो गई है। भितघरा के बेबराटोली से लेकर पण्डरीपानी तक करीब 5 किमी के रास्ते में सैकड़ों बड़े बड़े गड्ढे उभर आए हैं, जो वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन गया है।
सूत्रों की मानें तो इन गड्ढों में अब तक कई दो पहिया वाहन चालक गिर चुके हैं। इसके बाद भी पीडब्लूडी विभाग की नींद नहीं टूट रही है। ऐसे में इस सड़क की अव्यवस्था को लेकर लोगों में रोष पनपने लगा है। पीब्डलूडी विभाग की ओर से एक सप्ताह पूर्व इस सड़क के गड्ढे को मिट्टी से भरा गया था परन्तु कुछ देरी की बारिश ने फिर से भरे गए मिट्टी को बहा ले गया।
जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के चलते स्टेट हाईवे 17 पर बना गड्ढा कभी भी हादसे का कारण बन सकता है। लेकिन जिम्मेदार अधिकारी सड़क पर बन चुके गड्ढे की मरम्मत कराए जाने को लेकर गंभीर नहीं है। सिर्फ लीपा पोती कार्य कर अपना जिम्मेदारी दिखा रहे हैं।फलस्वरूप सड़क के बीचों-बीच बना गड्ढा कभी भी दुर्घटना का कारण बन सकता है।
ज्ञात हो कि यह मार्ग कुछ वर्षों से बहुत ही व्यस्त मार्ग बन चुका है इस मार्ग से दिन रात अनेकों छोटे-बड़े दो पहिया, चार पहिया, यात्री बसे, लोडिंग वाहन, रेत कोयला,से भरे डंपर सहित हजारों वाहन गुजरते हैं। भितघरा से पंडरीपानी के मध्य सड़क के बीचों-बीच गड्ढे हो जाने से आवागमन में चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन विभागीय अघिकारियों के द्वारा बन चुके गड्ढे की मरम्मत कर स्थायी समाधान नही निकाला जा रहा है।

श्रद्धालुओं को भी हो रही है परेशानी:
स्टेट हाईवे- 17 की इस सड़क से बनारस,प्रयागराज,
अयोध्या, विंध्याचल,गंगा नदी में स्नान करने वाहनों से श्रद्धालु जाते हैं। लेकिन सड़क के क्षतिग्रस्त होने से इन्हें परेशानी होती है। जिम्मेदार अधिकारियों की लाफ़रवाही सहित स्टेट हाईवे की क्षतिग्रस्त सड़क से लोगों को भारी परेशानीयों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षतिग्रस्त सड़क को जल्द ठीक कराया जाए:
क्षेत्र के ग्रामीणों एवं राहगीरों का कहना है कि इस क्षतिग्रस्त सड़क से आवागमन में परेशानी उठाना पड़ रही है। संबंधित विभाग को शीध्र ही सड़क की मरम्मत कराना चाहिए। ताकि आवागमन सुलभ व सहज हो सके। यदि समय रहते सड़क के गड्ढों पर ध्यान नहीं दिया तो आने वाले समय मे कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
"स्टेट हाइवे 17 सड़क में भितघरा वेवराटोली से पंडरीपानी तक 5 किमी सड़क निर्माण होना है नवम्बर -दिसम्बर तक सम्भवतः कार्य शुरू हो जाएगा। वर्तमान में सड़क पर बने गड्ढे को भरा जा रहा है।"
श्री ब्रजेश गुप्ता
अनुविभागीय अधिकारी पीडब्ल्यूडी- बगीचा
